लाइव, उज्जैन में शाही मस्जिद के हिस्से को हटाने की कार्रवाई का विरोध, पुलिस ने छोड़े आंसू गैस के गोले

मध्य प्रदेश के उज्जैन में शाही मस्जिद के हिस्से को हटाने की कार्रवाई के दौरान सोमवार को छतरी चौक इलाके में तनाव बढ़ गया.

वीडियो छोड़ें और जारी रखें
  • गोरखपुर में जलभराव पर बोले रवि किशन
  • यूएन में पाकिस्तान को लेकर क्या बोले एस जयशंकर?
  • अमेरिका पहुंचे शी जिनपिंग
  • मोटरसाइकिल चलाती ईरानी महिलाएं
  • चुटकियों में रुबिक क्यूब सॉल्व करने वाली 6 साल की बच्ची
  • 11 सितंबर, 2026 को प्रोटेस्ट करते बैंक कर्मचारी
  • ज़ोहरान ममदानी ट्रंप के सामने उनके मीडिया बैन पर बोले

लाइव कवरेज

रौनक भैड़ा

  1. दिल्ली में जन सुराज के विस्तार से जुड़े सवाल पर क्या बोले प्रशांत किशोर?

    प्रशांत किशोर
    इमेज कैप्शन, जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने मीडिया से बातचीत में स्थिति स्पष्ट की (फ़ाइल फ़ोटो)

    जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने रविवार को दिल्ली में पार्टी की एक बैठक की, जिसके बाद उन्होंने बताया कि फ़िलहाल पार्टी के विस्तार पर फ़ैसला नहीं हुआ है.

    दरअसल, पहले कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में यह दावा किया गया था कि प्रशांत किशोर दिल्ली में अपनी पार्टी का विस्तार कर सकते हैं. हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया है कि संसाधनों के आकलन में ही कम से कम छह महीने का समय लग जाएगा.

    प्रशांत किशोर ने मीडिया से बातचीत में कहा, "मैं यहां इसलिए आया हूं क्योंकि दिल्ली में जन सुराज से जुड़े लोग मुझसे मिलने के लिए कह रहे थे. हम इस बात पर चर्चा कर रहे हैं कि जन सुराज के विचार से जुड़े लोगों को कैसे संगठित किया जाए और उनकी क्या उम्मीदें हैं. हमने उन्हें दिल्ली में एनआरबी (नॉन रेज़िडेंट बिहारीज़) यूनिट के तहत संगठित किया है, जिसमें दूसरे राज्यों के लोग भी शामिल हैं."

    उन्होंने रविवार रात को कहा, "आज दिल्ली में जन सुराज को एक पार्टी के रूप में विस्तार देने का कोई फ़ैसला नहीं हुआ है. इस तरह का कोई भी फ़ैसला लेने से पहले हम लोगों से चर्चा करेंगे. दिल्ली के लिए एक योजना तैयार करने और इसके लिए लगने वाले समय और संसाधनों का आकलन करने में कम से कम छह महीने का समय लेंगे."

    गौरतलब है कि हाल ही में प्रशांत किशोर ने बिहार के बांकीपुर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में जीत दर्ज की थी.

  2. उज्जैन में शाही मस्जिद के हिस्से को हटाने की कार्रवाई का विरोध, पुलिस ने छोड़े आंसू गैस के गोले, विष्णुकांत तिवारी, बीबीसी संवाददाता

    उज्जैन
    इमेज कैप्शन, पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस के गोलों का इस्तेमाल किया है

    मध्य प्रदेश के उज्जैन में शाही मस्जिद के हिस्से को हटाने की कार्रवाई के दौरान सोमवार को छतरी चौक इलाके में तनाव बढ़ गया.

    दरअसल, सिंहस्थ कुंभ 2028 के मद्देनजर चल रहे सड़क चौड़ीकरण प्रोजेक्ट के तहत यह कार्रवाई हो रही थी.

