लाइव, जिमख़ाना: केंद्र सरकार के आदेश पर दिल्ली हाई कोर्ट का रोक लगाने से इनकार

दिल्ली हाई कोर्ट ने जिमख़ाना क्लब को ख़ाली कराने के आदेश को चुनौती देने वाली याचिका पर केंद्र सरकार को नोटिस जारी किया है.

सारांश

लाइव कवरेज

रौनक भैड़ा

  1. जिमख़ाना: केंद्र सरकार के आदेश पर दिल्ली हाई कोर्ट का रोक लगाने से इनकार

    दिल्ली जिमख़ाना

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, दिल्ली स्थित जिमख़ाना क्लब (फ़ाइल फ़ोटो)

    दिल्ली हाई कोर्ट ने जिमख़ाना क्लब को ख़ाली कराने के आदेश को चुनौती देने वाली याचिका पर केंद्र सरकार को नोटिस जारी किया है.

    हालांकि, कोर्ट ने मंगलवार को हुई सुनवाई में केंद्र सरकार के उस आदेश पर रोक लगाने से इनकार कर दिया, जिसमें क्लब को 27.3 एकड़ ज़मीन ख़ाली करने को कहा गया है.

    लाइव लॉ के मुताबिक़, सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने कोर्ट से कहा, "क्लब से शांतिपूर्ण तरीक़े से जगह ख़ाली करने को कहा गया है और अगर बेदख़ली करनी पड़ी तो वह क़ानून के मुताबिक़ होगी और पहले से नोटिस दिया जाएगा."

    बार एंड बेंच के मुताबिक़, जस्टिस अवनीश झिंगन ने कहा, "अभी तक रिकॉर्ड में ऐसा कुछ नहीं है, जिससे साबित हो कि क्लब के ख़िलाफ़ पब्लिक प्रिमाइसेज़ एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है. अगर भविष्य में ऐसा होता है, तो याचिकाकर्ता क़ानून के मुताबिक़ अपने अधिकारों का इस्तेमाल कर सकते हैं."

    हाई कोर्ट ने दो याचिकाओं पर सुनवाई की है. एक याचिका क्लब के पुराने सदस्य विजय खुराना ने दायर की थी और दूसरी दिल्ली जिमख़ाना स्टाफ़ वेलफ़ेयर एसोसिएशन की ओर से दायर हुई.

  2. क्वाड की बैठक से क्या नतीजे निकले, विदेश मंत्री जयशंकर ने बताया

    क्वाड

    इमेज स्रोत, Julia Demaree Nikhinson / POOL / AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, इस बैठक में भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया के विदेश मंत्री शामिल हुए

    देश की राजधानी दिल्ली में चल रही क्वाड देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक ख़त्म हो गई है. भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर ने इस बैठक से निकले तीन नतीजों के बारे में बताया है.

    एस जयशंकर ने एक्स पोस्ट में इस बैठक के तीन नतीजे बताए-

    - इंडो-पैसिफ़िक में समुद्र की निगरानी और जानकारी साझा करने पर सहमति बनी. पोर्ट से जुड़ी सुविधाओं पर एक एक्सपर्ट टीम बनाने पर विचार होगा. फ़िज़ी में एक नया पोर्ट प्रोजेक्ट शुरू होगा और अंडर-सी केबल्स पर भी मिलकर काम होगा.

    - क्वाड ने क्रिटिकल मिनरल्स (ज़रूरी खनिज) पर अपना फ़्रेमवर्क तय कर लिया है. भारत और अमेरिका ने भी इस पर अलग समझौता किया है. क्वाड इस काम में और देशों को भी साथ ले रहा है.

    - इंडो-पैसिफ़िक में ऊर्जा सुरक्षा के लिए क्वाड ने नई पहल शुरू की है. इसमें तकनीक, प्रबंधन, नीतियां, अंतरराष्ट्रीय बाज़ार का विश्लेषण और इमरजेंसी रिस्पॉन्स एक्सरसाइज़ जैसी चीज़ें शामिल हैं.

    गौरतलब है कि इस बैठक में भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया के विदेश मंत्री शामिल हुए. अमेरिका की ओर से मार्को रुबियो, जापान से तोशीमित्‍सु मोतेगी और ऑस्ट्रेलिया की तरफ़ से पेनी वोंग ने बैठक में हिस्सा लिया.

