लाइव, राहुल गांधी बोले, '22 लाख बच्चों के साथ धोखा हुआ और मोदी चुप हैं'

नीट पेपर लीक मामले में कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को पद से हटाने की मांग की है.

सारांश

लाइव कवरेज

रौनक भैड़ा, चंदन कुमार जजवाड़े

  1. राहुल गांधी बोले, '22 लाख बच्चों के साथ धोखा हुआ और मोदी चुप हैं'

    राहुल गांधी

    इमेज स्रोत, @RahulGandhi

    इमेज कैप्शन, राहुल गांधी ने पीएम मोदी पर नीट पेपर लीक मामले में चुप्पी साधने का आरोप लगाया है

    नीट पेपर लीक मामले में कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को पद से हटाने की मांग की है.

    राहुल गांधी ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, ''नीट के 22 लाख बच्चों के साथ धोखा हुआ है, लेकिन मोदी जी एक शब्द भी नहीं बोल रहे. धर्मेंद्र प्रधान जी को अभी हटाइए, या जवाबदेही ख़ुद लीजिए.''

    राहुल गांधी ने एक वीडियो जारी करते हुए कहा है कि दो साल से नीट की तैयारी कर रहे 22 लाख स्टूडेंट्स ने तैयारी की और उनकी मेहनत बर्बाद हो गई.

    उन्होंने कहा कि वाट्सएप पर नीट का पेपर बांटा जा रहा था और भारत के शिक्षा मंत्री कहते हैं कि ‘मेरा कुछ लेना-देना नहीं है.’

    राहुल गांधी ने आरोप लगाया, ''यह आरएसएस, बीजेपी और हमारी यूनिवर्सिटी में इनके जो प्रोफ़ेसर बैठाए गए हैं, वीसी बैठाए गए हैं, उनके बीच की सांठ-गांठ है. इनके बीच में पैसे बनाने की सांठ-गांठ है और इस नेक्सस ने हिन्दुस्तान की शिक्षा व्यवस्था ख़त्म कर दी है.''

    उन्होंने मांग की, ''प्रधानमंत्री जी को फ़ौरन आदेश देना चाहिए कि धर्मेंद्र प्रधान जी इस्तीफ़ा दें, उन्हें हटाया जाए और दोषियों को पकड़कर जेल में डाला जाए.''

    इस साल की नीट अंडर ग्रेजुएट की परीक्षा 3 मई को हुई थी, लेकिन 7 मई को नेशनल टेस्टिंग एजेंसी को शिकायत मिली कि परीक्षा के कई प्रश्न पहले ही लीक हो चुके थे.

    जांच में यह दावा सही पाए जाने के बाद नीट की परीक्षा रद्द कर दी गई और अब यह परीक्षा दोबारा 21 जून को होगी.

    इस मुद्दे पर विपक्षी दल केंद्र सरकार पर लगातार हमले कर रहे हैं.

  2. इसराइल के हमलों में हमास के हथियारबंद गुट के प्रमुख की मौत

    ग़ज़ा पर इसराइल के हमले

    इमेज स्रोत, Omar AL-QATTAA / AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, इसराइल ने शुक्रवार को बताया कि उसने ग़ज़ा में एक हमला किया था

    हमास और इसराइली सेना ने पुष्टि की है कि हमास की सैन्य शाखा 'क़ासम' ब्रिगेड के कमांडर इज़्ज़ेदीन अल- हद्दाद शुक्रवार शाम को ग़ज़ा शहर में इसराइली हमले में मारे गए.

    बीबीसी फ़ारसी के मुताबिक़ इसराइल ने उन्हें 7 अक्तूबर, 2023 के हमलों की योजना बनाने वालों में से एक बताया है.

    शनिवार को ग़ज़ा शहर में इज़्ज़ेदीन अल- हद्दाद का अंतिम संस्कार किया गया. रात को हुए इसराइल के हमलों में हद्दाद के परिवार के सदस्य भी मारे गए.

    ग़ज़ा में काम कर रहे सहायता संगठनों के मुताबिक़ इन हमलों में कम से कम सात लोग मारे गए और दर्जनों घायल हुए.

    हालाँकि पिछले साल अक्तूबर से इस क्षेत्र में युद्धविराम लागू है, लेकिन इसराइली सरकार का कहना है कि उसके पास अभी भी हमास सदस्यों को निशाना बनाने का अधिकार है.

    फ़लस्तीनी चरमपंथी संगठन हमास ने 7 अक्तूबर 2023 को ग़ज़ा पट्टी से इसराइल पर अभूतपूर्व हमला किया था. इस हमले में क़रीब 1200 लोग मारे गए थे, जिनमें ज़्यादातर इसराइली थे. इसके अलावा 251 लोगों को हमास ने बंधक भी बना लिया था.

