लाइव, इस्लामाबाद में अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत की सरगर्मी बढ़ी

ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची एक व्यापक प्रस्ताव लेकर आए हैं, जिसे पाकिस्तान के ज़रिए आगे बढ़ाया जा सकता है.

सारांश

लाइव कवरेज

अरशद मिसाल, सुमंत सिंह

  1. इस्लामाबाद में अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत की सरगर्मी बढ़ी, जियार गुल, बीबीसी फ़ारसी संवाददाता, इस्लामाबाद से

    इस्लामाबाद

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए गए हैं

    पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में अब भी सुरक्षा बल तैनात हैं, ऐसा लगता है कि पाकिस्तान को अब भी उम्मीद है कि अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत होगी.

    ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची एक व्यापक प्रस्ताव लेकर आए हैं, जिसे पाकिस्तान के ज़रिए आगे बढ़ाया जा सकता है. ऐसी ख़बरें हैं कि पाकिस्तान के सेना प्रमुख आसिम मुनीर इसे अमेरिका तक पहुंचा सकते हैं.

    अब तक इस बात की पुष्टि नहीं हुई है कि अमेरिकी प्रतिनिधि स्टीव विटकॉफ़ और जारेड कुशनर वॉशिंगटन से रवाना हुए हैं या नहीं.

    मुझे ईरानी अधिकारियों से लगातार यह सुनने को मिल रहा है कि अमेरिका से मुलाक़ात अराग़ची के मिशन का हिस्सा नहीं है, लेकिन हक़ीक़त यह है कि ईरान यहां एक नया प्रस्ताव रखने के लिए ही आया है.

    इस प्रस्ताव का विवरण अभी सामने नहीं आए है. तेहरान से जो जानकारी मिल रही है, उसके मुताबिक़ कई कट्टरपंथी धर्मगुरु कह रहे हैं कि परमाणु मुद्दा बातचीत के एजेंडे में शामिल नहीं है.

    ये मुद्दा पिछली बातचीत के दौरान भी एक बड़ा अड़ंगा था.

  2. आईपीएल 2026: पंजाब किंग्स के ख़िलाफ़ केएल राहुल का शानदार शतक

    दिल्ली कैपिटल्स के बल्लेबाज केएल राहुल

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, दिल्ली कैपिटल्स के बल्लेबाज केएल राहुल

    आईपीएल के 35वें मैच में दिल्ली कैपिटल्स के बल्लेबाज़ केएल राहुल ने पंजाब किंग्स के ख़िलाफ़ शानदार शतक जड़ा है.

    शतक बनाने के बाद भी फ़िलहाल उनटी बैटिंग जारी है.केएल राहुल 56 गेंदों पर 128 रन बनाकर खेल रहे हैं.

    यह मैच दिल्ली में खेला जा रहा है.

    केएल राहुल ने 47 गेंदों में शतक पूरा किया है. आईपीएल 2026 में यह उनका पहला शतक है. ख़बर लिखे जाने तक दिल्ली कैपिटल्स का स्कोर 16.2 ओवर में 1 विकेट के नुक़सान पर 217 रन है.

    वहीं नीतिश राणा ने भी शानदार बल्लेबाज़ी की है. वो 36 गेंदों पर 72 रन बनाकर खेल रहे हैं.

  3. ईरानः जंग के बाद पहली बार खुला तेहरान हवाई अड्डा, अंतरराष्ट्रीय उड़ानें फिर से शुरू

    इमाम ख़ुमैनी एयरपोर्ट

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, 28 फ़रवरी को अमेरिका और इसराइल के साथ युद्ध शुरू होने के बाद से ईरानी हवाई क्षेत्र काफ़ी हद तक बंद रहा है

    ईरान की राजधानी तेहरान के इमाम ख़ुमैनी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे से शनिवार सुबह अंतरराष्ट्रीय उड़ानें फिर से शुरू हो गईं.

