दुबई: सड़क पर खड़े ट्रक से टकराई मिनी बस, कई भारतीयों की मौत की आशंका
इमेज स्रोत, Walaa Alshaer/Bloomberg via Getty Images
इमेज कैप्शन, भारतीय दूतावास ने बताया है कि वो स्थानीय अधिकारियों के साथ मिलकर हर संभव मदद और सहयोग कर रहे हैं (सांकेतिक फ़ोटो)
संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के दुबई में सोमवार को एक मिनी बस सड़क पर खड़े ट्रक से टकरा गई, जिसमें कई भारतीय कामगारों की मौत की आशंका है.
इस संबंध में दुबई स्थित भारतीय दूतावास ने एक्स पर पोस्ट किया, "दुबई में हुए दुखद सड़क हादसे से गहरा दुख हुआ है, जिसमें कई भारतीय कामगारों की जान गई."
इसमें आगे लिखा गया है, "हमारे अधिकारी अस्पताल गए, घायल भारतीयों से मिले और स्थानीय अधिकारियों के साथ मिलकर हर संभव मदद और सहयोग कर रहे हैं."
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, दुबई पुलिस के ट्रैफ़िक विभाग के निदेशक ब्रिगेडियर जुमा सलीम बिन सुवैदान ने बताया कि शुरुआती जांच में पता चला है कि ट्रक तकनीकी ख़राबी के कारण अचानक सड़क के बीच में रुक गया था.
उन्होंने बताया, "बस चालक ने ध्यान नहीं दिया और सुरक्षित दूरी नहीं रखी, जिसके बाद बस पीछे से ट्रक से टकरा गई."
मध्य पूर्व में 24 भारतीयों वाले जहाज़ पर हुए हमले को लेकर भारतीय दूतावास ने दिया ये ताज़ा अपडेट
इमेज स्रोत, U.S. Navy via Getty Images
इमेज कैप्शन, भारतीय दूतावास ने बताया कि 24 भारतीय नाविकों को सुरक्षित बचा लिया गया है (सांकेतिक तस्वीर)
मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव के बीच एक जहाज़ हमले का शिकार हुआ है, जिसमें 24 भारतीय नाविक सवार थे.
हालांकि, बाद में इन्हें सुरक्षित बचा लिया गया. ओमान स्थित भारत के दूतावास ने इसकी पुष्टि की है.
एफ़एसयूआई ने क्रू की सुरक्षा सुनिश्चित करने और उनके परिवारों को मदद देने के लिए अपील की थी.
इसके बाद ओमान स्थित भारतीय दूतावास ने एक्स पर लिखा, "दूतावास को उस घटना की जानकारी है जिसमें भारतीय नाविकों वाला एक जहाज़ शामिल है. हम उनकी सुरक्षा और बचाव के लिए ओमान के अधिकारियों के संपर्क में हैं."
फिर एक अन्य पोस्ट में दूतावास ने अपडेट साझा करते हुए लिखा, "हम ओमान के अधिकारियों के आभारी हैं कि उन्होंने तुरंत कार्रवाई करते हुए एमटी मैरिवेक्स पर मौजूद सभी 24 भारतीय क्रू सदस्यों को बचाया और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की."
ईरान और इसराइल की सैन्य झड़पों के बीच ट्रंप और नेतन्याहू ने फ़ोन पर की बातचीत, बर्न्ड डिबसमैन जूनियर, व्हाइट हाउस संवाददाता
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, डोनाल्ड ट्रंप और बिन्यामिन नेतन्याहू ने ईरान-इसराइल के बीच हुई गोलीबारी पर चर्चा की (फ़ाइल फ़ोटो)
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू के बीच सोमवार को फ़ोन पर बातचीत हुई है.
व्हाइट हाउस के एक अधिकारी ने बीबीसी को बताया कि दोनों राष्ट्र प्रमुखों के बीच फ़ोन पर ईरान-इसराइल के बीच हुई गोलीबारी पर चर्चा हुई.
