अमेरिकी प्रतिबंध झेल रहे दो जहाज़ स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज़ क्रॉस कर रहे, अमेरिकी नाकेबंदी तोड़ पाएंगे?
अमेरिका ने नाकेबंदी लागू करने के बाद से कई जहाज़ों को रोका है. ये जहाज़ या तो ईरानी बंदरगाहों से आ रहे थे या पहले से ही ईरान से संबंधों की वजह से अमेरिका द्वारा प्रतिबंधित किए जा चुके थे.
अमेरिकी प्रतिबंध झेल रहे दो जहाज़ स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज़ क्रॉस कर रहे, अमेरिकी नाकेबंदी तोड़ पाएंगे?, थॉमस कोपलैंड
इमेज स्रोत, MarineTraffic
इमेज कैप्शन, अमेरिका ने नाकेबंदी लागू करने के बाद से कई जहाज़ों को रोका है
हम आज होर्मुज़ स्ट्रेट से गुज़र रहे उन दो जहाज़ों पर नज़र बनाए हुए हैं, जिन्हें ईरान से संबंधों की वजह से अमेरिका ने प्रतिबंधित किया है.
जहाज़ों की ट्रैकिंग करने वाली वेबसाइट मरीन ट्रैफ़िक के डेटा के मुताबिक, ‘यूरी’ नाम का एक कच्चे तेल का टैंकर रात में होर्मुज़ स्ट्रेट पार करना शुरू कर चुका था, लेकिन बाद में लारक द्वीप के पहले रुक गया. यहां वह पूरे दिन रुका रहा.
ट्रैकिंग साइट के मुताबिक जहाज़ में माल भरा हुआ है और इससे पहले इसकी लोकेशन ईरान के प्रमुख तेल निर्यात बंदरगाह खार्ग द्वीप के पास दिखाई गई थी. फ़िलहाल जहाज़ की मौजूदा लोकेशन का पता नहीं है.
दूसरा जहाज़, ‘एवन’ नाम का एक केमिकल टैंकर है जो आज सुबह स्ट्रेट से गुज़रा. यह इस महीने ज़्यादातर समय यूएई के तट के पास रुका था और ट्रैकिंग डेटा से पता चलता है कि इसमें भी माल लदा हुआ है.
अब यह ओमान की खाड़ी की ओर बढ़ता हुआ दिखाई दे रहा है, जहां अमेरिका ने पिछले हफ़्ते एक नाकेबंदी रेखा लागू की थी.
अमेरिका ने नाकेबंदी लागू करने के बाद से कई जहाज़ों को रोका है. ये जहाज़ या तो ईरानी बंदरगाहों से आ रहे थे या पहले से ही ईरान से संबंधों की वजह से अमेरिका द्वारा प्रतिबंधित किए जा चुके थे.
हम यह देखने के लिए इन दोनों जहाज़ों पर नज़र बनाए रखेंगे, कि क्या ये अमेरिकी नाकेबंदी रेखा के करीब पहुंचते हैं?
अमेरिका-ईरान के बीच बातचीत फ़िलहाल होने की उम्मीद नहीं, कैरी डेविस, बीबीसी पाकिस्तान संवाददाता
इमेज स्रोत, EPA
इमेज कैप्शन, ईरान की ओर से जो संकेत मिल रहे हैं, उसके अनुसार ईरान के विदेश मंत्री की पाकिस्तान के साथ द्विपक्षीय बातचीत है
अमेरिका और ईरान के बीच दूसरी दौर की बातचीत इस हफ़्ते की शुरुआत में होने की उम्मीद की जा रही थी.
और जब यह ख़बर आई कि ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची पाकिस्तान जाने वाले हैं, तो हलचल तेज़ हो गई. और इसे बातचीत से जोड़कर देखा जाने लगा.
हालांकि, फिलहाल ऐसा नहीं है.
ईरान की ओर से जो संकेत मिल रहे हैं, उनके मुताबिक़ ये पाकिस्तान के साथ द्विपक्षीय बातचीत है, अमेरिका के साथ कोई बैठक नहीं.
