लाइव, राहुल गांधी ने नीट पेपर लीक मामले पर अब क्या कहा?

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने नीट पेपर लीक मामले में एक बार फिर सरकार की आलोचना की है.

सारांश

लाइव कवरेज

रौनक भैड़ा, सुमंत सिंह

  1. नीट पेपर लीक मामला: अभियुक्त मनीषा मंधारे को 14 दिन की सीबीआई हिरासत में भेजा गया

    मनीषा मंधारे

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, अभियुक्त मनीषा मंधारे पुणे के एक नामी कॉलेज में बॉटनी की सीनियर प्रोफ़ेसर हैं

    नीट पेपर लीक मामले की एक और अभियुक्त को सीबीआई की हिरासत में भेज दिया गया है. दिल्ली की राउज़ एवेन्यू कोर्ट ने अभियुक्त मनीषा मंधारे की सीबीआई को 14 दिन की हिरासत दे दी है.

    बीबीसी मराठी के मुताबिक़, मनीषा मंधारे को नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने एक्सपर्ट के तौर पर नियुक्त किया था.

    यह सामने आया है कि उनका बॉटनी और ज़ूलॉजी विषयों के प्रश्नपत्रों तक एक्सेस था.

    मनीषा मंधारे पुणे के एक नामी कॉलेज में बॉटनी की सीनियर प्रोफ़ेसर हैं. उनका नाम इस मामले में आने के बाद सीबीआई ने पूरी जांच की और फिर दिल्ली में उन्हें गिरफ़्तार किया.

    गौरतलब है कि अब तक इस मामले में कुल 9 अभियुक्तों को दिल्ली, जयपुर, गुरुग्राम, नासिक, पुणे और अहिल्यानगर से गिरफ़्तार किया गया है.

    इनमें से 5 अभियुक्तों को पहले ही कोर्ट में पेश कर 7 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है.

  2. अब तक बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ाआप तक इस लाइव पेज के ज़रिये ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह रात दस बजे तक आप तक ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी हिन्दी की वेबसाइट पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को आप उनके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक कर विस्तार से पढ़ सकते हैं.

  3. राहुल गांधी ने नीट पेपर लीक मामले पर अब क्या कहा?

    राहुल गांधी

    इमेज स्रोत, Anindito Mukherjee/Bloomberg via Getty Images

    इमेज कैप्शन, राहुल गांधी ने नीट पेपर लीक मामले को लेकर सरकार की आलोचना की (फ़ाइल फ़ोटो)

    कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने नीट पेपर लीक मामले में एक बार फिर सरकार की आलोचना की है.

    राहुल गांधी ने एक्स पर लिखा, "नीट 2024 का पेपर लीक हुआ. परीक्षा रद्द नहीं हुई. मंत्री ने इस्तीफ़ा नहीं दिया. सीबीआई ने जांच बिठाई. एक कमेटी बनी."

    उन्होंने आगे लिखा, "नीट 2026 का पेपर लीक हुआ. परीक्षा रद्द हुई. मंत्री ने फिर इस्तीफ़ा नहीं दिया. सीबीआई फिर जांच कर रही है. एक और कमेटी बनेगी."

    राहुल गांधी ने लिखा, "मोदी जी, देश आपसे कुछ सवाल पूछ रहा है- जवाब दो! बार-बार पेपर लीक क्यों हो रहे हैं? बार-बार इस 'परीक्षा पे चर्चा' पर आप चुप क्यों हैं? बार-बार फ़ेल हो रहे शिक्षा मंत्री को आप बर्ख़ास्त क्यों नहीं कर रहे हैं?"

    नीट 2026 की परीक्षा 3 मई को हुई थी, लेकिन पेपर लीक और धांधली के आरोपों के बाद 12 मई को यह परीक्षा रद्द कर दी गई थी.

  4. तमिलनाडु के सीएम विजय पर बोले रजनीकांत- दो साल तक उन्हें परेशान नहीं करना चाहिए

    रजनीकांत

    इमेज स्रोत, SUJIT JAISWAL/AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, अभिनेता रजनीकांत ने कहा कि लोगों की विजय से बहुत उम्मीदें हैं

    अभिनेता रजनीकांत ने जोसेफ़ विजय को तमिलनाडु का मुख्यमंत्री बनने पर बधाई दी. उन्होंने कहा कि विजय ने काफ़ी कम उम्र में एनटीआर से भी ज़्यादा हासिल किया है.