    ईरानी मीडिया के मुताबिक़, इस हवाई अड्डे से मध्य-पूर्व के कई शहरों के लिए उड़ानें शुरू हुईं, जिनमें सऊदी अरब का मदीना, ओमान का मस्कट और तुर्की का इस्तांबुल भी शामिल है.

    28 फ़रवरी को अमेरिका और इसराइल के साथ जंग शुरू होने के बाद से ईरानी हवाई क्षेत्र काफ़ी हद तक बंद रहा है और यात्री उड़ानें करीब दो महीने से निलंबित थीं.

    8 अप्रैल को पाकिस्तान ने कहा था कि अमेरिका और ईरान ने दो हफ़्तों के सशर्त युद्धविराम पर सहमति जताई है.

    अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 21 अप्रैल को कहा था कि उन्होंने इसे तब तक बढ़ाने पर सहमति दी है, जब तक ईरान बातचीत के लिए कोई प्रस्ताव पेश नहीं कर देता.

    इस समय ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल पाकिस्तान में है और कई रिपोर्टों में कहा गया है कि अमेरिका का प्रतिनिधिमंडल पाकिस्तान रवाना हो गया है.

    हालांकि ये स्पष्ट नहीं है कि दोनों देशों के बीच सीधी वार्ता होगी या नहीं.

    इमाम ख़ुमैनी एयरपोर्ट की कुछ तस्वीरें -

    ईरान का इमाम ख़ुमैनी एयरपोर्ट

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमाम ख़ुमैनी एयरपोर्ट

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमाम ख़ुमैनी एयरपोर्ट

    इमेज स्रोत, Reuters

  4. मोसाद के लिए काम करने के आरोप में ईरान ने एक और शख़्स को फांसी दी

    प्रदर्शन करता एक शख़्स (प्रतीकात्मक तस्वीर)

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, प्रदर्शन पिछले साल दिसंबर में शुरू हुए थे और यह जनवरी में ईरानी करेंसी के तेज़ी से गिरने और महंगाई बढ़ने के बाद तेज़ हो गए (प्रतीकात्मक तस्वीर)

    इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर यानी आईआरजीसी से जुड़ी समाचार एजेंसी फ़ार्स और तस्नीम के मुताबिक़, ईरान ने एक और व्यक्ति को फांसी दी है.

    इस व्यक्ति पर देशभर में हुए विरोध प्रदर्शनों के दौरान इसराइल की खुफिया एजेंसी मोसाद के लिए 'मिशन' पर होने का आरोप लगाया गया था.

    तस्नीम के मुताबिक़, उस व्यक्ति का नाम इरफ़ान कियानी था. उस पर जनवरी 2026 में हुए प्रदर्शनों के दौरान 'तोड़फोड़ और आगज़नी' और 'आतंक फैलाने' के आरोप लगाए गए थे.

    दोनों एजेंसियों के मुताबिक़, ईरान के सुप्रीम कोर्ट के सज़ा की पुष्टि की थी.

    प्रदर्शन दिसंबर में शुरू हुए थे और यह जनवरी में ईरानी करेंसी के तेज़ी से गिरने और महंगाई बढ़ने के बाद तेज़ हो गए थे.

    दो दिन पहले ही 23 अप्रैल को भी सुल्तान अली शिरज़ादी नाम के एक शख़्स को फांसी दी गई. उन पर पीपल्स मोजाहेदीन ऑर्गेनाइजेशन का सदस्य होने और इसराइल के लिए जासूसी करने का आरोप था.

    बीबीसी फ़ारसी के अनुसार, पिछले कुछ महीनों में ईरान में फ़ांसी देने के मामले बढ़े हैं. ईरानी मानवाधिकार समूहों ने भी इस पर चिंता व्यक्त की है.

    ईरानी मानवाधिकार समूहों की मानें तो हाल ही में दी गईं फ़ांसी की सज़ाएं सिर्फ़ 'जासूसी' के आरोपों तक सीमित नहीं हैं.