यह मानना उचित है कि अमेरिका के साथ बातचीत पर बात हो सकती है, लेकिन फ़िलहाल इसे पाकिस्तान के कूटनीतिक प्रयासों के हिस्से के तौर पर पेश किया जा रहा है. इसे शांति वार्ता के तौर पर पेश नहीं किया जा रहा है.
राघव चड्ढा के बीजेपी में शामिल होने पर क्या बोले प्रशांत भूषण
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, सुप्रीम कोर्ट के वकील प्रशांत भूषण (फ़ाइल फोटो)
आम आदमी पार्टी के फ़ाउंडिंग मेंबर और सुप्रीम कोर्ट के वकील प्रशांत भूषण ने एक्स पर पोस्ट कर राघव चड्ढा के बीजेपी में शामिल होने पर प्रतिक्रिया दी है.
उन्होंने एक्स पर लिखा, “आम आदमी पार्टी छोड़ने वाले पहले समूह और हाल ही में बीजेपी में शामिल होने के लिए पार्टी छोड़ने वाले सात लोगों के बीच क्या अंतर है? पहला समूह उस समय पार्टी से अलग हुआ जब अरविंद केजरीवाल ने उन सिद्धांतों से समझौता किया, जिन पर पार्टी की स्थापना हुई थी.”
उन्होंने आगे लिखा, “राघव चड्ढा की अगुवाई वाला दूसरे समूह ने सत्ता के सभी लाभ उठाए, जिनमें राज्यसभा की सदस्यता भी शामिल है. अब ये लोग पूरी तरह अवसरवाद के तहत, बिना किसी सिद्धांत के, बीजेपी में शामिल हुए हैं.”
वहीं पार्टी छोड़ने के बाद राघव चड्ढा ने कहा, "आम आदमी पार्टी, जिसे मैंने अपने खून पसीने से सींचा और जिसे मैंने अपनी युवावस्था के 15 साल दिए, वह अब अपने सिद्धांतों, मूल्यों और बुनियादी नैतिकताओं से पूरी तरह भटक चुकी है. अब यह पार्टी देश या राष्ट्रीय हित के लिए काम नहीं कर रही है, बल्कि निजी स्वार्थ के लिए काम कर रही है."
पेटीएम पेमेंट बैंक लिमिटेड का बैंकिंग लाइसेंस रद्द, इससे यूपीआई ऑपरेशन पर नहीं पड़ेगा फर्क
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, इससे पेटीएम के यूपीआई ऑपरेशन पर कोई फ़र्क नहीं पड़ेगा क्योंकि पेटीएम इसके लिए दूसरे बैंक का इस्तेमाल करता है.
भारतीय रिज़र्व बैंक यानी आरबीआई ने 24 अप्रैल (शुक्रवार) को एक आदेश आदेश जारी कर पेटीएम पेमेंट बैंक लिमिटेड का बैंकिंग लाइसेंस रद्द कर दिया है.
हालांकि इससे पेटीएम के यूपीआई ऑपरेशन पर कोई फर्क नहीं पड़ेगा क्योंकि पेटीएम इसके लिए दूसरे बैंक का इस्तेमाल करता है.
इससे पहले, 11 मार्च 2022 से बैंक को नए ग्राहक जोड़ने से रोका गया था. इसके बाद 31 जनवरी 2024 और 16 फरवरी 2024 को भी कई प्रतिबंध लगाए गए थे, जिनमें मौजूदा खातों, प्रीपेड इंस्ट्रूमेंट्स और वॉलेट्स में नए जमा पर रोक शामिल थी.
आरबीआई ने बाताया है कि इस फै़सले के बाद, पेटीएम पेमेंट्स बैंक लिमिटेड को बैंकिंग रेग्युलेशन एक्ट, 1949 की धारा 5 (बी) के तहत बैंकिंग या धारा 6 के तहत किसी भी अतिरिक्त गतिविधि करने से तुरंत रोक दिया गया है. साथ ही आरबीआई बैंक को बंद करने के लिए हाई कोर्ट में आवेदन करेगा.
