लाइव, नेतन्याहू का दावा- फ़्लाइट हमलावर का 'इस्लामिक कट्टरपंथी विचारों के लिए ब्रेनवॉश' किए जाने के संकेत

नेतन्याहू ने फ़ॉक्स न्यूज़ से कहा कि यात्रियों और क्रू के हमलावर को काबू में करने और बांधने के बाद वह एयरक्रू से कह रहा था, "मुझे मार डालो, मुझे मार डालो."

वीडियो छोड़ें और जारी रखें
  • दुबई से तेल अवीव जा रहा विमान सऊदी अरब क्यों पहुंचा?
  • फ़्लाईदुबई की फ़्लाइट में सवार एक पैसेंजर की मां
  • इंडिया ब्लॉक की मीटिंग
  • सेफ़्टी पर क्या बोलीं दिल्ली की महिलाएं?
  • गुजरात के नवसारी ज़िले में सड़ुकों पर गुलाल
  • उज्जैन में शाही मस्जिद के ख़िलाफ़ कार्रवाई को लेकर बढ़ा तनाव
  • पंजाब: लवली प्रोफ़ेशनल यूनिवर्सिटी में फिर भड़की हिंसा
  • सिक्किम भूस्खलन
  • गोरखपुर में जलभराव पर बोले रवि किशन
  • यूएन में पाकिस्तान को लेकर क्या बोले एस जयशंकर?

लाइव कवरेज

रौनक भैड़ा, अरशद मिसाल

  1. अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. मुझे यानी बीबीसी संवाददाता अरशद मिसाल को दीजिए इजाज़त.

    कल सुबह एक नए लाइव पेज के साथ हम फिर हाज़िर होंगे. बीबीसी न्यूज़ हिन्दी की वेबसाइट पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  2. नेतन्याहू का दावा- फ़्लाइट हमलावर का 'इस्लामिक कट्टरपंथी विचारों के लिए ब्रेनवॉश' किए जाने के संकेत

    बिन्यामिन नेतन्याहू
    इमेज कैप्शन, फ़ॉक्स न्यूज़ से बात करते हुए नेतन्याहू ने यह भी कहा कि उन्हें "बहुत संभावना" लगती है कि हमलावर "विमान को गिराने वाला था"

    इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने कहा है कि जांच से संकेत मिलता है कि दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाइट को अपने कब्ज़े में लेने की कोशिश करने और अपने साथी पायलट पर चाकू से हमला करने वाले शख़्स का "इस्लामिक कट्टरपंथी विचारों के लिए ब्रेनवॉश" किया गया था.

    बुधवार को यात्रा शुरू होने के क़रीब दो घंटे बाद फ़्लाईदुबई के विमान में 17,000 फ़ीट (5,200 मीटर) से ज़्यादा की गिरावट आई. इसके बाद यात्रियों और क्रू ने हमलावर को काबू में कर लिया और विमान का नियंत्रण वापस ले लिया. विमान ने सुरक्षित लैंडिंग की.

    फ़ॉक्स न्यूज़ से बात करते हुए नेतन्याहू ने यह भी कहा कि उन्हें "बहुत संभावना" लगती है कि हमलावर, जिसे उन्होंने ओमान का नागरिक बताया, "विमान को गिराने वाला था."

    इस बीच, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) की सरकारी समाचार एजेंसी ने बताया है कि वहां जांच शुरू कर दी गई है. इसका मक़सद यह पता लगाना है कि "क्या यह घटना किसी आतंकवादी गतिविधि या मक़सद से जुड़ी थी."

    विमान के को-पायलट से फिलहाल सऊदी अरब में पूछताछ की जा रही है. विमान ने वहीं इमरजेंसी लैंडिंग की थी.

    हालांकि, यूएई के अधिकारियों का कहना है कि इस घटना पर अधिकार क्षेत्र उसका है, क्योंकि जिस विमान में हमला हुआ, वह यूएई में रजिस्टर्ड है और उसी के झंडे के तहत उड़ता है.

    नेतन्याहू ने फ़ॉक्स न्यूज़ से कहा कि यात्रियों और क्रू के हमलावर को काबू में करने और बांधने के बाद वह एयरक्रू से कह रहा था, "मुझे मार डालो, मुझे मार डालो."

    उन्होंने कहा, "इससे साफ़ है कि वह आत्मघाती था, इसमें कोई सवाल नहीं है."

    उन्होंने कहा, "और जब विमान में इतने सारे यात्री थे और इसे इस्लामिक रुझानों और उसके बैकग्राउंड में मिले कट्टरपंथी विचारों से जोड़कर देखें, तो मुझे लगता है कि. इससे हमें काफ़ी हद तक अंदाज़ा मिल सकता है. लेकिन मैं अभी कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं निकाल रहा हूं. फ़िलहाल हमारे पास यही संकेत हैं."

