You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

लाइव, ईरानी सरकार की प्रवक्ता ने कहा, "देश का हाथ ट्रिगर पर होगा"

ईरान की सरकार की प्रवक्ता ने कहा है कि अमेरिका से संभावित बातचीत के दौरान ईरान का "हाथ ट्रिगर पर होगा." उन्होंने कहा है कि देश के रक्षा बल "पूरी तरह से तैयार" हैं.

सारांश

लाइव कवरेज

रौनक भैड़ा, चंदन कुमार जजवाड़े

  1. अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. मुझे यानी बीबीसी संवाददाता चंदन कुमार जजवाड़े को दीजिए इजाज़त.

    कल सुबह एक नए लाइव पेज के साथ हम फिर हाज़िर होंगे.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी की वेबसाइट पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  2. ईरानी सरकार की प्रवक्ता ने कहा, "देश का हाथ ट्रिगर पर होगा"

    ईरान की सरकार की प्रवक्ता ने कहा है कि अमेरिका से संभावित बातचीत के दौरान ईरान का "हाथ ट्रिगर पर होगा." उन्होंने कहा है कि देश के रक्षा बल "पूरी तरह से तैयार" हैं.

    उन्होंने यह बयान देश की सरकार न्यूज़ एजेंसी आईआरएनए को दिया है.

    सरकार की प्रवक्ता फ़ातिमा मोहजेरानी ने साफ़ तौर पर इस बात की पुष्टि या खंडन नहीं किया कि इस्लामाबाद में होने वाली बातचीत के अगले दौर में ईरान हिस्सा लेगा या नहीं.

    मोहजेरानी ने कहा, "हमारे सामने दो रणनीतियाँ हैं. पहली युद्ध की रणनीति और दूसरी कूटनीति की रणनीति."

    उन्होंने कहा कि ईरान की बातचीत करने वाली टीम "राष्ट्रीय हितों के मामले में थोड़ा सा भी समझौता नहीं करेगी."

    ट्रंप ने क्या कहा है?

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का कहना है कि ईरान के पास बातचीत के लिए टीम भेजने के अलावा कोई चारा नहीं है. उन्होंने यह भी कहा है कि बातचीत सफल नहीं हुई तो बमबारी हो सकती है.

    सीएनबीसी के साथ एक इंटरव्यू के दौरान ट्रंप ने उम्मीद जताई, "मुझे लगता है कि हमारे बीच बहुत अच्छी डील होगी."

    उन्होंने कहा कि अमेरिका की बातचीत के लिए अच्छी स्थिति में है.

    इंटरव्यू के दौरान जब पूछा गया कि क्या सीज़फ़ायर बढ़ाया जाएगा तो ट्रंप ने कहा, "मैं ऐसा नहीं करना चाहता. हमारे पास इतना समय नहीं है." उन्होंने कहा कि ईरान के पास "वही रास्ता है" और उन्हें "बातचीत करनी होगी."

    अमेरिका और ईरान के बीच जारी युद्धविराम कुछ ही घंटों में समाप्त हो रहा है. दोनों देशों के बीच दूसरे दौर की बातचीत के लिए पाकिस्तान में तैयारियाँ की गई हैं, लेकिन ईरान ने आधिकारिक तौर पर इस बातचीत में शामिल होने की पुष्टि नहीं की है.

    ईरानी कमांडर ने कहा, 'वादा तोड़ने की हर घटना का आर्म्ड फ़ोर्स करारा जवाब देगी'

    ईरान में युद्ध के प्रबंधन का ज़िम्मा संभालने वाले ख़ातम अल-अनबिया केंद्रीय मुख्यालय ने चेतावनी दी है कि सशस्त्र बल किसी भी "वादे के उल्लंघन" का "कठोरतापूर्वक" जवाब देंगे.

    इस मुख्यालय के कमांडर मेजर जनरल अली अब्दुल्लाहीने डोनाल्ड ट्रंप को "झूठा और भ्रमित" बताया.

    बीबीसी फ़ारसी के मुताबिक़ उन्होंने कहा, "ईरान के श्रेष्ठ सशस्त्र बल जिनके पास इस युद्ध में वर्चस्व है, वे अमेरिकी राष्ट्रपति को ख़ासकर होर्मुज़ स्ट्रेट के प्रबंधन और नियंत्रण में ज़मीनी स्थिति का दुरुपयोग नहीं करने देंगे. साथ ही अमेरिकी राष्ट्रपति को झूठी और भ्रामक बातें गढ़ने की अनुमति नहीं देंगे."

    अली अब्दुल्लाही ने कहा है, "ट्रंप की ओर से वादे के किसी भी उल्लंघन का ईरानी सशस्त्र बल उचित जवाब देंगे."

