लाइव, पीएम मोदी ने दी ईद-उल अजहा की बधाई, क्या कहा

पूरे देश में आज ईद उल-अजहा मनाई जा रही है. ईद-उल-अजहा को बकरीद या कुर्बानी की ईद के नाम से भी जाना जाता है.

सारांश

लाइव कवरेज

दीपक मंडल

  1. पीएम मोदी ने दी ईद-उल अज़हा की बधाई, क्या कहा

    ईद-उल अज़हा

    इमेज स्रोत, Getty Images

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ईद-उल-अज़हा (बक़रीद) पर देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं.

    सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर उन्होंने लोगों को इस त्योहार की बधाई देते हुए लिखा, ''ये त्योहार समाज में भाईचारे और खुशियों की भावना को और मजबूत करे. सबकी कामयाबी और अच्छी सेहत की कामना करता हूं. यह अवसर लोगों के जीवन में सुख, शांति और सौहार्द लेकर आए.''

    पूरे देश में आज ईद उल-अज़हा मनाई जा रही है. ईद-उल-अज़हा को बक़रीद या कुर्बानी की ईद के नाम से भी जाना जाता है.

    ईद-उल-अज़हा या ईद-उज़-ज़ोहा ये ईद इस्लामिक कैलेंडर के आख़िरी महीने ज़िलहिज्ज की दसवीं तारीख़ को मनाया जाता है.

    ये ईद मुसलमानों के एक पैग़म्बर और हज़रत मोहम्मद के पूर्वज हज़रत इब्राहिम की क़ुर्बानी को याद करने के लिए मनाई जाती है.

    मुसलमानों का विश्वास है कि अल्लाह ने इब्राहिम की भक्ति की परीक्षा लेने के लिए अपनी सबसे प्यारी चीज़ की क़ुर्बानी मांगी. इब्राहिम ने अपने जवान बेटे इस्माइल को अल्लाह की राह में क़ुर्बान करने का फ़ैसला कर लिया.

  2. त्विषा शर्मा मामले में सास गिरिबाला सिंह की अग्रिम ज़मानत रद्द

    त्विषा शर्मा

    इमेज स्रोत, TWISHA SHARMA'S FAMILY

    त्विषा शर्मा मामले में बुधवार को मध्य प्रदेश हाई कोर्ट ने उनकी सास गिरिबाला सिंह को मिली अग्रिम ज़मानत रद्द कर दी है.

    इस फै़सले के साथ ही केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) के लिए गिरिबाला सिंह को आगे की पूछताछ के लिए हिरासत में लेने का रास्ता साफ़ हो गया है.

    अब सीबीआई उनसे विस्तृत पूछताछ के लिए उनकी कस्टडी की मांग कर सकती है.

    इससे पहले, सोमवार को भारत के मुख्य न्यायाधीश की अध्यक्षता वाली तीन जजों की पीठ ने त्विषा शर्मा की मौत से जुड़े मामले की सुनवाई की थी.

    सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले का संज्ञान खुद ही लिया था. अदालत ने कहा कि वह इस मामले को स्वयं इसलिए सुन रही है क्योंकि यह धारणा बन रही थी कि निष्पक्ष जांच नहीं हो रही है क्योंकि मृतका के पति एक वकील हैं और उनकी सास जिला जज रह चुकी हैं.

    अदालत ने कहा था, "हम पीड़ितों के परिजनों और अभियुक्तों, दोनों से यह कहना चाहते हैं कि वे मीडिया या सार्वजनिक मंचों पर बयान देने के बजाय अपनी बात जांच एजेंसी के सामने दर्ज कराएं, ताकि जांच पर कोई पूर्वाग्रह या नकारात्मक प्रभाव न पड़े."

    त्विषा शर्मा 12 मई को भोपाल के कटारा हिल्स स्थित अपने ससुराल के घर में मृत पाई गईं थीं.

    त्विषा शर्मा के पति समर्थ सिंह पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप है.

    समर्थ सिंह ने पिछले शुक्रवार को जबलपुर में सरेंडर किया था, जिसके बाद शनिवार को उन्हें 7 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया.

    इसके साथ ही मध्य प्रदेश पुलिस ने त्विषा की सास और समर्थ की मां गिरिबाला सिंह को मिली अग्रिम ज़मानत रद्द करने के लिए हाई कोर्ट का रुख़ किया था.