    रजनीकांत ने रविवार को प्रेस कॉन्फ़्रेंस करते हुए कहा, "जब अचानक मीडिया ने मुझसे विजय के बारे में पूछा तो मैं हैरान रह गया. मैं उनके लिए खुश हूं, मुझे जलन नहीं है."

    उन्होंने कहा, "लोगों को विजय से बहुत उम्मीदें हैं, आशा है कि वह उन्हें पूरा करेंगे. लेकिन पहले 2 साल हमें उन्हें परेशान नहीं करना चाहिए, उनके फ़ैन्स को ध्यान रखना चाहिए कि उनके सम्मान को नुकसान न पहुंचे."

    रजनीकांत ने आगे कहा, "सिनेमा और सोशल मीडिया ने 60 साल की द्रविड़ राजनीति से बदलाव लाने में बहुत मदद की है."

    गौरतलब है कि तमिलगा वेत्री कड़गम (टीवीके) अध्यक्ष सी जोसेफ़ विजय ने 10 मई को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी.

  5. इस देश में फैला इबोला वायरस, विश्व स्वास्थ्य संगठन ने कहा- 'पब्लिक हेल्थ इमरजेंसी'

    इबोला वायरस

    इमेज स्रोत, BADRU KATUMBA/AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, इबोला बुंडीबुग्यो वायरस से हुआ है, जिसके लिए दवा या टीका नहीं है (फ़ाइल फ़ोटो)

    डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ़ कांगो के पूर्वी इतूरी प्रांत में इबोला फैलने से कई मौतें हो गई हैं. विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने इसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पब्लिक हेल्थ इमरजेंसी घोषित किया है.

    डब्ल्यूएचओ ने कहा कि इससे लगभग 246 संदिग्ध मामले और 80 मौतें दर्ज हुई हैं, लेकिन यह 'वैश्विक महामारी आपातकाल' की कैटेगरी में नहीं आती.

    डब्ल्यूएचओ के डायरेक्टर जनरल ने चेतावनी दी, "अभी संक्रमित लोगों की सही संख्या और इस बीमारी के फैलने को लेकर काफी अनिश्चितता है."

    डब्ल्यूएचओ ने बताया कि इस बार का इबोला बुंडीबुग्यो वायरस से हुआ है, जिसके लिए दवा या टीका नहीं है.

    वैश्विक स्वास्थ्य एजेंसी ने बताया कि वायरस कांगो से बाहर भी फैल चुका है और पड़ोसी युगांडा में दो मामले मिले हैं. युगांडा अधिकारियों ने कहा कि 59 साल के एक व्यक्ति की गुरुवार को मौत हुई और उसकी रिपोर्ट पॉज़िटिव आई थी.

    इस वायरस से कांगो के पड़ोसी देशों को ज़्यादा ख़तरा माना जा रहा है क्योंकि यहां लोगों की आवाजाही, व्यापार और यात्रा ज़्यादा होती है.

  6. अमेरिका वापस लौटा दुनिया का सबसे बड़ा एयरक्राफ़्ट कैरियर यूएसएस जेराल्ड आर फ़ोर्ड

    एयरक्राफ़्ट कैरियर

    इमेज स्रोत, Mike Kropf/Getty Images

    इमेज कैप्शन, एयरक्राफ़्ट कैरियर ने मिशन के दौरान कैरेबियन क्षेत्र में अमेरिकी ऑपरेशनों में हिस्सा लिया

    अमेरिका के रक्षा विभाग ने बताया है कि उनका एयरक्राफ़्ट कैरियर 'यूएसएस जेराल्ड आर फ़ोर्ड' शनिवार को अमेरिका लौट आया है.

    इसे ईरान के साथ युद्ध शुरू होने से पहले मध्य पूर्व भेजा गया था, लेकिन यह शनिवार को 326 दिन के मिशन के बाद लौट आया.

    यह वियतनाम युद्ध के बाद से किसी अमेरिकी एयरक्राफ़्ट कैरियर बैटल ग्रुप का सबसे लंबा मिशन था.

    अमेरिकी सेना के मुताबिक़, इस एयरक्राफ़्ट कैरियर ने अपने मिशन के दौरान कैरेबियन क्षेत्र में अमेरिकी ऑपरेशनों में हिस्सा लिया.

    वहां अमेरिकी बलों ने नशे की तस्करी करने वाली संदिग्ध नावों पर हमला किया, प्रतिबंधित टैंकर ज़ब्त किए और वेनेज़ुएला के नेता निकोलस मादुरो को हिरासत में लिया.