हालांकि, इससे ज़्यादा जानकारी नहीं दी गई है.
इससे पहले इसराइल के 'चैनल 12 न्यूज़' ने रिपोर्ट किया था कि इसराइल ईरान पर हमले रोक देगा. एक वरिष्ठ इसराइली अधिकारी ने कहा कि ट्रंप की मांग पर हमले रोकने का फ़ैसला हुआ है.
उल्लेखनीय है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को कहा है कि ईरान और इसराइल तुरंत प्रभाव से युद्धविराम करने की कोशिश कर रहे हैं.
लेकिन डोनाल्ड ट्रंप ने यह आशंका भी ज़ाहिर की थी कि किसी भी लापरवाही से बातचीत बीच में रुक सकती है.
राजस्थान: जयपुर में मंदिर-मस्जिद समेत सौ से ज़्यादा इमारतों पर चला बुलडोज़र, ये है वजह, मोहर सिंह मीणा, बीबीसी हिन्दी के लिए
इमेज स्रोत, Mohar Singh Meena
इमेज कैप्शन, मंदिर-मस्जिद और मज़ार समेत पांच धार्मिक स्थलों को भी हटाया गया
जयपुर के जगतपुरा इलाक़े में सोमवार को जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) ने सड़क को अस्सी फीट चौड़ा करने के लिए कार्रवाई की है. इस कार्रवाई के दौरान मंदिर-मस्जिद और मज़ार समेत पांच धार्मिक स्थलों को भी हटाया गया है.
सड़क चौड़ी करने की कार्रवाई के दौरान पहले से चिन्हित क़रीब सौ से ज़्यादा इमारतों को भी ढहाया गया.
इस कार्रवाई को संवेदनशील मानते हुए और सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने के लिए सोमवार सुबह भारी पुलिस बल इलाक़े में तैनात रहा.
बीती रात 12 बजे से 24 घंटे के लिए इंटरनेट बंद के आदेश थे, हालांकि सोमवार शाम सात बजे इसे शुरू कर दिया गया.
इलाक़े में आवाजाही वाले रास्तों को बैरिकेडिंग कर बंद कर दिया गया. जयपुर रेंज के अलावा कोटा और भरतपुर रेंज से भी पुलिसकर्मी बुलाए गए.
क़ानून-व्यवस्था और शांति बनाए रखने के लिए प्रशासन ने कार्रवाई के दौरान इस इलाक़े के लोगों को घरों से बाहर नहीं निकलने दिया.
पुलिस ने छतों पर मौजूद लोगों को घरों में अंदर जाने और फ़ोटो-वीडियो नहीं बनाने की अपील भी की. ड्रोन के ज़रिए भी इलाक़े में निगरानी की गई.
इस दौरान इलाक़े की बिजली भी काट दी गई जिससे किसी भी तरह से कार्रवाई से जुड़ी भ्रामक जानकारी साझा नहीं की जा सके.
जेडीए के एक अधिकारी ने नाम नहीं छापने की शर्त पर बीबीसी से कहा, "नंदपुरी अंडरपास से रेलवे लाइन के बगल की सड़क की चौड़ाई अस्सी फीट करने के लिए यह कार्रवाई की गई है."
अधिकारी के मुताबिक़, सरकारी रिकॉर्ड में यह सड़क अस्सी फीट चौड़ी है, लेकिन सड़क पर अवैध निर्माण कर इसे तीस फीट तक कर दिया था.
इलाक़े में इस कार्रवाई के बाद भी पुलिस बल तैनात है. प्रशासन की ओर से इलाक़े में लगातार निगरानी की जा रही है.
ईरान-इसराइल की लड़ाई पर बोले पाकिस्तानी पीएम- आख़िरी मक़सद पूरा होने वाला है
इमेज स्रोत, Tingshu Wang - Pool/Getty Images
इमेज कैप्शन, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने कहा है कि सभी पक्षों को संयम बरतना चाहिए (फ़ाइल फ़ोटो)
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने मध्य पूर्व में शांति बरतने और संयम बनाए रखने की अपील की है.
