बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को फिर दिया गया बंगला खाली करने का नोटिस, सीटू तिवारी, बीबीसी संवाददाता, पटना से

इमेज स्रोत, ANI
बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को पटना के 10, सर्कुलर रोड स्थित बंगला खाली करने का फिर से नोटिस दिया गया है.
बिहार सरकार का कहना है कि अब यह बंगला मंत्री नंद किशोर राम को आवंटित किया गया है.
बिहार की भवन निर्माण मंत्री लेसी सिंह ने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि बीती 25 नवंबर को ही राबड़ी देवी को 39, हार्डिंग रोड आवंटित किया गया था.
उन्होंने कहा कि उनके बंगले को तैयार भी कर दिया गया है. लेकिन राबड़ी देवी ने 10, सर्कुलर रोड खाली नहीं किया.
लेसी सिंह का कहना है कि विभाग ने उन्हें कई बार नोटिस जारी किया है.
उन्होंने कहा कि अब यह बंगला नंद किशोर राम को आवंटित हो गया है, इसलिए राबड़ी देवी को खाली कर देना चाहिए.
लेसी सिंह ने इसमें किसी तरह की राजनीति के आरोपों को खारिज़ किया है.
राबड़ी देवी जनवरी 2006 से 10, सर्कुलर रोड स्थित बंगले में रह रही हैं.
वहीं, नंदकिशोर राम बीजेपी का दलित चेहरा बनकर उभरे हैं. वह रामनगर सीट से जीते हैं. इस सीट से बीजेपी की पद्मश्री भागीरथी देवी जीतती रही थीं.




