    डोनाल्ड ट्रंप ने धमकी दी है कि अगर ईरान, अमेरिका के ''उचित और तर्कसंगत'' प्रस्तावों को स्वीकार कर समझौता नहीं करता है तो उसके सभी बिजली संयंत्रों और पुलों को नष्ट कर देंगे.

    अमेरिका और ईरान के बीच जारी युद्धविराम कुछ ही घंटों में समाप्त होने वाला है.

    इस बीच पाकिस्तान में दोनों देशों के बीच नए दौर की बातचीत की तैयारियाँ की गई हैं, लेकिन ईरान ने अभी तक इस वार्ता में भाग लेने के अपने फ़ैसले की घोषणा नहीं की है.

  3. ट्रंप ने ईरान में क़ैद आठ महिलाओं की रिहाई की मांग की

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने आठ ईरानी महिलाओं को ''ईरान की क़ैद से रिहा'' करने की मांग की है.

    ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में इन महिलाओं की तस्वीर से जुड़े एक अन्य पोस्ट को शेयर किया है, जिनके बारे में कहा जाता है कि उन्हें फांसी की सज़ा का ख़तरा है.

    हालांकि ईरान के अटॉर्नी जनरल ने इसे निराधार बताया है.

    ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर लिखा, "मैं इन महिलाओं की रिहाई के लिए बहुत आभारी रहूंगा. कृपया उन्हें नुक़सान न पहुंचाएं और यह हमारी बातचीत के लिए एक बहुत अच्छी शुरुआत होगी."

    इससे पहले ट्रंप ने कहा है कि ईरान के पास बातचीत के लिए टीम भेजने के अलावा कोई चारा नहीं है. साथ ही उन्होंने कहा है कि बातचीत सफल नहीं हुई तो बमबारी हो सकती है.

    सीएनबीसी के साथ एक इंटरव्यू के दौरान ट्रंप ने उम्मीद जताई कि "मुझे लगता है कि हमारे बीच बहुत अच्छी डील होगी."

    ईरान की सरकारी मीडिया ने अपने टेलीग्राम पोस्ट में कहा है कि अब तक ईरान से कोई भी प्रतिनिधिमंडल इस्लामाबाद नहीं गया है.

    पाकिस्तान के मंत्री अताउल्लाह तारड़ ने कहा है कि मध्यस्थ के रूप में पाकिस्तान "ईरानियों के साथ लगातार संपर्क में है और कूटनीति और बातचीत के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है."

    उन्होंने कहा कि दो हफ्ते के युद्धविराम के ख़त्म होने से पहले वार्ता में शामिल होने का ईरान का फ़ैसला "बहुत महत्वपूर्ण" है

  4. बिहार महिला आयोग ने पप्पू यादव को भेजा नोटिस, संसद सदस्यता को लेकर भी पूछा सवाल, सीटू तिवारी, बीबीसी संवाददाता

    बिहार में पूर्णिया के निर्दलीय सांसद पप्पू यादव को राज्य महिला आयोग ने नोटिस भेजा है. आयोग के इस नोटिस में पप्पू यादव पर आरोप लगाया गया है कि उन्होंने महिलाओं पर आपत्तिजनक टिप्पणी की है.

    आयोग ने कहा है, ''सोशल मीडिया पर प्रसारित एक वीडियो में राजनीति के क्षेत्र में काम कर रही महिलाओं पर आपने घृणित बयान दिया है. इससे महिलाओं के आत्मसम्मान और सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचती है.''

    इस नोटिस में पप्पू यादव को कहा गया है, ''आपकी लोकसभा सदस्यता रद्द करने के लिए लोकसभा अध्यक्ष से अनुशंसा क्यों न की जाए?''

    बिहार राज्य महिला आयोग ने नोटिस मिलने के तीन दिनों के अंदर पप्पू यादव से उनका जवाब मांगा है.

    इससे पहले सोमवार को पूर्णिया की एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में पप्पू यादव ने कहा था, ''महिलाओं को देवी बना दिया गया है लेकिन उनकी इज़्ज़त नहीं हुई. महिलाओं पर अमेरिका से लेकर भारत तक गिद्ध दृष्टि किसकी है?''

    उन्होंने इस दौरान कथित तौर पर कुछ ऐसी बातें कहीं जो महिलाओं के आत्मसम्मान के ख़िलाफ़ थीं.

    इसके बाद पप्पू यादव ने सोशल मीडिया पर एक लाइव में अपने ऊपर लगे आरोपों का जवाब दिया.

    उन्होंने महिला आयोग की अध्यक्ष से सवाल पूछा है कि वो उन अन्य लोगों को नोटिस क्यों नहीं भेजतीं, जो राजनीति में मौजूद महिलाओं को लेकर टिप्पणी करते रहते हैं.