उन्होंने दावा किया कि "अब आख़िरी मक़सद लगभग पूरा होने वाला है, ऐसे में सभी पक्षों को संयम बरतना चाहिए."
शहबाज़ शरीफ़ ने एक्स पर लिखा, "मध्य पूर्व में हाल ही में बढ़ी हिंसा यह साफ़ याद दिलाती है कि कमज़ोर युद्धविराम कितने ख़तरनाक हो सकते हैं और इसके कितने भारी नतीजे हो सकते हैं."
"जब हम अपने साझेदारों के साथ मिलकर ईमानदारी और मेहनत से इस संघर्ष का शांतिपूर्ण हल ढूंढ रहे हैं, ख़ासकर जब आख़िरी मक़सद लगभग पूरा होने वाला है, तो हम सभी पक्षों से संयम बरतने की अपील करते हैं."
उन्होंने लिखा, "आइए हम हिंसा और तबाही की बजाय शांति और कूटनीति के रास्ते पर चलते रहें, क्योंकि इसमें सफलता की रोशनी साफ़ दिखती है."
गौरतलब है कि ईरान ने रविवार को इसराइल पर कई मिसाइलें दागीं. इसके जवाब में इसराइल ने भी ईरानी ठिकानों पर हमले किए हैं.
इस लेख में Google YouTube से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले Google YouTube cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.
चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है. YouTube सामग्री में विज्ञापन हो सकते हैं.
पोस्ट YouTube समाप्त
विशाखापट्टनम के स्टील प्लांट में पिघला हुआ धातु गिरने से सात मज़दूरों की मौत
इमेज स्रोत, Dhiraj Singh/Bloomberg via Getty Images
इमेज कैप्शन, हादसे में मरने वालों की संख्या और बढ़ सकती है (सांकेतिक तस्वीर)
आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम में राष्ट्रीय इस्पात निगम लिमिटेड (वाइज़ैग स्टील प्लांट) में कथित तौर पर पिघले हुए धातु के गिरने से सात मज़दूरों की मौत हो गई.
आंध्र प्रदेश की गृह मंत्री वंगालापुडी अनीता ने बीबीसी तेलुगु को बताया कि उन्हें अधिकारियों से जानकारी मिली है कि हादसे में सात लोगों की मौत हुई है.
पीटीआई ने पुलिस के हवाले से बताया है कि क्रेन की मदद से एक बकेट में पिघला हुआ धातु ले जाया जा रहा था, तभी वह मज़दूरों पर गिर गया. पुलिस ने बताया कि पिघले हुए धातु का तापमान क़रीब 1,600 डिग्री सेल्सियस था.
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने इस हादसे पर दुख व्यक्त किया है.
नायडू ने एक्स पर लिखा, "वाइज़ैग स्टील प्लांट में हुआ हादसा मुझे गहरा सदमा पहुँचाने वाला है. यह जानकर दुख हुआ कि इस हादसे में कई मज़दूरों की जान चली गई."
उन्होंने लिखा, "मैंने संबंधित अधिकारियों से बात की है और उन्हें सभी सरकारी विभागों के साथ मिलकर राहत कार्य करने के निर्देश दिए हैं."
इंडिया गठबंधन की बैठक पर बीजेपी की ये प्रतिक्रिया आई
इमेज स्रोत, Sonu Mehta/Hindustan Times via Getty Image
इमेज कैप्शन, बीजेपी ने कहा कि विपक्षी दल बंगाल में हार गए तो एसआईआर को दोष दे रहे हैं (फ़ाइल फ़ोटो)
दिल्ली के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में सोमवार को इंडिया गठबंधन की बैठक हुई, जिसके बाद बीजेपी की प्रतिक्रिया आई है.
