ओमान तट के पास कमर्शियल जहाज़ पर हुए हमले को लेकर भारत ने जारी किया बयान

जहाज़ पर सवार 20 भारतीय नाविकों में से 19 को सुरक्षित बचा लिया गया है, जबकि एक भारतीय नागरिक की दुखद मौत हो गई. भारत सरकार ने मृतक के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है.

वीडियो छोड़ें और जारी रखें
  • चुटकियों में रुबिक क्यूब सॉल्व करने वाली 6 साल की बच्ची
  • ज़ोहरान ममदानी ट्रंप के सामने उनके मीडिया बैन पर बोले
  • आईआईटी बॉम्बे में एक स्टूडेंट की मौत
  • हंपबैक व्हेल
  • आईआईटी बॉम्बे में एक स्टूडेंट की मौत के बाद प्रदर्शन
  • मगरमच्छों वाली इस नदी में होंगे ओलंपिक के कॉम्पिटीशन
  • डूसू चुनाव: एबीवीपी ने तीन और निर्दलीय कैंडिडेट ने एक पद जीता
  • कोलकाता में प्रेस कॉन्फ्रेंस करती हुई ममता बनर्जी

लाइव कवरेज

रौनक भैड़ा, अरशद मिसाल

  1. अब इस लाइव ब्लॉग को रोकने का वक़्त आ गया है. मुझे यानी बीबीसी संवाददाता अरशद मिसाल को दीजिए इजाज़त.

    कल एक नए लाइव ब्लॉग के साथ फिर हाज़िर होंगे. बीबीसी न्यूज़ हिन्दी पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को आप उनके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक कर पढ़ सकते हैं.

  2. ओमान तट के पास कमर्शियल जहाज़ पर हुए हमले को लेकर भारत ने जारी किया बयान

    सांकेतिक तस्वीर

    इमेज स्रोत, KARIM SAHIB/AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, सांकेतिक तस्वीर

    भारतीय विदेश मंत्रालय ने ओमान के पूर्वी तट के पास कमर्शियल जहाज़ एमवी केप दाओ पर हुए हमले की कड़ी निंदा की है.

    जहाज़ पर सवार 20 भारतीय नाविकों में से 19 को सुरक्षित बचा लिया गया है, जबकि एक भारतीय नागरिक की दुखद मौत हो गई. भारत सरकार ने मृतक के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है.

    भारत का ओमान स्थित दूतावास हालात पर लगातार नज़र रखे हुए है और भारतीय नाविकों की शीघ्र स्वदेश वापसी सुनिश्चित करने के लिए ओमानी अधिकारियों के साथ समन्वय कर रहा है. भारत ने सहायता के लिए ओमान सरकार का धन्यवाद भी किया है.

    बयान में कहा गया है कि क्षेत्र में कमर्शियल जहाज़ों पर लगातार हो रहे हमले गंभीर चिंता का विषय हैं. भारत ने तनाव कम करने और क्षेत्र में जल्द शांति बहाल करने के लिए संवाद और कूटनीति का मार्ग अपनाने की आवश्यकता पर ज़ोर दिया है.

    भारतीय विदेश मंत्रालय ने कहा कि कमर्शियल जहाज़ों, नाविकों और नागरिक बुनियादी ढांचे को निशाना बनाना बंद होना चाहिए. साथ ही, क्षेत्र के अंतरराष्ट्रीय समुद्री मार्गों पर निर्बाध नौवहन और व्यापार को जल्द से जल्द बहाल किया जाना चाहिए.

  3. एशियन गेम्स 2026: चौथे दिन भारत की झोली में गिरे इतने मेडल

    स्टार वेटलिफ्टर मीराबाई चनू

    इमेज स्रोत, Katsura Tanioka/Getty Images

    इमेज कैप्शन, स्टार वेटलिफ्टर मीराबाई चनू ने सिल्वर मेडल जीता

    एशियन गेम्स 2026 के चौथे दिन भारत के लिए सबसे बड़ी उपलब्धि स्टार वेटलिफ्टर मीराबाई चनू ने हासिल की.

    उन्होंने महिलाओं की 49 किलोग्राम भारोत्तोलन स्पर्धा में रजत पदक जीतकर एशियाई खेलों में अपना पहला पदक हासिल किया. साथ ही भारत का 28 साल का वेटलिफ्टिंग पदक का इंतज़ार भी समाप्त कर दिया.

    दिन की एक और बड़ी उपलब्धि जय मीणा के नाम रही. उन्होंने सॉफ्ट टेनिस पुरुष एकल में भारत को इस खेल का पहला एशियाई खेल पदक दिलाया. सेमीफाइनल में चोट के कारण हटने के बावजूद उन्हें कांस्य पदक मिला.

    शूटिंग में भारत ने दो कांस्य पदक जीते.