  3. होर्मुज़ स्ट्रेट: ईरान जल्द पेश करेगा जहाज़ों के गुज़रने का नया सिस्टम

    फ़ारस की खाड़ी

    इमेज स्रोत, Majid Saeedi/Getty Images

    इमेज कैप्शन, यह तस्वीर 15 मई की है जब कुछ जहाज़ होर्मुज़ स्ट्रेट से गुज़रने के लिए फ़ारस की खाड़ी में इंतज़ार कर रहे हैं

    ईरानी संसद के राष्ट्रीय सुरक्षा आयोग के प्रमुखइब्राहिम अज़ीज़ी नेकहा है कि ईरान ने अपनी राष्ट्रीय संप्रभुता और इंटरनेशनल ट्रेड सिक्योरिटी की गारंटी के तहत, होर्मुज़ स्ट्रेट में एक तय रास्ते पर ट्रैफिक को मैनेज करने के लिए एक प्रोफेशनल सिस्टम तैयार किया है.

    उनके मुताबिक़ इस सिस्टम को जल्द ही पेश किया जाएगा.

    इब्राहिम अज़ीज़ी ने एक्स पर लिखा, इस प्रक्रिया में सिर्फ़ कमर्शियल जहाज़ों और ईरान के साथ सहयोग करने वालों को ही इसका फ़ायदा मिलेगा. इस सिस्टम के तहत दी जाने वाली ख़ास सेवा के लिए ज़रूरी फ़ीस ली जाएगी."

    उन्होंने कहा, ''यह रास्ता तथाकथित 'फ़्रीडम प्रोजेक्ट' के ऑपरेटरों के लिए बंद रहेगा.''

    अमेरिका ने होर्मुज़ स्ट्रेट को लेकर 'प्रोजेक्ट फ्रीडम' शुरू किया था जिसका मक़सद इस इलाक़े से तेल की आपूर्ति को फिर से सामान्य बनाना और वैश्विक अर्थव्यवस्था को स्थिरता की ओर लौटाने में मदद करना था.

    इसके तहत फँसे हुए जहाज़ों को खाड़ी से निकालकर काफ़ी हद तक बंद पड़े जलमार्ग के ज़रिए उन्हें सुरक्षित रास्ता दिखाया जा रहा था.

    हालाँकि पाकिस्तान के आग्रह पर ट्रंप ने इस योजना को रोकने का भी एलान किया था.

  4. पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा, 'पीएम वर्क फ़्रॉम होम क्यों नहीं कर सकते'

    भगवंत मान

    इमेज स्रोत, @ANI

    इमेज कैप्शन, भगवंत मान ने पीएम मोदी की अपील पर सवाल खड़े किए हैं

    पेट्रोल और डीज़ल बचाने की प्रधानमंत्री मोदी की अपील पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा है कि सबसे पहले प्रधानमंत्री को अपनी विदेश यात्रायों से बचना चाहिए.

    भगवंत मान ने कहा, ''अभी वह (पीएम) कहाँ हैं? वह नीदरलैंड गए हुए हैं. वह तीन-चार देशों की यात्रा कर रहे हैं. लोगों से अपील करते हैं कि विदेश न जाएँ, फिर भी वह ख़ुद विदेश गए हुए हैं. प्रधानमंत्री ख़ुद वर्क फ़्रॉम होम क्यों नहीं कर सकते?”

    उन्होंने आगे कहा, “सोना न खरीदें, विदेश यात्रा से बचें, घर से काम करें. युद्ध कहीं और हो रहा है, फिर भी पाबंदियाँ हमारे ही देश में लगाई जा रही हैं. दूसरे देशों में पाबंदियाँ क्यों नहीं लगाई गईं? नेपाल या किसी भी दूसरे देश ने ऐसा क्यों नहीं किया? चुनावों के दौरान तो कोई दिक्कत नहीं थी."

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों से पेट्रोल और डीज़ल की खपत कम करने, पब्लिक ट्रांसपोर्ट अपनाने, ग़ैरज़रूरी विदेश यात्राओं से बचने, एक साल तक सोना न ख़रीदने, घर से काम करने और किसानों से रासायनिक खाद का इस्तेमाल 50 फ़ीसदी तक कम करने की अपील की है.

    उनकी इस अपील के बाद विपक्षी दलों ने कड़ी प्रतिक्रिया दी और देश के आर्थिक हालात की सही तस्वीर पेश करने की मांग की.