  5. पेंटागन ने कहा, 'अमेरिकी सेना ने रात में प्रतिबंधित टैंकर ज़ब्त किया'

    अमेरिकी रक्षा विभाग के मुख्यालय पेंटागन का कहना है कि अमेरिकी सेना ने रात में इंडो-पैसिफ़िक क्षेत्र में एक प्रतिबंधित टैंकर पर "बिना किसी घटना के" चढ़ाई की.

    यह क़दम ईरान का समर्थन करने वाले "अवैध नेटवर्क को रोकने" के प्रयासों के तहत उठाया गया.

    सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट में अमेरिका के डिपार्टमेंट ऑफ़ वॉर ने कहा कि टैंकर का नाम एम/टी टिफ़नी है और यह बिना झंडे वाला जहाज़ है.

    विभाग ने इस ऑपरेशन की तस्वीरों और वीडियो के साथ यह अपडेट साझा किया.

    विभाग का कहना है कि उसका "अवैध नेटवर्क को रोकने और ईरान को सहायता करने वाले प्रतिबंधित जहाज़ों को रोकने के लिए वैश्विक समुद्री प्रयास जारी है, चाहे वे कहीं भी संचालित होते हों."

    इसमें आगे कहा गया है, "प्रतिबंधित जहाज़ों के लिए अंतरराष्ट्रीय जल कोई पनाहगाह नहीं है."

    हिंद महासागर में अमेरिका ने जिस टैंकर पर चढ़ाई की, उसके बारे में हमें क्या पता है?

    बीबीसी वेरिफ़ाई के थॉमस कोपलैंड ने बताया है कि जहाज़-ट्रैकिंग डेटा से पता चलता है कि हिंद महासागर में अमेरिकी सेना द्वारा रोके गए एक टैंकर ने आज सुबह-सुबह अचानक मोड़ लिया और अब वह श्रीलंका से लगभग 700 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में अपनी लोकेशन बता रहा है.

    मैरीन ट्रैफ़िक के डेटा से पता चलता है कि कच्चे तेल का टैंकर टिफ़नी, जिसकी क्षमता क़रीब तीन लाख टन है, इस समय माल से लदा हुआ है.

    इस टैंकर पर अमेरिका ने प्रतिबंध लगाया हुआ है और यह एक भारतीय शिपिंग कंपनी से जुड़ा है, जिस पर ईरान से संबंधों के कारण अमेरिकी प्रतिबंध लगे हुए हैं.

    लोकेशन डेटा से पता चलता है कि टिफ़नी 10 अप्रैल को खाड़ी क्षेत्र से निकला था और 18 अप्रैल को अमेरिकी सेना के रोकने से पहले, श्रीलंका के गॉल बंदरगाह के पास कुछ देर के लिए रुका था.

    मैरीन ट्रैफ़िक के अनुसार, अनुमान था कि यह रविवार को अपने बताए गए गंतव्य सिंगापुर पहुँच जाएगा.

  6. केरल: पटाख़ा फ़ैक्ट्री हादसे पर पीएम मोदी ने जताया दुख, सहायता राशि का एलान

    केरल के त्रिशूर में एक पटाख़ा फ़ैक्ट्री में आग लगने से मारे गए लोगों के प्रति पीएम मोदी ने दुख जताया है.

    प्रधानमंत्री कार्यालय ने एक एक्स पोस्ट में बताया है कि इस हादसे में मारे गए लोगों के क़रीबी रिश्तेदारों को दो-दो लाख रुपये की सहायता राशि दी जाएगी.

    इसके साथ ही हादसे में घायल लोगों को पचास-पचास हज़ार रुपये की सहायता राशि पीएम नेशनल रिलीफ़ फंड से देने की घोषणा की गई है.

    समाचार एजेंसी एएनआई ने केरल स्टेट डिज़ास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी (केएसडीएमए) के हवाले से बताया है कि फ़ैक्ट्री में हुए हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई है और कई लोग घायल हुए हैं. घायलों में 5 लोगों की हालत गंभीर है.

  7. ईरान युद्ध: दुनिया की सबसे बड़ी कंडोम कंपनी ने कहा, कीमतें 30% तक बढ़ेंगी

    दुनिया की सबसे बड़ी कंडोम निर्माता कंपनी ने कहा है कि ईरान युद्ध के कारण उसे अपने प्रोडक्ट की क़ीमतें बढ़ानी पड़ रही हैं.

    मलेशियाई कंपनी 'करेक्स' कंडोम बनाने वाली दुनिया की सबसे बड़ी कंपनी है. समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक़, कंपनी ने बताया है कि वह अपने उत्पादों की क़ीमतों में 20 से 30 प्रतिशत की बढ़ोतरी करने की योजना बना रही है.

    कंपनी ने कहा है कि अगर मध्य पूर्व में युद्ध के कारण सप्लाई चेन में बाधा बनी रहती है तो यह बढ़ोतरी और भी ज़्यादा हो सकती है.

