अब आई फ़ोन पर बोलकर भेज सकेंगे व्हाट्स ऐप मैसेज

ऐपल
प्रकाशित

आईफ़ोन, आईपैड और मैक कंप्यूटरों की बिक्री में आई गिरावट को देखते हुए अमरीकी मूल की कंपनी ऐपल ने कई बदलावों की घोषणा की है.

ऐपल ने एलान किया है वर्चुअल असिस्टेंट सिरी को अगले मैक ऑपरेटिंग सिस्टम में शामिल किया जाएगा.

कंपनी ने ये ऐलान भी किया है कि सिरी को अब आईओएस मोबाइल ऑपरेटिंग सिस्टम में डाला जाएगा.

इससे आईफ़ोन और आई-पैड यूज़र्स वॉइस कमांड के ज़रिए व्हॉट्स ऐप मैसेज भेज पाएंगे या फिर उबर टैक्सी बुक कर पाएंगे.

ऐपल कंपनी के सॉफ़्टवेयर विभाग के मुखिया क्रेग फेडेरिगी ने ये जानकारी दी.

सिरी को मैक से जोड़ने के फ़ैसले को लेकर माना जा रहा है कि ऐपल ने माइक्रोसॉफ़्ट का मुकाबला करने के लिए ये कदम उठाया है. माइक्रोसॉफ़्ट विंडोज़ 10 मेें कॉर्टाना की सुविधा देता है.

ऐपल

टेक कंस्लटेंसी आईएचएस के इयन फ़ॉग ने कहा, " सिरी को 2011 में ख़रीदकर ऐपल ने जबसे आईओएस में शामिल किया है, तबसे इसमें बहुत कम बदलाव किए गए हैं. जबकि इस बीच अमेज़ॉन और गूगल ने अपने वॉइस एजेंट में ज़बरदस्त बदलाव किए हैं. ऐसे में सिरी काफ़ी पीछे रह गया था."

वहीं ऐपल के आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस (कृत्रिम बुद्धिमत्ता) के सेट टॉप बॉक्स संस्करण में भी बदलाव किए गए हैं.

यू-ट्यूब पर वीडियो क्लिप देखने के लिए इसके रिमोट को बोलकर कमांड दिया जा सकेगा.

ऐपल
इमेज कैप्शन, ऐपल के इस सम्मेलन में ऑरलैंडो में हमले में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि भी दी गई.

ये घोषणाएं अमरीका के सैन फ़्रांसिस्को में हो रही ऐपल की वर्ल्डवाइड डेवेलपर्स कांफ्रेंस में की गई.

ऐपल ने स्मार्ट वॉच के ऑपरेटिंग सिस्टम में भी कुछ अपडेट किया है, जिससे ऐप को लॉन्च होने में कम वक्त लगेगा.

ऐपल स्क्रिबल नाम की सुविधा भी देने जा रही है जिससे कैरेक्टर का चित्र बनाकर यूज़र्स शब्द लिख पाएंगे.

गूगल ने भी ऐसा ही एक फ़ीचर एंड्रॉयड वीयर ऑपरेटिंग सिस्टम के लिए लॉन्च किया था.

ऐपल

ऐपल ने 2013 से बिक्री में साल-दर साल घाटा दर्ज किया है.

आईफ़ोन्स, आईपैड और मैक कंप्यूटरों की मांग में कमी आने से ऐपल का इस वर्ष दूसरे तिमाही का मुनाफ़ा 22 फ़ीसदी दर्ज किया गया, जो पिछले साल के मुकाबले कम था.

हालांकि ऐप स्टोर से होने वाली आमदनी में इज़ाफ़ा हुआ है.

ऐपल म्यूज़िक स्ट्रिमिंग सर्विस में भी बदलाव कर रही है. इसके इंटरफ़ेस को लेकर यूज़र्स को परेशानी थी. लेकिन अब इसके डिज़ाइन को बड़ी हेडिंग के साथ और आसान बनाया गया है.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए <link type="page"><caption> यहां क्लिक करें.</caption><url href="https://play.google.com/store/apps/details?id=uk.co.bbc.hindi" platform="highweb"/></link> आप हमें <link type="page"><caption> फ़ेसबुक</caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi" platform="highweb"/></link> और <link type="page"><caption> ट्विटर </caption><url href="https://twitter.com/BBCHindi" platform="highweb"/></link>पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)