    रविवार की रात से ही मस्जिद के एक हिस्से को हटाए जाने के विरोध में बड़ी संख्या में लोग जमा थे.

    पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस के गोलों का इस्तेमाल किया है.

    शाही मस्जिद कमेटी और मुस्लिम समुदाय का कहना है कि सड़क चौड़ीकरण के लिए धार्मिक स्थल को हटाने के बजाय वैकल्पिक व्यवस्था तलाशी जानी चाहिए.

    मस्जिद कमेटी ने इस कारवाई के ख़िलाफ़ मध्य प्रदेश हाई कोर्ट में याचिका दायर की है, जिस पर सोमवार को सुनवाई होनी है.

    वहीं, प्रशासन का कहना है कि सिंहस्थ 2028 के मद्देनजर सड़क चौड़ीकरण और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए यह कारवाई की जा रही है.

    सितंबर में मध्य प्रदेश हाई कोर्ट की एकल पीठ भी सड़क चौड़ीकरण के लिए मस्जिद के प्रभावित हिस्से को हटाने की नगर निगम की कारवाई को चुनौती देने वाली याचिकाएं खारिज कर चुकी है.

    फ़िलहाल मौके पर वरिष्ठ पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद हैं और साथ ही इलाके में भारी पुलिस बल की तैनाती भी की गई है.

  3. यमन: 30 हूती लड़ाकों और 8 आम लोगों की मौत का दावा, हूती विद्रोहियों ने कहा- बदला लेंगे

    यमन
    इमेज कैप्शन, हूती स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि हमला ताइज़ प्रांत के माविया चौराहे पर स्थित बाज़ार की दुकानों पर हुआ (फ़ाइल फ़ोटो)

    यमन के हूती समूह से जुड़े सूत्रों ने न्यूज़ एजेंसी एएफ़पी को बताया कि रविवार को ताइज़ क्षेत्र में हुए हवाई हमलों में उनके लगभग 30 लड़ाके और आठ आम लोग मारे गए.

    जबकि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त यमनी सरकार ने दावा किया कि उसने हूती सैन्य शिविर और वाहनों को निशाना बनाया.

    हूती स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि हमला ताइज़ प्रांत के माविया चौराहे पर स्थित बाज़ार की दुकानों पर हुआ.

    हूती सैन्य प्रवक्ता याह्या सरी ने कहा कि उनकी ओर से इन हमलों का जवाब दिया जाएगा.

    यमनी सरकार के सैन्य प्रवक्ता कर्नल माजिद अब्दुल्लाह अल-नुज़ैली ने कहा, "सेना ने 72 घंटों में 756 सटीक और हमले किए, जिनमें 2,316 हूती लड़ाके और चार ईरानी विशेषज्ञ मारे गए."

    अल-मसीरा टीवी ने दावा किया कि यह हमला सऊदी लड़ाकू विमान ने किया, हालांकि सऊदी पक्ष की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई.

    गौरतलब है कि यह घटना उस समय हुई है जब हूती और यमनी सरकार समर्थित बलों के बीच लड़ाई तेज़ हो रही है.

  4. चिराग पासवान ने अपनी सरकार पर उठाए सवाल, बोले- ‘मुझे शर्म आती है...'

    केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान
    इमेज कैप्शन, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा कि बिहार में कोई भी सुरक्षित नहीं है (फ़ाइल फ़ोटो)

    राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के सहयोगी दल लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने अपनी ही सरकार के ख़िलाफ़ तीखा रुख अपनाया है.

    चिराग पासवान ने एक इंटरव्यू में कहा, "बिहार में आज की तारीख़ में कोई सुरक्षित नहीं है. ये हमारी सरकार की चिंता है. लेकिन एक सहयोगी और सरकार का हिस्सा होने के नाते मैं इस सवाल से नहीं भाग सकता. मुझे ख़ुद शर्मिंदगी होती है कि मैं ऐसी सरकार के साथ हूं, जहां पर ऐसी घटनाएं हो रही हैं. ये चिंता का विषय है, हम इसको हल्के में नहीं जाने दे सकते."