  3. क़तर ने 'ईरान को 12 अरब डॉलर के ऑफ़र' वाली रिपोर्ट्स पर क्या कहा

    माजिद अल-अंसारी

    इमेज स्रोत, Noushad Thekkayil/NurPhoto via Getty Images

    इमेज कैप्शन, क़तर के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता माजिद अल-अंसारी (फ़ाइल फ़ोटो)

    क़तर के विदेश मंत्रालय ने उन रिपोर्ट्स को ख़ारिज़ किया है, जिनमें यह दावा किया गया था कि ईरान को 12 अरब डॉलर की पेशकश की गई है.

    क़तर के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता माजिद अल-अंसारी ने कहा है कि ऐसी रिपोर्ट्स उन लोगों की ओर से फैलाई जा रही हैं, जो इस समझौते को बिगाड़ना चाहते हैं.

    दरअसल, यह समझौता ईरान और अमेरिका के बीच चल रही शांति वार्ता से जुड़ा है. ईरान चाहता है कि क़तर में रखे गए उसके लगभग 12 अरब डॉलर के जमे हुए फ़ंड को जारी किया जाए और कुछ रिपोर्ट्स में इसे ही समझौते की पहली शर्त माना जा रहा है.

    हालांकि, अब क़तर ने कहा है कि उसने ईरान को कोई पैसा देने की पेशकश नहीं की है.

    विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता माजिद अल-अंसारी ने एक्स पर लिखा, "जो रिपोर्ट्स कह रही हैं कि क़तर ने ईरान को समझौता कराने के लिए 12 अरब डॉलर ऑफ़र किए, वो बिल्कुल सच नहीं हैं. ये झूठी बातें उन लोगों ने फैलाई हैं, जो समझौते को बिगाड़ना चाहते हैं और चल रही कूटनीतिक कोशिशों को कमज़ोर करना चाहते हैं."

    उन्होंने आगे लिखा, "ऐसी स्टोरीज़ सिर्फ़ क़तर की छवि ख़राब करने की नाकाम कोशिश हैं, जबकि क़तर को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक शांति का समर्थक माना जाता है."

  4. चीन ने जम्मू-कश्मीर के मुद्दे पर पाकिस्तान से अब क्या कहा

    शहबाज़ शरीफ़

    इमेज स्रोत, Tingshu Wang - Pool/Getty Images

    इमेज कैप्शन, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग से मुलाक़ात की है

    पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ चीन यात्रा पर हैं. इस दौरान पाकिस्तान और चीन ने मंगलवार को एक संयुक्त बयान जारी किया है.

    पाकिस्तान ने कहा है कि वह अपने देश में चीन के लोगों, प्रोजेक्ट्स और संस्थानों की सुरक्षा के लिए ख़ास क़दम उठाएगा. चीन ने कहा है कि वह पाकिस्तान की 'आतंकवाद के ख़िलाफ़' लड़ाई का समर्थन करेगा.

    पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय की ओर से जारी साझा बयान में कहा गया है, "पाकिस्तान ने चीन को जम्मू और कश्मीर की ताज़ा स्थिति बताई, जिस पर चीन ने कहा कि यह विवाद पुराना है और इसे संयुक्त राष्ट्र चार्टर, सुरक्षा परिषद के प्रस्तावों और द्विपक्षीय समझौतों के अनुसार शांतिपूर्ण तरीक़े से हल किया जाना चाहिए."

    इसमें लिखा है, "दोनों देशों ने संयुक्त राष्ट्र और अंतरराष्ट्रीय क़ानून पर आधारित व्यवस्था को बचाने का संकल्प लिया है."

    इसके अलावा दोनों देशों ने सीमा पार पानी के संसाधनों पर सहयोग करने की इच्छा जताई. चीन ने पाकिस्तान को शंघाई सहयोग संगठन का अगला अध्यक्ष बनने में भी समर्थन दिया है.

    मध्य पूर्व में शांति प्रयासों पर भी दोनों देशों ने सहमति जताई. पाकिस्तान ने राष्ट्रपति शी जिनपिंग के सुझावों का समर्थन किया और चीन ने अमेरिका-ईरान के बीच अस्थायी युद्धविराम कराने में पाकिस्तान की कोशिशों की सराहना की.

