You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
ईरान ने किया होर्मुज़ स्ट्रेट खोलने का एलान, ट्रंप बोले - 'जारी रहेगी अमेरिकी नाकाबंदी'
शुक्रवार को ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि युद्धविराम की बाकी बची अवधि के लिए स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज़ से सभी वाणिज्यिक जहाज़ों के लिए आवागमन पूरी तरह से खोल दिया गया है.
एक्स पर जारी बयान में उन्होंने कहा, "लेबनान में युद्धविराम के बाद सभी व्यावसायिक जहाज़ों के लिए होर्मुज़ स्ट्रेट से गुज़रने का रास्ता युद्धविराम की बाकी अवधि तक पूरी तरह खुला घोषित किया जाता है."
अमेरिका ने इस हफ़्ते की शुरुआत में घोषणा की थी कि वह होर्मुज़ स्ट्रेट की नौसैनिक नाकाबंदी शुरू करेगा.
इससे पहले ईरान ने फ़रवरी में अमेरिका-इसराइल हमले के जवाब में दुनिया के सबसे व्यस्त तेल शिपिंग मार्ग यानी होर्मुज़ को कई हफ़्तों तक प्रभावी रूप से बंद कर दिया था.
ईरान-अमेरिका के बीच दो हफ़्ते का युद्धविराम लागू है, जो 22 अप्रैल को समाप्त होने वाला है.
ईरान ने अमेरिका से बातचीत से पहले लेबनान सहित पूरे मध्य-पूर्व में युद्धविराम की शर्त रखी थी. हालांकि, इसराइल और अमेरिका ने कहा था कि युद्धविराम समझौते में लेबनान शामिल नहीं है.
उस वक़्त ईरान और बातचीत में मध्यस्थ पाकिस्तान ने भी कहा था कि युद्धविराम में लेबनान को भी शामिल किया जाना चाहिए.
आईआरजीसी ने क्या कहा?
बीबीसी संवाददाता ग़ोंचेह हबीबीज़ाद के मुताबिक ईरानी सरकारी टीवी ने अब एक "वरिष्ठ सैन्य अधिकारी" के हवाले से कहा है कि इन जहाज़ों का आवागमन "निर्धारित मार्ग" से और इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (आईआरजीसी) की नेवी से अनुमति लेकर ही होगा.
अधिकारी ने सरकारी टीवी को बताया कि निर्धारित रूट ईरान के बंदरगाह और समुद्री संगठन द्वारा तय किया गया है.
ईरान के सरकारी टीवी ने एक वरिष्ठ सैन्य अधिकारी के हवाले से बताया कि होर्मुज़ से सैन्य जहाज़ों का गुज़रना अभी भी "निषिद्ध" रहेगा.
ट्रंप ने क्या कहा
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट कर होर्मुज़ स्ट्रेट खोलने के लिए ईरान को धन्यवाद दिया.
उन्होंने लिखा, "ईरान ने अभी-अभी घोषणा की है कि 'स्ट्रेट ऑफ़ ईरान' पूरी तरह खुला है और आवाजाही के लिए तैयार है. धन्यवाद!"
हालांकि, इसके चंद मिनट बाद ही उन्होंने एक और पोस्ट कर कहा कि होर्मुज़ में 'अमेरिकी नाकाबंदी' जारी रहेगी.
उन्होंने लिखा, "होर्मुज़ स्ट्रेट व्यापार और आवाजाही के लिए पूरी तरह खुला और तैयार है, लेकिन नौसैनिक नाकाबंदी ताक़त और प्रभाव के साथ जारी रहेगी."
ट्रंप ने यह भी बताया कि अमेरिकी नाकाबंदी सिर्फ़ ईरान पर लागू रहेगी.
उन्होंने कहा, "यह सिर्फ़ ईरान पर लागू होगी, जब तक कि ईरान के साथ हमारा समझौता 100 फ़ीसदी पूरा नहीं हो जाता."
उन्होंने आगे कहा, "यह प्रक्रिया बहुत तेज़ी से पूरी होनी चाहिए, क्योंकि ज़्यादातर बिंदुओं पर पहले ही बातचीत हो चुकी है."
इससे पहले, ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची ने अमेरिका के साथ "युद्धविराम की बाकी अवधि तक" के लिए होर्मुज़ स्ट्रेट को "पूरी तरह खुला" रखने का एलान किया.
तेल की कीमतों में गिरावट, शेयर बाज़ारों में उछाल
ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची की ओर से होर्मुज़ स्ट्रेट को "युद्धविराम की बाकी अवधि" तक व्यापार के लिए पूरी तरह खुला रखने के एलान के बाद कच्चे तेल की क़ीमतों में तेज़ गिरावट आई है.