  5. ट्रंप के बाद अब रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन शी जिनपिंग के न्योते पर जा रहे हैं चीन

    शी जिनपिंग और व्लादिमीर पुतिन

    इमेज स्रोत, @EmbassyofRussia

    इमेज कैप्शन, चीन और रूस के बीच आपसी सहयोग के 25 साल पूरे होने पर पुतिन मंगलवार और बुधवार को चीन की यात्रा पर रहेंगे (फ़ाइल फ़ोटो)

    रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन 19 और 20 मई को चीन की आधिकारिक यात्रा करेंगे. चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने उन्हें इस यात्रा का न्योता दिया है.

    रूस ने बताया है कि पुतिन की यह यात्रा 'सद्भाव, दोस्ती और दोनों देशों के बीच आपसी सहयोग के समझौते' पर हस्ताक्षर की 25वीं वर्षगांठ के अवसर पर हो रही है.

    व्लादिमीर पुतिन की यह यात्रा अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की बीजिंग यात्रा के बाद हो रही है.

    बीबीसी फ़ारसी के मुताबिक़, क्रेमलिन के बयान के अनुसार, इस यात्रा के दौरान श्री पुतिन अपने चीनी समकक्ष शी जिनपिंग के साथ रूस और चीन के बीच "व्यापक साझेदारी और रणनीतिक सहयोग" पर चर्चा करेंगे.

    क्रेमलिन के अनुसार, दोनों देशों के नेता "महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय और क्षेत्रीय मुद्दों" पर भी विचारों का आदान-प्रदान करेंगे और बातचीत के अंत में एक संयुक्त बयान पर हस्ताक्षर करेंगे.

    पश्चिमी देशों की ओर से रूसी तेल और गैस पर प्रतिबंध लगाने के बाद चीन रूस का सबसे महत्वपूर्ण आर्थिक साझेदार बन गया है.

  6. कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने कहा, मोदी सरकार में 'अमृत काल' भर्ती-परीक्षा के छात्रों के लिए 'मृत काल'

    मल्लिकार्जुन खड़गे

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने पेपर लीक मामले में केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं (फ़ाइल फ़ोटो)

    नीट पेपर लीक होने के बाद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट के ज़रिए केंद्र सरकार पर हमला बोला है.

    उन्होंने लिखा, ''मोदी सरकार में 'अमृत काल' भर्ती-परीक्षा के छात्रों के लिए 'मृत काल' साबित हो रहा है. ख़बरों के मुताबिक़ कई छात्र-छात्राओं ने नीट के पेपर लीक के सदमें से आत्महत्या की है.''

    मल्लिकार्जुन खड़गे ने दावा किया, ''लखीमपुर खीरी के रितिक मिश्रा, दिल्ली की 20 वर्षीय अंशिका पांडेय, राजस्थान के झुंझुनूं से प्रदीप मेघवाल, गोवा में रह रहे बेंगलुरु के छात्र, सबने ये आत्मघाती क़दम उठाए हैं.''

    ''किसी ने बचपन से सपना देखा, किसी ने परिवार की उम्मीदों के लिए सब कुछ दाँव पर लगा दिया.''

    उन्होंने आरोप लगाया, ''मोदी राज में 90 से ज्यादा पेपर लीक हो चुके हैं. 9 करोड़ से ज्यादा छात्र और उनके परिवार प्रभावित हुए हैं. बेरोजगारी की आग पहले ही युवाओं का भविष्य बर्बाद कर रही है. साल 2024 नीट पेपर लीक में जिन अधिकारियों पर सवाल उठे, उन्हें सज़ा नहीं मिली, बल्कि मलाईदार पद दे दिए गए.''

    इस साल की नीट अंडर ग्रेजुएट की परीक्षा 3 मई को हुई थी, लेकिन 7 मई को नेशनल टेस्टिंग एजेंसी को शिकायत मिली कि परीक्षा के कई प्रश्न पहले ही लीक हो चुके थे.

    जांच में यह दावा सही पाए जाने के बाद नीट की परीक्षा रद्द कर दी गई और अब यह परीक्षा दोबारा 21 जून को होगी.

    आत्महत्या एक गंभीर मनोवैज्ञानिक और सामाजिक समस्या है. अगर आप भी तनाव से गुजर रहे हैं तो भारत सरकार की जीवन आस्था हेल्पलाइन 18002333330 से मदद ले सकते हैं. आपको अपने दोस्तों और रिश्तेदारों से भी बात करनी चाहिए.