  3. आईसीसी मेंस वर्ल्ड कप 2027 का शेड्यूल जारी, जानिए भारत के मैच कब-कब हैं

    ब्रायन लारा
    इमेज कैप्शन, दक्षिण अफ्रीका आईसीसी मेंस क्रिकेट वर्ल्ड कप 2027 के शेड्यूल लॉन्च कार्यक्रम के दौरान पूर्व वेस्टइंडीज कप्तान ब्रायन लारा वर्ल्ड कप ट्रॉफ़ी के साथ

    इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) ने आईसीसी मेंस क्रिकेट वर्ल्ड कप 2027 का शेड्यूल जारी कर दिया है. टूर्नामेंट के मुक़ाबले दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में खेले जाएंगे.

    टूर्नामेंट की शुरुआत 2 अक्तूबर से होगी, जबकि 21 नवंबर को साउथ अफ़्रीका के जोहान्सबर्ग में फ़ाइनल मुकाबला खेला जाएगा.

    भारत अपना पहला मैच 7 अक्तूबर को ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ खेलेगा. इसके बाद टीम इंडिया 10 अक्तूबर को पाकिस्तान और 14 अक्तूबर को अफ़ग़ानिस्तान से भिड़ेगी.

    भारतीय टीम अपना चौथा मैच क्वालिफ़ायर ए (जिसका फैसला अभी होना बाकी है) के ख़िलाफ़ खेलेगी. वहीं, पांचवां मैच 24 अक्तूबर को जिम्बाब्वे के ख़िलाफ़ खेला जाएगा.

    टूर्नामेंट का पहला सेमीफ़ाइनल 17 नवंबर को, जबकि दूसरा सेमीफ़ाइनल 18 नवंबर को खेला जाएगा.

  4. एशियन गेम्स 2026: सेलिंग में सिल्वर मेडल, स्क्वॉश और कुश्ती में भी पदक की उम्मीदें

    मनु फ्रांसिस और प्रिंस नोबल कुरिसिंकल
    इमेज कैप्शन, सेलिंग में मनु फ्रांसिस और प्रिंस नोबल कुरिसिंकल की जोड़ी ने शानदार प्रदर्शन किया

    जापान के आइची नगोया में खेले जा रहे एशियन गेम्स के 12वें दिन भारत के खिलाड़ियों ने अच्छा प्रदर्शन करते हुए कई स्पर्धाओं में पदक अपने नाम किए हैं.

    सबसे बड़ी सफलता पुरुष हॉकी टीम ने हासिल की, रोमांचक मुकाबले में टीम ने पाकिस्तान को 4-3 से हराकर फ़ाइनल में जगह बना ली.

    इस जीत के साथ भारत ने कम से कम सिल्वर मेडल पक्का कर लिया है और अब उसकी नज़र गोल्ड मेडल पर है.

    गुरुवार को नौकायन (सेलिंग) में मनु फ्रांसिस और प्रिंस नोबल कुरिसिंकल की जोड़ी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पुरुष स्किफ रेस में सिल्वर मेडल हासिल किया.

    वहीं महिला स्क्वॉश टीम ने ब्रॉन्ज़ मेडल जीतकर भारत की झोली में एक और मेडल डाला.

    तीरंदाजी में गणेश मणिरत्नम ने पुरुष व्यक्तिगत कंपाउंड स्पर्धा में ब्रॉन्ज़ मेडल जीतकर भारत के अभियान का शानदार समापन किया.

    उनके इस प्रदर्शन ने तीरंदाज़ी में भारत की उपलब्धियों में एक और मेडल जोड़ दिया.

    स्क्वॉश में भारतीय पुरुष टीम के सामने सेमीफ़ाइनल में मलेशिया है और टीम फ़ाइनल में पहुंचने की कोशिश में जुटी है.

  5. सीजेपी प्रवक्ता सौरव दास ने मुंबई में होने वाले प्रदर्शन को लेकर क्या कहा?

    सौरव दास
    इमेज कैप्शन, सौरव दास ने बताया कि उनका मक़सद एसआईआर को लेकर पूरे देश में जागरूकता फैलाना है (फ़ाइल फ़ोटो)

    कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रवक्ता सौरव दास ने कहा कि कल यानी शुक्रवार को वह मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफ़े की मांग को लेकर मुंबई में प्रदर्शन करेंगे.

    उन्होंने कहा कि इसके बाद सीजेपी दिल्ली के जंतर-मंतर के साथ पूरे देश में जाएगी.

    सौरव दास ने बताया कि उनका मक़सद एसआईआर को लेकर पूरे देश में जागरूकता फैलाना है.

    एक पत्रकार ने सौरव दास से पूछा कि चुनाव आयोग के दफ़्तर तक इंडिया ब्लॉक का भी मार्च होने वाला है. क्या सीजेपी इसमें शामिल होगी?

    इस पर उन्होंने सीधा जवाब नहीं दिया, लेकिन कहा कि इस मुद्दे पर सबको मिलकर प्रयास करना चाहिए.