    महिला स्कीट टीम में राइजा ढिल्लों, परिनाज धालीवाल और महेश्वरी चौहान ने कांस्य पदक हासिल किया, जबकि पुरुष स्कीट टीम के अनंतजीत सिंह नरुका, मैराज अहमद खान और भवतेग सिंह गिल ने भी कांस्य पदक जीता.

    हालांकि अनंतजीत व्यक्तिगत स्कीट फाइनल में चौथे स्थान पर रहे और पदक से चूक गए.

    कबड्डी में भारतीय पुरुष टीम ने बांग्लादेश को 48-25 से हराकर सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली और कम से कम एक पदक सुनिश्चित कर लिया. वहीं भारतीय महिला टीम ने ईरान को 37-23 से मात दी.

    वुशु में नाओरेम रोशिबिना देवी ने महिलाओं के 60 किलोग्राम सांडा वर्ग के फाइनल में पहुंचकर भारत के लिए कम से कम रजत पदक सुनिश्चित कर दिया.

    वहीं, महिला हॉकी में भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए थाईलैंड को 20-1 के बड़े अंतर से हराया.

    बैडमिंटन में भारतीय पुरुष टीम को सेमीफाइनल में चीन से हार का सामना करना पड़ा, लेकिन टीम ने प्रतियोगिता का समापन कांस्य पदक के साथ किया. इसी के साथ टीम लगातार दो एशियन गेम्स में पदक हासिल करने में कामयाब रही.

    भारत की झोली में अभी तक एशियन गेम्स में 12 मेडल्स आ चुके हैं. भारत ने एक गोल्ड, पांच सिल्वर और छह ब्रॉन्ज़ मेडल जीते हैं.

  4. यूएनजीए में ईरानी राष्ट्रपति बोले- ईरान ताक़त और दबाव की भाषा स्वीकार नहीं करेगा

    मसूद पेज़ेश्कियान

    इमेज स्रोत, TIMOTHY A. CLARY / AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, ईरानी राष्ट्रपति ने ट्रंप के भाषण का ज़िक्र करते हुए कहा कि "ऐसी धमकियां ईरानी जनता को और एकजुट करती हैं, अगर कोई हमारे ख़िलाफ़ आक्रामकता दिखाएगा तो ईरान उसे पछताने पर मज़बूर कर देगा"

    ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियान ने संयुक्त राष्ट्र महासभा (यूएनजीए) में अपने भाषण के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का नाम लेकर उनकी आलोचना की.

    उन्होंने कहा कि "हम बातचीत, कूटनीति और वार्ता के लिए तैयार हैं, लेकिन ताकत और धमकी की भाषा स्वीकार नहीं करेंगे."

    ईरानी राष्ट्रपति ने ट्रंप के एक दिन पहले दिए गए भाषण का ज़िक्र करते हुए कहा, "ऐसी धमकियां ईरानी जनता को और एकजुट करती हैं, अगर कोई हमारे ख़िलाफ़ आक्रामकता दिखाएगा तो ईरान उसे पछताने पर मज़बूर कर देगा."

    उन्होंने कहा, "ट्रंप और वे लोग जो हमें दबाव और धमकी के जरिए झुकाना चाहते हैं, उन्हें समझ लेना चाहिए कि हम बातचीत और समझौते के लिए तैयार हैं, लेकिन ताकत की भाषा नहीं मानेंगे."

    अपने संबोधन की शुरुआत में उन्होंने मीनाब स्कूल पर अमेरिकी हमले में मारे गए बच्चों की तस्वीरें दिखाईं.

    उन्होंने कहा, "परमाणु बम इसराइल के पास है, लेकिन वहां कभी जांच नहीं होती. जबकि ईरान की बार-बार जांच की जाती है. इसराइल लोगों की जान लेता है, लेकिन प्रतिबंध ईरान पर लगाए जाते हैं."

    ईरानी राष्ट्रपति ने कहा कि ईरान परमाणु हथियार बनाना नहीं चाहता, लेकिन वह परमाणु विज्ञान और शांतिपूर्ण परमाणु तकनीक हासिल करने के अपने अधिकार से पीछे नहीं हटेगा.

    उन्होंने कहा, "ईरान यह नहीं मानता कि परमाणु ज्ञान सिर्फ कुछ देशों तक सीमित रहना चाहिए."

    मसूद पेज़ेश्कियान ने आगे कहा कि "ईरान किसी को यह अधिकार नहीं देगा कि वह हमसे समुद्री रास्तों पर चलने का अधिकार छीन ले, यहां तक कि हमारे अपने समुद्री क्षेत्रों में भी."

    उन्होंने कहा, "तटीय देशों की सुरक्षा को नुक़सान पहुंचाकर समुद्री सुरक्षा सुनिश्चित नहीं की जा सकती."

    अपने भाषण के अंत में उन्होंने कहा, "इस क्षेत्र में कोई भी देश अकेले सुरक्षित नहीं रह सकता. या तो हम सब मिलकर शांति और सुरक्षा स्थापित करेंगे, या फिर हम सभी असुरक्षा का सामना करेंगे."