  5. ट्रंप के 'धरती पर नरक' वाले पोस्ट को शेयर करने पर चीन ने दी प्रतिक्रिया

    चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग(प्रतीकात्मक तस्वीर)

    भारत में चीनी दूतावास की प्रवक्ता यू जिन ने एक्स पर ट्रंप के 'धरती पर नरक' वाले पोस्ट को शेयर करने पर निशाना साधा है. उन्होंने चीन और अमेरिका के वीडियो शेयर कर दोनों देशों की तुलना की है.

    उन्होंने एक्स पर लिखा, ''एक देश ख़त्म नहीं वाले युद्धों पर हर साल एक ट्रिलियन ख़र्च करता है. वहीं हम अपने लोगों के लिए बेहतर जीवन बनाने पर एक ट्रिलियन ख़र्च करते हैं. अगर इस जीवन को 'नरक' कहा जाता है, तो हम इसे हमेशा झेलने के लिए पूरी तरह तैयार हैं.''

    इसके साथ यू जिन ने एक वीडियो भी शेयर किया है, जिसमें एक मेट्रो ट्रैक पर पड़ा कूड़ा दिख रहा है और उस वीडियो पर न्यू यॉर्क लिखा है , वहीं दूसरी ओर चीन के शहर शियान का एक वीडियो है, जिसमें चमचमाता इंफ्रास्ट्रक्चर दिख रहा है.

    दरअसल अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दो दिन पहले माइकल सैवेज का एक बयान शेयर किया था.

    उस बयान में लिखा था, "यहां एक बच्चा तुरंत नागरिक बन जाता है और फिर वे पूरे परिवार को चीन या भारत या दुनिया की किसी और नरक से (अमेरिका) ले आते हैं. यह देखने के लिए आपको ज़्यादा दूर जाने की ज़रूरत नहीं है. यहाँ अब इंग्लिश नहीं बोली जाती."

    ट्रंप के इस पोस्ट के बाद भारत में विपक्षी दलों ने काफ़ी तीखी प्रतिक्रिया दी थी.

    जब भारत के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल से इस बारे में पत्रकारों ने सवाल किया गया तो उन्होंने सिर्फ़ इतना कहा था, "हमने ऐसी रिपोर्टें देखी हैं." हालांकि बाद में भारत सरकार ने भी इस पर कड़ा रुख़ अपनाया.

  6. राजस्थानः अलवर में गोदाम में लगी आग, चार लोगों की मौत, मोहर सिंह मीणा, जयपुर से बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लिए

    नीमराणा में गोदाम में आग

    इमेज स्रोत, Lokesh Bhardwaj

    इमेज कैप्शन, आग के कारणों का फ़िलहाल पता नहीं चला है

    राजस्थान के अलवर ज़िले के नीमराणा में शुक्रवार शाम एक गोदाम में आग लगने से चार लोगों की मौत हो गई.

    पुलिस ने गोदाम मालिक के ख़िलाफ़ एफ़आईआर दर्ज कर आग के कारणों की जांच शुरू कर दी है.

    नीमराणा की डिप्टी एसपी चारुल गुप्ता ने बीबीसी से फ़ोन पर बताया, "आग की चपेट में आने से चार लोगों की मौत हुई है. उनके परिजन पहुंच गए हैं. उनका डीएनए सैंपल लिया जा रहा है, जिसके बाद पोस्टमॉर्टम किया जाएगा."

    चारुल गुप्ता ने बताया, "मृतकों में दो नाबालिग़ बच्चियां उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी की रहने वाली हैं. इनमें से एक बच्ची सात साल की है और दूसरी की उम्र की जांच की जा रही है. एक मृतक रविंद्र दत्त हरियाणा के महेंद्रगढ़ के अटेली के रहने वाले थे और एक मृतक जॉनी स्थानीय निवासी थे."

