राहुल गांधी लगातार दूसरी बार लाल क़िले पर स्वतंत्रता दिवस समारोह में नहीं आए, कांग्रेस ने दी ये प्रतिक्रिया

इमेज स्रोत, Getty Images
लाल क़िले पर आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की ग़ैर-मौजूदगी को लेकर कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने प्रतिक्रिया दी है.
एक पत्रकार ने उनसे कहा कि बीजेपी इसे स्वतंत्रता दिवस समारोह का अपमान बता रही है.
इसके जवाब में उन्होंने कहा कि कुछ लोगों को हर चीज़ में अपमान नज़र आता है.
पवन खेड़ा ने कहा, “जिन्होंने आज़ादी की लड़ाई या स्वतंत्रता आंदोलन में हिस्सा नहीं लिया, स्वतंत्रता दिवस पर कौन नहीं गया, इसमें उन्हें अपमान नज़र आ रहा है, कमाल है भाई."
दरअसल, शनिवार को लाल किले पर आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और कांग्रेस नेता राहुल गांधी नहीं आए. पिछले साल भी दोनों इस समारोह में शामिल नहीं हुए थे.
इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में राहुल गांधी साल 2024 में नज़र आए थे. उस दौरान उनकी सीट को लेकर काफी चर्चा हुई थी.