  5. सरकार ने इस रविवार सरकारी बैंक खोलने का फ़ैसला किया, ये है वजह

    स्टेट बैंक ऑफ़ इंडिया

    इमेज स्रोत, Abeer Khan/Bloomberg via Getty Images

    इमेज कैप्शन, स्टेट बैंक ऑफ़ इंडिया (फ़ाइल फ़ोटो)

    देशभर में प्रस्तावित तीन दिन की बैंक हड़ताल को देखते हुए सरकार ने ग्राहकों की सुविधा के लिए बड़ा फैसला लिया है.

    वित्त मंत्रालय ने प्रेस रिलीज़ जारी कर बताया कि 27 सितंबर यानी रविवार को सभी सरकारी बैंक और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक सामान्य रूप से खुले रहेंगे.

    यूनाइटेड फ़ोरम ऑफ बैंक यूनियंस (यूएफ़बीयू) ने 28 से 30 सितंबर 2026 तक तीन दिन की देशव्यापी बैंक हड़ताल का आह्वान किया है.

    इससे पहले 26 और 27 सितंबर को वीकेंड की छुट्टी होने की वजह से बैंकिंग सेवाएं लगातार कई दिनों तक प्रभावित हो सकती थीं.

    ग्राहकों की बैंकिंग ज़रूरतों को ध्यान में रखते हुए सरकार ने 27 सितंबर को बैंक खोलने का फैसला किया है. भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने भी सभी बैंक शाखाओं, कार्यालयों, एटीएम से जुड़ी शाखाओं और करेंसी चेस्ट को इस दिन पूरी तरह चालू रखने की मंज़ूरी दी है.

    सरकार ने कहा है कि बैंक ग्राहकों की सुविधा और उनकी ज़रूरी बैंकिंग सेवाएं उसकी प्राथमिकता हैं. सरकार और बैंक प्रबंधन ने बैंक यूनियनों से प्रस्तावित हड़ताल को टालने की अपील भी की है.

    साथ ही, ज़रूरी बैंकिंग सेवाओं को बिना रुकावट जारी रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए गए हैं.

  6. पाकिस्तान का दावा - अफ़ग़ानिस्तान से आए आठ ड्रोन गिराए गए, तालिबान ने किया खंडन

    ज़बीहुल्लाह मुजाहिद

    इमेज स्रोत, Wakil KOHSAR / AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, अफ़ग़ान तालिबान ने पाकिस्तान के दावे को ख़ारिज किया है (तालिबान सरकार के प्रवक्ता ज़बीहुल्लाह मुजाहिद)

    पाकिस्तानी सेना ने दावा किया है कि उसने सीमा के पास अफ़ग़ान तालिबान के भेजे गए आठ ड्रोन मार गिराए हैं.

    सुरक्षा सूत्रों के मुताबिक, पाकिस्तान ने सार्वजनिक क्षेत्रों को निशाना बनाने के तालिबान के कथित प्रयासों को विफल कर दिया.

    यह घटना उस समय सामने आई है जब दो दिन पहले पाकिस्तान ने सरहदी इलाक़े में उन जगहों पर हवाई हमले किए थे, जिन्हें उसने ‘संदिग्ध आतंकवादी ठिकाने’ बताया था.

    हालांकि, अफ़ग़ान तालिबान ने पाकिस्तान के दावे को खारिज करते हुए कहा है कि पड़ोसी देश के ख़िलाफ़ कोई ड्रोन हमला नहीं किया गया था.

    अफ़ग़ानिस्तान यह भी नकारता रहा है कि वह पाकिस्तानी सेना को निशाना बनाने वाले चरमपंथियों को समर्थन देता है.

  7. एशियन गेम्स 2026: भारतीय पुरुष बैडमिंटन टीम ने जीता ब्रॉन्ज़ मेडल

    अर्जुन एम.आर. और हरिहरन अम्सकरुनन

    इमेज स्रोत, REUTERS/Eloisa Lopez

    इमेज कैप्शन, एशियन गेम्स में चीन के खिलाफ़ सेमीफ़ाइनल मैच के दौरान खेलते भारत के हरिहरन अम्सकरुनन और अर्जुन एम. आर.

    भारत की पुरुष बैडमिंटन टीम को एशियन गेम्स 2026 में ब्रॉन्ज़ मेडल से संतुष्ट होना पड़ा.

    बुधवार को जापान के आइची नागोया में खेले गए सेमीफाइनल में भारत के अर्जुन एम.आर. और हरिहरन अम्सकरुनन को चीन के हाथों 3-1 से हार का सामना करना पड़ा.

    इसके साथ ही भारत का फाइनल में पहुंचने का सपना टूट गया.

    भारत ने क्वार्टर फाइनल में मेजबान जापान को 3-0 से हराकर पदक पक्का किया था.

    2023 में चीन के हांगझोउ में हुए एशियन गेम्स में भारत ने सिल्वर मेडल जीता था. तब फाइनल मुकाबले में चीन ने भारत को 3-2 से हराया था.

