You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
श्रेयस अय्यर बने 'सुपरमैन', लोगों ने कहा 'कैच ऑफ़ द सीज़न'
गुरुवार को वानखेड़े स्टेडियम में हुए मुंबई इंडियंस और पंजाब किंग्स के बीच आईपीएल मुक़ाबले में श्रेयस अय्यर के 'कैच' को 'कैच ऑफ द सीजन' कहा जा रहा है.
हार्दिक पांड्या ने एक ऐसा शॉट खेला था जिसमें गेंद बाउंड्री के पार जाने वाली थी.
लेकिन अय्यर लॉन्ग-ऑन से दौड़ते हुए आए, हवा में छलांग लगाई और रिवर्स मोशन में गेंद को पकड़कर दूसरे फ़ील्डर बार्टलेट की ओर फेंक दिया.
वो ख़ुद बाउंड्री के पार चले गए थे लेकिन तब तक बाउंड्री के अंदर रहे ज़ेवियर बार्टलेट के हाथ में गेंद आ चुकी थी.
स्कोरकार्ड में कैच बार्टलेट के नाम दर्ज हुआ, लेकिन यह अय्यर की कोशिश से संभव हुआ.
यह कैच 18वें ओवर की तीसरी गेंद पर आया, जब मार्को जैनसेन गेंदबाज़ी कर रहे थे. पांड्या ने इससे पहले एक छक्का लगाया था और ख़तरनाक दिख रहे थे.
रीप्ले में साफ दिखा कि अय्यर ने समय रहते गेंद छोड़ दी थी. कैच पूरा होने के बाद अय्यर ने मुंबई के दर्शकों की ओर इशारा करते हुए तालियां बजाने का इशारा किया.
इंडियन प्रीमियर लीग के एक्स हैंडल पर लिखा गया, "श्रेयस अय्यर, आपने ये क्या कर दिखाया. टाटा आईपीएल के इतिहास में यह बेहतीन कैच में से एक था."
वीके बाइट्स नामके एक एक्स यूज़र ने इसे 'कैच ऑफ़ द सीज़न' लिखा.
इस मैच में पंजाब ने मुंबई इंडियंस को 21 गेंद रहते सात विकेट से हरा दिया.
फ़ील्डिंग ही नहीं बैटिंग में भी दिखाया श्रेयस ने जलवा
फ़ील्डिंग के बाद बैटिंग में भी श्रेयस अय्यर ज़बरदस्त रहे. बुमराह की गेंद पर लगाए गए उनके एक छक्के की बड़ी चर्चा हुआ. उनकी और प्रभसिमरन सिंह की पारी की बदौलत पंजाब ने बड़ी आसानी से मैच जीत लिया.
पंजाब ने टॉस जीता था लेकिन उसने पहले गेंदबाज़ी करना चुना.
मुंबई इंडियंस ने पहले बैटिंग करते हुए छह विकेट खोकर 20 ओवर में 195 रन बनाए. इसमें क्विंटन डि कॉक ने शतक (नाबाद 112 रन) बनाए. नमन धीर ने अर्द्धशतक (50) बनाया.
लेकिन और कोई बल्लेबाज़ चल नहीं पाया. मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या 12 गेंदों में 14 रन बनाकर लौट गए.
पंजाब किंग्स के लिए अर्शदीप सिंह ने चार ओवर में 22 रन देकर तीन विकेट झटके.
लक्ष्य का पीछा करते हुए पंजाब की टीम के बेहद तेज शुरुआत के बाद 2 विकेट 45 रन पर ही गिर गए थे. फिर मैदान में उतरे कप्तान श्रेयस अय्यर और ओपनर प्रभसिमरन सिंह ने धुआंधार बैटिंग की.
दोनों ने सिर्फ़ 60 गेंदों पर तूफ़ानी 139 रन की पार्टनरशिप की.
प्रभसिमरन सिंह ने सिर्फ़ 39 गेंदों पर 11 चौके और 2 छक्के लगाकर ताबड़तोड़ 80 रन बनाए. वो नॉट आउट रहे.
कप्तान श्रेयस अय्यर ने 35 गेंदों में 66 रन बनाए, जिसमें पांच चौके और चार छक्के शामिल थे.
इसकी बदौलत पंजाब ने आसानी से मैच जीत लिया.
सोशल मीडिया पर छाए अय्यर
पूर्व भारतीय क्रिकेटर मोहम्मद कैफ़ ने एक्स पर लिखा, "श्रेयस अय्यर, इतनी लंबी छलांग. अब तक जितने भी कैच देखे उसमें सबसे बेहतरीन."
उन्होंने लिखा, "श्रेयस अय्यर आगे बढ़कर नेतृत्व करते हैं, लगातार मैच जिताने वाली पारियां खेलते रहते हैं - एक के बाद एक मैच, साल दर साल... बुमराह को मिड विकेट के ऊपर मारा गया छक्का मैच का सबसे बेहतरीन शॉट था."
रूशी नामके एक एक्स यूज़र ने लिखा कि 'श्रेयस अय्यर के शानदार कैच ने सबको हैरान कर दिया. इस समय भारतीय क्रिकेट में श्रेयस सबसे बेस्ट फ़ील्डर हैं.'
श्रेयस अय्यर ने जिस तरह जंप लगा कर गेंद को रोका, उस पर पंजाब किंग्स ने एक्स हैंडल पर लिखा- 'फ़्लाइंग सरपंच.'
राजीव नाम के एक एक्स यूज़र ने कैच का वीडियो शेयर करते हुए लिखा, "श्रेयस अय्यर का यह आईपीएल इतिहास का सबसे बेहतरीन रिले कैच माना जा रहा है. गिरते समय उनका बॉडी बैलेंस पूरी तरह बिगड़ गया था, फिर भी उन्होंने गेंद को बेहद सटीक तरीक़े से पहुंचा दिया. वीडियो के 0.15 सेकंड पर श्रेयस ने मुंबई इंडियंस के डगआउट की तरफ इशारा किया और फिर पीछे मुड़कर रोहित शर्मा की तरफ़ देखा, जिस पर उनका रिएक्शन भी देखने लायक था."
बुमराह फिर नहीं चले
लेकिन श्रेयस अय्यर के शानदार प्रदर्शन की जहां तारीफ़ हो रही है, वहीं मुंबई इंडियंस की ओर से खेल रहे जसप्रीत बुमराह का इस आईपीएल में कुछ ख़ास प्रदर्शन नहीं रहा.
इस मैच में भी उन्हें एक विकेट भी नहीं मिला, बल्कि वो क़िफ़ायती भी नहीं साबित हुए. उन्होंने इस मैच में चार ओवर में 41 रन दिए.
इस आईपीएल सीज़न में उनका प्रदर्शन-
- वानखेड़े में केकेआर के ख़िलाफ़ चार ओवर में 35 रन दिए, विकेट शून्य
- दिल्ली में दिल्ली कैपिटल्स के ख़िलाफ़ चार ओवर में 21 रन दिए, विकेट शून्य
- गुवाहाटी में राजस्थान रॉयल्स के ख़िलाफ़ तीन ओवर में 32 रन दिए, विकेट शून्य
- वानखेड़े में आरसीबी के ख़िलाफ़ चार ओवर में 35 रन दिए, विकेट शून्य
- वानखेड़े में पंजाब किंग्स के ख़िलाफ़ चार ओवर में 41 रन दिए, विकेट शून्य
यानी इस सीज़न में उन्होंने अबतक 114 गेंदें फ़ेंकी लेकिन एक भी विकेट हासिल करने में नाक़ामयाब रहे.
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़ रूम की ओर से प्रकाशित