बीजेपी ने इंडिया गठबंधन पर तंज़ कसते हुए कहा कि वोट चोरी नहीं हुई बल्कि 'विपक्षी दलों का वुजूद चोरी हुआ' है.
बीजेपी सांसद संबित पात्रा ने प्रेस कॉन्फ़्रेंस में कहा, "आज एक बैठक हुई और मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि एसआईआर हुआ, वोट चोरी हुई. एसआईआर तो केरल और तमिलनाडु में भी हुआ, जबकि तमिलनाडु में तो आपने दूसरी पार्टी के साथ सरकार बना ली. वहाँ तो सहयोगी ही चोरी हो गया."
पात्रा ने कहा, "केरल में सरकार बन गई तो एसआईआर को कोस नहीं रहे. बंगाल में हार गए तो एसआईआर को दोष दे रहे हैं. यह जो पाखंड की हद है, वह देश देख रहा है. अगर सही मायने में कुछ चोरी हुआ है तो विपक्षी गठबंधन वालों का वजूद चोरी हुआ है, आज धरातल पर इनमें से किसी दल का कोई वजूद नहीं है."
इससे पहले आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने कहा था कि निष्पक्ष चुनाव करवाए जाएं तो बीजेपी हार जाएगी.
उन्होंने कहा, "अगर बैलट पेपर से चुनाव हुआ तो बीजेपी कहीं टिकने वाली नहीं है."
पश्चिम बंगाल: विधानसभा स्पीकर के इस फ़ैसले के ख़िलाफ़ हाईकोर्ट पहुंची टीएमसी
इमेज स्रोत, Samir Jana/Hindustan Times via Getty Images
इमेज कैप्शन, पश्चिम बंगाल विधानसभा का 18वां सत्र 18 जून से शुरू होने वाला है (फ़ाइल फ़ोटो: ममता बनर्जी)
तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने सोमवार को कलकत्ता हाईकोर्ट में विधानसभा अध्यक्ष के उस फ़ैसले को चुनौती दी है, जिसमें उन्होंने टीएमसी से निष्कासित ऋतब्रत बनर्जी को विपक्ष का नेता मान लिया.
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, टीएमसी के वकील ने कोर्ट से तुरंत सुनवाई की मांग की और बताया कि पश्चिम बंगाल विधानसभा का 18वां सत्र 18 जून से शुरू होने वाला है.
जस्टिस कृष्णा राव ने याचिका को 11 जून को सुनवाई के लिए सूची में सबसे ऊपर रखने का निर्देश दिया. उन्होंने याचिकाकर्ता के वकील से कहा कि इस बीच सभी पक्षों को नोटिस भेजा जाए.
याचिकाकर्ता के वकील ने कोर्ट को बताया कि इस मामले में विधानसभा अध्यक्ष मुख्य पक्षकार हैं.
पीटीआई के अनुसार, 80 विधायकों में से 58 ने विपक्ष के नेता पद के लिए ऋतब्रत बनर्जी का समर्थन किया है.
गौरतलब है कि हाल ही में हुए पश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनावों में बीजेपी ने 207 सीटें जीतीं, जबकि टीएमसी को 80 सीटें मिलीं. इसके बाद से ही टीएमसी में टूट होने के दावे किए जा रहे हैं.
कार्टून: ये कैसा चैनल?
इमेज कैप्शन, ट्रंप के चैनल के साथ बीच में ही इंटरव्यू छोड़ने पर आज का कार्टून
इंडिया गठबंधन की बैठक के बाद क्या बोले तेजस्वी यादव?
इमेज स्रोत, Santosh Kumar/Hindustan Times via Getty Images
इमेज कैप्शन, आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने कहा है कि बैठक में पांच मुद्दों पर सहमति जताई गई है (फ़ाइल फ़ोटो)
दिल्ली स्थित कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में सोमवार को इंडिया गठबंधन की बैठक हुई. इसके बाद आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि हम सब एकजुट हैं.
उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा, "बैठक में जो भी बातें रखी गईं, उसके बारे में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने ब्रीफ़ कर दिया है. पांच मुद्दों पर सहमति जताई गई है और हम सब लोग साथ हैं."
उन्होंने कहा, "मैं पहले से कहता आया हूं कि अगर बैलट पेपर से चुनाव हुआ तो बीजेपी कहीं टिकने वाली नहीं है."
इंडिया गठबंधन की इस बैठक में विपक्ष के कई बड़े नेता शामिल हुए.
इनमें कांग्रेस नेता राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी, सपा के अध्यक्ष अखिलेश यादव, टीएमसी सुप्रीमो ममता बनर्जी शामिल हैं.
डोनाल्ड ट्रंप ने कहा- ईरान और इसराइल सीज़फ़ायर की कोशिश कर रहे, लेकिन...
इमेज स्रोत, Kevin Dietsch/Getty Images
इमेज कैप्शन, डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि जब तक आख़िरी समझौता नहीं हो जाता, तब तक नाकाबंदी जारी रहेगी (फ़ाइल फ़ोटो)
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि ईरान और इसराइल तुरंत प्रभाव से युद्धविराम करने की कोशिश कर रहे हैं.
हालांकि, डोनाल्ड ट्रंप ने यह आशंका भी ज़ाहिर की है कि किसी भी लापरवाही से बातचीत बीच में रुक सकती है.
ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर लिखा, "दोनों पक्ष, इसराइल और ईरान, तुरंत युद्ध रोकने (सीज़फ़ायर) की कोशिश कर रहे हैं. शांति स्थापित करने पर आख़िरी बातचीत चल रही है, लेकिन अगर कोई लापरवाही या बेवकूफ़ी बीच में आई तो बातचीत रुक सकती है."
उन्होंने लिखा, "जब तक आख़िरी समझौता नहीं हो जाता, तब तक नाकाबंदी जारी रहेगी और पूरी तरह लागू रहेगी. चीज़ें जल्दी आगे बढ़नी चाहिए."
इस पोस्ट से क़रीब एक घंटे पहले ही डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर दोनों देशों को गोलीबारी रोकने के लिए कहा था.
उल्लेखनीय है कि मध्य पूर्व में चल रही सैन्य झड़पों पर भारत ने भी बयान जारी किया है. भारत ने सभी पक्षों से शांति स्थापित करने और बातचीत करने की अपील की.
इंडिया गठबंधन की बैठक के बाद खड़गे ने बताया कब होगी अगली मीटिंग
इमेज स्रोत, Sonu Mehta/Hindustan Times via Getty Images
इमेज कैप्शन, बैठक के बाद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रेस कॉन्फ़्रेंस कर इसके बारे में जानकारी दी (फ़ाइल फ़ोटो)
दिल्ली स्थित कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में सोमवार को विपक्षी दलों के इंडिया गठबंधन की बैठक हुई.
बैठक के बाद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रेस कॉन्फ़्रेंस कर इसके बारे में जानकारी दी.
मल्लिकार्जुन खड़गे ने बताया कि उपस्थित दलों में इस बात पर सहमति बनी है कि इंडिया गठबंधन के सभी दल हर दो महीने में बैठक करेंगे.
खड़गे ने बताया, "इंडिया गठबंधन के दलों की अगली बैठक अगस्त महीने में हैदराबाद में होगी."
मल्लिकार्जुन खड़गे ने अगस्त में होने वाली बैठक की तारीख़ नहीं बताई. उन्होंने कहा कि यह बाद में तय किया जाएगा कि बैठक किस दिन होनी है.
गौरतलब है कि लोकसभा चुनाव 2024 के बाद पहली बार इंडिया गठबंधन के कई बड़े नेता एकसाथ नज़र आए हैं.