    शिपिंग लागत में बढ़ोतरी और सप्लाई में देरी के कारण कंपनी के कई ग्राहकों के गोदाम में माल की कमी हो गई है, जिसकी वजह से करेक्स को कंडोम की मांग में बढ़ गई है.

    कंपनी के सीईओ ने रॉयटर्स को बताया, "स्थिति निश्चित रूप से बहुत अस्थिर है. लागत बढ़ गई है. फ़िलहाल हमारे पास इसका बोझ ग्राहकों पर डालने के अलावा कोई विकल्प नहीं है."

    करेक्स सालाना पांच अरब से अधिक कंडोम का उत्पादन करता है, जिसमें "डोरेक्स" और "ट्रोजन" जैसे प्रमुख ब्रांडों का उत्पादन, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय परिवार नियोजन कार्यक्रमों के लिए कंडोम की आपूर्ति करना शामिल है.

  8. फ़ुटबॉल वर्ल्ड कप: क्या अमेरिका जाएगी ईरान की टीम?

    ईरान के खेल मंत्री ने कहा है कि देश की फ़ुटबॉल टीम विश्व कप में भाग लेने के लिए जाएगी या नहीं, इसका फ़ैसला सरकार या सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद को करना है.

    साल 2026 का फ़ीफ़ा वर्ल्ड कप जून-जुलाई में अमेरिका, कनाडा और मेक्सिको में संयुक्त रूप से आयोजित हो रहा है.

    बीबीसी फ़ारसी के मुताबिक़ ईरान के खेल मंत्री अहमद डोन्यामाली ने कहा है कि इस मामले में “टीम को न भेजने का फ़ैसला हो सकता है.” लेकिन उन्होंने इस पर निश्चित रूप से टिप्पणी करने से इनकार कर दिया.

    ईरान के खेल मंत्री ने यह भी कहा, "राष्ट्रीय टीम के लिए मई के तीसरे सप्ताह में एक शिविर की योजना बनाई गई है, जो क़रीब एक सप्ताह तक चलेगा.''

    उन्होंने कहा, ''अगर खिलाड़ियों के लिए सुरक्षा की स्थिति ठीक रहती है और मेजबान देश (अमेरिका) शरारतपूर्ण और जोखिम भरी हरकतें करना बंद कर देता है, तो उचित निर्णय लिया जाएगा."

    फ़ीफ़ा अध्यक्ष जियानी इन्फेंटिनो ने पिछले बुधवार को कहा था कि ईरान 2026 विश्व कप में "निश्चित रूप से भाग लेगा. हमें उम्मीद है कि तब तक शांतिपूर्ण स्थिति होगी, जिससे निश्चित रूप से इसमें मदद मिलेगी."

    उन्होंने कहा था, "ईरान को आना चाहिए. वे अपने लोगों का प्रतिनिधित्व करते हैं. उन्होंने क्वालीफाई कर लिया है और खिलाड़ी खेलना चाहते हैं."

  9. ईरानी सेना का दावा- अमेरिकी नाकाबंदी तोड़कर उसका टैंकर दक्षिणी बंदरगाह में घुसा, ट्रंप ने ये कहा

    ईरान की सेना ने दावा किया है कि अमेरिकी नाकाबंदी तोड़कर एक ईरानी टैंकर दक्षिणी बंदरगाह में प्रवेश कर गया है.

    ईरान की आधिकारिक न्यूज़ एजेंसी आईआरएनए और ब्रॉडकास्टर आईआरआईबी ने इस दावे को लेकर सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट किए हैं.

    बीबीसी फ़ारसी के मुूताबिक़ सेना ने एक बयान में कहा, "अमेरिकी नेवी की आतंकवादी सेना की कई चेतावनियों और धमकियों के बावजूद अरब सागर से गुज़रने के बाद ईरानी तेल टैंकर पूरी सुरक्षा के साथ कल रात ईरानी क्षेत्रीय जल में प्रवेश कर गया."

    इस बयान में दावा किया गया है कि यह टैंकर (सिली सिटी) अपनी सेना और नौसेना की मदद के साथ आगे बढ़ा और कुछ घंटों से ईरान के दक्षिणी बंदरगाहों में से एक पर रुका हुआ है.

    इसी बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने थोड़ी ही देर पहले ट्रुथ सोशल पर एक ताज़ा पोस्ट में कहा, "ईरान ने कई बार सीज़फ़ायर को तोड़ा है."

    हालाँकि उन्होंने अपनी पोस्ट में किसी घटना का ज़िक्र नहीं किया है.

    इस क्षेत्र में अमेरिकी सेना की केंद्रीय कमान 'सेंटकॉम' ने कल एक संक्षिप्त बयान में कहा था कि ईरान की नौसैनिक नाकाबंदी शुरू होने के बाद से, "अमेरिकी सेना ने 27 जहाज़ों को ईरानी बंदरगाहों से दूर रहने या वापस लौटने के लिए मजबूर किया है."

