राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के संदेश पर यूक्रेन के राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की ने जताया आभार

इमेज स्रोत, Tetiana DZHAFAROVA / AFP via Getty Images
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु की ओर से यूक्रेन के स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भेजे गए संदेश के लिए आभार जताया है.
ज़ेलेंस्की ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि उन्हें भारत की राष्ट्रपति की ओर से यूक्रेन के लोगों के लिए शुभकामनाएं पाकर खुशी हुई.
उन्होंने शांति की कामना के लिए राष्ट्रपति मुर्मु को धन्यवाद दिया.
ज़ेलेंस्की ने एक्स पर लिखा, "हम अपनी स्वतंत्रता की बहाली की 35वीं वर्षगांठ मना रहे हैं और रूस के युद्ध का सम्मानजनक अंत यूक्रेन के लाखों लोगों का सबसे बड़ा सपना है. पूरी दुनिया मिलकर इस दिशा में आगे बढ़ने का रास्ता बनाने में मदद करे."
उन्होंने कहा, "मैं भारत के साथ आपसी फ़ायदे वाली बातचीत और संबंधों को आगे बढ़ाने की यूक्रेन की प्रतिबद्धता को भी दोहराता हूं."
ज़ेलेंस्की का यह बयान ऐसे समय आया है जब यूक्रेन लगातार रूस के साथ युद्ध को समाप्त करने और शांति की दिशा में अंतरराष्ट्रीय समर्थन जुटाने की कोशिश कर रहा है.