भारत की टेस्ट क्रिकेट में सबसे बड़ी जीत, अफ़ग़ानिस्तान को इतने रन से हराया
इमेज स्रोत, Shammi MEHRA / AFP via Getty Images
इमेज कैप्शन, यह टेस्ट क्रिकेट में भारतीय टीम की अब तक की सबसे बड़ी जीत है
भारतीय क्रिकेट टीम ने सोमवार को न्यू चंडीगढ़ में खेले गए टेस्ट मैच में अफ़ग़ानिस्तान की टीम को पारी और 300 रन से हरा दिया है.
दरअसल, भारत ने पहले अपनी पहली पारी 564/8 के स्कोर पर घोषित कर दी थी. इस स्कोर के जवाब में अफ़ग़ानिस्तान की दोनों पारियाँ क्रमशः 152 और 112 रन पर ही सिमट गईं.
यह टेस्ट क्रिकेट में भारतीय टीम की अब तक की सबसे बड़ी जीत है.
इससे पहले भारत की सबसे बड़ी जीत पारी और 272 रन के अंतर से हुई थी. ये जीत भारत को 2018 में वेस्टइंडीज़ के ख़िलाफ़ राजकोट में मिली थी.
डेब्यू मैच खेल रहे मानव सुथार और मोहम्मद सिराज ने दूसरी पारी में 1-1 विकेट लिया. इससे पहले सुथार ने अफ़ग़ानिस्तान की पहली पारी में 6 विकेट लिए. इस तरह उन्होंने मैच में कुल 7 विकेट लिए.
भारत ने ईरान-इसराइल के बीच चल रही सैन्य झड़पों को लेकर जारी किया बयान
इमेज स्रोत, Raj K Raj/Hindustan Times via Getty Images
इमेज कैप्शन, भारत ने मध्य पूर्व में तनाव को तुरंत कम करने की अपील की है (फ़ाइल फ़ोटो: एस जयशंकर)
ईरान और इसराइल के बीच फिर से हमले शुरू होने के बाद सोमवार को भारत ने बयान जारी कर इसे चिंता का विषय बताया है.
भारत के विदेश मंत्रालय ने कहा है कि मध्य पूर्व के इस संघर्ष का असर दुनिया की अर्थव्यवस्था पर पड़ा है.
विदेश मंत्रालय ने अपने बयान में कहा, "भारत पश्चिम एशिया में हुए नए हमलों पर गहरा खेद व्यक्त करता है. ये घटनाएं अंतरराष्ट्रीय समुदाय के लिए बहुत चिंता का विषय हैं."
"यह संघर्ष अब 100 दिनों से ज़्यादा समय से चल रहा है और इससे लोगों को बहुत तकलीफ़ हुई है. इसका असर दुनिया की अर्थव्यवस्था और ऊर्जा सप्लाई पर भी पड़ा है."
भारत ने तनाव को तुरंत कम करने की अपील करते हुए कहा, "आम लोगों को नुक़सान न पहुंचाएं और आपस में बातचीत को पूरा करें ताकि इस क्षेत्र में शांति और स्थिरता वापस आ सके."
गौरतलब है कि इससे पहले भारत ने सोमवार को ईरान और इसराइल में रहने वाले अपने नागरिकों के लिए एडवाइज़री भी जारी की है. इसमें लोगों को सावधानी और सतर्कता बरतने के लिए कहा गया है.
ईरान-इसराइल की ताज़ा सैन्य झड़प के बाद भारतीय दूतावास ने जारी की एडवाइज़री
इमेज स्रोत, Wisam Hashlamoun/Anadolu via Getty Images
इमेज कैप्शन, सोमवार (8 जून) को वेस्ट बैंक के हेब्रोन शहर के ऊपर आसमान में एक मिसाइल दिखी
ईरान और इसराइल के बीच ताज़ा सैन्य
झड़प के बाद तेहरान स्थित भारतीय दूतावास ने एडवाइज़री
जारी की है.