  7. इस्लामिक स्टेट का बड़ा लीडर अमेरिका और नाइजीरिया के संयुक्त अभियान में मारा गया

    बोला टिनुबू

    इमेज स्रोत, Ton Molina/Getty Images

    इमेज कैप्शन, नाइजीरिया के राष्ट्रपति बोला टिनुबू (फ़ाइल फ़ोटो)

    नाइजीरियाके राष्ट्रपति बोला टिनुबू और देश की सेना ने आईएसआईएस के लीडर अबू-बिलाल अल-मिनुकी की मौत की पुष्टि की है.

    नाइजीरिया ने बताया है कि उसकी सेना ने अमेरिकी फ़ौज के साथ मिलकर आईएसआईएस के एक बड़े लीडर को मारा है.

    राष्ट्रपति टिनुबू ने बयान में कहा, "नाइजीरियन आर्म्ड फ़ोर्सेज़ ने पूरी ताक़त और अमेरिका की आर्म्ड फ़ोर्सेज़ के साथ मिलकर आईएसआईएस को एक बड़ा झटका दिया है. यह एक साहसी संयुक्त अभियान था."

    नाइजीरिया की सेना ने यह भी बताया, "अबू-बिलाल अल-मिनुकी आईएसआईएस के बड़े लीडर्स में से एक थे और दुनिया के सबसे सक्रिय आतंकवादियों में गिने जाते थे."

    इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, "अबू-बिलाल अल-मिनुकी के मारे जाने से आईएसआईएस की वैश्विक ताक़त काफ़ी कमज़ोर हो गई है."

  8. अब तक बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ाआप तक इस लाइव पेज के ज़रिये ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब बीबीसी संवाददाता चंदन कुमार जजवाड़े रात दस बजे तक आप तक ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी हिन्दी की वेबसाइट पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को आप उनके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक कर विस्तार से पढ़ सकते हैं.

  9. ट्रंप के बाद अब रूसी राष्ट्रपति पुतिन जाएंगे चीन के दौरे पर

    पुतिन और जिनपिंग

    इमेज स्रोत, SERGEI GUNEYEV/POOL/AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, रूसी राष्ट्रपति पुतिन का दौरा 19 मई को शुरू होगा

    रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन 19 मई को दो दिन की यात्रा पर चीन जाएंगे. यह दौरा अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की बीजिंग यात्रा के ठीक बाद हो रहा है.

    क्रेमलिन के बयान के मुताबिक़, इस दौरे में रूसी राष्ट्रपति चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग से "महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय और क्षेत्रीय मुद्दों" पर बात करेंगे और बातचीत ख़त्म होने पर दोनों एक संयुक्त घोषणा पर हस्ताक्षर करेंगे.

    इससे पहले डोनाल्ड ट्रंप चीन की यात्रा पर रहे और उन्होंने राजधानी बीजिंग में शी जिनपिंग के साथ बातचीत की. उन्होंने इस यात्रा को 'बहुत सफल और न भूलने वाला' बताया है.

    चीनी सरकारी मीडिया के मुताबिक़ शी जिनपिंग ने इस यात्रा को ''ऐतिहासिक और मील का पत्थर बताया.''

    हालांकि, दोनों देशों के बीच किसी बड़े व्यापार समझौते या नई डील का एलान नहीं किया गया.

  10. पाकिस्तान को लेकर सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने क्या कहा

    जनरल उपेंद्र द्विवेदी

    इमेज स्रोत, Sajjad HUSSAIN / AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने दिल्ली के मानेकशॉ सेंटर में आयोजित एक कार्यक्रम में अपनी बात रखी (फ़ाइल फ़ोटो)

    सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने कहा है कि अगर फिर से वही हालात बने तो 'भारतीय सेना कड़ा जवाब देगी.'

    'यूनिफॉर्म अनवील्ड' की ओर से दिल्ली के मानेकशॉ सेंटर में आयोजित एक कार्यक्रम में सेना प्रमुख से पूछा गया कि अगर फिर से वही हालात बनते हैं जैसे पिछले साल ऑपरेशन सिंदूर के समय बने थे, तो भारतीय सेना कैसे जवाब देगी?

    सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने जवाब दिया, "अगर पाकिस्तान आतंकवादियों को पनाह देता रहा और भारत के ख़िलाफ़ काम करता रहा, तो उन्हें ख़ुद तय करना होगा कि वे भूगोल का हिस्सा बनना चाहता है या इतिहास का."

    सेना प्रमुख का बयान ऐसे समय आया है जब ऐसी ख़बरें हैं कि आरएसएस ने पाकिस्तान के साथ रिश्ते सुधारने के संकेत दिए हैं.

    आरएसएस के महासचिव दत्तात्रेय होसबाले ने पिछले दिनों कहा कि भारत को "पाकिस्तान के साथ संवाद के दरवाज़े पूरी तरह बंद नहीं करने चाहिए."

    हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि 'आतंकवाद के प्रति कड़े रुख़ में कोई नरमी नहीं बरतनी चाहिए.'

    होसबाले के बयान के बाद पूर्व भारतीय सेना प्रमुख जनरल (सेवानिवृत्त) मनोज नरवणे ने भी पाकिस्तान के साथ संपर्क बनाए रखने के विचार का समर्थन किया.

  11. पेट्रोल-डीज़ल की बढ़ी हुई क़ीमतों पर पीयूष गोयल बोले- 'पीएम की तारीफ़ करनी चाहिए'

    पीयूष गोयल

    इमेज स्रोत, Chandradeep Kumar/ The India Today Group via Getty Images

    इमेज कैप्शन, पीयूष गोयल ने कहा कि सरकार ने ज़्यादातर अतिरिक्त ख़र्च ख़ुद उठाया है

    पेट्रोल और डीज़ल की बढ़ी हुई क़ीमतों पर केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि देश के 140 करोड़ लोग मौजूदा हालात को समझते हैं, युद्ध जैसे हालात में पूरा देश मिलकर चुनौतियों का सामना कर रहा है.

    पीयूष गोयल ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ़्रेंस में कहा, "मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ़ करना चाहूंगा. मीडिया रिपोर्ट्स में कहा जा रहा था कि पेट्रोल-डीज़ल की क़ीमतें 15 रुपये तक बढ़ेंगी, लेकिन सरकार ने ज़्यादातर अतिरिक्त ख़र्च ख़ुद उठाया है."

    "पेट्रोल और डीज़ल की क़ीमतें भी बढ़ी हैं, लेकिन सिर्फ़ लगभग 3 रुपये ही बढ़ी हैं क्योंकि सरकार ने एक्साइज़ ड्यूटी से क़रीब 10 रुपये की कमाई छोड़ दी है. यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की संवेदनशील और दयालु सोच को दिखाता है.”

    पीयूष गोयल ने कहा, "ऐसे समय में सरकार ने खाद की क़ीमतें बढ़ाई हैं, लेकिन जो खाद लगभग 3,000 रुपये की है, वह किसानों को सिर्फ़ 300 रुपये में दी जा रही है. सरकार क़रीब 90 प्रतिशत ख़र्च ख़ुद उठा रही है ताकि किसानों पर बोझ न पड़े."

    भारत में शुक्रवार को ही पेट्रोल और डीज़ल की क़ीमतों में तीन-तीन रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई. सीएनजी की क़ीमत में भी दो रुपये प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी की गई है.

    वहीं विपक्षी पार्टियों ने पेट्रोल-डीज़ल की क़ीमतों में वृद्धि को लेकर केंद्र सरकार पर हमला बोला और कहा कि इससे आम आदमी पर भारी बोझ बढ़ेगा और किसानों पर प्रतिकूल असर होगा.

  12. डोनाल्ड ट्रंप ने कहा- 'अबू-बिलाल अल-मिनुकी अमेरिकी ऑपरेशन में मारा गया'

    डोनाल्ड ट्रंप

    इमेज स्रोत, Mandel NGAN / AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि नाइजीरिया की सेना के साथ मिलकर मिशन पूरा किया गया (फ़ाइल फ़ोटो)

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि यूएस आर्मी ने नाइजीरिया की सेना के साथ मिलकर दुनिया के सबसे 'सक्रिय आतंकी' को मार दिया है.

    डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार को बताया कि यह 'आतंकी' आईएसआईएस से जुड़ा हुआ था और उसका वैश्विक स्तर पर दूसरा सबसे बड़ा अधिकारी था.

    डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर लिखा, "आज रात मेरे आदेश पर अमेरिकी सेना और नाइजीरिया की सेना ने मिलकर एक बहुत ही कठिन और सोच-समझकर बनाए गए मिशन को सफलतापूर्वक अंजाम दिया. इस मिशन का मक़सद दुनिया के सबसे सक्रिय आतंकी को युद्ध के मैदान से हटाना था."

    उन्होंने लिखा, "अबू-बिलाल अल-मिनुकी आईएसआईएस का वैश्विक स्तर पर दूसरा सबसे बड़ा अधिकारी था, जो अफ़्रीका में छिपा हुआ था. लेकिन हमारे पास ऐसे स्रोत थे जो उसकी गतिविधियों की जानकारी देते रहे. अब वह अफ़्रीका के लोगों को डराने या अमेरिकियों पर हमले की योजना बनाने में मदद नहीं कर पाएगा."