आरबीआई के मुताबिक, बैंक के पास इतने पैसे हैं कि बंद होने की स्थिति में वह अपने सभी जमाकर्ताओं का पैसा लौटा सकता है.
ईरान के विदेश मंत्री आज इस्लामाबाद जाएंगे, ईरानी सरकारी मीडिया ने पुष्टि की
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची (फ़ाइल फोटो)
ईरानी सरकारी मीडिया का कहना है कि विदेश मंत्री आज इस्लामाबाद के लिए रवाना होंगे.
ईरान की सरकारी न्यूज़ एजेंसी आईआरएनए के मुताबिक, ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची शुक्रवार को इस्लामाबाद, मस्कट और मॉस्को की यात्रा पर निकलेंगे.
पाकिस्तान सरकार के सूत्रों ने आज पहले बीबीसी को बताया था कि अराग़ची के आज रात इस्लामाबाद पहुंचने की उम्मीद है.
आईआरएनए की रिपोर्ट के मुताबिक, अराग़ची की इस यात्रा का उद्देश्य द्विपक्षीय बातचीत करना और क्षेत्र में मौजूदा घटनाक्रम के साथ अमेरिका और इसराइल के साथ जारी युद्ध की ताज़ा स्थिति पर चर्चा करना है.
अमेरिकी रक्षा मंत्री ने ईरान के साथ समझौते पर क्या कहा, डैनिएल बुश, वॉशिंगटन संवाददाता
इमेज स्रोत, Reuters
इमेज कैप्शन, अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने शुक्रवार को पेंटागन में मीडिया को संबोधित किया
अमेरिका के रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने शुक्रवार को जोर देकर कहा कि अमेरिका ईरान के साथ समझौता करने की कोई जल्दबाज़ी में नहीं है.
शुक्रवार को उन्होंने पेंटागन में मीडिया को संबोधित किया.
प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने चेतावनी दी कि 'होर्मुज़ स्ट्रेट की अमेरिकी नाकाबंदी बढ़ रही है और वैश्विक रूप ले रही है.'
हेगसेथ ने कहा कि अमेरिका किसी समझौते के लिए “बेचैन” नहीं है.
उनका ये बयान डोनाल्ड ट्रंप की उस टिप्पणी के अनुरूप है, जिसमें उन्होंने कहा था कि युद्ध ख़त्म करने के लिए समझौते तक पहुंचने का उन पर कोई दबाव नहीं है.
प्रेस ब्रीफ़िंग के दौरान हेगसेथ ने कहा, “हमारे पास बहुत ज़्यादा समय है और हम किसी समझौते के लिए बेचैन नहीं हैं.”
उन्होंने ईरान के बारे में कहा कि समझौते के लिए अब गेंद उनके पाले में है और यह समझौता उनके परमाणु कार्यक्रम को छोड़ने पर केंद्रित होना चाहिए.
इन टिप्पणियों से ट्रंप प्रशासन की भाषा में बदलाव साफ दिखता है.
इस हफ़्ते की शुरुआत में ट्रंप ने संघर्षविराम को बढ़ा दिया था, लेकिन यह नहीं बताया कि यह कितने समय के लिए है.
संघर्ष के शुरुआती दिनों में ट्रंप ने कहा था कि जंग चार से छह हफ़्तों तक चल सकती है.
लेकिन अब यह युद्ध को लगभग दो महीने के क़रीब होने वाले हैं और इस बात के कोई संकेत नहीं हैं कि ईरान अपनी परमाणु महत्वाकांक्षाओं को छोड़ना चाहता है.
