मोबाइल से बुक करें लोकल बस में सीट

    • Author, आयुष देशपांडे
    • पदनाम, मुंबई से, बीबीसी हिंदी डॉटकॉम के लिए
  • प्रकाशित

मुंबई में एक ऐसा ऐप लांच किया गया है जिसपर लोकल बस में घर बैठे सीट बुक करवाई जा सकती है.

ऐप लांच करने वाली प्राइवेट कंपनी ऐसी सेवाएं दिल्ली, बैंगलुरू जैसे शहरों में भी दे रही है.

मुंबई में ये बस सेवा 'आर बस' और 'सिटी फ़्लो' नामक ऐप से चल रही हैं. वहीं दिल्ली में 'शटल' नामक ऐप इस काम को अंजाम दे रहा है.

हालांकि बस पकड़ने के लिए आपको अभी भी निर्धारित स्टैंड्स पर तय समय पर जाना होगा. फर्क़ ये होगा कि आपको मालूम होगा कि आप लंबा या छोटा सफ़र खड़े-खड़े नहीं बल्कि बैठकर कर सकेंगे.

इस सेवा के बारे में मगर बहुत अधिक लोगों को पता नहीं है.

मुंबई के रघुवीर चतुर्वेदी कहते हैं, "मुझे इन ऐप के बारे में पता ही नहीं है, साथ हम इनका इस्तेमाल तब तक नहीं कर सकते जब तक ये सभी रूट्स पर उपलब्ध ना हो जाएं."

आर बस कंपनी के मालिक सिद्धार्थ इससे सहमत हैं दिखे, "समस्या है कि हम ज्यादा से ज़्यादा लोगों तक कैसे पहुंचे? बस कंपनियों के पास कुल 13 से 14 बसें होती हैं. और, वो सवारियों का पूरा बोझ उठाने में सक्षम नहीं होते."

सिद्धार्थ कहते हैं, "हमारा मुक़ाबला सीधा राज्य परिवहन से है ऐसे में मुंबई नगर पालिका की 3,860 बसें और दिल्ली ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन की 5,800 बसों से टाई अप करे बिना हमारा चलना मुश्किल है."

लेकिन महाराष्ट्र सरकार के सड़क एवं परिवाहन मंत्रालय के एक अधिकारी ने बताया, "इतने बड़े पैमाने पर चल रही बस सेवाओं को एक नेटवर्क से जोड़ना थोड़ा कठिन काम है लेकिन फिर भी ऐसा प्रयोग स्वागत योग्य हो सकता है."