    घटना के कारण के सवाल पर डीएसपी गुप्ता ने कहा, "आग के कारणों का फ़िलहाल पता नहीं चला है. हमने एफ़एसएल और फ़ायर ऑफ़िसर को बुलाया है. वे अपनी जांच रिपोर्ट तैयार कर रहे हैं."

    पुलिस अधिकारी के मुताबिक़, जहां आग लगी, वह प्लास्टिक का गोदाम था. इसमें शुक्रवार शाम क़रीब पांच बजे आग लगी थी. मालिक के ख़िलाफ़ एफ़आईआर दर्ज कर जांच की जा रही है.

    नीमराणा एसडीएम महेंद्र यादव ने बीबीसी से कहा, "हमने पूरी तलाश कर ली है. चार लोगों की मौत की पुष्टि हुई है. एक महिला को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है. आग के शुरुआती कारण के रूप में बीड़ी से लगना सामने आ रहा है, बाक़ी जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा."

    नीमराणा में गोदाम में आग

    इमेज स्रोत, Lokesh Bhardwaj

    इमेज कैप्शन, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि राज्य में ज़्यादा गर्मी पड़ने की आशंका है इसलिए सावधानी बरतना ज़रूरी है

    इस घटना पर राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने दुख जताया है.

    उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, "नीमराणा औद्योगिक क्षेत्र में लगी भीषण आग से चार मज़दूरों के ज़िंदा जलने और दो मज़दूरों के लापता होने की ख़बर बहुत दुख देने वाली है."

    उन्होंने कहा, "गर्मी बढ़ने के साथ ही प्रदेश के अलग-अलग स्थानों में आग लगने और इससे जनहानि की ख़बरें आ रही हैं."

    अशोक गहलोत ने राजस्थान सरकार से आग लगने के जोखिम वाले व्यवसायों के लिए विशेष दिशानिर्देश जारी करने की अपील की है.

  7. नमस्कार!

    अब तक बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता अरशद मिसाल आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  8. इस्लामाबाद: ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची की पाकिस्तानी फ़ील्ड मार्शल आसिम मुनीर से मुलाक़ात

    अब्बास अराग़ची और आसिम मुनीर की मुलाक़ात

    इमेज स्रोत, Iranian Ministry of Foreign Affairs

    इमेज कैप्शन, अराग़ची पाकिस्तान के बाद ओमान और रूस की यात्रा करेंगे

    ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची की पाकिस्तान के फ़ील्ड मार्शल आसिम मुनीर के साथ बैठक जारी है. यह जानकारी ईरानी सरकारी मीडिया ने दी है.

    अराग़ची शुक्रवार-शनिवार की रात इस्लामाबाद पहुंचे हैं. हालांकि, उनके दौरे में अमेरिका के साथ बैठक की कोई योजना प्रस्तावित नहीं है.

    उन्होंने शुक्रवार को एक्स पर एक पोस्ट में बताया था कि पाकिस्तान में बैठकों के बाद वह ओमान और रूस की यात्रा करेंगे.

    उधर, ईरान के सरकारी ब्रॉडकास्टर आईआरआईबी ने भी टेलीग्राम पर लिखा है कि विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची की पाकिस्तान में अमेरिका से मिलने की कोई योजना नहीं है.

    आईआरआईबी ने कहा कि पाकिस्तान एक "ब्रिज़" की भूमिका निभा सकता है और "संघर्ष ख़त्म करने को लेकर ईरान के विचार आगे पहुंचा सकता है".

    वहीं, व्हाइट हाउस ने पहले कहा था कि वह विशेष दूत स्टीव विटकॉफ़ और जैरेड कुशनर को इस्लामाबाद भेज रहा है, क्योंकि ईरान "आमने-सामने" बातचीत करना चाहता है.