  5. ईरान पर नए हमलों के बाद अमेरिकी विदेश मंत्री रुबियो ने समझौते को लेकर क्या कहा

    मार्को रुबियो

    इमेज स्रोत, Anna Moneymaker/Getty Images

    इमेज कैप्शन, अमेरिकी हमलों के बावजूद विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने समझौते की संभावना को ख़ारिज नहीं किया (फ़ाइल फ़ोटो)

    अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने मंगलवार को कहा है कि ईरान के साथ समझौता अभी भी संभव है. यह बयान अमेरिका के दक्षिणी ईरान में किए गए नए हमलों के बाद आया है.

    दरअसल, अमेरिकी सेना ने बताया था कि ईरानी मिसाइल ठिकानों और उनके जहाज़ों को निशाना बनाया गया जो समुद्र में बारूदी सुरंगें बिछाने की कोशिश कर रही थीं.

    अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने एक बयान में कहा कि ये हमले आत्मरक्षा में किए गए और उनका मक़सद ईरानी बलों से सैनिकों को होने वाले ख़तरे से बचाना था.

    इन हमलों के बावजूद विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने समझौते की संभावना को ख़ारिज नहीं किया है.

    उन्होंने यह भी कहा, "क़तर में बातचीत हुई है, हमें देखना होगा कि आगे कोई प्रगति होती है या नहीं. मुझे लगता है कि ज़्यादा समय समझौते के दस्तावेज़ों में इस्तेमाल किए गए शब्दों और भाषा को समझने पर लगेगा, इसलिए इसमें कुछ दिन लगेंगे."

    रुबियो ने पत्रकारों से कहा, "होर्मुज़ स्ट्रेट खुला रहना चाहिए. जो वहां हो रहा है वह ग़ैरक़ानूनी है, नियमों के ख़िलाफ़ है, दुनिया को अस्थिर कर रहा है और अस्वीकार्य है."

  6. केरल यूनिवर्सिटी के चुनाव नतीजों के बाद झड़प, पुलिस ने क्या बताया

    केरल यूनिवर्सिटी

    इमेज स्रोत, Kerala University

    इमेज कैप्शन, एसएफ़आई नेताओं ने आरोप लगाया कि केएसयू के कार्यकर्ताओं ने जुलूस पर पत्थर फेंके (फ़ाइल फ़ोटो: केरल यूनिवर्सिटी)

    केरल यूनिवर्सिटी छात्र संघ चुनाव के नतीजे आने के बाद राजधानी तिरुवनंतपुरम में झड़पें शुरू हो गईं.

    पीटीआई के मुताबिक़, यह टकराव सोमवार रात यूनिवर्सिटी इलाक़े के पास स्टूडेंट्स फ़ेडरेशन ऑफ़ इंडिया (एसएफ़आई) के जश्न मार्च के दौरान शुरू हुआ.

    एसएफ़आई नेताओं ने आरोप लगाया कि केरल स्टूडेंट्स यूनियन (केएसयू) के कार्यकर्ताओं ने जुलूस पर पत्थर फेंके और एक पुलिस वाहन को नुक़सान पहुंचाया.

    जबकि पुलिस ने मंगलवार को बताया कि एसएफ़आई कार्यकर्ताओं ने केएसयू कार्यकर्ताओं पर पत्थर और डंडे फेंके, इसके बाद क़रीब 20 केएसयू कार्यकर्ताओं ने जवाब में पत्थरबाज़ी की.

    पुलिस ने इस मामले में 10 एसएफ़आई कार्यकर्ताओं और 40 अन्य लोगों के ख़िलाफ़ एफ़आईआर दर्ज की.

    पुलिस ने कहा, "एसएफ़आई कार्यकर्ताओं की पत्थरबाज़ी में एक एसएचओ के बाएं हाथ की हड्डी टूट गई, जबकि अन्य पुलिसकर्मी भी घायल हुए. उन्हें अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया."

    तनाव बढ़ने के बाद पुलिस ने भीड़ को हटाने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया और लाठीचार्ज किया.

    उल्लेखनीय है कि सीपीआई(एम) के छात्र संगठन एसएफ़आई ने केरल यूनिवर्सिटी यूनियन में 37 में से 35 सीटें जीतीं.

    जबकि कांग्रेस के छात्र संगठन केएसयू ने चुनाव में दो सीटें जीतीं.

  7. गुरमीत राम रहीम को फिर मिली परोल

    गुरमीत राम रहीम

    इमेज स्रोत, ANI

    समाचार एजेंसी पीटीआई ने अधिकारियों के हवाले से बताया कि जेल में बंद डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम को 30 दिन की परोल दी गई है.