    उन्होंने कहा, "दुर्भाग्यपूर्ण बात यह है कि पिछले 12-13 वर्षों में देश में एक ऐसा तबका सामने आया है, जिसे लगता है कि पूरे देश का ठेका सिर्फ़ उनके पास है. देश और लोकतंत्र ऐसे नहीं चल सकता."

    उन्होंने कहा कि इस देश पर सभी देशवासियों का अधिकार है और अगर इसे बदलना है, तो सबको मिलकर प्रयास करना होगा.

    सौरव दास ने प्रदर्शन की अनुमति के मुद्दे पर कहा कि यह बेतुकी बात है. कल 2 अक्तूबर यानी गांधी जयंती है.

    उन्होंने कहा, "ज़रा सोचिए, अगर महात्मा गांधी अंग्रेज़ों के पास जाकर कहते कि उन्हें दांडी मार्च के लिए दो घंटे की अनुमति चाहिए, तो क्या होता?"

    उन्होंने कहा कि सरकार नहीं चाहती कि प्रदर्शन हो. इसलिए परमिशन जैसी बेतुकी अवधारणा लोगों के दिमाग़ में डाली गई है.

    कल यानी 2 अक्तूबर से सीजेपी मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के ख़िलाफ़ प्रदर्शन शुरू करने वाली है.

    चुनाव आयोग के कामकाज को लेकर इंडियन एक्सप्रेस की एक खोजी रिपोर्ट सामने आने के बाद विपक्षी दलों और कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने ज्ञानेश कुमार के इस्तीफ़े की मांग की थी.

    इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट में दावा किया गया था कि चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने पिछले दस महीनों में आयोग द्वारा लिए गए फ़ैसलों पर 14 बार आपत्ति दर्ज कराई थी.

  6. महाराष्ट्र: रायगढ़ के दिवेआगर बीच पर बड़ा हादसा, 8 छात्रों की डूबने से मौत

    दीवागर बीच
    इमेज कैप्शन, महाराष्ट्र के रायगढ़ स्थित दिवेआगर बीच (फ़ाइल फ़ोटो)

    महाराष्ट्र के रायगढ़ ज़िले के दिवेआगर समुद्र तट पर एक हादसे में 8 छात्रों की डूबने से मौत हो गई.

    पुलिस अधीक्षक(एसपी) कार्यालय के मुताबिक, पुणे के आलंदी स्थित विनर्स अकादमी के 48 छात्र और शिक्षक पिकनिक और एजुकेशनल टूर के लिए दिवेआगर बीच पहुंचे थे.

    न्यूज़ एजेंसी एएनआई के मुताबिक ग्रुप में 25 लड़के, 17 लड़कियां और 6 शिक्षक शामिल थे. सभी लोग दिघी और दिवेआगर बीच क्षेत्र में घूमने आए थे. इसी दौरान कुछ छात्र समुद्र में उतर गए और हादसे का शिकार हो गए.

    एसपी कार्यालय ने बताया कि घटना में 8 छात्रों की मौत हो गई है. बचाव और राहत अभियान चलाया गया और दूसरे छात्रों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया.

    प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है. हादसे की वजहों और परिस्थितियों का पता लगाया जा रहा है. पुलिस और स्थानीय प्रशासन आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटे हुए हैं.

  7. पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष पद छोड़ने की ख़बरों के बीच क्या बोले राजा वडिंग

    राजा वड़िंग
    इमेज कैप्शन, कांग्रेस नेता अमरिंदर सिंह राजा वडिंग (फ़ाइल फ़ोटो)

    पंजाब कांग्रेस नेता अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने कहा कि वह दिल्ली जा रहे हैं और जल्द ही प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद छोड़ने को लेकर विस्तार से अपनी बात रखेंगे.

    राजा वडिंग ने कहा, "मैं अभी दिल्ली के लिए रवाना हो रहा हूं. मैं निश्चित रूप से आप सभी के साथ बैठकर बात करूंगा और आपके सभी सवालों के जवाब दूंगा. मुझे लगता है कि कल तक इन मुद्दों को लेकर मेरे पास ज्यादा स्पष्टता होगी."

    उन्होंने आगे कहा, "इसके बाद मैं आपको पूरी बात ठीक से समझा सकूंगा और आपके माध्यम से पंजाब के लोगों तक भी अपनी बात पहुंचा सकूंगा."

    उन्होंने कहा कि दिल्ली में बैठकों के बाद स्थिति और फैसले को लेकर तस्वीर अधिक स्पष्ट होगी, जिसके बाद वह मीडिया और जनता के सामने अपना पक्ष रखेंगे.

    इस बीच, राजा वडिंग ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स प्रोफाइल में भी बदलाव किया है. उन्होंने अपने बायो में "प्रेसिडेंट, पंजाब कांग्रेस" की जगह "फ़ार्मर प्रेसिडेंट, पंजाब कांग्रेस" लिख दिया है. पंजाब कांग्रेस में नेतृत्व परिवर्तन के फैसले के बाद पार्टी की सियासत को लेकर चर्चाएं तेज़ हैं.