बीजेपी में जाने से पहले 'आप' सांसदों को इस्तीफ़ा देना चाहिए था- दीपांकर भट्टाचार्य
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, सीपीआईएमएल के नेता ने राघव चड्ढा और अन्य सांसदों के फ़ैसले की आलोचना की है
शुक्रवार राज्य सभा में आम आदमी पार्टी के सांसद राघव चड्ढा, संदीप पाठक और अशोक मित्तल ने आम आदमी पार्टी(आप) छोड़कर बीजेपी में शामिल होने का एलान किया है.
इसके बाद कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ़ इंडिया (एमएल) - लिबरेशन के महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य ने इन सांसदों पर निशाना साधा है.
दीपांकर ने एक्स पर लिखा, “बीजेपी जॉइन करने वाले आम आदमी पार्टी के सांसदों को सबसे पहले इस्तीफ़ा देना चाहिए. विरोधी वोटों पर चुने जाने के बाद बीजेपी में शामिल होना मतदाताओं के भरोसे और जनादेश के साथ खुला विश्वासघात है.”
उन्होंने आगे लिखा, “इन सांसदों को अपनी राजनीति बदलने की आज़ादी है, लेकिन उन्हें अपने मतदाताओं का अपमान करने का कोई अधिकार नहीं है.”
वहीं दिल्ली में बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा, "यह तो स्वाभाविक था. उनके कुछ सांसद भी आ रहे हैं, इसलिए हम उनका स्वागत करते हैं. अरविंद केजरीवाल भ्रष्टाचार का पर्याय बन गए हैं... पंजाब की जनता पर खर्च होने वाला पैसा वह गुजरात और गोवा में अपनी राजनीति के लिए इस्तेमाल कर रहे हैं."
उधर, पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष और सांसद अमरिंदर सिंह राजा वारिंग ने आम आदमी पार्टी के विधायकों के भी बीजेपी में शामिल होने की आशंका जताई है.
उन्होंने कहा, "आप को सतर्क रहना चाहिए क्योंकि उनके 50 विधायक बीजेपी में शामिल हो सकते हैं, अभी तो सिर्फ़ सांसदों ने ही पार्टी छोड़ी है. पार्टी के पास कोई विचारधारा नहीं है. यह स्वाभाविक था. इन सांसदों का पंजाब में कोई महत्व नहीं है."
ब्रेकिंग न्यूज़, आज रात ईरानी विदेश मंत्री के इस्लामाबाद पहुंचने की उम्मीद
इमेज स्रोत, AFP via Getty Images
इमेज कैप्शन, ईरान के विदेश मंत्री ने पाकिस्तानी सेना प्रमुख आसिम मुनीर और विदेश मंत्री इसहाक़ डार से बात कर सीज़फ़ायर के जुड़े मुद्दों पर बात की थी
पाकिस्तानी और ईरानी सुत्रों ने पुष्टि की है कि आज रात यानी शुक्रवार रात तक एक ईरानी प्रतिनिधिमंडल के इस्लामाबाद पहुंचने की उम्मीद है.
बीबीसी ऊर्दू के मुताबिक़, सरकारी सुत्रों ने पुष्टि की है कि उन्हें एक ईरानी प्रतिनिधिमंडल के आने के बारे में बाताया गया था और इस्लामाबाद में कड़ी सुरक्षा पहले से ही लागू है.
एक पाकिस्तानी सूत्र का कहना है कि ईरानी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची करेंगे.
अधिकारियों के मुताबिक़, बातचीत की प्रक्रिया के लिए एक अमेरिकी सुरक्षा दल पहले से ही इस्लामाबाद में मौजूद है.
हालांकि अभी तक ईरानी और अमेरिकी पक्ष ने आधिकारिक तौर पर इसकी घोषणा नहीं की है.
इससे पहले शुक्रवार को ईरान के विदेश मंत्री ने पाकिस्तानी सेना प्रमुख आसिम मुनीर और विदेश मंत्री इसहाक़ डार से बात कर सीज़फ़ायर से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करने की जानकारी दी थी.