    अराग़ची शुक्रवार शाम पाकिस्तान पहुंचे. पाकिस्तान में ईरानी दूतावास ने कहा है कि वह ईरान और पाकिस्तान के बीच "द्विपक्षीय मामलों की समीक्षा" करेंगे.

    एबीसी न्यूज़ ने पाकिस्तान सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी के हवाले से बताया है कि अमेरिकी और ईरानी प्रतिनिधिमंडल इस वीकेंड पाकिस्तानी अधिकारियों के साथ अलग-अलग बैठकें करेंगे.

    रिपोर्ट में कहा गया है कि अगर ये बैठकें अच्छी रहीं, तो इसके बाद रविवार को अमेरिकी और ईरानी अधिकारी सीधे मुलाक़ात करेंगे.

  9. केसीआर की बेटी कविता ने नई पार्टी बनाई, बीआरएस से हुई थीं निलंबित

    के. कविता

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, के. कविता तेलंगाना जागृति की अध्यक्ष भी हैं

    तेलंगाना के पूर्व मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव की बेटी के. कविता ने शनिवार को नई राजनीतिक पार्टी लॉन्च की. उन्होंने अपनी पार्टी का नाम 'तेलंगाना राष्ट्र सेना' (टीआरएस) रखा है.

    के. कविता ने हैदराबाद में आयोजित एक कार्यक्रम में अपनी पार्टी के नाम का एलान किया. वह तेलंगाना जागृति की अध्यक्ष भी हैं.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, के. कविता को सितंबर 2025 में भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) से निलंबित कर दिया गया था.

    उन्होंने अपने चचेरे भाइयों और पार्टी नेताओं टी हरीश राव और जे संतोष कुमार पर आरोप लगाया था कि उन्होंने बीआरएस शासन के दौरान बनी कालेश्वरम लिफ़्ट सिंचाई परियोजना को लेकर उनके पिता और बीआरएस अध्यक्ष के चंद्रशेखर राव की छवि "ख़राब" की.

  10. ग़ाज़ीपुर मामले पर प्रियंका गांधी बोलीं, 'महिलाओं के ख़िलाफ़ अत्याचार चरम पर'

    प्रियंका गांधी

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, प्रियंका गांधी ने इस मामले को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी निशाना साधा है (फ़ाइल फ़ोटो)

    उत्तर प्रदेश के ग़ाज़ीपुर में एक नाबालिग़ लड़की की हत्या के मामले में कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि 'राज्य में महिलाओं के ख़िलाफ़ अत्याचार चरम पर है'.

    प्रियंका गांधी ने एक्स पर लिखा, "ग़ाज़ीपुर, उत्तर प्रदेश में एक लड़की की हत्या के मामले में पहले केस दर्ज होने में आनाकानी, फिर पीड़ित परिवार को धमकियां मिलना और दबंगों द्वारा अराजकता फैलाना यह दिखाता कि प्रदेश में महिलाओं के ख़िलाफ़ अत्याचार चरम पर है."

    उन्होंने कहा, "बीजेपी राज में अब यही अघोषित क़ानून बन गया है कि जब भी किसी महिला पर अत्याचार होता है तो पीड़ित को ही और प्रताड़ित किया जाता है."

    प्रियंका गांधी ने इस मामले को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी निशाना साधा है.

    उन्होंने कहा, "महिलाओं को लेकर प्रधानमंत्री जी की बड़ी-बड़ी बातें सिर्फ़ दिखावा हैं. उन्नाव हो, हाथरस हो, प्रयागराज हो या ग़ाज़ीपुर, जहां भी महिलाओं के साथ अन्याय हुआ, बीजेपी अपनी पूरी सत्ता के साथ पीड़िता के ख़िलाफ़, अत्याचारी के साथ खड़ी हो गई."

    प्रियंका गांधी ने कहा कि देशभर की महिलाएं ये 'अंधेरगर्दी' देख रही हैं.

