ईरान युद्ध: दुनिया की सबसे बड़ी कंडोम कंपनी ने कहा, कीमतें 30% तक बढ़ेंगी
दुनिया की सबसे बड़ी कंडोम निर्माता कंपनी ने कहा है कि ईरान युद्ध के कारण उसे अपने प्रोडक्ट की क़ीमतें बढ़ानी पड़ रही हैं.
मलेशियाई कंपनी 'करेक्स' कंडोम बनाने वाली दुनिया की सबसे बड़ी कंपनी है. समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक़, कंपनी ने बताया है कि वह अपने उत्पादों की क़ीमतों में 20 से 30 प्रतिशत की बढ़ोतरी करने की योजना बना रही है.
कंपनी ने कहा है कि अगर मध्य पूर्व में युद्ध के कारण सप्लाई चेन में बाधा बनी रहती है तो यह बढ़ोतरी और भी ज़्यादा हो सकती है.
शिपिंग लागत में बढ़ोतरी और सप्लाई में देरी के कारण कंपनी के कई ग्राहकों के गोदाम में माल की कमी हो गई है, जिसकी वजह से करेक्स को कंडोम की मांग में बढ़ गई है.
कंपनी के सीईओ ने रॉयटर्स को बताया, "स्थिति निश्चित रूप से बहुत अस्थिर है. लागत बढ़ गई है. फ़िलहाल हमारे पास इसका बोझ ग्राहकों पर डालने के अलावा कोई विकल्प नहीं है."
करेक्स सालाना पांच अरब से अधिक कंडोम का उत्पादन करता है, जिसमें "डोरेक्स" और "ट्रोजन" जैसे प्रमुख ब्रांडों का उत्पादन, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय परिवार नियोजन कार्यक्रमों के लिए कंडोम की आपूर्ति करना शामिल है.