  8. सऊदी अरब में पैग़ंबर मोहम्मद से जुड़ी पोस्ट करने पर श्रीलंकाई तमिल नागरिक को मौत की सज़ा, रंजन अरुणप्रसाद, बीबीसी न्यूज़ तमिल के लिए

    राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके

    इमेज स्रोत, PMD SRI LANKA

    इमेज कैप्शन, श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके ने शख़्स के परिवार से मुलाक़ात की

    सऊदी अरब में पैग़ंबर मोहम्मद से जुड़ी फ़ेसबुक पोस्ट करने के आरोप में एक श्रीलंकाई तमिल नागरिक को मौत की सज़ा सुनाई गई है.

    श्रीलंका की सरकार ने सिवरासा अनोजन नाम के इस व्यक्ति को लेकर चिंता जताई है.

    श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके ने अधिकारियों को अनोजन की रिहाई के लिए सभी ज़रूरी कूटनीतिक क़दम उठाने के निर्देश दिए हैं.

    अनोजन ने पैग़ंबर मोहम्मद से जुड़ी एक पोस्ट फ़ेसबुक पर शेयर की थी. उन्होंने कुछ ही समय बाद यह पोस्ट हटा दी थी.

    लेकिन कुछ लोगों ने पोस्ट के स्क्रीनशॉट ले लिए और उन्हें सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया. बाद में पोस्ट का अरबी में अनुवाद भी शेयर किया गया. इसके बाद सऊदी अरब में शिकायत दर्ज कराई गई.

    शिकायत के आधार पर सऊदी पुलिस ने वहां काम कर रहे श्रीलंकाई नागरिक सिवरासा अनोजन को गिरफ़्तार कर लिया.

    गिरफ़्तारी के बाद उन्हें सऊदी अरब की अदालत में पेश किया गया. अदालत ने उन्हें पाँच साल की जेल और 30 लाख रियाल के जुर्माने की सज़ा सुनाई.

    इसके बाद अनोजन के माता-पिता ने श्रीलंका के विदेश मंत्रालय के ज़रिए सऊदी अरब में अपील की. मामले में अपील दायर की गई.

    परिजनों के मुताबिक़, कुछ दिन पहले अपील पर सुनवाई हुई. लेकिन इसके बाद अपील अदालत ने अनोजन को मौत की सज़ा सुनाई. अनोजन ने फ़ोन पर अपने परिवार को इसकी जानकारी दी.

    सिवरासा अनोजन की रिहाई के लिए श्रीलंका के मुस्लिम संगठन किंग सलमान बिन अब्दुल अज़ीज़ अल सऊद से अपील करने की तैयारी कर रहे हैं.

  9. दक्षिण अफ्रीका के घर में हुई गोलीबारी में 11 लोगों की मौत, बसिलियोह रुकांगा, बीबीसी न्यूज़

    दक्षिण अफ़्रीका में

    इमेज स्रोत, SAPS

    इमेज कैप्शन, दक्षिण अफ्रीका में हत्या की दर दुनिया में सबसे ज्यादा है. पुलिस के आंकड़ों के मुताबिक, देश में हर दिन 60 से ज़्यादा लोगों की हत्या होती है.

    दक्षिण अफ्रीका के डरबन शहर के पास एक घर में हुई गोलीबारी में कम से कम 11 लोगों की मौत हो गई है.

    पुलिस के मुताबिक, मंगलवार देर रात बंदूकधारी क्वामाखुथा टाउनशिप के एक घर में घुसे और वहां मौजूद 14 लोगों पर गोली चला दी. मौके पर 10 लोगों की मौत हो गई. चार लोगों को अस्पताल ले जाया गया, जहां एक और व्यक्ति ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया.

    पुलिस ने बताया कि मारे गए लोगों में से कुछ लोग अवैध गतिविधियों के मामले में पुलिस की निगरानी में थे. पुलिस ने कहा कि जांच प्रभावित न हो, इसलिए फिलहाल इस बारे में ज़्यादा जानकारी नहीं दी जा सकती.

    गोलीबारी की वजह अभी साफ नहीं हुई है. हालांकि, पुलिस ने कहा कि दो प्रतिद्वंद्वी गुटों के बीच विवाद की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता.

    पुलिस ने एक बयान में कहा, "अभी तक मिली जानकारी के मुताबिक, 13 पुरुष और एक महिला एक घर के अंदर पार्टी कर रहे थे. माना जा रहा है कि महिला गर्भवती थी. इसी दौरान तीन पुरुष वहां पहुंचे और उन पर गोली चला दी." महिला की भी मौत हो गई.

    मौके पर मौजूद एक स्थानीय चैनल के रिपोर्टर ने बताया कि हमलावरों ने भागने से पहले एक पीड़ित की गाड़ी में आग लगा दी. सामने आई तस्वीरों में जली हुई गाड़ी दिखाई दे रही है.