  3. सचिन तेंदुलकर ने बताया वैभव सूर्यवंशी कैसे मारते हैं इतने सिक्सर

    वैभव सूर्यवंशी

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 में कई शानदार पारियां खेली हैं

    मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर ने आईपीएल 2026 के एलिमिनेटर मुक़ाबले में हैदराबाद के ख़िलाफ़ सिर्फ़ 29 गेंदों पर 97 रन बनाने वाले वैभव सूर्यवंशी की बल्लेबाज़ी की तारीफ़ की है.

    सचिन ने उनकी बल्लेबाज़ी की तारीफ़ करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, '' वैभव का बैट स्विंग (बल्ला घुमाने की तकनीक) शानदार है. साथ ही वह पैरों की तरफ़ आने वाली गेंदों पर अपना अगला पैर अच्छी तरह हटा लेते हैं, जिससे उन्हें खुलकर शॉट खेलने और आसानी से छक्के लगाने की आज़ादी मिलती है.''

    वैभव सूर्यवंशी मौजूदा आईपीएल सीजन में अब तक 65 छक्के लगा चुके हैं. इसके साथ ही उन्होंने वेस्टइंडीज के बल्लेबाज़ क्रिस गेल का टी20 टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड भी पीछे छोड़ दिया है.

    अब वैभव सूर्यवंशी किसी एक टी20 टूर्नामेंट के एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज़ बन गए हैं.

    सूर्यवंशी ने आईपीएल की एक पारी में दस या उससे अधिक छक्के लगाने के मामले में भी क्रिस गेल की बराबरी कर ली है.

    अब दोनों खिलाड़ियों ने चार-चार बार किसी आईपीएल पारी में 10 या उससे ज्यादा छक्के लगाए हैं.

  4. इसराइली सेना ने लेबनान पर बड़े हमले की तैयारी शुरू की

    बुधवार को इसराइल के हमले में दक्षिणी शहर टायर से उठता धुआं

    इमेज स्रोत, AFP

    इमेज कैप्शन, बुधवार को इसराइल के हमले में दक्षिणी शहर टायर से उठता धुआं

    इसराइली सेना ने दक्षिणी लेबनान के बड़े हिस्सों को खाली करने का आदेश जारी किया है.

    उसने नए हमलों से पहले इन इलाकों को ‘युद्ध क्षेत्र’ घोषित कर दिया है.

    इसराइल डिफ़ेंस फोर्स (आईडीएफ़) ने लोगों से ज़हरानी नदी के उत्तर की ओर जाने को कहा है.

    यह नदी इसराइल सीमा से करीब 40 किलोमीटर दूर है.

    आईडीएफ़ ने कहा कि वह "बेहद सख़्ती" से कार्रवाई करेगा.

    उसने हिज़्बुल्लाह पर बार-बार युद्धविराम के उल्लंघन का आरोप लगाया.

    बुर्ज अल-शामली में इसराइली हमला

    इमेज स्रोत, AFP

    इमेज कैप्शन, टायर के नज़दीक बुर्ज अल-शामली में इसराइली हमले में कम से कम 15 लोग मारे गए

    17 अप्रैल को लागू हुए युद्धविराम के बाद यह सबसे बड़ा निकासी आदेश है, जो लेबनान के लगभग 14 फ़ीसदी क्षेत्र को प्रभावित करता है.

    इससे पहले बुधवार को इसराइल ने दक्षिणी शहर टायर पर हवाई हमले किए.

    हिज़्बुल्लाह ने भी इसराइल पर युद्धविराम के उल्लंघन का आरोप लगाया है.

    उसने कहा कि उसके लड़ाकों की इसराइली सैनिकों के साथ झड़प हुई.

    बुधवार को इसराइली प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने कहा था कि दक्षिणी लेबनान में तैनात सैनिकों और उत्तरी इसराइल के नागरिकों पर हिज़्बुल्लाह ने ड्रोन हमले किए हैं.

    इसके बाद उन्होंने अपने जमीनी सैन्य अभियान को और बढ़ाने की बात कही थी.

  5. नमस्कार!

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता दीपक मंडल अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    सीबीएसई ने राहुल गांधी के 'रिज़ल्ट में हेर-फेर' के आरोपों पर दिया जवाब

    अगले तीन दिन पड़ेगी भीषण गर्मी, जानिए कब से मिल सकती है राहत

    'आईपीएल में कहां लेंगे मुझे', यह बात कहने वाले गेंदबाज़ ने क्वालिफ़ायर वन में कैसे रचा इतिहास

    वाराणसी गंगा इफ़्तार केस: आरोप, धाराएँ और क़ानूनी सवालों में उलझा मामला