सीज़फ़ायर पर ईरान के विदेश मंत्री ने पाकिस्तान के फ़ील्ड मार्शल से की बीच बातचीत
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, ईरान के विदेश मंत्री अराग़ची ने टेलीग्राम पर बयान जारी कर कहा कि उन्होंने पाकिस्तान के विदेश मंत्री और फील्ड मार्शल आसिम मुनीर से बात की है
ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची ने पाकिस्तान के विदेश मंत्री और सेना प्रमुख के साथ सीज़फ़ायर से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की है.
पाकिस्तान, अमेरिका और ईरान के बीच आगे होने वाली शांति वार्ता की मेज़बानी के लिए तैयार है.
ईरान के विदेश मंत्री अराग़ची ने टेलीग्राम पर जारी एक बयान में कहा कि उन्होंने पाकिस्तान के उपप्रधानमंत्री और विदेश मंत्री इसहाक़ डार और पाकिस्तानी सेना प्रमुख फ़ील्ड मार्शल आसिम मुनीर से बातचीत की.
उन्होंने बताया कि बातचीत के दौरान “क्षेत्रीय हालात और संघर्षविराम से जुड़े मुद्दों” पर चर्चा हुई.
हालांकि, अराग़ची ने यह साफ़ नहीं किया कि वह अमेरिका-ईरान संघर्षविराम, इसराइल-लेबनान संघर्षविराम की बात कर रहे थे, या दोनों की बात कर रहे थे.
पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद को अमेरिका और ईरान के बीच संभावित आगे की बैठकों को ध्यान में रखते हुए तैयार रखा जा रहा है.
राष्ट्रपति ट्रंप के विवादित पोस्ट पर अब चीन का भी आया बयान
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, भारत में मौजूद चीनी दूतावास की प्रवक्ता यू जिन ने एक्स पर पोस्ट कर भारत का समर्थन किया है (चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग की फ़ाइल फ़ोटो)
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत के बारे में एक विवादित पोस्ट शेयर किया था जिसे लेकर काफ़ी विवाद हो रहा है.
इस लेख में Google YouTube से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले Google YouTube cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.
चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है. YouTube सामग्री में विज्ञापन हो सकते हैं.
पोस्ट YouTube समाप्त
अमेरिका-ईरान वार्ता में परमाणु विशेषज्ञों को शामिल करने की ईयू ने क्यों मांग की
इमेज स्रोत, Reuters
इमेज कैप्शन, यूरोपीय संघ की विदेश नीति की प्रमुख ने कहा कि अगर बातचीत में परमाणु विशेषज्ञ शामिल नहीं हुए तो ये डील 2015 में हुए समझौते से भी कमज़ोर होगी
यूरोपीय संघ की विदेश नीति की प्रमुख काया कलास ने कहा है कि अगर शांति वार्ता में परमाणु विशेषज्ञ शामिल नहीं हुए तो ईरान से जुड़ा ख़तरा और ज़्यादा बढ़ सकता है.
साइप्रस में यूरोपीय संघ के नेताओं की बैठक में काया कैलस ने कहा कि 'इस बात का ख़तरा है कि कोई भी समझौता जॉइंट कॉम्प्रिहेंसिव प्लान ऑफ एक्शन (जेसीपीओए) से कमज़ोर हो सकता है.'
यह वही ईरान परमाणु समझौता है जो साल 2015 में बराक ओबामा के प्रशासन के दौरान हुआ था. हालांकि डोनाल्ड ट्रंप ने अपने पहले कार्यकाल में अमेरिका को इससे बाहर कर लिया था.
उस समझौते के तहत ईरान ने अपनी संवेदनशील परमाणु गतिविधियों को सीमित करने और अंतरराष्ट्रीय निरीक्षकों को देश में आने की अनुमति देने पर सहमति दी थी, जिसके बदले उस पर लगे आर्थिक प्रतिबंध हटाए गए थे.
कलास ने कहा, "अगर बातचीत सिर्फ़ परमाणु कार्यक्रम पर ही केंद्रित होगी और मेज पर कोई परमाणु विशेषज्ञ नहीं होंगे, तो हम ऐसे समझौते पर पहुंचेंगे जो जेसीपीओए से भी कमज़ोर होगा."