    एडीजी वाराणसी पीयूष मोर्डिया

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, एडीजी पीयूष मोर्डिया ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है

    क्या है मामला?

    एडीजी वाराणसी पीयूष मोर्डिया के मुताबिक़, "14-15 अप्रैल की रात ग़ाज़ीपुर जनपद के कटरिया गांव से एक बालिका गायब हो गई थी. सुबह लगभग 5:30 बजे के आसपास तीन किलोमीटर दूर गंगा के पुल के पास नदी में उसका शव मिला."

    उन्होंने बताया कि परिजनों की ओर से दी गई सूचना के आधार पर एफ़आईआर दर्ज कर ली गई है और मुख्य अभियुक्त को पुलिस ने गिरफ़्तार कर लिया है.

    एडीजी पीयूष मोर्डिया ने यह भी बताया कि इस मामले में आगे की जांच जारी है.

    उन्होंने कहा कि पुलिस अधिकारियों ने लड़की के परिजनों से मुलाक़ात की है और उनके पिता से इस पूरी घटना पर बात की है. इसी के आधार पर पुलिस कार्रवाई की गई है.

    उन्होंने यह भी बताया कि परिजनों ने इस मामले में फ़ास्ट ट्रैक कोर्ट के ज़रिए अभियुक्त को जल्द से जल्द सज़ा दिलाने की मांग की है.

    एडीजी पीयूष मोर्डिया ने कहा, "इस घटना के बाद कुछ राजनीतिक दलों और तत्वों ने गांव में अशांति फैलाने का प्रयास किया. इस मामले के मुख्य तथ्यों से हटकर बातें बताकर परिजनों की भावनाओं को भड़काने का काम किया गया है."

    उन्होंने सभी से शांति बनाए रखने का अनुरोध किया.

  11. अमेरिकी सेना ने ईरान के झंडे वाले जहाज़ को रोका

    अमेरिकी सेना ने ईरानी जहाज़ को रोका

    इमेज स्रोत, X/CENTCOM

    इमेज कैप्शन, सेंटकॉम ने अपने बयान के साथ यह तस्वीर भी साझा की है

    अमेरिकी सेंट्रल कमान (सेंटकॉम) का कहना है कि उसके एक जंगी जहाज़ ने ईरान के झंडे वाले एक जहाज़ को ईरानी बंगरगाह की ओर जाने से रोक दिया है.

    सेंटकॉम ने एक्स पर एक बयान जारी कर कहा, "गाइडेड मिसाइल डेस्ट्रॉयर यूएसएस राफ़ेल पेराल्टा ने शुक्रवार, 24 अप्रैल को ईरान के झंडे वाले एक जहाज़ को उस वक़्त रोका, जब वह ईरान के एक बंदरगाह की ओर जा रहा था."

    इस बयान के साथ सेंटकॉम ने एक तस्वीर भी साझा की है.

    इससे पहले शुक्रवार को जारी एक अन्य बयान में सेंटकॉम ने कहा कि उसने अमेरिकी नौसैनिक नाकाबंदी के दौरान अब तक 34 जहाज़ों का रास्ता बदला है.

    ईरान और अमेरिका के बीच पहले दौर की वार्ता बेनतीजा रहने के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरानी बंदरगाहों की नाकाबंदी का एलान किया था.

    ईरान ने इस नाकाबंदी का कड़ा विरोध किया और इस सीज़फ़ायर का उल्लंघन बताया. इसके साथी ही ईरान ने फिर से होर्मुज़ को बंद करने का फ़ैसला लिया.

  12. पवन खेड़ा के मामले में गुवाहाटी हाई कोर्ट के फ़ैसले के ख़िलाफ़ सुप्रीम कोर्ट जाएगी कांग्रेस

    पवन खेड़ा

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, गुवाहाटी हाई कोर्ट ने शुक्रवार को पवन खेड़ा की अग्रिम ज़मानत याचिका ख़ारिज कर दी (फ़ाइल फ़ोटो)

    कांग्रेस नेता पवन खेड़ा के मामले में कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने गुवाहाटी हाई कोर्ट के फ़ैसले के ख़िलाफ़ सुप्रीम कोर्ट जाने की बात कही है.