    हालांकि राजा वडिंग ने फिलहाल किसी तरह की नाराजगी या असहमति खुलकर जाहिर नहीं की है और कहा है कि वह जल्द ही इस विषय पर विस्तार से बात करेंगे.

  8. उत्तर प्रदेश: महिला को प्रसव के लिए अस्पताल में नहीं मिला इलाज, जातिगत भेदभाव का आरोप, गौरव गुलमोहर, बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लिए

    महाराजा चेतसिंह ज़िला अस्पताल
    इमेज कैप्शन, परिवार का आरोप है कि भेदभाव की वजह से महिला को इलाज देने से इनकार किया गया

    उत्तर प्रदेश के भदोही में एक महिला के परिवार वालों ने आरोप लगाया है कि जातिगत भेदभाव की वजह से उसे प्रसव के लिए अस्पताल में भर्ती नहीं किया गया है. इस मामले में स्वास्थ्य विभाग ने कार्रवाई की है.

    20 वर्षीय इस महिला को भदोही के महाराजा चेतसिंह ज़िला अस्पताल में प्रसव के लिए भर्ती नहीं किए जाने का आरोप है.

    परिवार का आरोप है कि दलित होने की वजह से उन्हें इलाज देने से इनकार किया गया.

    महिला की मां ने बीबीसी न्यूज़ हिन्दी को बताया, "मैं अपनी बेटी को अस्पताल में मंगलवार रात करीब दस बजे लेकर आई थी. मैंने बोला, मैडम बच्चा होने वाला है, चेक कर लो. तो मैडम बोलीं, हम लोग वनवासी लोगों की डिलीवरी नहीं करवाते हैं. हम वनवासी लोगों को हाथ नहीं लगाते हैं."

    वो बताती हैं, "हमें अस्पताल से बाहर निकाल दिया गया. मैं बाज़ार से होते हुए बेटी को लेकर जा रही थी. सड़क किनारे बेटी को बच्चा हो गया."

    उनके अनुसार, ज्ञानपुर में सड़क किनारे प्रसव होने के बाद जब हंगामा शुरू हुआ, तब प्रशासन ने आनन-फानन में उनकी बेटी को अस्पताल में भर्ती किया.

    वहीं महिला ने बीबीसी हिन्दी को बताया, "हम अस्पताल में आए तो मैडम ने बोला, हम तुम्हारी डिलीवरी नहीं कराएंगे. बीएचयू जाकर डिलीवरी कराओ."

    मामले की जांच के लिए गठित समिति की रिपोर्ट के आधार पर ड्यूटी पर तैनात संविदा चिकित्सक डॉ. पंकज कुमार की सेवा समाप्त कर दी गई है. स्टाफ नर्स नीलम मौर्या का तबादला कर दिया गया है.

    भदोही के मुख्य चिकित्सा अधिकारी संतोष चक ने मीडिया को बताया, "मामले की जांच के बाद इमरजेंसी में तैनात चिकित्सक की सेवा समाप्त करने का निर्णय लिया गया है. वहीं, स्त्री रोग विशेषज्ञ का वेतन रोकते हुए स्टाफ नर्स का स्थानांतरण किया गया है. इसके अलावा लापरवाही के लिए ज़िला अस्पताल के सीएमएस और संबंधित महिला चिकित्सक के विरुद्ध कार्रवाई के लिए शासन को पत्र भेजा गया है."

  9. कई आदिवासी बच्चों की मौत के बाद एमपी के बालाघाट पहुंचे राहुल गांधी, क्या कहा?

    राहुल गांधी
    इमेज कैप्शन, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने गुरुवार को बालाघाट के जगला गांव में उन आदिवासी परिवारों से मुलाक़ात की, जिन्होंने कुपोषण, मलेरिया और खसरे जैसी गंभीर बीमारियों के कारण 30 से ज़्यादा बच्चों को खो दिया है

    लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी गुरुवार को मध्य प्रदेश के बालाघाट पहुंचे.

    राहुल गांधी का यह दौरा बालाघाट के आदिवासी बहुल इलाकों में 30 से अधिक आदिवासी बच्चों की मौत की खबरों के बाद हुआ है. हालांकि, मृतकों की सटीक संख्या और उनकी मौत की वजहों को लेकर सरकारी स्तर पर अलग-अलग आकलन सामने आए हैं.

    उन्होंने जगला गांव में उन परिवारों से भी मुलाक़ात की जिन्होंने अपने बच्चों को खोया है.

    उन्होंने आरोप लगाया कि आदिवासी समुदायों को स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार जैसी बुनियादी सुविधाओं की कमी का सामना करना पड़ रहा है.

    उन्होंने मध्य प्रदेश सरकार पर अपनी ज़िम्मेदारियां निभाने में विफल रहने का भी आरोप लगाया.