  10. अमेरिका-ईरान शांति वार्ता: चीन ने कहा, 'पाकिस्तान को हमारा पूरा समर्थन है'

    अमेरिका-ईरान शांति वार्ता के नए दौर को लेकर संभावनाओं और सवालों के बीच पाकिस्तान के उप प्रधानमंत्री इसहाक़ डार ने चीन के राजदूत से मुलाक़ात की है.

    पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने सोशल मीडिया एक्स पर बताया है कि इस्लामाबाद में चीन के राजदूत ने अमेरिका और ईरान के बीच शांति वार्ता को आगे बढ़ाने के प्रयासों के लिए पाकिस्तान को चीन के "पूरे समर्थन" का इज़हार किया है.

    पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय का कहना है कि देश के उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री इसहाक़ डार ने क्षेत्र के घटनाक्रम पर चर्चा करने के लिए चीनी राजदूत जियांग ज़ैडोंग से मुलाक़ात की.

    विदेश मंत्रालय के अनुसार, “इस मुलाक़ात के दौरान ज़ैडोंग ने अमेरिका- ईरान के बीच क्षेत्र और उससे बाहर भी स्थायी शांति और स्थिरता के लिए बातचीत को आगे बढ़ाने के पाकिस्तान के लगातार प्रयासों की सराहना की.''

    मंगलवार, 21 अप्रैल को ईरान के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा है कि ईरान पाकिस्तान में अमेरिका के साथ शांति वार्ता में शामिल होने पर विचार कर रहा है.

    वहीं ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (आईआरजीसी) से जुड़ी फ़ार्स न्यूज़ एजेंसीके मुताबिक़, मेजर जनरल अब्दुल्लाही ने फ़ारसी भाषा में लिखा, "आईआरजीसी ने इसराइल और अमेरिका को थका दिया है, जिससे उन्हें मजबूर होकर युद्धविराम की मांग करनी पड़ी है."

    उसके थोड़ी देर पहले ईरानी संसद के स्पीकर मोहम्मद बग़र ग़ालिबाफ़ ने कहा कि ईरान, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की धमकियों के बीच बातचीत को स्वीकार नहीं करेगा.

    सोमवार को ही ईरान के विदेश मंत्रालय ने कहा है कि ईरान ने अभी तक अमेरिका के साथ बातचीत में शामिल होने का कोई फ़ैसला नहीं किया है.

  11. असम की अदालत ने 2018 में दो युवकों की मॉब लिंचिंग मामले में 20 को दोषी ठहराया, दिलीप कुमा शर्मा, गुवाहाटी से बीबीसी हिंदी के लिए

    असम के नगांव स्थित ज़िला एवं सत्र न्यायालय ने क़रीब 8 साल पहले हुए दो युवकों की पीट-पीटकर हत्या करने के एक मामले में 20 लोगों को दोषी ठहराया है.

    जज डी महंता की अदालत ने सोमवार के अपने फ़ैसले में 20 लोगों को हत्या, गैरकानूनी रूप से इकट्ठा होने, दंगा और अन्य अपराधों का दोषी ठहराया है.

    कोर्ट ने इस मामले में 25 अन्य लोगों को यह कहते हुए बरी कर दिया कि अभियोजन पक्ष उनके ख़िलाफ़ मामला साबित करने में विफल रहा.

    भीड़ के हाथों हत्या की यह घटना 8 जून 2018 की है. गुवाहाटी के रहने वाले 30 साल के अभिजीत नाथ अपने दोस्त निलोत्पल दास (29 साल) के साथ कार्बी आंगलोंग घूमने गए थे.

    इस दौरान वहां के स्थानीय लोगों ने "बच्चा चोरी" के शक में इन दोनों युवकों की पीट-पीटकर हत्या कर दी. जिस इलाक़े में यह घटना हुई थी वह आदिवासी बहुल इलाक़ा है, लिहाज़ा इस मामले में एक ही गांव के लोग शामिल थे.

    असम पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने उस समय घटना की वजह के बारे में बीबीसी से कहा था कि उस समय वहां 'सोपा धोरा' अर्थात चाइल्ड लिफ्टर्स की बात को लेकर सोशल मीडिया और व्हाट्सएप पर काफ़ी अफ़वाहें फैलाई जा रही थीं.

    भीड़ के हाथों मारपीट की घटना के वीडियो क्लीप सोशल मीडिया पर आने के बाद पूरे राज्य में लोगों ने अपना ग़ुस्सा ज़ाहिर किया था.

    लोगों ने दोनों युवकों के लिए इंसाफ़ की मांग करते हुए पूरे प्रदेश में विरोध प्रदर्शन किया था.

    लोगों की नाराज़गी को देखते हुए इस घटना के संबंध में मामला दर्ज होने के बाद, उसी साल सितंबर में 48 लोगों के ख़िलाफ़ आरोप-पत्र दाख़िल किया गया था.