    डेरा के प्रवक्ता और अधिवक्ता जितेंद्र खुराना ने बताया कि परोल अवधि के दौरान राम रहीम अपने सिरसा स्थित डेरा मुख्यालय में रहेंगे.

    दो साध्वियों से दुष्कर्म के मामले में 20 साल की सज़ा काट रहे डेरा प्रमुख फिलहाल हरियाणा के रोहतक स्थित सुनारिया जेल में बंद हैं.

  8. तमिलनाडु: सीएम विजय ने किसानों के लिए किया बड़ा एलान

    विजय

    इमेज स्रोत, R.Satish BABU / AFP via Getty Images

    तमिलनाडु के मुख्यमंत्री जोसेफ़ विजय ने सीमांत किसानों के सहकारी बैंकों से लिए गए 50,000 रुपए तक के फसल लोन माफ़ कर दिए हैं.

    सीएम जोसेफ़ विजय ने सोमवार को यह एलान भी किया कि जिन बड़े किसानों ने सहकारी बैंकों से फ़सल लोन लिया है, उन्हें भी 5 हजार रुपये की राहत दी जाएगी.

    सीएमओ तमिलनाडु ने आधिकारिक एक्स हैंडल पर इसकी जानकारी साझा की है.

    यह घोषणा सचिवालय में मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक के बाद की गई.

    बैठक में कृषि और किसान कल्याण मंत्री आर विनोथ, सहकारिता मंत्री वी गांधीराज, वित्त मंत्री एन मैरी विल्सन और वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए.

    सरकार के मुताबिक, विजय के इस फ़ैसले से लगभग 14,22,000 किसानों को फ़ायदा होगा और सरकार पर 2,044.46 करोड़ रुपये का अतिरिक्त ख़र्च आएगा.

  9. रूस ने अमेरिका से कहा, 'हम कीएव में हमले करने जा रहे हैं'

    मार्को रुबियो और सर्गेई लावरोव

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो और रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव (फ़ाइल फ़ोटो)

    अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो की रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव से सोमवार को बात हुई.

    अमेरिका के विदेश मंत्रालय के मुताबिक़ अनुसार, विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने रूस के विदेश मंत्री की मांग पर उनसे बातचीत की.

    अमेरिकी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता टॉमी पिगॉट ने कहा, "दोनों देशों के बीच रूस-यूक्रेन युद्ध और ईरान की स्थिति पर बातचीत हुई."

    रूसी विदेश मंत्रालय के बयान में कहा गया कि लावरोव ने अमेरिका को रूस के उस फ़ैसले से अवगत कराया, जिसमें कीएव में यूक्रेनी सेना से जुड़े ठिकानों पर हमले किए जाएंगे.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, लावरोव ने कहा, "रूस पर आम लोगों और नागरिक ठिकानों पर जारी आतंकी हमलों के जवाब में यूक्रेन की राजधानी कीएव में हमले किए जाएंगे."

    लावरोव ने रुबियो का ध्यान रूसी विदेश मंत्रालय के उस बयान की ओर भी दिलाया, जिसमें अमेरिका और अन्य देशों से कहा गया है कि वे कीएव से अपने राजनयिक कर्मचारियों और नागरिकों को बाहर निकालने की व्यवस्था करें.

  10. पेट्रोल-डीज़ल के बाद सीएनजी के दाम भी बढ़े, दिल्ली-एनसीआर में इतनी हुई क़ीमत

    सीएनजी

    इमेज स्रोत, Vipin Kumar/Hindustan Times via Getty Images

    इमेज कैप्शन, इससे पहले मई के महीने में तीन बार सीएनजी के दाम में बढ़ोतरी की गई है, यह चौथी बार है (फ़ाइल फ़ोटो)

    पेट्रोल-डीज़ल के बाद कंप्रेस्ड नेचुरल गैस (सीएनजी) के दाम भी बढ़ गए हैं. मंगलवार यानी 26 मई को सीएनजी की क़ीमतों में 2 रुपये की बढ़ोतरी की गई है.

    अब देश की राजधानी दिल्ली में सीएनजी की क़ीमत 83.09 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई है. यह 15 मई के बाद चौथी बढ़ोतरी है.

    इससे पहले मई के महीने में तीन बार सीएनजी के दाम में बढ़ोतरी की गई है, यह चौथी बार है. 15 मई को दो रुपये, 17 मई को एक रुपये और 23 मई को एक रुपये. इस तरह कुल मिलाकर, पिछले 11 दिनों में क़ीमतें छह रुपये बढ़ाई गई हैं.