    ट्रंप ने लिखा, "उसके मारे जाने से आईएसआईएस की वैश्विक ताक़त काफ़ी कमज़ोर हो गई है."

    ट्रंप ने नाइजीरिया की सरकार को इस अभियान में सहयोग के लिए धन्यवाद भी दिया.

  13. टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी के ख़िलाफ़ एफ़आईआर दर्ज, प्रभाकर मणि तिवारी, कोलकाता से बीबीसी हिंदी के लिए

    अभिषेक बनर्जी

    इमेज स्रोत, Arun Kumar/ The India Today Group via Getty Images

    टीएमसी के सांसद अभिषेक बनर्जी के ख़िलाफ़ केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को धमकी देने और उकसावे वाली भाषा इस्तेमाल करने के आरोप में एफ़आईआर दर्ज की गई है.

    विधान नगर साइबर क्राइम थाने की पुलिस ने शुक्रवार को राजीव सरकार नाम के एक सामाजिक कार्यकर्ता की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया.

    पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि यह एफ़आईआर विधान नगर थाने में दर्ज की गई है. अभिषेक के ख़िलाफ़ भारतीय न्याय संहिता की धारा 196 के अलावा 351 और 353 (1) (सी) के तहत एफ़आईआर दर्ज की गई है. धारा 196 ग़ैर-ज़मानती है और इसके तहत तीन साल की सज़ा और जुर्माने का प्रावधान है.

    पुलिस के मुताबिक़, अभिषेक के ख़िलाफ़ जन प्रतिनिधित्व अधिनियम की धारा 123 (2) और 125 के तहत भी शिकायत दर्ज की गई है.

    शिकायत में कहा गया है, "अभिषेक ने चुनाव प्रचार के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को नतीजों के बाद बग़ैर केंद्रीय सुरक्षा के जनता का सामना करने की चुनौती दी थी. इससे टीएमसी की जीत के बाद राज्य में अराजकता पैदा हो सकती थी."

    शिकायतकर्ता राजीव सरकार ने पत्रकारों को बताया कि वो शिकायत करने पांच मई को बागुईहाटी थाने गए थे. वहां उनको साइबर क्राइम ब्रांच में शिकायत दर्ज करने की सलाह दी गई.

    इसके बाद शुक्रवार को उन्हें सूचना मिली कि अभिषेक बनर्जी के ख़िलाफ़ एफ़आईआर दर्ज हो गई है.

  14. पाकिस्तान: पूर्व पीएम इमरान ख़ान की बहन ने कोर्ट में दायर की याचिका

    इमरान खान

    इमेज स्रोत, Betsy Joles/Bloomberg via Getty Images

    इमेज कैप्शन, इमरान ख़ान 5 अगस्त 2023 से जेल में बंद हैं (फ़ाइल फ़ोटो)

    पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान ख़ान की बहन अलीमा ख़ान ने इस्लामाबाद हाई कोर्ट में याचिका दायर की है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, अलीमा ने इमरान ख़ान को अदियाला जेल में “लंबे समय तक अकेले रखने” को चुनौती दी है. उन्होंने इसे ग़ैरक़ानूनी और बुनियादी अधिकारों का उल्लंघन बताया है.

    पाकिस्तान के डॉन अख़बार के मुताबिक़, अलीमा ख़ान ने गुरुवार को हाई कोर्ट में यह याचिका दाख़िल की.

    याचिकाकर्ता ने कहा कि किसी भी अदालत ने 74 साल के इमरान ख़ान को अकेले रखने की सज़ा नहीं दी है, चाहे वह अल-क़ादिर ट्रस्ट केस हो या तोशाख़ाना केस.

    पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान ख़ान 5 अगस्त 2023 से लगातार जेल में बंद हैं.

    उन्हें सबसे पहले तोशाख़ाना भ्रष्टाचार मामले में दोषी ठहराए जाने के बाद लाहौर स्थित उनके आवास से गिरफ़्तार किया गया था.

    तब से वह रावलपिंडी की अदियाला जेल में सज़ा काट रहे हैं.

  15. भारत में कब दस्तक देगा मॉनसून, मौसम विभाग ने बताया

    मॉनसून

    इमेज स्रोत, TNP/Panumas Sanguanwong/Thai News Pix/LightRocket via Getty Images

    इमेज कैप्शन, अल-नीनो की वजह से मॉनसून कमज़ोर रह सकता है (सांकेतिक तस्वीर)

    भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बताया है कि इस साल मॉनसून 26 मई को केरल में दस्तक दे सकता है.