    पुलिस ने बताया कि हमलावरों की तलाश शुरू कर दी गई है.

    दक्षिण अफ्रीका में हत्या की दर दुनिया में सबसे ज्यादा है. पुलिस के आंकड़ों के मुताबिक, देश में हर दिन 60 से ज़्यादा लोगों की हत्या होती है.

  10. 13 साल की सनसनी कही जा रहीं यू ज़िदी ने एशियाई खेलों में जीता तीसरा गोल्ड

    यू ज़िदी

    इमेज स्रोत, Atsushi Tomura/Getty Images

    इमेज कैप्शन, यू ज़िदी लॉस एंजेलिस 2028 ओलंपिक में बड़े पदक की दावेदार के तौर पर उभर रही हैं.

    चीन की 13 साल की तैराकी सनसनी यू ज़िदी ने जापान में हो रहे एशियाई खेलों में अपना तीसरा गोल्ड मेडल जीता है.

    यू ज़िदी ने चार सौ मीटर व्यक्तिगत मेडले में जीत दर्ज कर गोल्ड मेडलों की हैट्रिक पूरी की.

    उन्होंने एशियाई खेलों का रिकॉर्ड समय दर्ज करते हुए यह जीत हासिल की. इससे पहले वह दो अन्य स्पर्धाओं में भी जीत दर्ज कर चुकी हैं, जिनमें उन्होंने खेलों के रिकॉर्ड तोड़े थे.

    एक तैराकी कोच की नज़र यू ज़िदी पर अचानक पड़ी थी. इसके बाद उनकी उपलब्धियां चीन में सोशल मीडिया पर वायरल हो गई हैं.

    यू ज़िदी लॉस एंजेलिस 2028 ओलंपिक में बड़े पदक की दावेदार के तौर पर उभर रही हैं.

  11. मई में आयोजित बिहार दरोगा परीक्षा रद्द, आयोग ने क्या बताया

    बीपीएसएससी कमांड कंट्रोल सेंटर

    इमेज स्रोत, Santosh Kumar/Hindustan Times via Getty Images

    इमेज कैप्शन, सांकेतिक तस्वीर

    बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग (बीपीएसएससी) ने बुधवार को सूचना जारी कर बताया कि 27 मई को हुई मुख्य लिखित परीक्षा को रद्द कर दिया है.

    आयोग के अनुसार, परीक्षा की नई तारीख की घोषणा बाद में की जाएगी.

    आयोग ने अभ्यर्थियों से कहा है कि परीक्षा की नई तारीख और दूसरी जानकारी के लिए आयोग की आधिकारिक वेबसाइट देखें.

    आयोग ने अभ्यर्थियों को भ्रामक सूचनाओं से सावधान रहने की सलाह दी है. सूचना में कहा गया है कि असामाजिक तत्वों की ओर से अलग-अलग माध्यमों से ग़लत जानकारी फैलाई जा सकती है.

    अभ्यर्थी ऐसी किसी भी सूचना पर भरोसा न करें और आधिकारिक वेबसाइट पर जारी नोटिस को ही सही मानें.

    बीपीएसएससी ने दलालों से भी सावधान रहने को कहा है.

    आयोग ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति परीक्षा या चयन के नाम पर संपर्क करता है, तो इसकी जानकारी पुलिस को दें.

  12. एसआईआर पर चुनाव आयुक्तों की असहमति के दावे पर क्या बोला चुनाव आयोग

    मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार

    इमेज स्रोत, Santosh Kumar/Hindustan Times via Getty Images

    इमेज कैप्शन, विपक्षी दलों ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाए जाने की मांग की है

    चुनाव आयोग (ईसीआई) ने बुधवार को जारी प्रेस नोट में कहा कि आयोग के सदस्यों की ओर से उठाई गई टिप्पणियां, सुझाव और सवाल उसकी सामान्य आंतरिक प्रक्रिया का हिस्सा हैं.

    आयोग ने अपने बयान में कहा कि इनका उद्देश्य चुनाव प्रक्रिया को और बेहतर, पारदर्शी और कानून के अनुसार बनाना है.

    दरअसल, अंग्रेज़ी अख़बार इंडियन एक्सप्रेस की एक इनवेस्टिगेटिव रिपोर्ट में दावा किया गया है कि चुनाव आयोग के दो सदस्यों ने बीते कुछ महीनों के दौरान कई मुद्दों पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से असहमति जताई है.

    इस रिपोर्ट के बाद राजनीतिक हंगामा शुरू हो गया है और विपक्ष के नेताओं ने सरकार और चुनाव आयोग की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए हैं.

    आयोग के अनुसार, किसी भी अंतिम फैसले से पहले अलग-अलग राय और सुझाव देना सामान्य बात है. आयोग के तीनों आयुक्तों के अलावा उसके अधिकारी भी चुनाव व्यवस्था में सुधार के लिए अपने सुझाव दे सकते हैं.