    इसके बाद जहाज़ को मध्य पूर्व भेजा गया, जहां उसने ईरान के ख़िलाफ़ लड़ाई में हिस्सा लिया.

    बीते मार्च में इस कैरियर पर दो मार्च को आग लगने की घटना हुई थी, जिसमें कई नाविक घायल हुए थे. बाद में इसे मरम्मत के लिए लाल सागर से क्रेटे भेजा गया था.

  7. सोने के बाद अब चांदी पर सरकार ने लिया ये फ़ैसला, क्या होगा असर

    चांदी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, चांदी के आयात को ‘रिस्ट्रिक्टेड’ कैटेगरी में डाल दिया गया है (फ़ाइल फ़ोटो)

    केंद्र सरकार ने शनिवार को चांदी के आयात को सीमित करने के लिए नया फ़ैसला लिया है.

    पहले इसका आयात करना आसान था, लेकिन अब इसे ‘रिस्ट्रिक्टेड’ कैटेगरी में डाल दिया गया है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई ने सरकारी नोटिफ़िकेशन के हवाले से बताया, शुद्ध चांदी के अलावा सोने या प्लेटिनम की परत चढ़ी चांदी को विदेश से मंगवाने के लिए भी सरकार से अनुमति लेनी ज़रूरी है.

    इसका मतलब है कि अब आयात के लिए सरकार से लाइसेंस लेना होगा.

    इससे पहले 13 मई को ही सरकार ने सोना और चांदी पर इंपोर्ट ड्यूटी 6% से बढ़ाकर 15% कर दिया था.

    गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विदेशी मुद्रा बचाने और ऊर्जा संकट से निपटने के लिए एक साल तक सोना न ख़रीदने, पेट्रोल-डीज़ल की खपत कम करने और विदेश यात्राओं से बचने की अपील की थी.

  8. वेनेज़ुएला: निकोलस मादुरो के क़रीबी पूर्व मंत्री को अमेरिका के हवाले किया गया

    निकोलस मादुरो और एलेक्स साब

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, वेनेज़ुएला के अपदस्थ राष्ट्रपति निकोलस मादुरो के साथ पूर्व उद्योग मंत्री एलेक्स साब (फ़ाइल फ़ोटो)

    वेनेज़ुएला के अपदस्थ राष्ट्रपति निकोलस मादुरो के क़रीबी और पूर्व उद्योग मंत्री एलेक्स साब अमेरिका के हवाले किए गए हैं.

    एलेक्स साब अमीर कारोबारी हैं और कोलंबिया में पैदा हुए थे, उन्हें निकोलस मादुरो का क़रीबी माना जाता रहा है.

    वहीं, एलेक्स साब को फ़रवरी में काराकस में अमेरिकी और वेनेज़ुएला अधिकारियों की संयुक्त कार्रवाई में गिरफ़्तार किया गया था.

    अभी यह साफ़ नहीं है कि एलेक्स साब पर कौन से आरोप लगाए गए हैं.

    इससे पहले एलेक्स साब को साल 2020 में उन्हें पहले पश्चिम अफ़्रीका के देश काबो वर्दे में गिरफ़्तार किया गया था.

    मनी लॉन्ड्रिंग के आरोपों का सामना करने के लिए उन्हें अमेरिका भेजा गया था, लेकिन तीन साल बाद उन्हें माफ़ी मिल गई थी.

    बीते जनवरी में अमेरिका ने वेनेज़ुएला में विशेष सैन्य अभियान चलाकर निकोलस मादुरो को गिरफ़्तार किया था और फिर अमेरिका ले जाया गया था.

    वहां एक अदालत में सुनवाई के दौरान मादुरो ने कहा था, "जी हां, मैं निकोलस मादुरो हूं. मैं वेनेज़ुएला गणराज्य का राष्ट्रपति हूं और तीन जनवरी से यहां अगवा होकर रखा गया हूं. मुझे वेनेज़ुएला में कराकास से मेरे घर से पकड़ा गया."

  9. दिल्ली-एनसीआर में फिर महंगी हुई सीएनजी, दो दिन में दूसरी बार बढ़े दाम

    सीएनजी

    इमेज स्रोत, Dawali David Exodus/Bloomberg via Getty Images

    इमेज कैप्शन, इससे पहले 15 मई को भी सीएनजी के दाम 2 रुपए प्रति किलो बढ़ाए गए थे (फ़ाइल फ़ोटो)

    दिल्ली-एनसीआर में आज यानी 17 मई से सीएनजी के दाम 1 रुपए बढ़ गए हैं. दिल्ली में अब सीएनजी 80.09 रुपए प्रति किलो में मिलेगी.