दूतावास ने सभी भारतीयों से
ईरान की यात्रा न करने की अपील की है.
इसके अलावा दूतावास ने यह भी कहा है
कि ईरान में रह रहे भारतीय जल्द से जल्द उपलब्ध साधनों से ईरान छोड़ दें.
एडवाइज़री में कहा गया,
"क्षेत्र में हाल के घटनाक्रम को
देखते हुए, दूतावास यह दोहराता है कि सभी भारतीय
नागरिक किसी भी तरह की ईरान यात्रा से बचें. वर्तमान में ईरान में रह रहे भारतीयों
को भी सलाह दी जाती है कि वे यातायात के किसी भी उपलब्ध साधनों से देश छोड़
दें."
इमेज स्रोत, X/@India_in_Iran
इमेज कैप्शन, तेहरान स्थित भारत के दूतावास ने एडवाइज़री जारी की है
गौरतलब है कि ईरान ने रविवार को इसराइल पर कई मिसाइलें दाग़ीं. इसके जवाब में इसराइल ने भी ईरानी ठिकानों पर हमले किए हैं.
नमस्कार!
अब तक बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह
आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.
बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के पन्ने पर
लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.
ईरान ने इसराइल के दो एयर बेस को निशाना बनाने का किया दावा
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, दक्षिणी लेबनान के तायर शहर में इसराइली हमले के बाद उठता धुआं
ईरानी सरकारी मीडिया के मुताबिक़,
ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर
(आईआरजीसी) ने दावा किया है कि उसने इसराइल के नेवातिम और तेल नोफ़ वायुसेना
ठिकानों को निशाना बनाया है.
सरकारी न्यूज़ एजेंसी आईआरएनए के
अनुसार, आईआरजीसी ने कहा कि उसने यह कार्रवाई
ईरान में तीन अलग-अलग जगहों पर स्थित कई रडार ठिकानों पर इसराइली हमलों के जवाब
में की गई.
इससे पहले ईरानी सरकारी टीवी ने
बताया था कि तेहरान, तबरीज़ और इस्फ़हान शहरों में धमाकों
की आवाज़ें सुनी गईं.
वहीं, इसराइली सेना ने बयान जारी कर कहा कि उसकी वायुसेना ने ईरान में सैन्य
ठिकानों पर हमला किया है.
टीएमसी के राज्यसभा सांसद सुखेंदु शेखर रे का इस्तीफ़ा, पार्टी पर लगाए ये आरोप
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, सुखेंदु शेखर रे ने पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस के 15 सालों के शासन को 'अराजक' कहा है (फ़ाइल फ़ोटो)
तृणमूल कांग्रेस के सुखेंदु शेखर रे ने अपनी राज्यसभा की सदस्यता और पार्टी की सदस्यता से इस्तीफ़ा दे दिया है.
उन्होंने पश्चिम बंगाल में तृणमूल
कांग्रेस के 15 सालों के शासन को 'अराजक'
कहा है.
सुखेंदु शेकर रे की ओर से जारी प्रेस रिलीज़ में कहा गया, "हाल ही
में हुए पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में राज्य के इतिहास में पहली बार जनता ने
भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में भारी जनादेश दिया, जिससे कि व्यापक और बेलगाम भ्रष्टाचार, महिलाओं के ख़िलाफ़ अत्याचार, स्वास्थ्य,
शिक्षा, उद्योग,
क़ानून-व्यवस्था और रोज़गार जैसे क्षेत्रों में
गंभीर विफलताओं से पैदा हुए तृणमूल कांग्रेस के 15 वर्षों के अराजक शासन का अंत
किया जा सके."
सुखेंदु शेखर रे ने कहा कि उन्होंने 'जनता के फ़ैसले का सम्मान करते हुए' राज्यसभा की सदस्यता और टीएमसी की प्राथमिक
सदस्यता से इस्तीफ़ा दिया है.