    राहुल गांधी ने कहा कि इलाक़े में बीमारी और कुपोषण के कारण कई बच्चों की मौत हो चुकी है. उन्होंने आरोप लगाया कि स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में सरकारी सहायता वहां पूरी तरह नदारद है.

    कांग्रेस नेता ने कहा, "आदिवासी समुदाय लंबे समय से बुनियादी सुविधाओं के अभाव में जीवन गुजारने को मज़बूर हैं, लेकिन राज्य सरकार उनकी समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कदम नहीं उठा रही है."

    उन्होंने दावा किया कि क्षेत्र में विकास और कल्याण योजनाओं का लाभ लोगों तक प्रभावी ढंग से नहीं पहुंच रहा है.

    राहुल गांधी ने आदिवासी इलाक़ों में स्वास्थ्य सेवाओं को मज़बूत करने, शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने और युवाओं के लिए रोजगार के साधन बढ़ाने की आवश्यकता पर ज़ोर दिया.

    उन्होंने कहा कि आदिवासी समुदायों की समस्याओं का समाधान सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए.

  10. फ्लाईदुबई विमान हमले की 'आतंकवादी एंगल' से भी जांच करेगा यूएई

    फ़्लाईदुबई
    इमेज कैप्शन, यूएई के विदेश मंत्रालय ने कहा है कि इस मामले की गहन जांच के लिए विशेष जांच दल का गठन किया गया है (फ़ाइल फ़ोटो)

    दुबई से तेल अवीव जा रहे फ्लाईदुबई के विमान में हुई घटना के बाद संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) ने जांच शुरू करने का ऐलान किया है.

    यूएई के विदेश मंत्रालय ने कहा है कि मामले की गहन जांच के लिए एक विशेष जांच टीम बनाई गई है.

    विदेश मंत्रालय के बयान के मुताबिक़, यूएई के अटॉर्नी जनरल डॉ. हमद अल शम्सी ने लोक अभियोजन विभाग के विशेषज्ञ अधिकारियों की एक टीम बनाने का निर्देश दिया है.

    यह फ़ैसला फ्लाईदुबई की उस जानकारी के बाद लिया गया, जिसमें कहा गया था कि विमान के कॉकपिट में विवाद हुआ था. स्थिति को काबू में करने के लिए विमान में मौजूद फ्लाईदुबई के क्रू सदस्यों ने हस्तक्षेप किया और विमान को सुरक्षित किया.

    मंत्रालय ने कहा कि विमान यूएई में रजिस्टर्ड है और यूएई का झंडा लेकर उड़ रहा था. ऐसे में लागू क़ानूनों के तहत इस घटना की जांच का अधिकार यूएई की न्यायिक संस्थाओं के पास है. यूएई के क़ानून के मुताबिक़, विमान के अंदर होने वाले अपराधों पर यूएई का अधिकार क्षेत्र लागू होता है, भले ही घटना देश की सीमा के बाहर हुई हो.

    विदेश मंत्रालय ने बताया कि जांच में घटना से जुड़े सभी पहलुओं और इसके संभावित कारणों की पड़ताल की जाएगी. यह भी जांच की जाएगी कि घटना का किसी आतंकवादी गतिविधि या मंशा से कोई संबंध था या नहीं और क्या इसके पीछे किसी तरह की पहले से योजना या निर्देश थे.

    यूएई ने इस मामले में सहयोग और स्थिति को संभालने के लिए सऊदी अरब के अधिकारियों का भी आभार जताया है.

    मंत्रालय ने लोगों से अपील की है कि वे सिर्फ़ आधिकारिक स्रोतों से जारी जानकारी पर भरोसा करें और जांच पूरी होने तक किसी तरह की अटकलें शेयर करने से बचें.

  11. अभिजीत दीपके ने कहा, 'ज्ञानेश कुमार पर क्रिमिनल केस दर्ज हो, एसआईआर को रोका जाए'

    अभिजीत दीपके
    इमेज कैप्शन, सीजेपी के संस्थापक दीपके ने कहा कि प्रदर्शन तब तक जारी रहेगा, जब तक ज्ञानेश कुमार अपने पद से इस्तीफ़ा नहीं दे देते

    कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने गुरुवार को मुंबई में प्रेस कॉन्फ़्रेंस कर कहा कि उनकी पार्टी 2 अक्तूबर को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफ़े की मांग को लेकर देशव्यापी आंदोलन करेगी.

    अभिजीत दीपके ने कहा, "हम कल मुंबई में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफ़े की मांग को लेकर अपना विरोध प्रदर्शन शुरू करेंगे."

    उन्होंने कहा कि प्रदर्शनकारियों की प्रमुख मांगों में ज्ञानेश कुमार के ख़िलाफ़ आपराधिक मामला दर्ज करना, विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया पर रोक लगाना, 2025 की मतदाता सूची के आधार पर चुनाव कराना और नए मुख्य चुनाव आयुक्त की नियुक्ति के लिए एक स्वतंत्र संस्था का गठन करना शामिल है.