    ईसीआई ने कहा कि पिछले 10 महीनों की कुछ आंतरिक टिप्पणियों को अलग से देखने से पूरी तस्वीर सामने नहीं आती. आयोग के मुताबिक, पिछले एक साल में करीब 40 नई पहल शुरू की गईं और कई चुनाव सुधार किए गए.

    इनमें देशभर में मतदाता सूची का संशोधन और विशेष गहन पुनरीक्षण(एसआईआर) भी शामिल है.

    आयोग ने बताया कि बिहार, केरल, तमिलनाडु, पुडुचेरी, असम और पश्चिम बंगाल में हाल में चुनाव कराए गए. आयोग ने अपने डिजिटल प्लेटफॉर्म ईसीआईनेट की सुरक्षा को लेकर भी कहा कि वहां डेटा सुरक्षा और ऑडिट की व्यवस्था लागू है.

    ईसीआई ने कहा कि वह संविधान के तहत अपनी ज़िम्मेदारियां पूरी ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ निभाने के लिए प्रतिबद्ध है.

  13. अभी तक बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब बीबीसी संवाददाता अरशद मिसाल रात दस बजे तक आप तक ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को आप नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक कर विस्तार से पढ़ सकते हैं.

  14. चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग का अमेरिका में ऐसे स्वागत करेंगे डोनाल्ड ट्रंप, ब्रैंडन ड्रेनन, वॉशिंगटन डीसी

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग

    इमेज स्रोत, Brendan Smialowski - Pool/Getty Images

    इमेज कैप्शन, दोनों देशों के बीच ट्रेड एग्रीमेंट की वजह से भी इस यात्रा को अहम माना जा रहा है (फ़ाइल फ़ोटो)

    चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग बुधवार को अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन पहुंचेंगे.

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ख़ुद एंड्रयूज़ एयर फ़ोर्स बेस पर उनका स्वागत कर सकते हैं.

    इसके बाद गुरुवार को व्हाइट हाउस में उनके लिए औपचारिक स्वागत समारोह आयोजित किया जाएगा. इस दौरान मिलिट्री फ़्लाई-ओवर होगा और क़रीब 500 सैन्यकर्मी समारोह में शामिल होंगे.

    शी जिनपिंग का अमेरिकी दौरा शुक्रवार को समाप्त होगा. यात्रा के दौरान कई औपचारिक कार्यक्रमों के अलावा भव्य डिनर, प्राइवेट विज़िट्स और अन्य कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा.

    दोनों देशों के बीच ट्रेड एग्रीमेंट की वजह से भी इस यात्रा को अहम माना जा रहा है. अक्तूबर 2025 में दक्षिण कोरिया में ट्रंप और शी जिनपिंग की मुलाक़ात के दौरान हुए ट्रेड एग्रीमेंट का समय नवंबर में समाप्त होने वाला है.

    इस समझौते के तहत अमेरिका ने चीनी सामान पर प्रस्तावित भारी टैरिफ़ बढ़ोतरी को सस्पेंड किया था. वहीं, चीन ने रेयर अर्थ के निर्यात पर लगाए गए प्रतिबंधों में ढील दी थी.

    गौरतलब है कि यह क़रीब एक दशक में शी जिनपिंग की पहली अमेरिका यात्रा है. साथ ही, ट्रंप के दूसरी बार राष्ट्रपति बनने के बाद दोनों नेताओं की तीसरी मुलाक़ात होगी.

  15. राहुल गांधी की चुनाव आयोग को चेतावनी, बोले- 'टाइम आएगा, बचने वाले नहीं हो'

    राहुल गांधी

    इमेज स्रोत, Anindito Mukherjee/Bloomberg via Getty Images

    लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने एक बार फिर चुनाव आयोग की भूमिका पर सवाल उठाए और चुनाव अधिकारियों के लिए कहा है कि वो ग़लत कर रहे हैं.

    राहुल गांधी का यह बयान उस समय आया है जब अंग्रेज़ी अख़बार इंडियन एक्सप्रेस ने चुनाव आयोग पर एक इन्वेस्टिगेटिव रिपोर्ट की है.

    इसमें दावा किया गया है कि चुनाव आयोग के दो सदस्यों ने बीते कुछ महीनों के दौरान कई मुद्दों पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से असहमति जताई है.

    इस रिपोर्ट के बाद राहुल गांधी ने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म्स पर एक वीडियो जारी किया.

    वीडियो में राहुल गांधी कह रहे हैं, "मैं चुनाव आयोग और चुनाव अधिकारियों को साफ़ कह रहा हूं कि आप जो कर रहे हो, ग़लत कर रहे हो. ये राजद्रोह है."

    उन्होंने कहा, "टाइम आएगा...हम आपको पकड़ेंगे. बचने वाले नहीं हो."

    राहुल गांधी ने वीडियो के कैप्शन में लिखा, "वोट चोरी भारतीय लोगों के ख़िलाफ़ एक अपराध है और हमारे संविधान पर सीधा हमला है. ऐसा कराने वाली बीजेपी, आरएसएस और चुनाव आयोग ने राजद्रोह का काम किया है. न्याय होगा."