    इनमें से तीन नाबालिग पाए गए, इसलिए यह मामला बाक़ी 45 लोगों के ख़िलाफ़ चलाया गया.

  12. अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा एजेंसी ने कहा, 'यह इतिहास का सबसे बड़ा ऊर्जा संकट है'

    अमेरिका और इसराइल के ईरान पर हमलों के बाद शुरू हुई जंग ने अब तक का सबसे भीषण ऊर्जा संकट खड़ा कर दिया है.

    अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा एजेंसी (आईईए) के प्रमुख फ़ातिह बिरोल ने फ़्रांस इंटर रेडियो पर प्रसारित एक इंटरव्यू में कहा, "यह वास्तव में इतिहास का सबसे बड़ा संकट है."

    ईरान युद्ध के बाद से होर्मुज़ सट्रेट से जहाज़ों का गुज़रना लगभग बंद पड़ा है. इस युद्ध से पहले दुनिया भर में तेल और गैस सप्लाई का क़रीब 20 फ़ीसदी हिस्सा इसी समुद्री रास्ते से होकर सप्लाई होता रहा है.

    इसके अलावा ईरान युद्ध के दौरान खाड़ी के क्षेत्र में कई देशों के ऊर्जा ठिकानों को भी निशाना बनाया गया है. युद्ध के दौरान कई संयंत्रों को हुए नुक़सान को पूरी तरह ठीक करने में कुछ महीनों से लेकर कुछ साल तक का वक़्त लग सकता है.

    बिरोल ने पहले कहा था कि वो वर्तमान ऊर्जा स्थिति को साल 1973, 1979 और 2022 के संकटों से कहीं अधिक ख़राब मानते हैं.

    साल 1973 के अरब-इसराइल युद्ध के बाद एक बड़ा तेल संकट पैदा हुआ था. जबकि साल 1979 में ईरान में इस्लामिक क्रांति के वक़्त भी यह संकट पैदा हुआ था.

    वहीं साल 2022 में रूस-यूक्रेन युद्ध शुरू होने के बाद भी यूरोपीय देशों में ऊर्जा का बड़ा संकट पैदा हुआ था.

    युद्ध शुरू होने के बाद, अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा एजेंसी ने तेल की बढ़ती क़ीमतों का मुक़ाबला करने के लिए वैश्विक रणनीतिक भंडार से अभूतपूर्व रूप से 40 करोड़ बैरल तेल जारी किया है.

    अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा एजेंसी का मुख्यालय पेरिस में है. यह ऊर्जा बाज़ार में आंकड़े, विश्लेषण और नीति निर्माण पर 31 सदस्य देशों और इससे जुड़े ग़ैर-सदस्य देशों को सलाह देती है.

  13. आईपीएल 2026: चेन्नई सुपर किंग्स के आयुष म्हात्रे टूर्नामेंट से हुए बाहर, जानिए वजह

    आईपीएल की चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) टीम ने सोशल मीडिया एक्स पर अपने खिलाड़ी आयुष म्हात्रे के बारे में ताज़ा जानकारी दी है.

    सीएसके ने बताया है, “18 अप्रैल को सनराइजर्स हैदराबाद के ख़िलाफ़ मैच के दौरान बैटिंग करते समय बाईं हैमस्ट्रिंग में चोट लगने के कारण आयुष म्हात्रे आईपीएल 2026 के बाक़ी मैचों से बाहर हो गए हैं."

    दाएं हाथ के बल्लेबाज़ आयुष म्हात्रे को शनिवार को हैदराबाद के ख़िलाफ़ मैच के दौरान चोट लगी थी. उस वक़्त आयुष 12 गेंद पर 30 रन बनाकर खेल रहे थे और अच्छी फ़ॉर्म में नज़र आ रहे थे.

    सीएसके ने अपनी एक्स पोस्ट में बताया है कि आयुष की चोट ठीक होने में 6-12 हफ़्तों का समय लगेगा.

  14. 'दूसरे दौर की वार्ता के लिए ईरानी प्रतिनिधिमंडल इस्लामाबाद नहीं गया', ईरानी सरकारी मीडिया ने बताया, ग़ोन्चेह हबीबीज़ाद, बीबीसी फ़ारसी

    ईरान की सरकारी मीडिया ने अपने टेलीग्राम पोस्ट में कहा है कि अब तक ईरान से कोई भी प्रतिनिधिमंडल इस्लामाबाद नहीं गया है.

    टेलीग्राम पोस्ट में उन मीडिया रिपोर्ट्स को 'अफ़वाह' बताया जिनमें ईरानी प्रतिनिधिमंडल के जाने या जाने की तारीख़ को लेकर दावा किया गया है.