वहीं, अमेरिका और यूरोप के शेयर बाज़ारों में बढ़त दर्ज की गई है.
घोषणा के बाद ब्रेंट क्रूड का दाम गिरकर 90 डॉलर प्रति बैरल से नीचे आ गया, जबकि दिन में पहले यह 98 डॉलर से ऊपर था.
अमेरिकी मानक एनवाईएमईएक्स लाइट स्वीट क्रूड में भी उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई.
संघर्ष से पहले ब्रेंट क्रूड लगभग 70 डॉलर प्रति बैरल से नीचे कारोबार कर रहा था.
मार्च की शुरुआत में यह 100 डॉलर से ऊपर गया था और उसी महीने बाद में 119 डॉलर प्रति बैरल से ज़्यादा के स्तर पर पहुंचा था.
शेयर बाज़ार की बात करें तो, पेरिस का सीएसी और फ़्रैंकफ़र्ट का डैक्स, दोनों दो फ़ीसदी से ज़्यादा ऊपर गए हैं. लंदन में एफ़टीएसई की बढ़त अपेक्षाकृत सीमित रही और यह 0.5 फ़ीसदी ऊपर है.
अमेरिका में कारोबार शुरू होने के शुरुआती मिनटों में डॉव 1.3 फ़ीसदी और एसएंडपी 0.7 फ़ीसदी ऊपर है.
शिपिंग कंपनियां क्या कह रही हैं?
ओलिवर स्मिथ
सीनियर बिज़नेस प्रोड्यूसर
शिपिंग कंपनियों का कहना है कि जब तक रास्ता पूरी तरह से सुरक्षित नहीं होगा, वे स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज़ का इस्तेमाल नहीं करेंगी.
खाड़ी क्षेत्र के आसपास चलने वाले कारोबारी जहाज फिलहाल होर्मुज़ से गुजरने की जल्दी में नहीं हैं. ईरान के होर्मुज़ को पूरी तरह से खोलने के एलान के बाद भी कंपनियां रिस्क नहीं लेना चाह रही हैं.
तेल और गैस टैंकर चलाने वाली एक कंपनी ने नाम न बताने की शर्त पर बीबीसी को बताया कि ईरान के इस बयान से फिलहाल कोई फर्क नहीं पड़ता.
कंपनी ने कहा, "हम बिना वजह जोखिम नहीं लेना चाहते. हमारी कंपनी की नीति है कि हम होर्मुज़ से सबसे पहले गुजरने वालों में से नहीं होंगे."
इस क्षेत्र में तेल के टैंकर चलाने वाली एक अन्य कंपनी स्टेना बल्क ने कहा कि वह हालात पर करीब से नजर रख रही है.
कंपनी ने कहा, "हमारे कर्मचारियों और जहाजों की सुरक्षा हर फैसले में सबसे अहम है. जब तक हमें पूरा भरोसा नहीं होगा कि रास्ता सुरक्षित है, तब तक हम वहां से जहाज नहीं भेजेंगे."
इंटरनेशनल मैरिटाइम ऑर्गनाइजेशन का भी आया बयान
जोनाथन जोजफ़
बिज़नेस रिपोर्टर
अंतरराष्ट्रीय समुद्री संगठन (आईएमओ) के प्रमुख यह समझने की कोशिश कर रहे हैं कि होर्मुज़ को फिर से खोलने को लेकर ईरान की घोषणा का पूरा मतलब क्या है.
लड़ाई फिलहाल रुकी हुई है, लेकिन इस इलाके में अमेरिका और ईरान की सैन्य मौजूदगी अब भी काफ़ी है. तनाव बना हुआ है, इसलिए जहाजों और उनके कर्मचारियों की सुरक्षा पर खतरा अभी भी कायम है.
आईएमओ के महासचिव आर्सेनियो डोमिंगुएज़ पेरिस में ब्रिटेन-फ्रांस शिखर सम्मेलन में शामिल हुए हैं. वहां वह इस अहम समुद्री रास्ते को फिर से सुरक्षित तरीके से खोलने के विकल्पों पर चर्चा कर रहे हैं.
उन्होंने एक्स पर लिखा, "हम होर्मुज़ को फिर से खोलने से जुड़ी हालिया घोषणा की जांच कर रहे हैं. यह देखा जा रहा है कि क्या यह सभी कारोबारी जहाजों की आवाजाही की आजादी और आईएमओ की तय सुरक्षित मार्ग व्यवस्था के नियमों के अनुसार है."
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.