समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक लेखिका मधु किश्वर पर सोशल मीडिया पर झूठी और फ़र्ज़ी जानकारी फैलाने के आरोप में केस दर्ज किया गया है.
उनके घर पर चंडीगढ़ पुलिस भी पहुंची है.
मधु किश्वर और कुछ अन्य सोशल मीडिया यूज़र्स के ख़िलाफ़ चंडीगढ़ सेक्टर-26 पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज हुई है. यह केस भारतीय न्याय संहिता और आईटी एक्ट की धाराओं के तहत दर्ज हुआ है.
एसएचओ सरिता रॉय ने एएनआई को बताया, "19 अप्रैल को सेक्टर-26 थाने में एक एफ़आईआर दर्ज की गई है. यह एक वीडियो से जुड़ा मामला है जिसे ट्वीट किया गया था. मधु किश्वर पर इसे रीट्वीट करने का आरोप है. हम उन्हें नोटिस देने आए थे. उन्हें थाने में हाज़िर होने का नोटिस दिया गया है. कल की तारीख दी गई है."
मधु किश्वर का दावा है कि सोमवार देर रात को भी उनके यहां पुलिस पहुंची थी. उन्होंने अपने एक्स हैंडल पर लिखा, "हमारे सिक्योरिटी गार्ड ने अभी बताया कि पांच पुलिसकर्मी मेरे ऑफ़िस पहुंचे हैं. चूंकि मैं वीडियो शूट कर रही थी, इसलिए मैंने उनसे थोड़ी देर इंतज़ार करने को कहा."
उन्होंने लिखा, "लेकिन इतनी देर रात आना ठीक संकेत नहीं है. मुझे पता है कि किसी महिला को, ख़ासकर वरिष्ठ नागरिक को सूर्यास्त के बाद और सूर्योदय से पहले गिरफ़्तार नहीं किया जा सकता. देखते हैं मेरे लिए क्या नया 'सरप्राइज़' रखा गया है."
उन्होंने एक अन्य पोस्ट में लिखा, "क़ानून के मुताबिक़ पुलिस रात में और सूरज निकलने से पहले महिलाओं के घर नहीं जा सकती. इसलिए मैंने फ़ोन पर उस टीम की अधिकारी से बात की. उन्होंने बताया कि उनकी टीम मेरे खिलाफ चंडीगढ़ में दर्ज हुई एफ़आईआर का नोटिस देने आई है. मैंने साफ़ कहा कि उन्हें क़ानून का पालन करना चाहिए और सुबह आना चाहिए."
पीटीआई के मुताबिक़, "चंडीगढ़ पुलिस ने सोमवार को बताया कि 19 अप्रैल को शहर के एक शख़्स ने शिकायत दी थी. शिकायत में कहा गया कि कुछ सोशल मीडिया यूज़र्स ने फ़र्ज़ी और भ्रामक पोस्ट और वीडियो क्लिप्स फैलाए हैं, जिनमें अश्लील शब्द और सामग्री भी थी."