    साथ ही इसमें ईरानी अधिकारियों का पुराना रुख़ दोहराया गया है. इन अधिकारियों में संसद के स्पीकर मोहम्मद बग़र ग़ालिबाफ़ भी शामिल हैं.

    उन्होंने पहले कहा था, "तेहरान किसी भी बातचीत को धमकी के साये में स्वीकार नहीं करता."

    दूसरी ओर, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पहले ही कह दिया था कि उनका प्रतिनिधिमंडल पाकिस्तान जाएगा.

  15. नमस्कार!

    अब तक बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता चंदन कुमार जजवाड़े आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  16. पाकिस्तान में बातचीत की तैयारियों के बीच ईरान के राजदूत ने क्या कहा?

    पाकिस्तान में अमेरिका और ईरान की संभावित बातचीत को लेकर तैयारियां चल रही हैं. इसी बीच पाकिस्तान में ईरान के राजदूत रज़ा अमीरी मुक़द्दम का बयान आया है.

    रज़ा अमीरी मुक़द्दम ने एक्स पर लिखा है, "यह बात सब जानते हैं कि जिस के पास बड़ी सभ्यता है, वह धमकी से डरकर और दबाव में बातचीत नहीं करेगा. यह एक अहम इस्लामी और धार्मिक सिद्धांत है. काश अमेरिका इसे समझ पाता."

    ईरान ने अभी तक स्पष्ट नहीं किया है कि वह अमेरिका से बात करने पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद जाएगा या नहीं.

    लेकिन अमेरिकी मीडिया का दावा है कि उप राष्ट्रपति जेडी वेंस आज यानी मंगलवार को इस्लामाबाद के लिए रवाना होंगे.

    गौरतलब है कि पाकिस्तान ईरान के बंदरगाहों पर से अमेरिकी नाक़ाबंदी हटवाने का प्रयास कर रहा है, ताकि बातचीत संभव हो सके.

  17. ईरान के सबसे बड़े सैन्य मुख्यालय के कमांडर ने अमेरिका के लिए क्या कहा?

    ईरान की रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (आईआरजीसी) से जुड़ी फ़ार्स न्यूज़ एजेंसी ने टेलीग्राम पर ईरान के सबसे बड़े सैन्य मुख्यालय के एक कमांडर का बयान साझा किया है.

    फ़ार्स के मुताबिक़, मेजर जनरल अब्दुल्लाही ने फ़ारसी भाषा में लिखा, "आईआरजीसी ने इसराइल और अमेरिका को थका दिया है, जिससे उन्हें मजबूर होकर युद्धविराम की मांग करनी पड़ी है."

    उन्होंने कहा, "सशस्त्र बल झूठ बोलने वाले अमेरिकी राष्ट्रपति को यह अनुमति नहीं देंगे कि वह ज़मीनी हालात की झूठी कहानियां बनाएं, ख़ासकर होर्मुज़ स्ट्रेट के मुद्दे पर."

    यह साफ़ नहीं है कि ईरानी प्रतिनिधिमंडल अमेरिका के साथ दूसरे दौर की शांति वार्ता के लिए इस्लामाबाद जाएगा या नहीं.

    बीबीसी की दक्षिण एशिया संवाददाता अज़ादेह मोशीरी लिखती हैं कि ईरान के अंदर राजनीतिक तनाव है, जहां कट्टरपंथी वार्ताकारों पर दबाव डाल रहे हैं कि वे कूटनीति की बजाय टकराव का रास्ता चुनें.

  18. लेखिका मधु किश्वर पर केस दर्ज हुआ, घर पहुंची चंडीगढ़ पुलिस

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक लेखिका मधु किश्वर पर सोशल मीडिया पर झूठी और फ़र्ज़ी जानकारी फैलाने के आरोप में केस दर्ज किया गया है.

    उनके घर पर चंडीगढ़ पुलिस भी पहुंची है.

    मधु किश्वर और कुछ अन्य सोशल मीडिया यूज़र्स के ख़िलाफ़ चंडीगढ़ सेक्टर-26 पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज हुई है. यह केस भारतीय न्याय संहिता और आईटी एक्ट की धाराओं के तहत दर्ज हुआ है.

    एएनआई ने एक वीडियो भी जारी किया है, जिसमें मधु किश्वर के घर पुलिस की टीम नज़र आ रही है.

    एसएचओ सरिता रॉय ने एएनआई को बताया, "19 अप्रैल को सेक्टर-26 थाने में एक एफ़आईआर दर्ज की गई है. यह एक वीडियो से जुड़ा मामला है जिसे ट्वीट किया गया था. मधु किश्वर पर इसे रीट्वीट करने का आरोप है. हम उन्हें नोटिस देने आए थे. उन्हें थाने में हाज़िर होने का नोटिस दिया गया है. कल की तारीख दी गई है."