तेजस्वी के बयान पर सीएम सम्राट बोले - 'ये सत्ता किसी की बपौती नहीं है'
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, बिहार विधानसभा के विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि सम्राट चौधरी 'लालू जी के पाठशाला' के हैं
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव के 'लालू की पाठशाला' वाले बयान का जवाब दिया है.
उन्होंने विधानसभा में कहा कि 'कोई किसी के पाठशाला से नहीं होता' और कोई भी इस 'ग़लतफ़हमी में न रहे'.
सम्राट चौधरी ने कहा, "कुछ लोगों को लगता है हमारी पाठशाला है. इस बपौती से बाहर निकलिए. किसी की बपौती नहीं है ये सत्ता. ये जो मुख्यमंत्री का पद है वो 14 करोड़ बिहारियों का आशीर्वाद है, इसलिए आज मैं बैठा हूं."
उन्होंने दावा किया कि लालू प्रसाद यादव नीतीश कुमार की बदौलत बिहार के मुख्यमंत्री बने थे.
सम्राट चौधरी ने कहा, "नीतीश जी नहीं होते तो लालू जी मुख्यमंत्री होते क्या? लालू जी को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी ने बनाया, कोई किसी के पाठशाला से नहीं होता है. मैंने तो कहा है कि मेरी राजनीति में लालू यादव जी का अत्याचार नहीं होता तो मैं बिहार का मुख्यमंत्री नहीं बन पाता. न ही जेल जाता और न ही राजनीति में आता. इसलिए कोई ग़लतफ़हमी में मत रहिए."
इससे पहले बिहार विधानसभा के विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी 'लालू जी के पाठशाला' के हैं.
बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता और आरजेडी विधायक तेजस्वी यादव ने कहा, "विकास कार्यों के लिए एक सरकार को स्थिरता की ज़रूरत होती है. लेकिन बिहार एक अनोखा राज्य है, जहां पांच साल में यह पांचवीं सरकार बनी है."
तेजस्वी यादव ने आगे कहा, "हम सम्राट चौधरी को ‘इलेक्टेड मुख्यमंत्री’ की जगह पर ‘सेलेक्टेड मुख्यमंत्री’ बनने के लिए धन्यवाद देना चाहेंगे. और हमें खुशी है कि वह लालू जी की ‘पाठशाला’ के हैं. उनके मुख्यमंत्री बनने से बेहतर हमारे लिए और क्या हो सकता है?."
पाकिस्तानी स्टेट बैंक ने यूएई से लिए कर्ज़ पर दिया यह अपडेट
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, पाकिस्तान ने पिछले हफ़्ते भी यूएई को क़र्ज़ की कुछ रक़म वापस की थी (फ़ाइल फ़ोटो)
पाकिस्तान के स्टेट बैंक ने संयुक्त
अरब अमीरात (यूएई) से लिए क़र्ज़ को पूरी तरह चुकाने की बात कही है.
बैंक ने एक्स पर जानकारी दी,
"गुरुवार, 23 अप्रैल को स्टेट बैंक ऑफ़ पाकिस्तान ने संयुक्त अरब अमीरात के अबू
धाबी फ़ंड फ़ॉर डेवलपमेंट (एडीएफ़डी) को 1 अरब अमेरिकी डॉलर की जमा राशि लौटाई
है."
स्टेट बैंक ऑफ़ पाकिस्तान ने कहा,
"2.45 अरब डॉलर की जमा राशि पिछले
हफ़्ते लौटाई गई थी. इस तरह संयुक्त अरब अमीरात को कुल 3.45 अरब अमेरिकी डॉलर की
जमा राशि लौटाई जा चुकी है."
पाकिस्तान ने हाल ही में कहा है कि
यूएई को वित्तीय डिपॉज़िट्स की वापसी के बाद विदेशी मुद्रा भंडार को स्थिर करने के
लिए सऊदी अरब से तीन अरब डॉलर के डिपॉज़िट्स हासिल करेगा.