    गुवाहाटी हाई कोर्ट ने शुक्रवार को पवन खेड़ा की अग्रिम ज़मानत याचिका ख़ारिज कर दी.

    यह मामला असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा की पत्नी से जुड़ा हुआ है. पवन खेड़ा ने आरोप लगाया था कि हिमंत बिस्वा सरमा की पत्नी के पास कई पासपोर्ट और विदेश में अघोषित संपत्तियां हैं.

    कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने एक्स पर लिखा, "पूरी भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस अपने मीडिया और प्रचार विभाग के अध्यक्ष पवन खेड़ा के साथ पूरी मजबूती से एकजुट खड़ी है."

    उन्होंने कहा, "गुवाहाटी हाई कोर्ट के फ़ैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती देने की प्रक्रिया चल रही है. हमें विश्वास है कि धमकी, डराने-धमकाने, और उत्पीड़न की राजनीति पर न्याय की जीत होगी."

  13. पाकिस्तान में पेट्रोल और डीज़ल के बढ़े दाम, अब इतने रुपये हुई क़ीमत

    पाकिस्तानी पेट्रोल पंप

    इमेज स्रोत, Abdul MAJEED / AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, पाकिस्तान में नई क़ीमतें 25 अप्रैल से लागू हो गई हैं (फ़ाइल फ़ोटो)

    पाकिस्तान सरकार ने पेट्रोलियम उत्पादों की क़ीमतों में बढ़ोतरी की है. इसके संबंध में एक अधिसूचना जारी की गई है.

    पेट्रोलियम विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के मुताबिक़, पेट्रोल और डीज़ल दोनों की क़ीमतों में 26.77 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है.

    पाकिस्तान सरकार का कहना है कि ये नई क़ीमतें 25 अप्रैल से प्रभावी होंगी.

    बीबीसी उर्दू के मुताबिक़, पाकिस्तान में अब पेट्रोल की नई क़ीमत 393.35 रुपये प्रति लीटर और डीज़ल की नई क़ीमत 380.19 रुपये प्रति लीटर हो गई है.

    दूसरी ओर, पाकिस्तान सरकार ने केरोसिन की क़ीमत में 63.60 रुपये प्रति लीटर की कमी की है. पाकिस्तान में अब केरोसिन की नई क़ीमत 365.21 रुपये प्रति लीटर हो गई है.

  14. ईरान पर प्रतिबंधों के बाद अमेरिका ने आर्थिक दबाव बढ़ाने की भी बात कही

    मार्को रुबियो

    इमेज स्रोत, EPA/Shutterstock

    इमेज कैप्शन, अमेरिकी वित्त विभाग ने शुक्रवार को ईरान पर प्रतिबंध लगाए हैं (फ़ाइल फ़ोटो)

    अमेरिकी विदेश विभाग ने कहा है कि वह "ईरान के ग़ैरक़ानूनी तेल कारोबार को अस्त-व्यस्त करने के लिए निर्णायक क़दम" उठा रहा है.

    इसमें वित्त विभाग की ओर से शुक्रवार को लगाए गए प्रतिबंध शामिल हैं.

    ये प्रतिबंध "एक स्वतंत्र और बड़ी चीनी रिफ़ाइनरी और क़रीब 40 अन्य ठिकानों" पर लगाए गए हैं, जिन्हें विभाग ने ईरान के तेल निर्यात के लिए "अहम लाइफ़लाइन" बताया है.

    विदेश विभाग ने कहा कि ये पाबंदियां उन आय स्रोतों को रोकती हैं जिनसे ईरानी शासन की "मध्य पूर्व में अस्थिरता फैलाने वाली गतिविधियों" को फंड मिलता है.