    दीपके ने आरोप लगाया कि मौजूदा चुनावी प्रक्रिया को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं और इन मुद्दों के समाधान के लिए सीईसी का पद छोड़ना ज़रूरी है.

    उन्होंने कहा कि प्रदर्शन तब तक जारी रहेगा, जब तक ज्ञानेश कुमार अपने पद से इस्तीफ़ा नहीं दे देते.

    उन्होंने कहा, "हमारी मांग है कि एसआईआर प्रक्रिया को तुरंत रोका जाए, चुनाव 2025 की मतदाता सूची के आधार पर कराए जाएं और नए मुख्य चुनाव आयुक्त का चयन किसी स्वतंत्र संस्था द्वारा किया जाए."

    मुंबई में प्रस्तावित यह प्रदर्शन चुनाव आयोग और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर चल रही राजनीतिक बहस के बीच होने जा रहा है.

  12. कार्टून: पहले मुझे दो

    आज का कार्टून
    इमेज कैप्शन, एसआईआर में मतदाताओं के नाम कटने पर आज का कार्टून
  13. फ़्लाईदुबई विमान हमला: भारतीय पायलट स्मित मच्छर को मिलेगा 'विशिष्ट गुजरात गरिमा अवॉर्ड'

    कैप्टन स्मित मच्छर
    इमेज कैप्शन, भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छर (फ़ाइल फ़ोटो)

    इसराइल जा रही फ्लाइट में हमले के दौरान यात्रियों की जान बचाने वाले भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छर के साहस की गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने सराहना की है.

    मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि आज पूरी दुनिया कैप्टन मच्छर के साहस को सलाम कर रही है.

    मुख्यमंत्री ने कहा, "हमले में गंभीर रूप से घायल होने और लहूलुहान होने के बावजूद कैप्टन स्मित मच्छर ने अदम्य साहस का परिचय दिया और 174 यात्रियों की जान बचाई."

    उन्होंने कहा कि यह बेहद प्रेरणादायक और सराहनीय कार्य है.

    मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि गुजरात के इस वीर सपूत ने अपने शौर्य से न केवल राज्य बल्कि पूरे देश का नाम दुनिया भर में रोशन किया है. उन्होंने कहा कि कैप्टन मच्छर की बहादुरी पर सभी गुजरातवासियों को गर्व है.

    मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि कैप्टन स्मित मच्छर के असाधारण साहस और मानवता की भावना का सम्मान करते हुए गुजरात सरकार उन्हें 'विशिष्ट गुजरात गरिमा अवॉर्ड' से सम्मानित करेगी.

    उन्होंने यह भी कहा कि पूरा गुजरात कैप्टन मच्छर के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहा है.

  14. जम्मू-कश्मीर: डोडा में मेडिकल इंटर्न्स का आरोप, डॉक्टर ने बुर्का हटाने का दबाव बनाया, जहांगीर अली, बीबीसी संवाददाता

    डोडा सरकारी मेडिकल कॉलेज
    इमेज कैप्शन, डोडा सरकारी मेडिकल कॉलेज (फ़ाइल फ़ोटो)

    जम्मू-कश्मीर के डोडा ज़िले में एक वरिष्ठ महिला डॉक्टर पर कुछ मेडिकल इंटर्न्स ने परेशान करने का आरोप लगाया है. मामले की जांच के लिए एक समिति बनाई गई है.

    डोडा सरकारी मेडिकल कॉलेज (जीएमसी) के स्त्री रोग विभाग की प्रमुख डॉ. मधु चिब पर आरोप है कि उन्होंने बुर्का पहनने वाली कुछ मुस्लिम छात्राओं को कॉलेज अस्पताल के लेबर रूम में जाने से रोक दिया.

    जीएमसी डोडा के डिप्टी मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. इरफान तसद्दुक ने बताया कि आरोपों की जांच के लिए कॉलेज के फिजियोलॉजी विभाग की प्रमुख डॉ. गरिमा चरक की अध्यक्षता में एक समिति बनाई गई है.

    उन्होंने कहा कि समिति दो दिनों के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपेगी. रिपोर्ट मिलने के बाद उसकी सिफारिशों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

    घटना के बाद बुधवार को कॉलेज परिसर में छात्रों ने डॉ. चिब के ख़िलाफ़ प्रदर्शन किया. बीबीसी द्वारा सत्यापित एक वीडियो में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं नारेबाज़ी करते दिखाई दे रहे हैं.

    एक छात्रा ने मीडिया से कहा, "कौन-सी शिक्षा व्यवस्था छात्रों को बुर्का पहनने से रोकती है? जब हमें उनकी वेशभूषा से कोई समस्या नहीं है, तो उन्हें बुर्के से आपत्ति क्यों है? मैं बुर्का हटाने के बजाय पढ़ाई छोड़ना पसंद करूंगी."

