कांग्रेस ने सीबीएसई के मार्किंग पोर्टल पर उठाए सवाल, कहा- ये छात्रों के साथ धोखा है

इमेज स्रोत, Mayank Makhija/NurPhoto via Getty Images
कांग्रेस ने सेंट्रल बोर्ड ऑफ़ सेकंडरी एजुकेशन (सीबीएसई) के मार्किंग पोर्टल की विश्वसनीयता पर सवाल उठाए हैं.
कांग्रेस पार्टी ने मंगलवार को एक्स हैंडल पर एक न्यूज़ चैनल का वीडियो शेयर करते हुए कहा कि हैकर ने एक टीवी चैनल सीबीएसई के मार्किंग पोर्टल को हैक किए जाने की बात कही.
कांग्रेस ने एक्स पर लिखा," सीबीएसई के मार्किंग पोर्टल से जुड़ी जो बातें सामने आ रही हैं, वे बहुत ही चिंताजनक हैं. निसर्ग नाम के हैकर ने एक टीवी चैनल पर कहा कि उसने सीबीएसई का मार्किंग पोर्टल हैक कर लिया था."
आगे लिखा, "हैकर के पास पोर्टल का मास्टर पासवर्ड था. वो टीचर्स को असाइन की गई कॉपी के नंबर तक बदल सकता था. सोचिए- जिस सिस्टम से छात्रों का भविष्य तय होता है, वो ही सुरक्षित नहीं है. ये छात्रों के साथ धोखा है."
कांग्रेस पार्टी ने लिखा, "सच यही है कि मोदी सरकार और उनके भ्रष्ट सिस्टम ने देश की शिक्षा व्यवस्था का मज़ाक बना दिया है."




