डोनाल्ड ट्रंप ने कॉल पर कहा- आई लव पीएम मोदी, वो मेरे दोस्त हैं

इमेज स्रोत, Mark Wilson/Getty Images
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि वो भारत के प्रधानमंत्री मोदी को बहुत पसंद करते हैं और भारत अमेरिका पर भरोसा कर सकता है.
दरअसल, अमेरिका के 250वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नई दिल्ली में एक समारोह हो रहा था. इस दौरान अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने लाइव कॉल के ज़रिए डोनाल्ड ट्रंप को समारोह से जोड़ा.
ट्रंप ने कॉल पर कहा, "आई लव प्राइम मिनिस्टर मोदी. वो बहुत अच्छे हैं, वो मेरे दोस्त हैं. मैं कहना चाहता हूं कि आप लोग बहुत अच्छे हैं. भारत और अमेरिका कभी इतने क़रीब नहीं रहे. भारत मुझ पर और हमारे देश पर 100% भरोसा कर सकता है."
"अगर उन्हें कभी मदद चाहिए होगी, तो उन्हें पता है किसे कॉल करना है. वो यहीं कॉल करेंगे. हम अच्छा कर रहे हैं, हम रिकॉर्ड बना रहे हैं. हमारी अर्थव्यवस्था रिकॉर्ड स्तर पर है, हमारा स्टॉक मार्केट रिकॉर्ड स्तर पर है. मैं प्रधानमंत्री मोदी का बहुत बड़ा प्रशंसक हूं."
गौरतलब है कि 23 मई को अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो और पीएम मोदी की मुलाक़ात हुई थी. तब सर्जियो गोर ने कहा था कि रुबियो ने राष्ट्रपति ट्रंप की ओर से पीएम मोदी को व्हाइट हाउस आने के लिए आधिकारिक निमंत्रण दिया है.