    "मेरा आक्रोशित होना स्वाभाविक है. एक के बाद एक घटनाएँ सामने आ रही हैं. बेटियों में डर बैठ गया है, आज की तारीख़ में हर बच्ची शाम को बाहर निकलने से पहले 100 बार सोचती है. ऐसे में सरकार सेंस ऑफ़ सिक्योरिटी ना दे तो मैं यह स्वीकार नहीं करूंगा."

    उन्होंने मीडिया से बातचीत में भी कहा, "बिहार में प्रशासन निकम्मा हो चुका है, इनके बस में बिहार के लोगों को सुरक्षित रखना नहीं है. मुझे ख़ुद शर्म आती है कि मैं ऐसी सरकार का समर्थन कर रहा हूं."

    बहरहाल, कई न्यूज़ आउटलेट्स ने चिराग पासवान की इस मीडिया बाइट को हटा दिया है.

    राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) की प्रवक्ता प्रियंका भारती ने चिराग पासवान पर निशाना साधा. उन्होंने एक्स पर लिखा, "चिराग जी, सपरिवार सत्ता का मजा भी लेंगे और शिकायत भी करेंगे, ऐसा कैसे चलेगा?"

    गौरतलब है कि हाल ही में बिहार के जमुई और समस्तीपुर से महिलाओं से जुड़े अपराध के ऐसे वीडियो सामने आए, जिसके बाद क़ानून व्यवस्था पर सवाल उठाए जा रहे हैं.

  5. दिल्ली: मंत्री प्रवेश वर्मा ने जिस शख़्स को थप्पड़ मारा, उसने क्या कहा

    साहिब सिंह
    इमेज कैप्शन, शख़्स का कहना है कि उन्होंने मंत्री प्रवेश वर्मा के ख़िलाफ़ शिकायत दी, लेकिन पुलिस ने अभी तक एफआईआर दर्ज नहीं की है

    दिल्ली के तिलक नगर में सड़क निरीक्षण के दौरान सरकार में मंत्री प्रवेश वर्मा ने एक युवक को थप्पड़ मार दिया था. इस मामले पर अब उस युवक ने प्रतिक्रिया दी है.

    युवक का नाम साहिब सिंह है, उनका कहना है कि उन्होंने मंत्री प्रवेश वर्मा के ख़िलाफ़ शिकायत दी है, लेकिन पुलिस ने अभी तक एफआईआर दर्ज नहीं की है.

    साहिब सिंह ने न्यूज़ एजेंसी एएनआई से कहा, "प्रवेश वर्मा जी ने सोचा नहीं था कि उनकी पोल खुल जाएगी. उन्होंने सोचा नहीं था कि रोड का सच बाहर आएगा. उस समय विधायक जी ने उठाया और वो रोड पापड़ की तरह उखड़कर हाथ में आ गई... वो इसे सह नहीं पाए."

    दरअसल, सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में तिलक नगर के विधायक जरनैल सिंह (आम आदमी पार्टी) सड़क की ऊपरी परत को हाथ से उखाड़कर दिल्ली सरकार के पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश वर्मा को दिखाते नज़र आ रहे हैं.

    इसके बाद प्रवेश वर्मा अपनी कार की ओर बढ़ते दिखाई देते हैं. इसी दौरान वह वीडियो बना रहे एक शख़्स को थप्पड़ मारते नज़र आते हैं.