    बयान में कहा गया है, "अमेरिका, आर्थिक मंदी के तहत ईरान और उसके ग़ैरक़ानूनी ऊर्जा कारोबार को सहारा देने वाले अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क पर आर्थिक दबाव और बढ़ाएगा."

  15. पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय के बयान में अमेरिका-ईरान वार्ता का ज़िक्र नहीं

    अराग़ची का इस्लामाबाद में स्वागत

    इमेज स्रोत, Iranian Ministry of Foreign Affairs/Anadolu via Getty

    इमेज कैप्शन, अराग़ची का स्वागत पाकिस्तानी विदेश मंत्री मोहम्मद इसहाक़ डार और फ़ील्ड मार्शल आसिम मुनीर ने किया

    ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची एक प्रतिनिधिमंडल के साथ इस्लामाबाद पहुंच चुके हैं. उनके इस दौरे पर पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय ने बयान जारी किया है.

    पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय के बयान में ईरान और अमेरिका के बीच बैठक का ज़िक्र नहीं है.

    इससे पहले ईरान के विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि अराग़ची की इस्लामाबाद यात्रा के दौरान "ईरान और अमेरिका के बीच किसी बैठक की योजना नहीं है".

    हालांकि, ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि 'ईरान के विचार पाकिस्तान को बता दिए जाएंगे'.

    पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने कहा, "विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची के नेतृत्व में एक ईरानी प्रतिनिधिमंडल आज इस्लामाबाद पहुंचा है. उनका स्वागत उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री मोहम्मद इसहाक़ डार, फ़ील्ड मार्शल आसिम मुनीर समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने किया."

    बयान में कहा गया, "इस दौरान ईरान के विदेश मंत्री पाकिस्तान के वरिष्ठ नेतृत्व के साथ बैठकें करेंगे. इन बैठकों में क्षेत्र के ताज़ा घटनाक्रमों के साथ-साथ क्षेत्रीय शांति और स्थिरता के लिए जारी प्रयासों पर चर्चा होगी."

  16. डोनाल्ड ट्रंप बोले, 'ईरान एक ऑफ़र दे रहा, हमें देखना होगा'

    डोनाल्ड ट्रंप

    इमेज स्रोत, Alex Wong/Getty Images

    इमेज कैप्शन, ट्रंप ने कहा कि वह ईरान में उन लोगों से बात कर रहे हैं जो 'अभी सत्ता में हैं' (फ़ाइल फ़ोटो)

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने न्यूज़ एजेंसी रॉयटर्स से बातचीत में कहा कि 'ईरान एक ऑफ़र दे रहा है और हमें देखना होगा'.

    हालांकि, उनका कहना है कि उन्हें अब तक यह नहीं पता कि यह ऑफ़र क्या है.

    फ़ोन कॉल के दौरान जब ट्रंप से पूछा गया कि अमेरिका किसके साथ बातचीत कर रहा है, तो उन्होंने स्पष्ट जानकारी नहीं दी.

    लेकिन उन्होंने कहा, वह "उन लोगों से बात कर रहे हैं जो इस समय सत्ता में हैं".

    उन्होंने यह भी कहा कि अगले हफ़्ते जब ब्रिटेन के किंग चार्ल्स अमेरिका आएंगे, तो वह उनके साथ ईरान पर चर्चा करेंगे.

    इससे पहले व्हाइट हाउस ने पुष्टि की कि अमेरिका के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ़ और जैरेड कुशनर ईरान से बातचीत के लिए इस्लामाबाद की यात्रा करेंगे.

    उधर, ईरान की सरकार ने भी पुष्टि की कि विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची इस्लामाबाद दौरे पर रहेंगे. हालांकि, बयान में इस बात का ज़िक्र नहीं किया गया कि यह यात्रा क्या अमेरिका से बातचीत के लिए है या नहीं.

  17. नमस्कार!

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.