पंजाब के पूर्व उप मुख्यमंत्री और अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल पर महाराष्ट्र में हमला

इमेज स्रोत, ANI
शिरोमणि अकाली दल (बादल) के अध्यक्ष और पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल पर महाराष्ट्र के नांदेड़ में हमले की ख़बर है.
समाचार एजेंसी एएनआई ने नांदेड़ पुलिस के हवाले से बताया है कि हमला नांदेड़ के एक गुरुद्वारे में हुआ.
बीबीसी पंजाबी के अनुसार, पंजाब से नांदेड़ पहुंचने के बाद शिरोमणि अकाली दल के नेता सुखबीर सिंह बादल पर माता साहिब कौर गुरुद्वारा के पास हमला किया गया.
यह घटना सुबह करीब 11 बजे घटी, जिसके बाद सुखबीर बादल को अस्पताल में भर्ती कराया गया. उनकी सुरक्षा में तैनात इंस्पेक्टर संतोष केंद्रे भी हमले में घायल हो गए.
पुलिस ने हमले के एक आरोपी को हिरासत में ले लिया है और आगे की जांच जारी है.
हमले में सुखबीर बादल के हाथ में चोट आई है.
बीबीसी संवाददाता सरबजीत सिंह धालीवाल के अनुसार, सुखबीर सिंह बादल को इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है,
दरअसल, सुखबीर सिंह बादल अपने परिवार के साथ नांदेड़ स्थित तख्त श्री हज़ूर साहिब में मत्था टेकने गए थे.
नांदेड़ में सिख धर्म के पांच तख्तों में से एक तख़्त स्थित है. यहीं पर दसवें गुरु गोविंद सिंह ने अपने जीवन के अंतिम दिन बिताए थे.
समाचार एजेंसी पीटीआई ने भी एक वीडियो जारी किया है, जिसे सुखबीर सिंह बादल को एंबुलेंस से अस्पताल ले जाने का बताया जा रहा है.
इस वीडियो में सुखबीर सिंह बादल एंबुलेंस से उतरकर पैदल चलते हुए अस्पताल में दाख़िल होते हुए देखे जा सकते हैं.
उनके दाहिने हाथ पर लाल कपड़ा बंधा हुआ है.
पहले भी हुए हमले

इमेज स्रोत, ANI
सुखबीर बादल पर इससे पहले भी कई हमले हुए हैं.
दिसंबर 2024 में सुखबीर सिंह बादल पर स्वर्ण मंदिर के प्रवेश द्वार पर गोली चलाई गई. इस हमले में वो बाल बाल बच गए थे.
उस समय पंजाब के मुख्यमंत्री कार्यालय ने बताया था कि पुलिस ने हमले को नाकाम करते हुए हमलावर नारायण सिंह चौड़ा को गिरफ़्तार कर लिया. चौड़ा कुछ करते, उससे पहले ही पुलिस ने उन्हें दबोच लिया.
दरअसल ये हमला तब हुआ जब सुखबीर बादल पैर में चोट लगने के कारण व्हीलचेयर पर बैठकर दरबार साहिब के बाहर सेवा कर रहे थे.
पुलिस कमिश्नर ने बताया था कि नारायण सिंह खालिस्तान आंदोलन के दौरान सक्रिय थे.
दो फ़रवरी 2021 को अज्ञात लोगों ने जलालाबाद में उनकी गाड़ी पर पथराव और फ़ायरिंग की थी.
ज़ेड सिक्योरिटी वाली गाड़ी पर कई राउंड गोली भी चलाई गई. फ़ायरिंग में अकाली दल के दो कार्यकर्ता गंभीर रूप से घायल हो गए थे.
नांदेड़ में होला मोहल्ला के दौरान हुआ था विवाद
नांदेड़ में 30 मार्च 2021 को सिख समुदाय और पुलिस के बीच झड़प हो गई थी.
सिख समुदाय के लोग 'होला मोहल्ला' कार्यक्रम के तहत 'हल्ला बोल' यात्रा निकाल रहे थे.
लेकिन उस साल प्रशासन ने कोरोना को देखते हुए इस यात्रा की मंज़ूरी नहीं दी.
ऐसे में गुरुद्वारा प्रशासन और स्थानीय प्रशासन ने गुरुद्वारा परिसर में ही यात्रा निकालने पर सहमति जताई.
लेकिन इस दौरान एक सिख समूह यात्रा को उसके पारंपरिक रूट से ही ले जाना चाहता था.
इस समूह के लोग जबरन गुरुद्वारा हज़ूर साहिब से बाहर आ गए.
इसके बाद इन लोगों की पुलिस के साथ झड़प हो गई. इसके बाद पुलिस ने 14 लोगों को हिरासत में लिया था.
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.
BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें
BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट... सब एक जगह
कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.



