इसराइल और हिज़्बुल्लाह ने एक-दूसरे पर सीज़फ़ायर उल्लंघन का लगाया आरोप
इमेज स्रोत, Scott Peterson/Getty Image
इमेज कैप्शन, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार को वॉशिंगटन में इसराइल और लेबनान के अधिकारियों के बीच बैठक के बाद सीज़फ़ायर का समय बढ़ाने का एलान किया है (लेबनान में इसराइली हमले में तबाह इमारत से मलबा हटाते हुए लोग - 23 अप्रैल की तस्वीर)
इसराइल डिफ़ेंस फ़ोर्सेज़ (आईडीएफ़)
और हिज़्बुल्लाह ने एक-दूसरे पर सीज़फ़ायर उल्लंघन का आरोप लगाया है.
इससे पहले आईडीएफ़ ने कहा था कि उसने
लेबनान से दागे गए कई प्रोजेक्टाइल को रोक लिया. श्टुला इलाक़े में सायरन भी बजे.
वहीं, हिज़्बुल्लाह ने टेलीग्राम पर कहा कि उसने रॉकेट हमले में इस इलाक़े
को निशाना बनाया.
आईडीएफ़ ने एक्स पर जारी बयान में
कहा कि उसने तीन लोगों को मारा है. इन्हें उसने "हिज़्बुल्लाह के
आतंकवादी" बताया.
आईडीएफ़ का कहना है कि इन लोगों ने
इसराइली एयरफ़ोर्स के एक विमान की ओर मिसाइल दागने की "नाकाम" कोशिश की
थी.
आईडीएफ़ ने यह भी कहा कि दो अलग
घटनाओं में हिज़्बुल्लाह ने दक्षिणी लेबनान में तैनात उसके सैनिकों पर रॉकेट दागे.
उसने कहा, "ये कार्रवाइयां युद्धविराम समझौते का खुला
उल्लंघन हैं."
गुरुवार शाम हिज़्बुल्लाह ने कहा था
कि उसने उत्तरी इसराइल पर रॉकेट दागे. उसने इसे इसराइल की ओर से हुए
"युद्धविराम उल्लंघन" के जवाब में की गई कार्रवाई बताया.
लेबनान की सरकारी नेशनल न्यूज़
एजेंसी के मुताबिक़, इसराइल ने आज सुबह देश के दक्षिणी
हिस्से में स्थित टायर शहर में हमले किए हैं.
'दीदी जाने वाली हैं बीजेपी आने वाली है', अमित शाह ने बंगाल में पहले चरण की इतनी सीटें जीतने का किया दावा
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, अमित शाह ने यह भी कहा कि बंगाल का 'अगला मुख्यमंत्री बंगाल का ही होगा' (फ़ाइल फ़ोटो)
केंद्रीय गृह मंत्री और बीजेपी के
वरिष्ठ नेता अमित शाह ने पश्चिम बंगाल में पहले चरण की 110 सीटें जीतने का दावा
किया है.
गुरुवार को पश्चिम बंगाल की 152
सीटों पर पहले चरण का मतदान हुआ. चुनाव आयोग के मुताबिक़, राज्य में 91.78 फ़ीसदी वोटिंग हुई.
अमित शाह ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ़्रेंस में कहा, "हमारे
पास जो फ़ीडबैक है, उसमें बंगाल की जनता ने अपना भविष्य
पहले चरण में ही तय कर लिया है. "
उन्होंने राज्य में हुए भारी मतदान का ज़िक्र करते हुए कहा, "ये बताता है कि कि दीदी जाने वाली हैं और बीजेपी आने वाली है. भय जाने
वाला है और भरोसा आने वाला है."
उन्होंने दावा किया, "कल देर रात तक हमारे सभी विधानसभा के
कार्यकर्ताओं के साथ भारतीय जनता पार्टी बंगाल की टीम ने पोलिंग की एक समीक्षा की
है. मैं स्पष्ट रूप से आपको बताना चाहता हूं कि 152 सीटों में से 110 से ज़्यादा
सीटें भारतीय जनता पार्टी जीतने जा रही है."