    बढ़ते विरोध के बीच स्थानीय पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा. पुलिस ने छात्रों को समझाकर शांत कराया, जिसके बाद प्रदर्शन ख़त्म हो गया.

    छात्राओं के एक समूह ने मेडिकल सुपरिंटेंडेंट को लिखित शिकायत में आरोप लगाया कि डॉ. चिब उन्हें बुर्का पहनने की वजह से परेशान कर रही थीं.

    शिकायत में छात्राओं ने कहा, "बुर्का पहनने के मेरे फ़ैसले को लेकर मेरे साथ अनुचित व्यवहार किया गया, टिप्पणियां की गईं और बार-बार सवाल पूछे गए. मैं इस मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करती हूं."

    डोडा के विधायक और जम्मू-कश्मीर आम आदमी पार्टी के अध्यक्ष मेहराज मलिक ने भी इस मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है.

  15. फ़्लाईदुबई विमान हमला: इसराइल के पीएम नेतन्याहू ने ईरान के बारे में क्या कहा?, हेनरी मूर और हेलेन सुलिवन

    बिन्यामिन नेतन्याहू
    इमेज कैप्शन, इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू (फ़ाइल फ़ोटो)

    इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने कहा है कि दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान में हुए हमले के पीछे ईरान का हाथ है या नहीं, इस बारे में अभी कुछ कहना जल्दबाज़ी होगी.

    बुधवार को हुई इस घटना में एक पायलट ने दूसरे पायलट पर एक धारदार चीज़ से हमला कर दिया और विमान का नियंत्रण अपने हाथ में लेने की कोशिश की. इस दौरान विमान अपनी निर्धारित ऊंचाई से 17 हज़ार फीट से अधिक नीचे आ गया. हालांकि यात्रियों और क्रू सदस्यों ने मिलकर हमलावर को काबू कर लिया, जिसके बाद विमान सुरक्षित रूप से उतार लिया गया.

    हमले में घायल भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छर का अस्पताल में इलाज चल रहा है. उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है. प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने उन्हें "सच्चा हीरो" बताया है.

    विमान में मौजूद एक यात्री यानिव हायून ने बताया कि हमलावर विमान को नुक़सान पहुंचाने की कोशिश कर रहा था. उन्होंने उसे पीछे से पकड़कर काबू किया, जिसके बाद दूसरे यात्रियों ने भी मदद की और उसे दबोच लिया.

    हमलावर को सऊदी अरब में गिरफ्तार किया गया है. नेतन्याहू ने फॉक्स न्यूज से कहा कि आगे की जांच के लिए हमलावर को संयुक्त अरब अमीरात भेजे जाने की संभावना है, क्योंकि विमान ने वहीं से उड़ान भरी थी.

    जब उनसे पूछा गया कि क्या अब तक ईरान की संलिप्तता के कोई संकेत मिले हैं, तो उन्होंने कहा, "अभी ऐसा कहना बहुत जल्दी होगा."

    उन्होंने यह भी बताया कि अभियुक्त से सऊदी अरब में पूछताछ की जा रही है.

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि इस घटना के बाद उनकी नेतन्याहू से बात हुई. ट्रंप के मुताबिक शुरुआती तौर पर ऐसा लगता है कि हमलावर "शायद एक आतंकवादी" था, हालांकि हमले के पीछे अन्य कारण भी हो सकते हैं.

    वहीं, इसराइल के रक्षा मंत्री इसराइल काट्ज़ ने इस घटना को "जिहादी आतंकवादी हमले की कोशिश" बताया है. हालांकि उन्होंने इस संबंध में कोई अधिक जानकारी नहीं दी.

  16. एशियन गेम्स: हॉकी सेमीफ़ाइनल में भारत ने पाकिस्तान को हराया

    हरमनप्रीत सिंह
    इमेज कैप्शन, भारतीय हॉकी टीम के कप्तान हरमनप्रीत सिंह ( फ़ाइल फ़ोटो)

    जापान के आइची-नगोया में खेले जा रहे एशियन गेम्स के हॉकी सेमीफ़ाइनल में भारत ने पाकिस्तान को 4-3 से हराकर फ़ाइनल में जगह बना ली है.

    मैच की शुरुआत में भारत 3-0 से आगे था. इसके बाद पाकिस्तान ने शानदार वापसी करते हुए स्कोर 3-3 से बराबर कर लिया.

    भारतीय कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने पांचवें और 13वें मिनट में गोल दागे. सुखजीत सिंह ने 23वें मिनट में भारत के लिए तीसरा गोल किया. वहीं, अभिषेक ने मैच के 60वें मिनट में चौथा गोल कर भारत को रोमांचक जीत दिलाई.

