पीएम मोदी ने दी ईद-उल अजहा की बधाई, क्या कहा

इमेज स्रोत, Getty Images
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ईद-उल-अजहा (बकरीद) पर देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं.
सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर उन्होंने लोगों को इस त्योहार की बधाई देते हुए लिखा, ''ये त्योहार समाज में भाईचारे और खुशियों की भावना को और मजबूत करे. सबकी कामयाबी और अच्छी सेहत की कामना करता हूं. यह अवसर लोगों के जीवन में सुख, शांति और सौहार्द लेकर आए.''
पूरे देश में आज ईद उल-अजहा मनाई जा रही है. ईद-उल-अजहा को बकरीद या कुर्बानी की ईद के नाम से भी जाना जाता है.
ईद-उल-अजहा या ईद-उज़-ज़ोहा ये ईद इस्लामिक कैलेंडर के आख़िरी महीने ज़िलहिज्ज की दसवीं तारीख़ को मनाया जाता है.
ये ईद मुसलमानों के एक पैग़म्बर और हज़रत मोहम्मद के पूर्वज हज़रत इब्राहिम की क़ुर्बानी को याद करने के लिए मनाई जाती है.
मुसलमानों का विश्वास है कि अल्लाह ने इब्राहिम की भक्ति की परीक्षा लेने के लिए अपनी सबसे प्यारी चीज़ की क़ुर्बानी मांगी. इब्राहिम ने अपने जवान बेटे इस्माइल को अल्लाह की राह में क़ुर्बान करने का फ़ैसला कर लिया.