    यह दो दिन के भीतर सीएनजी की क़ीमतों में दूसरी बढ़ोतरी है. इससे पहले 15 मई को भी सीएनजी के दाम 2 रुपए प्रति किलो बढ़ाए गए थे.

    नोएडा-ग़ाज़ियाबाद में सीएनजी के दाम 88.70 रुपए प्रति किलोहो गए हैं.

    कांग्रेस ने सीएनजी के दाम बढ़ने के बाद मोदी सरकार की आलोचना की है.

    कांग्रेस ने आधिकारिक एक्स हैंडल पर लिखा, "महंगाई मैन मोदी का चाबुक फिर चला, सीएनजी के दाम आज फिर बढ़े. 15 मई को 2 रुपए और 17 मई को 1 रुपए."

    आगे लिखा, "अब तक मोदी ने सीएनजी 3 रुपए महंगी कर दी है. चुनाव ख़त्म होते ही, मोदी की वसूली चालू हो गई."

    गौरतलब है कि शुक्रवार को ही पेट्रोल और डीज़ल की क़ीमतों में भी तीन-तीन रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई थी.

  10. तिरुवनंतपुरम से दिल्ली आ रही राजधानी एक्सप्रेस में लगी आग, सभी यात्री सुरक्षित

    कोच में लगी आग

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, अधिकारियों ने बताया कि जिस कोच में आग लगी, उसे ट्रेन से अलग कर दिया गया

    मध्य प्रदेश के रतलाम ज़िले में रविवार सुबह तिरुवनंतपुरम-हज़रत निज़ामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस की एसी बोगी में आग लग गई.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, रेलवे अधिकारियों ने बताया कि सुबह 5:15 बजे रेलवे के कोटा डिविज़न में लगी इस आग में कोई हताहत नहीं हुआ.

    बी-1 कोच में आग लगी थी, जिसमें 68 यात्री सफ़र कर रहे थे. इस कोच को ट्रेन से अलग कर दिया गया और सुरक्षा के लिए ओवरहेड इलेक्ट्रिसिटी सप्लाई बंद कर दी गई.

    कोटा रेलवे पीआरओ रविंद्र लखारा ने पीटीआई को बताया कि सभी यात्रियों को ट्रेन से उतार लिया गया, किसी यात्री को चोट नहीं आई.

    रेलवे ने बताया कि यात्रियों को कोटा तक की यात्रा के लिए दूसरे कोचों में बैठाने की व्यवस्था की गई है.

  11. 'तूफ़ान से पहले की शांति'- ईरान से तनाव के बीच डोनाल्ड ट्रंप ने की ये पोस्ट

    डोनाल्ड ट्रंप

    इमेज स्रोत, Kevin Dietsch/Getty Images

    इमेज कैप्शन, हाल ही में न्यूयॉर्क टाइम्स ने कहा था कि अमेरिका इसराइल फिर से जंग जारी करने की तैयारी कर रहे हैं

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म ट्रुथ सोशल पर अपनी एक तस्वीर पोस्ट की है. इस तस्वीर में वे एक सैन्य कमांडर के साथ दिख रहे हैं.

    ट्रंप की ओर से पोस्ट की गई तस्वीर के साथ लिखा है, "ये तूफ़ान से पहले की शांति थी."

    एनिमेटेड तस्वीर में ट्रंप एक युद्धपोत के डेक पर खड़े हैं. इसमें आसपास का माहौल तूफ़ानी दिख रहा है और इस्लामिक रिपब्लिक का झंडा लिए जहाज़ दिखाई दे रहे हैं.

    ट्रंप ने यह पोस्ट ऐसे समय में पोस्ट की है, जब न्यूयॉर्क टाइम्स ने मध्य पूर्व के दो अधिकारियों के हवाले से कहा था कि अमेरिका और इसराइल ईरान पर फिर से हमले की तैयारी कर रहे हैं.

    रिपोर्ट के मुताबिक़, ये हमले अगले हफ़्ते से भी शुरू हो सकते हैं.

    ईरान के अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि अगर देश पर हमला हुआ तो वे और ज़्यादा सख़्ती से जवाब देंगे.