    मधु किश्वर का दावा है कि सोमवार देर रात को भी उनके यहां पुलिस पहुंची थी. उन्होंने अपने एक्स हैंडल पर लिखा, "हमारे सिक्योरिटी गार्ड ने अभी बताया कि पांच पुलिसकर्मी मेरे ऑफ़िस पहुंचे हैं. चूंकि मैं वीडियो शूट कर रही थी, इसलिए मैंने उनसे थोड़ी देर इंतज़ार करने को कहा."

    उन्होंने लिखा, "लेकिन इतनी देर रात आना ठीक संकेत नहीं है. मुझे पता है कि किसी महिला को, ख़ासकर वरिष्ठ नागरिक को सूर्यास्त के बाद और सूर्योदय से पहले गिरफ़्तार नहीं किया जा सकता. देखते हैं मेरे लिए क्या नया 'सरप्राइज़' रखा गया है."

    उन्होंने एक अन्य पोस्ट में लिखा, "क़ानून के मुताबिक़ पुलिस रात में और सूरज निकलने से पहले महिलाओं के घर नहीं जा सकती. इसलिए मैंने फ़ोन पर उस टीम की अधिकारी से बात की. उन्होंने बताया कि उनकी टीम मेरे खिलाफ चंडीगढ़ में दर्ज हुई एफ़आईआर का नोटिस देने आई है. मैंने साफ़ कहा कि उन्हें क़ानून का पालन करना चाहिए और सुबह आना चाहिए."

    पीटीआई के मुताबिक़, "चंडीगढ़ पुलिस ने सोमवार को बताया कि 19 अप्रैल को शहर के एक शख़्स ने शिकायत दी थी. शिकायत में कहा गया कि कुछ सोशल मीडिया यूज़र्स ने फ़र्ज़ी और भ्रामक पोस्ट और वीडियो क्लिप्स फैलाए हैं, जिनमें अश्लील शब्द और सामग्री भी थी."

  19. 'आज पाकिस्तान के लिए रवाना होंगे जेडी वेंस', अमेरिकी मीडिया का दावा

    अमेरिकी मीडिया का कहना है कि उप राष्ट्रपति जेडी वेंस मंगलवार को पाकिस्तान के लिए रवाना होंगे.

    अमेरिकी न्यूज़ वेबसाइट एक्सियोस ने तीन अमेरिकी सूत्रों के हवाले से कहा है कि जेडी वेंस मंगलवार को अमेरिका में सुबह होने तक निकल जाएंगे.

    सीएनएन को सूत्रों ने बताया कि अमेरिका और ईरान के प्रतिनिधियों के बीच बातचीत का दूसरा दौर बुधवार को इस्लामाबाद में होना है.

    जबकि ईरान ने इस बातचीत में शामिल होने को लेकर तस्वीर साफ़ नहीं की है.

    कुछ समय पहले व्हाइट हाउस ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का एक संदेश एक्स पर साझा किया.

    संदेश में कहा गया है, "अगर ट्रंप प्रशासन के दौरान कोई समझौता होता है, तो यह सिर्फ़ इसराइल या मध्य पूर्व में ही नहीं, बल्कि यूरोप, अमेरिका और हर जगह शांति, सुरक्षा और सुरक्षित माहौल की गारंटी देगा."

  20. पाकिस्तान के केंद्रीय बैंक को सऊदी अरब से मिले एक अरब डॉलर

    पाकिस्तान के केंद्रीय बैंक को सऊदी अरब के वित्त मंत्रालय से एक अरब अमेरिकी डॉलर मिले हैं.

    स्‍टेट बैंक ऑफ़ पाकिस्तान ने आधिकारिक एक्‍स हैंडल पर पोस्‍ट करते हुए लिखा, "सऊदी अरब के वित्त मंत्रालय से एक अरब अमेरिकी डॉलर मिले हैं. यह रकम 20 अप्रैल 2026 को बैंक के खाते में आई है."

    आगे लिखा, "यह हाल ही में सऊदी अरब के साथ हुए तीन अरब डॉलर के समझौते की दूसरी किस्‍त है. पहली किस्‍त दो अरब डॉलर की थी, जो 15 अप्रैल 2026 को बैंक को मिल चुकी है."

    इससे पहले गुरुवार को ही पाकिस्‍तानी केंद्रीय बैंक ने सऊदी अरब से दो अरब अमेरिकी डॉलर की राशि मिलने की पुष्टि की थी.

    यह राशि ऐसे समय आई है जब पाकिस्तान के विदेशी मुद्रा भंडार पर दबाव बना हुआ है.

    गौरतलब है कि सऊदी अरब ने पाकिस्तान के लिए अपनी पांच अरब डॉलर की जमा सुविधा को तीन वर्ष के लिए बढ़ा दिया था.

    इसके अलावा, अलग से तीन अरब डॉलर जमा करने का भी आश्वासन दिया था.