    कांग्रेस ने एक्स हैंडल पर लिखा, "जनता पर महंगाई मैन मोदी का चाबुक फिर चला. सीएनजी 2 रुपए महंगी कर दी गई. नरेंद्र मोदी अपने अमीर दोस्तों के लिए जनता को लूट रहे हैं."

    इससे पहले सोमवार को सरकार ने पेट्रोल की क़ीमतों में प्रति लीटर 2 रुपये 61 पैसे और डीज़ल की क़ीमतों में भी 2 रुपये 71 पैसे की बढ़ोतरी की थी.

    पिछले दो हफ़्तों में पेट्रोल-डीज़ल की क़ीमतों में ये चौथी बढ़ोतरी थी.

    इस बढ़ोतरी के साथ देश की राजधानी दिल्ली में पेट्रोल की क़ीमत 102.12 रुपये प्रति लीटर हो गई है. वहीं डीज़ल 95.20 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है.

  11. कनाडा के पीएम ने भारत के साथ फ़्री ट्रेड डील के बारे में ये कहा

    मार्क कार्नी

    इमेज स्रोत, DAVE CHAN/AFP via Getty Images

    कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने कहा है कि उनकी भारत के साथ फ़्री ट्रेड डील पर बातचीत चल रही है.

    मार्क कार्नी का मानना है कि भारत के साथ यह डील होने पर कनाडा के लिए एक बड़ा बाज़ार खुलेगा, जो वहां के कारोबार के लिए फ़ायदेमंद होगा.

    मार्क कार्नी ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "हम भारत के साथ फ़्री ट्रेड डील पर बात कर रहे हैं. यह कनाडा के कामगारों और कारोबार के लिए बड़ा बदलाव होगा, एक बहुत बड़ा नया बाज़ार खुलेगा."

    उन्होंने आगे लिखा, "हम तेज़ी से काम कर रहे हैं, मैंने मंत्री पीयूष गोयल से मुलाक़ात की ताकि अब तक की प्रगति देख सकें और आगे दोनों देशों के लिए ऊर्जा, कृषि-खाद्य, टेक्नोलॉजी और शिक्षा में नए मौक़े तलाश सकें."

    केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल तीन दिवसीय दौरे पर कनाडा गए हैं. इस दौरान भारत और कनाडा ने साल 2026 के अंत तक व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौता (सीईपीए) पूरा करने और वर्ष 2030 तक आपसी व्यापार को तीन गुना बढ़ाने का लक्ष्य तय किया है.

  12. डोनाल्ड ट्रंप बोले- 'ये काम ईरान के साथ मिलकर करेंगे'

    डोनाल्ड ट्रंप

    इमेज स्रोत, Roberto Schmidt/Getty Images

    इमेज कैप्शन, डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि ईरान के एनरिच्ड यूरेनियम को नष्ट किया जाएगा

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि वो ईरान में मौजूद एनरिच्ड यूरेनियम को नष्ट करना चाहते हैं. ट्रंप का यह बयान उससे अलग है, जिसमें उन्होंने ईरान केएनरिच्ड यूरेनियम को अमेरिका को सौंपने की बात कही थी.

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म ट्रुथ सोशल पर लिखा, "एनरिच्ड यूरेनियम (न्यूक्लियर डस्ट) तुरंत अमेरिका को सौंपा जाएगा ताकि उसे वहां ले जाकर नष्ट किया जा सके. ये भी बेहतर होगा कि ईरान के साथ मिलकर इसे ऐसी जगह पर नष्ट किया जाए, जहां एटोमिक एनर्जी कमीशन या उसके बराबर की कोई संस्था इस घटना की गवाह बने."

    बीबीसी फ़ारसी के मुताबिक़, एक्सियोस के रिपोर्टर बराक राविद का कहना है कि ट्रंप का यह बयान दिखाता है कि अमेरिका अपनी पहले की मांग से 'पीछे हट' रहा है और अब ईरान की बताई हुई शर्तों के क़रीब जा रहा है.

    गौरतलब है कि इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने भी कुछ दिन पहले कहा था कि जब तक ईरान का एनरिच्ड यूरेनियम भंडार निकाला नहीं जाता, तब तक युद्ध को ख़त्म नहीं माना जा सकता.

  13. नमस्कार!

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.