    पाकिस्तान की ओर से अबू महमूद ने 30वें मिनट में पहला गोल किया. इसके बाद हन्नान शाहिद ने 45वें मिनट में दूसरा गोल दागा, जबकि वहीद अशरफ राणा ने 49वें मिनट में तीसरा गोल कर स्कोर 3-3 से बराबर कर दिया.

    इस जीत के साथ भारत एशियन गेम्स के फ़ाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली.

  17. अभी तक बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ाआप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब बीबीसी संवाददाता अरशद मिसाल रात दस बजे तक आप तक ख़बरें पहुंचाएंगी.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को आप नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक कर विस्तार से पढ़ सकते हैं.

  18. भारतीय राजदूत ने दुबई में कैप्टन स्मित मच्छर के परिवार से की मुलाक़ात

    स्मित मच्छर
    इमेज कैप्शन, भारत के राजदूत दीपक मित्तल दुबई में कैप्टन स्मित मच्छर के परिवार से मिले (फ़ाइल फ़ोटो: स्मित मच्छर)

    संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में भारत के राजदूत दीपक मित्तल ने दुबई में कैप्टन स्मित मच्छर के परिवार से मुलाक़ात की.

    इस दौरान उन्होंने भारत सरकार की ओर से कैप्टन स्मित के बेहतर स्वास्थ्य के लिए हरसंभव सहायता और सहयोग का भरोसा दिलाया.

    दीपक मित्तल ने एक्स पर लिखा, "हमें कैप्टन स्मित की बहादुरी पर गर्व है. उन्होंने कई लोगों की जान बचाई और एक बड़ी त्रासदी को टाल दिया. अभी उनके परिवार से मिला और उन्हें बधाई दी. भारत सरकार की ओर से इस हीरो के इलाज और अच्छे भविष्य को सुनिश्चित करने के लिए पूरा समर्थन दिया."

    भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने भी दीपक मित्तल के पोस्ट को शेयर किया है.

    इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी स्मित के परिवार से बात की थी. पीएम मोदी ने स्मित को एक्स पोस्ट में 'हीरो' भी बताया था.

  19. बैंकों में हर शनिवार छुट्टी का दावा फर्ज़ी, सरकार ने किया खंडन

    बैंक
    इमेज कैप्शन, पीआईबी ने लोगों से इस तरह की भ्रामक सूचनाओं से सावधान रहने की अपील की है (फ़ाइल फ़ोटो)

    सरकार ने सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे उस दावे को फर्ज़ी बताया है, जिसमें कहा जा रहा है कि सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों के लिए हर शनिवार को सार्वजनिक अवकाश घोषित कर दिया है.

    प्रेस इंफॉर्मेशन ब्यूरो (पीआईबी) ने स्पष्ट किया कि वित्त मंत्रालय के वित्तीय सेवा विभाग की ओर ऐसा कोई नोटिफ़िकेशन जारी नहीं किया गया है.

    पीआईबी ने लोगों से इस तरह की भ्रामक सूचनाओं से सावधान रहने की अपील की है.

    दरअसल, यूनाइटेड फोरम ऑफ़ बैंक यूनियंस (यूएफ़बीयू) की मांग थी कि बैंक कर्मियों को हर सप्ताह शनिवार और रविवार का अवकाश दिया जाए.

    इस मांग के अलावा कुछ और मांगों को लेकर यूएफ़बीयू ने हड़ताल का एलान भी किया था. हालांकि, बाद में इसे स्थगित कर दिया था.

    इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (आईबीए) ने मांगों पर विचार करने के लिए एक उच्च-स्तरीय समिति का गठन करने की बात कही थी.

  20. एशियन गेम्स 2026: भारत की क्रिकेट टीम ने श्रीलंका को हराया, फ़ाइनल में पाकिस्तान से मुक़ाबला

    ईशान किशन
    इमेज कैप्शन, भारत की ओर से ईशान किशन ने नाबाद 80 रन की पारी खेली (फ़ाइल फ़ोटो)

    एशियन गेम्स 2026 के मेंस क्रिकेट कंप्टीशन के सेमीफ़ाइनल मैच में भारत ने जीत दर्ज की है. श्रीलंका को 124 रन से हराकर भारत ने गोल्ड मेडल मैच में जगह बनाई है.

    भारत ने गुरवार को टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट पर 169 रन बनाए थे. जवाब में श्रीलंका की टीम 9.5 ओवर में 45 रन पर ऑलआउट हो गई.

    भारत के लिए ईशान किशन ने नाबाद 80 रन की पारी खेली. वैभव सूर्यवंशी ने भी 21 गेंदों पर 38 रन बनाए.

    गेंदबाजी में जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल और अभिषेक शर्मा ने 2-2 विकेट लिए. वहीं, श्रीलंका के 6 बल्लेबाज खाता नहीं खोल सके.

    दूसरी ओर, पाकिस्तान ने पहले सेमीफाइनल में बांग्लादेश को 6 विकेट से हराया. यानी फ़ाइनल में अब भारत का सामना पाकिस्तान से होगा.