    इस पूर्वानुमान में चार दिन का मार्जिन हो सकता है, यानी मॉनसून 22 मई से 30 मई के बीच कभी भी आ सकता है.

    आमतौर पर मॉनसून एक जून के आसपास केरल में आता है, लेकिन इस बार इसके लगभग छह दिन पहले ही आने की संभावना है.

    मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि प्रशांत महासागर में अल-नीनो की स्थिति उभरने से मॉनसून की रफ़्तार कमज़ोर हो सकती है और देश में कम बारिश का अनुमान है.

    स्काईमेट वेदर के मुताबिक़, इस साल मॉनसून की बारिश सामान्य से 6% कम रह सकती है. जून से सितंबर तक मॉनसून के चार महीनों में देश में बारिश का सामान्य औसत 868.6 मिलीमीटर है. इस निजी एजेंसी ने 94% बारिश का अनुमान दिया है.

    क्या है अल-नीनो?

    अल-नीनो एक ऐसी मौसमी परिस्थिति है जो प्रशांत महासागर के पूर्वी भाग यानी दक्षिणी अमेरिका के तटीय भागों में महासागर के सतह पर पानी का तापमान बढ़ने की वजह से पैदा होती है.

    इसकी वजह से मौसम का सामान्य चक्र गड़बड़ा जाता है. इससे बाढ़ और सूखे जैसी प्राकृतिक आपदाएं आती हैं. भारत में इस बार अल-नीनो की वजह से मॉनसून कमज़ोर रह सकता है.

  16. पाकिस्तान में पेट्रोल-डीज़ल की क़ीमतों में प्रति लीटर पांच-पांच रुपये की कटौती

    पेट्रोल

    इमेज स्रोत, Alain JOCARD / AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, पाकिस्तान में पिछले हफ़्ते पेट्रोल और डीज़ल की क़ीमतें क़रीब 15 रुपये बढ़ाई गई थीं

    पाकिस्तान में पेट्रोल और डीज़ल की क़ीमतों में पांच-पांच रुपये घटाए गए हैं.

    पाकिस्तान के ऊर्जा मंत्रालय की घोषणा के मुताबिक़, अब पेट्रोल की क़ीमत 409.78 पाकिस्तानी रुपये प्रति लीटर, जबकि हाई-स्पीड डीज़ल की क़ीमत 409.58 पाकिस्तानी रुपये प्रति लीटर हो गई है.

    हालांकि, पिछले हफ़्ते ही पेट्रोल और डीज़ल की क़ीमतें क़रीब 15 पाकिस्तानी रुपये बढ़ाई गई थीं.

    पाकिस्तान में मार्च से अब तक पेट्रोलियम उत्पादों की क़ीमतें पांच बार बढ़ाई गई हैं. इस दौरान तीन बार इन्हें घटाया भी गया है.

    मार्च में पहली दफ़ा पेट्रोल की क़ीमत में इज़ाफ़े से पहले इसकी क़ीमत 255 पाकिस्तानी रुपये प्रति लीटर थी.

    गौरतलब है कि भारत में शुक्रवार को ही पेट्रोल और डीज़ल की क़ीमतों में तीन-तीन रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई. सीएनजी की क़ीमत में भी दो रुपये प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी की गई है.

  17. चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग से मिलने के बाद ट्रंप ने ताइवान को लेकर क्या कहा?, इयान ऐकमैन

    ट्रंप और जिनपिंग

    इमेज स्रोत, Brendan Smialowski - Pool/Getty Images

    इमेज कैप्शन, ट्रंप ने पत्रकारों से कहा कि उन्होंने और राष्ट्रपति जिनपिंग ने ताइवान पर काफ़ी बात की

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ताइवान को चेताया है कि वो चीन से अलग होकर औपचारिक रूप से आज़ादी का एलान न करे.

    चीन की राजधानी बीजिंग में राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ बैठक के बाद ट्रंप ने शुक्रवार को फ़ॉक्स न्यूज़ से कहा, "मैं नहीं चाहता कि कोई अलग होकर आज़ादी ले."

    वॉशिंगटन लौटते समय विमान में ट्रंप ने पत्रकारों से कहा कि उन्होंने और राष्ट्रपति जिनपिंग ने ताइवान पर काफ़ी बात की.

    उन्होंने कहा, "देखो, हमें 9,500 मील (15,289 किलोमीटर) दूर जाकर लड़ाई करनी है. मैं ऐसा नहीं चाहता. मैं चाहता हूं कि वो (ताइवान) शांत रहे. मैं चाहता हूं कि चीन शांत रहे."