    घटना को लेकर साहिब सिंह ने आरोप लगाया, "उस समय उन्होंने मेरे हाथ से मेरा फ़ोन छीना, मेरा हाथ मोड़ा और मुझे थप्पड़ मार दिया. उसके बाद उनके साथ बीजेपी के जो लोग आए थे, उनसे मुझे पिटवाया, धमकी दिलवाई और ख़ुद भी धमकी दी. आजकल कोई सवाल भी नहीं पूछ सकता? देश का युवा आगे क्या करेगा?"

    उन्होंने कहा, "हमारी शिकायत की कॉपी ली गई, मगर मंत्री जी के ख़िलाफ़ एफआईआर दर्ज नहीं कर रहे हैं. हमारा कहना है कि कम से कम उनके ख़िलाफ़ एफआईआर तो दर्ज हो और बाकी जो कार्रवाई बनती है, वो की जाए."

    वहीं, प्रवेश वर्मा ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर एक वीडियो जारी कर युवक को थप्पड़ मारने की घटना पर अपनी सफ़ाई दी है. वर्मा का दावा है कि जरनैल सिंह के एक कार्यकर्ता ने उनके परिवार के ख़िलाफ़ 'अभद्र भाषा' का इस्तेमाल किया था.

    प्रवेश वर्मा ने कहा, "ऐसी स्थिति में आवेश में आकर मैंने वही किया, जो कोई भी व्यक्ति कर सकता है."

  6. लवली प्रोफ़ेशनल यूनिवर्सिटी के हालात पर पुलिस ने दिया ये अपडेट

    लवली प्रोफ़ेशनल यूनिवर्सिटी
    इमेज कैप्शन, पुलिस ने बताया कि अब स्थिति नियंत्रण में है, कैंपस और सभी छात्र सुरक्षित हैं (फ़ाइल फ़ोटो)

    पंजाब के जालंधर के पास स्थित लवली प्रोफ़ेशनल यूनिवर्सिटी (एलपीयू) में अब हालात सामान्य होने की बात पुलिस ने कही है. इस मामले में पांच लड़कों को डिटेन किए जाने की जानकारी सामने आई है.

    27वीं बटालियन की कमांडेंट गुरमीत कौर ने इसकी पुष्टि की है. उन्होंने बताया कि डिटेन किए गए लड़कों के पास से एक दातड़ और वॉकी-टॉकी सेट बरामद हुआ है. पुलिस अब उनसे पूछताछ करेगी.

    बीबीसी के सहयोगी पत्रकार प्रदीप शर्मा के अनुसार, कुछ छात्रों ने कैंपस में एक छात्रा के साथ रेप होने का आरोप लगाया है. छात्रों का आरोप है कि यूनिवर्सिटी प्रशासन ने मामले को तुरंत दबाने का दबाव बनाया. इसी वजह से यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि लड़की कौन है.

    छात्रों ने पुलिस की कार्रवाई पर भी सवाल उठाए हैं.

    हालांकि, यूनिवर्सिटी ने इन आरोपों को अफ़वाह बताया है. संस्थान की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि ऐसी खबरें पूरी तरह अफ़वाह हैं और यूनिवर्सिटी की छवि खराब करने की कोशिश की जा रही है.

    वहीं, एडीजीपी फ़ैय्याज़ फ़ारूकी ने कहा है कि कैंपस और सभी छात्र सुरक्षित हैं. समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत में उन्होंने कहा कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है.

    एडीजीपी ने कहा, "अभी स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में है. कोई भी समस्या नहीं है. अभी पूरा ध्यान कैंपस को सुरक्षित रखने और बच्चों को सुरक्षित रखने में है. उनमें कोई पैनिक न हो. हम परिजनों को यह विश्वास दिलाना चाहते हैं कि कैंपस सुरक्षित है, सभी बच्चे सुरक्षित हैं और उन्हें बिल्कुल घबराने की ज़रूरत नहीं है."

    इस बीच, नियमित कक्षाएं 10 दिनों के लिए निलंबित किए जाने के बाद एलपीयू के कई छात्र अपने घरों के लिए रवाना हो गए हैं.