  12. ट्रंप के चीन दौरे के बाद ईरानी संसद के स्पीकर ग़ालिबाफ़ ने क्या कहा

    मोहम्मद बग़र ग़ालिबाफ़

    इमेज स्रोत, Iranian Parliament Speaker Office/ Handout/Anadolu via Getty Images

    इमेज कैप्शन, ईरानी संसद के स्पीकर मोहम्मद बग़र ग़ालिबाफ़ ने कहा कि दुनिया के बदलावों को ईरान ने तेज़ किया (फ़ाइल फ़ोटो)

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के चीन दौरे के बाद ईरान ने कहा है कि दुनिया अब एक नए दौर की तरफ़ बढ़ रही है.

    ईरानी संसद के स्पीकर मोहम्मद बग़र ग़ालिबाफ़ ने कहा है कि दुनिया के बदलावों को ईरान ने तेज़ किया और भविष्य ग्लोबल साउथ का है.

    ग़ालिबाफ़ ने एक्स पर लिखा, "दुनिया एक नए दौर के मुहाने पर खड़ी है. जैसा कि राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने कहा था, 'पिछली सदी में न देखे गए बदलाव अब पूरी दुनिया में तेज़ी से हो रहे हैं."

    "मैं यह ज़ोर देकर कहता हूं कि ईरान की 70 दिन की मज़बूती से खड़े रहने की कोशिश ने इस बदलाव को और तेज़ कर दिया है. भविष्य ग्लोबल साउथ का है."

    गौरतलब है कि डोनाल्ड ट्रंप हाल ही में दो दिवसीय चीन यात्रा पर रहे और उन्होंने राजधानी बीजिंग में राष्ट्रपति शी जिनपिंग से मुलाक़ात की. उन्होंने इस यात्रा को 'बहुत सफल और न भूलने वाला' बताया है.

    चीनी सरकारी मीडिया के मुताबिक़, शी जिनपिंग ने इस यात्रा को ''ऐतिहासिक और मील का पत्थर बताया.''

    हालांकि, दोनों देशों के बीच किसी बड़े व्यापार समझौते या नई डील का एलान नहीं किया गया.

  13. पाकिस्तान के आर्मी चीफ़ फ़ील्ड मार्शल आसिम मुनीर के बारे में ईरान के गृह मंत्री ने क्या कहा?

    आसिम मुनीर

    इमेज स्रोत, Iranian Parliament Speaker Office/ Handout/Anadolu via Getty Images

    इमेज कैप्शन, पाकिस्तान के फ़ील्ड मार्शल जनरल आसिम मुनीर (फ़ाइल फ़ोटो)

    पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नक़वी ईरान की राजधानी तेहरान पहुंचे हैं, जहां पर उनकी मुलाक़ात ईरानी गृह मंत्री एस्कंदर मोमेनी से हुई.

    बीबीसी उर्दू के मुताबिक़, ईरानी टीवी ने ईरान और पाकिस्तान के गृह मंत्रियों की मुलाक़ात की तस्वीरें दिखाईं और इस मुलाक़ात को 'महत्वपूर्ण' बताया.

    ईरानी टीवी के मुताबिक़, एस्कंदर मोमेनी ने मोहसिन नक़वी से कहा कि ईरान 'शांति का समर्थक' है और पाकिस्तान की कोशिशों की 'बहुत सराहना' करता है.

    ईरान के गृह मंत्री ने पाकिस्तान के आर्मी चीफ़ फ़ील्ड मार्शल जनरल आसिम मुनीर की कोशिशों को 'ईमानदार और मज़बूत' बताया. साथ ही क्षेत्र में शांति और स्थिरता बढ़ाने में पाकिस्तान की भूमिका की तारीफ़ की.

    ईरान और अमेरिका के बीच मौजूदा युद्धविराम में पाकिस्तान मध्यस्थता कर रहा है और उसने एक बार शांति वार्ता के लिए वरिष्ठ ईरानी और अमेरिकी अधिकारियों की मेज़बानी भी की थी.

    हालांकि, यह शांति वार्ता अब तक किसी नतीजे तक नहीं पहुंच पाई है.

    ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची ने शुक्रवार को कहा कि ईरान को अमेरिका से संदेश मिले हैं, जिनमें बताया गया है कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का प्रशासन बातचीत जारी रखने के लिए तैयार है.