    जब ट्रंप से पूछा गया कि क्या उन्हें ताइवान को लेकर चीन से टकराव दिखता है, तो उन्होंने कहा, "नहीं, मुझे ऐसा नहीं लगता. मुझे लगता है सब ठीक रहेगा. जिनपिंग युद्ध नहीं देखना चाहते."

    दूसरी ओर चीनी सरकारी मीडिया के मुताबिक़, बातचीत के दौरान शी जिनपिंग ने चेतावनी दी, "ताइवान का मुद्दा चीन-अमेरिका रिश्तों में सबसे अहम है. अगर इसे ग़लत तरीके से संभाला गया तो दोनों देशों में टकराव या संघर्ष हो सकता है."

    हालांकि, ताइवान के राष्ट्रपति विलियम लाई पहले ही कह चुके हैं कि ताइवान को औपचारिक आज़ादी घोषित करने की ज़रूरत नहीं है, क्योंकि वह ख़ुद को पहले से ही एक स्वतंत्र देश मानता है.

  18. पीएम ने मीडिया में चल रही इस ख़बर को बताया झूठ

    नरेंद्र मोदी

    इमेज स्रोत, Prakash Singh/Bloomberg via Getty Images

    इमेज कैप्शन, पीएम मोदी ने एक्स पोस्ट कर विदेश यात्राओं पर टैक्स/सैस/सरचार्ज लगाने की ख़बरों को ग़लत बताया है (फ़ाइल फ़ोटो)

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विदेश यात्रा पर भारत सरकार के टैक्स‑सैस लगाने की ख़बरों को ग़लत बताया है.

    पीएम मोदी ने शुक्रवार को एक्स पोस्ट में लिखा कि विदेश यात्रा पर इस तरह की पाबंदियां लगाने का तो कोई सवाल ही नहीं उठता.

    उन्होंने एक्स पोस्ट में लिखा, "यह पूरी तरह से ग़लत है. इसमें ज़रा भी सच्चाई नहीं है. विदेश यात्रा पर ऐसी पाबंदियां लगाने का कोई सवाल ही नहीं उठता. हम अपने लोगों के लिए ईज़ ऑफ़ डूइंग बिज़नेस और ईज़ ऑफ़ लिविंग को बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं."

    दरअसल, पीएम मोदी ने एक मीडिया आउटलेट के एक्स पोस्ट को रीपोस्ट करते हुए इस दावे को ग़लत बताया था.

    पोस्ट में दावा किया गया था कि भारत सरकार विदेश यात्रा पर टैक्स/सरचार्ज लगाने के बारे में विचार कर रही है, जिसके लिए उच्चस्तरीय पर चर्चा हो रही है. हालांकि, पीएम की प्रतिक्रिया के बाद में मीडिया आउटलेट ने इस पोस्ट को डिलीट कर दिया.

    इससे पहले पीएम मोदी ने विदेशी मुद्रा बचाने के लिए लोगों से ग़ैर-ज़रूरी विदेश यात्रा टालने की अपील की थी.

  19. इसराइल और लेबनान के बीच अमेरिका ने की अहम समझौते की घोषणा, ब्रैंडन ड्रेनन और यांग तियान

    दक्षिण लेबनान

    इमेज स्रोत, Jalaa MAREY / AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, इसराइल और लेबनान के बीच इससे पहले भी सीज़फ़ायर हुआ था, लेकिन तब भी इसराइल और हिज़्बुल्लाह के बीच गोलीबारी जारी रही

    इसराइल और लेबनान के बीच एक बार फिर अमेरिका ने युद्धविराम करवाया है. अमेरिका ने एलान किया है कि दोनों देशों ने 45 दिन के सीज़फ़ायर पर सहमति जताई है.

    अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को बताया कि वॉशिंगटन डीसी में दो दिन की बातचीत के बाद इसराइल और लेबनान युद्धविराम को बढ़ाने पर सहमत हुए हैं.

    अमेरिकी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता टॉमी पिगॉट ने बताया, "29 मई को पेंटागन में सुरक्षा को लेकर बातचीत शुरू होगी, जिसमें दोनों देशों की सैन्य टीमें शामिल होंगी."

    हालांकि, इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 16 अप्रैल को युद्धविराम का एलान किया था, लेकिन इसके बाद भी इसराइल और हिज़्बुल्लाह के बीच गोलीबारी जारी रही.

    गौरतलब है कि बुधवार को ही लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया था कि इसराइली हवाई हमलों में दक्षिणी इलाकों में 22 लोगों की मौत हुई थी, जिनमें आठ बच्चे भी शामिल थे.

  20. नमस्कार!

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    बीबीसी हिन्दी के पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को आप उनके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक कर विस्तार से पढ़ सकते हैं.