    गौरतलब है कि इन्वेस्टिगेटिव रिपोर्ट सामने आने के बाद कई विपक्षी दलों ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफ़े की मांग की है.

  16. वेटलिफ़्टर मीराबाई चनू ने एशियन गेम्स में जीता सिल्वर मेडल

    मीराबाई चनू

    इमेज स्रोत, Lars Baron/Getty Images

    इमेज कैप्शन, भारतीय वेटलिफ़्टर मीराबाई चनू (फ़ाइल फ़ोटो)

    भारतीय वेटलिफ़्टर मीराबाई चनू ने एशियन गेम्स 2026 में सिल्वर मेडल जीता है.

    उन्होंने महिलाओं की 49 किलोग्राम वेट कैटेगरी में कुल 198 किलोग्राम वज़न उठाकर दूसरा स्थान हासिल किया.

    मीराबाई ने स्नैच में 87 किलोग्राम और क्लीन एंड जर्क में 111 किलोग्राम वज़न उठाया. एशियन गेम्स में यह मीराबाई का पहला मेडल है. पिछले एशियन गेम्स में वे चौथे स्थान पर रही थीं.

    मीराबाई चनू ओलिंपिक गेम्स, कॉमनवेल्थ गेम्स और वर्ल्ड चैंपियनशिप में भी मेडल जीत चुकी हैं.

    कर्णम मल्लेश्वरी के बाद वे दूसरी भारतीय वेटलिफ़्टर हैं, जिन्होंने ओलिंपिक, एशियन गेम्स, कॉमनवेल्थ गेम्स, वर्ल्ड चैंपियनशिप, एशियन चैंपियनशिप और कॉमनवेल्थ चैंपियनशिप में मेडल जीता है.

    छोड़िए YouTube पोस्ट
    Google YouTube सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में Google YouTube से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले Google YouTube cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है. YouTube सामग्री में विज्ञापन हो सकते हैं.

    पोस्ट YouTube समाप्त

  17. अमेरिका से 'तीन घंटे' तक हुई बातचीत को लेकर ईरान ने क्या कहा

    इस्माइल बक़ाई

    इमेज स्रोत, Foad Ashtari/SOPA Images/LightRocket via Getty Images

    इमेज कैप्शन, ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बक़ाई ने बताया कि अमेरिकी पक्ष के साथ संपर्क क़तर के मध्यस्थ के ज़रिए हुआ था (फ़ाइल फ़ोटो)

    ईरान ने पुष्टि की है कि न्यूयॉर्क में चल रही संयुक्त राष्ट्र महासभा के इतर उसकी अमेरिकी प्रतिनिधियों से बैठक हुई है.

    ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बक़ाई ने बताया कि अमेरिकी पक्ष के साथ संपर्क क़तर के मध्यस्थ के ज़रिए हुआ था.

    इस्माइल बक़ाई ने कहा, "पिछले हफ़्ते ईरान ने होर्मुज़ स्ट्रेट, क्षेत्रीय सुरक्षा और कूटनीति को लेकर अपना रुख़ साफ़ कर दिया था. इसके बाद न्यूयॉर्क में ईरानी प्रतिनिधिमंडल ने अमेरिकी पक्ष तक अपनी मांग स्पष्ट रूप से रखी हैं."

    इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पत्रकारों से बातचीत में कहा था कि अमेरिकी अधिकारियों और ईरानी प्रतिनिधिमंडल के बीच करीब तीन घंटे तक 'बहुत अच्छी' बैठक हुई.

    हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया था कि यह बातचीत केवल मध्यस्थों के साथ हुई थी.

    इस बैठक से पहले डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को 'तबाह' करने की धमकी भी दी थी. उन्होंने संयुक्त राष्ट्र की महासभा में कहा अमेरिका के पास दो रास्ते हैं- ईरान के साथ समझौता करना या उसे खत्म कर देना.

  18. मध्यप्रदेश में व्यापारियों का 'नो यूपीआई डे', शुरैह नियाज़ी, बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लिए भोपाल से

    यूपीआई

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, व्यापारियों ने यह भी फैसला लिया है कि वो रुपये 2000 से अधिक का भुगतान आगे भी यूपीआई से नहीं लेंगे (सांकेतिक तस्वीर)

    मध्यप्रदेश में व्यापारियों ने बुधवार को 'नो यूपीआई डे' रखने का फ़ैसला किया है.

    प्रदेश के बड़े शहरों में शामिल भोपाल, इंदौर सहित पूरे प्रदेश में व्यापारियों ने यह फ़ैसला अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल मध्यप्रदेश के आह्वान पर किया है.

    व्यापारियों ने यह भी फैसला लिया है कि वो रुपये 2000 से अधिक का भुगतान आगे भी यूपीआई से नहीं लेंगे.

    अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश महासचिव अनुपम अग्रवाल का कहना है कि सरकार ने जो फ़ैसला किया है उसे किसी भी तरह से सही नहीं कहा जा सकता है.

    उन्होंने कहा, “यह फ़ैसला व्यापारियों पर भार डालने वाला है. इसमें सरकार अधिकतम 300 रुपये वसूलने की बात कर रही है. थोक व्यापार में कोई भी लेन-देन 2000 रुपये से कम का नहीं होता है. अगर व्यापारी हर लेन-देन पर टैक्स देने लगेगा तो उसे क्या फ़ायदा होगा.”

    उन्होंने कहा कि इस फ़ैसले को सरकार को फ़ौरन वापस लेना चाहिए.

    प्रदेश के सबसे बड़े व्यावसायिक शहर इंदौर में मंगलवार को व्यापारियों ने इसके ख़िलाफ़ प्रदर्शन किया और सरकार से यूपीआई पर चार्ज बंद करने की मांग की.

    गौरतलब है कि केंद्र सरकार 15 अक्तूबर से 2,000 रुपए से ज़्यादा के लेन-देन पर 0.4% एमडीआर लगाने जा रही है. इसके विरोध में प्रदेश के 4700 पेट्रोल पंपों ने भी निर्णय लिया है कि वो 16 अक्तूबर से 2 हज़ार से ज़्यादा का भुगतान यूपीआई से नहीं लेंगे.

  19. डोनाल्ड ट्रंप ने भारत-मध्य पूर्व और यूरोप आर्थिक कॉरिडोर के बारे में क्या कहा

    डोनाल्ड ट्रंप

    इमेज स्रोत, Chip Somodevilla/Getty Images

    इमेज कैप्शन, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ऊर्जा की सप्लाई के लिए ऐसे रास्ते तैयार करने की वकालत की, जिन पर ईरान का कंट्रोल न हो

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कमर्शियल जहाज़ों पर ईरान के हमलों के बाद मध्य पूर्व की ऊर्जा आपूर्ति के लिए वैकल्पिक रास्ते ज़रूरी हो गए हैं.

    ट्रंप ने यह बात न्यूयॉर्क में आयोजित संयुक्त राष्ट्र महासभा के वार्षिक सत्र से इतर गल्फ़ कोऑपरेशन काउंसिल और अरब नेताओं के साथ हुई एक बैठक के दौरान कही.

    उन्होंने ऊर्जा की सप्लाई के लिए ऐसे रास्ते तैयार करने की वकालत की, जिन पर ईरान का कंट्रोल न हो.

    ट्रंप ने कहा, "मेरा प्रशासन भारत-मध्य पूर्व-यूरोप आर्थिक गलियारे और तेल बाहर निकालने के दूसरे तरीक़ों का भी पूरी तरह समर्थन करता है, चाहे वह पाइपलाइन हो या कुछ और."

    उन्होंने कहा, "साथ मिलकर, हम उन चुनौतियों को दूर करने के क़रीब हैं, जिन्होंने दशकों से इस क्षेत्र को परेशान किया है."

    भारत-मध्य पूर्व-यूरोप आर्थिक गलियारा एक बड़ा इंफ़्रास्ट्रक्चर और कनेक्टिविटी प्रोजेक्ट है. इसका उद्देश्य भारत को मध्य पूर्व और यूरोप से जोड़ना है.

    इसकी घोषणा सितंबर 2023 में नई दिल्ली में हुए जी-20 शिखर सम्मेलन के दौरान की गई थी.

  20. एशियन गेम्स 2026: मनु भाकर मेडल से चूकीं, फ़ाइनल में 5वें स्थान पर रहीं

    मनु भाकर

    इमेज स्रोत, ALAIN JOCARD/AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, मनु भाकर ने क्वालिफ़िकेशन राउंड में 579 अंकों के साथ तीसरा स्थान हासिल किया (फ़ाइल फ़ोटो)

    भारत की स्टार शूटर मनु भाकर ने एशियन गेम्स 2026 में महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा के फ़ाइनल में 5वां स्थान हासिल किया. वह पदक जीतने से चूक गईं.

    मनु ने फ़ाइनल में 181.1 अंक हासिल किए.

    वहीं, इसी स्पर्धा के टीम इवेंट में भारतीय टीम मामूली अंतर से मेडल जीतने से चूक गई.

    क्वालिफ़िकेशन राउंड में मनु ने 579 अंकों के साथ तीसरा स्थान हासिल किया.

    क्वालिफ़िकेशन राउंड में मनु के अलावा कोई अन्य भारतीय निशानेबाज़ टॉप-8 में जगह नहीं बना सकी.

    ईशा सिंह 572 अंकों के साथ 15वें स्थान पर रहीं, जबकि सुरुचि इंदर सिंह ने 568 अंक हासिल कर 26वां स्थान प्राप्त किया. दोनों ही फ़ाइनल के लिए क्वालिफ़ाई नहीं कर सकीं.