  7. पुलिस ने आशुतोष रांका और सीजेपी कार्यकर्ताओं को छोड़ा, रिहाई के बाद क्या कहा

    आशुतोष रांका
    इमेज कैप्शन, पुलिस हिरासत से छूटने के बाद आशुतोष रांका ने इसे असम पुलिस की 'ग़ैर-क़ानूनी हिरासत' क़रार दिया

    कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के सह-संयोजक आशुतोष रांका और उनके कार्यकर्ताओं को असम पुलिस ने रविवार देर रात अपनी हिरासत से रिहा कर दिया है.

    रिहाई के बाद आशुतोष रांका ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर प्रतिक्रिया साझा की. उन्होंने इसे असम पुलिस की 'ग़ैर-क़ानूनी हिरासत' क़रार दिया.

    आशुतोष रांका ने कहा कि उन्होंने पुलिस प्रशासन से उन्हें उसी स्थान पर वापस छोड़ने की मांग की है, जहां से उन्हें हिरासत में लिया गया था.

    पुलिस हिरासत से छूटने के बाद आशुतोष रांका ने एक तस्वीर साझा की, जिसमें वो अपने साथियों के साथ डिनर करते हुए नज़र आ रहे हैं. उन्होंने इसके कैप्शन में लिखा, "हिमंत बिस्वा सरमा, असम के कॉकरोच अभी तो बस शुरुआत कर रहे हैं!"

    आशुतोष रांका
    इमेज कैप्शन, अपने साथियों के साथ डिनर करते हुए सीजेपी के सह-संयोजक आशुतोष रांका

    सीजेपी के फ़ाउंडर अभिजीत दीपके ने भी रांका के छूटने के बाद मज़ाकिया अंदाज़ में प्रतिक्रिया दी. उन्होंने एक्स पर लिखा, “अरे यार… मैं तो सच में कल पुलिस स्टेशन पर तुम्हारे लिए स्ट्राइक में शामिल होने का इंतज़ार कर रहा था.”

    गौरतलब है कि सीजेपी की टीम गुवाहाटी में वॉलंटियर्स की एक मीटिंग करने वाली थी, दावा है कि तभी उनकी गिरफ़्तारी हुई थी.

  8. ब्रिटेन के एक एयरबेस के पास 'आतंकी वारदात की तैयारी' के शक में पांच गिरफ़्तार, ओलिविया आयरलैंड और ली बूबेयर, वेस्ट ऑफ़ इंग्लैंड

    फ़ेयरफ़ोर्ड एयरबेस के पास तैनात सुरक्षाकर्मी
    इमेज कैप्शन, ब्रिटेन में आरएएफ़ फ़ेयरफ़ोर्ड एयरबेस के पास अब स्थिति कंट्रोल में बताई जा रही है

    ब्रिटेन में आरएएफ़ फ़ेयरफ़र्ड एयरबेस के पास संदिग्ध गतिविधि की सूचना के बाद पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार किया है.

    पुलिस के मुताबिक़, इन लोगों पर 'आतंकी वारदात की तैयारी' और 'विस्फोटक संबंधी' अपराधों का संदेह है.

    दरअसल, पुलिस को रविवार देर रात एयरबेस की ओर जाते हुए तीन संदिग्ध वाहनों की सूचना मिली थी. इसके बाद सुरक्षा कारणों से एयरबेस के पास स्थित वेलफोर्ड गांव के दर्जनों घरों को खाली कराया गया.

    अधिकारियों ने बताया कि ग्रामीणों को रातभर अपने घरों में लौटने की अनुमति नहीं दी गई. हालांकि, अब स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है.

    ब्रिटिश सेना की एक्सप्लोसिव ऑर्डिनेंस डिस्पोजल टीम एयरबेस के पास मौजूद वाहनों की जांच कर रही है. मामले की जांच काउंटर-टेररिज्म पुलिस के नेतृत्व में चल रही है.