उन्होंने कहा, "इसका मतलब है कि दूसरे चरण को मिलाकर प्रचंड
बहुमत के साथ बंगाल में हम शुद्ध रूप से भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनाने वाले
हैं."
केंद्रीय गृह मंत्री ने यह भी कहा कि
बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी 'अफ़वाह
फैला रही हैं' कि बंगाल में अगर बीजेपी की सरकार आई
तो कोई बाहरी मुख्यमंत्री बनेगा.
उन्होंने कहा, "मैं दीदी को बताना चाहता हूं कि बंगाल का अगला
मुख्यमंत्री बंगाल में ही जन्म लेने वाला, बंगाली
मीडियम में पढ़ा-लिखा और बंगाली बोलने वाला होगा. इतना ही है कि वो आपका भतीजा
नहीं होगा, वो भारतीय जनता पार्टी का कार्यकर्ता
होगा."
गुवाहाटी हाई कोर्ट ने पवन खेड़ा की अग्रिम ज़मानत याचिका ख़ारिज की
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, सुप्रीम कोर्ट ने पवन खेड़ा को गुवाहाटी हाई कोर्ट में अपील दायर करने को कहा था (फ़ाइल फ़ोटो)
गुवाहाटी हाई कोर्ट ने असम के
मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा की पत्नी पर लगे आरोपों से जुड़े मामले में
कांग्रेस नेता पवन खेड़ा की अग्रिम ज़मानत याचिका ख़ारिज कर दी.
पवन खेड़ा ने आरोप लगाया था कि हिमंत
बिस्वा सरमा की पत्नी के पास कई पासपोर्ट और विदेश में अघोषित संपत्तियां हैं.
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़,
खेड़ा की ओर से पेश एक वकील ने बताया कि जस्टिस
पार्थिव ज्योति सैकिया की सिंगल बेंच ने खेड़ा की अग्रिम ज़मानत याचिका ख़ारिज कर
दी.
यह याचिका सोमवार को दायर की गई थी,
जब सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें गुवाहाटी हाई कोर्ट
जाने को कहा था.
अदालत ने मंगलवार को याचिका पर
सुनवाई की थी और फ़ैसला सुरक्षित रख लिया था.
अमेरिका का एक और जंगी जहाज़ मध्य-पूर्व के नज़दीक पहुंचा
इमेज स्रोत, US Central Command
इमेज कैप्शन, यूएसएस जॉर्ज एचडब्ल्यू बुश अमेरिकी सेंट्रल कमांड के ज़िम्मेदारी वाले क्षेत्र में दाख़िल हो गया है
अमेरिकी सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) के
मुताबिक़, अमेरिका का एयरक्राफ़्ट कैरियर
यूएसएस जॉर्ज एचडब्ल्यू बुश मध्य-पूर्व के क़रीब पहुंच रहा है और सेंटकॉम के ज़िम्मेदारी वाले क्षेत्र में दाख़िल हो गया है.
सेंटकॉम ने एक्स पर एक तस्वीर साझा
की, जिसमें निमिट्ज़ श्रेणी का यह
सुपरकैरियर हिंद महासागर में सेल करता दिख रहा है.
यह साफ़ नहीं है कि यह एयरक्राफ़्ट
कैरियर क्षेत्र में पहले से मौजूद जहाज़ों के साथ शामिल होगा या उनकी जगह लेने आ
रहा है, जैसा कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में कहा
गया है.
इससे पहले सेंटकॉम ने एक अन्य बयान
में कहा था कि दुनिया का सबसे बड़ा एयरक्राफ़्ट कैरियर यूएसएस जेराल्ड आर फ़ोर्ड
"लाल सागर में काम करना जारी रखे हुए है और अमेरिकी पांचवें बेड़े के तहत
समुद्री सुरक्षा में सहयोग दे रहा है."