  14. पॉक्सो केस में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री के बेटे की गिरफ़्तारी, मंत्री बोले- खुद सौंपा

    बंदी संजय कुमार

    इमेज स्रोत, Facebook/@bandisanjaykumar

    इमेज कैप्शन, केंद्रीय गृह राज्य मंत्री बंदी संजय कुमार (फ़ाइल फ़ोटो)

    केंद्रीय गृह राज्य मंत्री बंदी संजय कुमार के बेटे बंदी भगीरथ को तेलंगाना पुलिस ने पॉक्सो केस में शनिवार रात को गिरफ़्तार कर लिया. हालांकि, मंत्री का दावा है कि उन्होंने अपने बेटे को खुद ही पुलिस को सौंपा है.

    केंद्रीय गृह राज्य मंत्री बंदी संजय कुमार ने कहा कि उन्होंने अपने बेटे को पुलिस के सामने पेश होने और जांच में शामिल होने के लिए कहा था.

    दूसरी ओर, समाचार एजेंसी पीटीआई को एक वरिष्ठ पुलिस अधिकार ने बताया कि अभियुक्त की गिरफ़्तारी हुई है.

    केंद्रीय मंत्री बंदी संजय कुमार ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "क़ानून और न्यायपालिका का पूरा सम्मान करते हुए, आज मेरा बेटा बंदी भगीरथ तेलंगाना पुलिस के सामने जांच के लिए गया. मैं पहले भी कह चुका हूं कि चाहे मेरा बेटा हो या कोई आम नागरिक, सब क़ानून के सामने बराबर हैं."

    एक और एक्स पोस्ट में उन्होंने लिखा, "भगीरथ को गिरफ़्तार नहीं किया गया था… वह खुद पुलिस पूछताछ के लिए पहुंचा था."

    इस मामले में अभियुक्त के ख़िलाफ़ पहले ही पुलिस ने लुकआउट सर्कुलर भी जारी किया था, ताकि वह देश छोड़कर न जा सके.

    यह मामला एक नाबालिग लड़की की मां की शिकायत पर दर्ज हुआ है. आरोप है कि भगीरथ ने नाबालिग लड़की का यौन शोषण किया.

    पुलिस ने आठ मई को पॉक्सो एक्ट और बीएनएस की धाराओं में केस दर्ज किया था.

    इस मामले में तेलंगाना हाईकोर्ट ने शुक्रवार को भगीरथ को गिरफ़्तारी से राहत देने से इनकार कर दिया था.

    हालांकि, केस दर्ज होने से कुछ घंटे पहले ही बंदी भगीरथ ने एक केस दर्ज कराया था. इसमें उन्होंने आरोप लगाया कि पीड़ित लड़की और उसके माता-पिता उसे हनी-ट्रैप कर रहे हैं और परेशान कर रहे हैं.

  15. ईरान जंग पर रूस के राष्ट्रपति पुतिन की यूएई के राष्ट्रपति से हुई बात, क्रेमलिन ने क्या बताया

    व्लादिमीर पुतिन

    इमेज स्रोत, Mikhail METZEL / POOL / AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन 19 मई को चीन जाएंगे, वहां भी ईरान युद्ध पर बातचीत हो सकती है (फ़ाइल फ़ोटो)

    रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने यूएई (संयुक्त अरब अमीरात) के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन ज़ायद अल नहयान से ईरान जंग को लेकर बात की.

    क्रेमलिन (रूस का राष्ट्रपति कार्यालय) के मुताबिक़, दोनों नेताओं ने कहा कि शांति स्थापित करने के लिए राजनीतिक और कूटनीतिक बातचीत जारी रखना बहुत ज़रूरी है.

    पुतिन ने यूक्रेन युद्ध से जुड़े मानवीय मुद्दों पर यूएई के सहयोग की भी तारीफ़ की.

    अमेरिका-इसराइल से चल रहे युद्ध में ईरान का यूएई के साथ भी तनाव बढ़ गया है. यूएई का दावा है कि जंग के दौरान ईरान ने उस पर कई दफ़ा हमला किया था.

    जबकि हाल ही में ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची ने यूएई को अमेरिका और इसराइल का 'सक्रिय साझेदार' बताया और आरोप लगाया कि यूएई सीधे तौर पर ईरान पर हो रहे हमलों में शामिल है.

    इसके जवाब में यूएई ने कहा कि ईरान अपने हमलों को सही ठहराने की कोशिश कर रहा है.

  16. नमस्कार!

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    बीबीसी हिन्दी के पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को आप उनके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक कर विस्तार से पढ़ सकते हैं.