चीन में धमाका, मृतकों की संख्या 44 हुई

प्रकाशित

चीन के उत्तरी शहर तियांजिन में हुए दो बड़े धमाकों में मरने वालों की संख्या बढ़कर 44 हो गई है. धमाकों में 400 से अधिक लोग घायल हुए हैं.

चीन की सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ के मुताबिक मरने वालों में 12 अग्निशमन कर्मी भी शामिल हैं.

धमाके के बाद घटनास्थल पर आग का बड़ा गोला हवा में देखा गया.

तियांजिन से बीबीसी संवाददाता का कहना है कि घटनास्थल पर अब भी काले धुआं उठता हुआ दिखाई दे रहा है. निर्यात के लिए तैयार सैकड़ों कारें धमाके में नष्ट हो गई हैं. धमाका 'ख़तरनाक और रासायनिक पदार्थों' वाले एक गोदाम में हुआ.

शिन्हुआ के अनुसार धमाका रात के क़रीब 11.30 बजे बिनहाई न्यू डेवलंपमेंट ज़ोन के एक गोदाम में हुआ जिसमें ज्वलनशील पदार्थ रखे थे.

बीबीसी की चीनी सेवा के अनुसार यह एक औद्योगिक दुर्घटना है.

बीबीसी ने एक शहरी से बात की जिसका कहना था कि अस्पताल में घायलों की भीड़ जमा है.

बीजिंग के दक्षिण-पूर्व में स्थित तियांजिन देश का एक अहम बंदरगाह और प्रमुख औद्योगिक क्षेत्र है.

आग का गोला

सोशल मीडिया पर डाली गई तस्वीरों और वीडियो में आग का एक गोला सा उठता दिखाई दे रहा है.

चीन की सरकारी टीवी कंपनी सीसीटीवी का कहना है कि पास के इलाक़ों में बिजली गुल हो गई है.

<bold>(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए <link type="page"><caption> यहां क्लिक </caption><url href="https://play.google.com/store/apps/details?id=uk.co.bbc.hindi" platform="highweb"/></link>करें. आप हमें <link type="page"><caption> फ़ेसबुक </caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi" platform="highweb"/></link>और <link type="page"><caption> ट्विटर </caption><url href="https://twitter.com/BBCHindi" platform="highweb"/></link>पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं.)</bold>