    इलाके में करीब 400 मीटर का सुरक्षा घेरा बनाया गया है. आपातकालीन सेवाओं की बड़ी तैनाती के तहत हेजर्डस एरिया रिस्पॉन्स टीम को भी मौके पर भेजा गया है.

    फ़ेयरफ़ोर्ड एयरबेस के पास तैनात सुरक्षाकर्मी
    इमेज कैप्शन, आरएएफ़ फ़ेयरफ़ोर्ड का अमेरिकी सेना के साथ लंबे समय से संबंध रहा है

    अमेरिकी सैन्य अड्डा होने के कारण बढ़ी सतर्कता

    आरएएफ़ फ़ेयरफ़र्ड का अमेरिकी सेना के साथ लंबे समय से संबंध रहा है और यहां अमेरिकी वायुसेना की गतिविधियां होती रही हैं.

    हाल में इस एयरबेस का इस्तेमाल ईरान के ख़िलाफ़ रक्षात्मक कार्रवाई के लिए अमेरिकी युद्धक विमानों के स्टेजिंग पोस्ट के तौर पर भी किया गया था.

    अमेरिकी वायुसेना के एक प्रवक्ता ने कहा कि उसके कर्मचारी सतर्क हैं, लेकिन उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था से जुड़ी विशेष जानकारी देने से इनकार किया.

    प्रधानमंत्री एंडी बर्नहम को एयरबेस के पास की स्थिति के बारे में लगातार जानकारी दी गई. उन्होंने स्थिति को “बेहद चिंताजनक” बताया.

    अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि गिरफ़्तार किए गए लोग “बड़ा नुकसान करने की कोशिश कर रहे थे.”

    उन्होंने यह भी कहा कि सुरक्षा एजेंसियां काफी समय से उन पर नजर रख रही थीं और उन्हें गिरफ़्तार कर लिया गया.

    ब्रिटेन के रक्षा मंत्री वेस स्ट्रीटिंग ने बताया कि उन्होंने अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ से संपर्क किया है.

    फिलहाल पुलिस और बम निरोधक दल की कार्रवाई जारी है और इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई है.

  9. देशभर में बैंक हड़ताल स्थगित, मांगों पर विचार के लिए बनेगी हाई लेवल कमेटी

    बैंक
    इमेज कैप्शन, रविवार देर रात इंडियन बैंक एसोसिएशन (आईबीए) और यूनाइटेड फोरम ऑफ़ बैंक यूनियंस (यूएफ़बीयू) के बीच बैठक में सहमति बनी (फ़ाइल फ़ोटो)

    28 से 30 सितंबर तक होने वाली तीन दिवसीय देशव्यापी बैंक हड़ताल स्थगित कर दी गई है.

    रविवार देर रात इंडियन बैंक एसोसिएशन (आईबीए) और यूनाइटेड फोरम ऑफ़ बैंक यूनियंस (यूएफ़बीयू) के बीच हुई बैठक में यह सहमति बनी.

    यूएफ़बीयू ने अपने आधिकारिक बयान में कहा, "बैंक यूनियनों की माँगों पर विचार करने के लिए आईबीए एक हाई लेवल कमेटी बनाने पर सहमत हो गई है, जिसके बाद यूनियनों ने हड़ताल को फिलहाल स्थगित करने का निर्णय लिया है."

    बयान के मुताबिक, स्केल-4 और उससे ऊपर के अधिकारियों के लिए परफ़ॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव (पीएलआई) योजना में बदलाव को लेकर भी आईबीए के साथ चर्चा शुरू की जा सकती है. इसके बाद यूनियनों और एसोसिएशनों की आपत्तियों को दूर करने के लिए इसमें संशोधन का प्रस्ताव सरकार के समक्ष रखा जाएगा.

    इस फ़ैसले से आम जनता और व्यापारियों को बड़ी राहत मिली है. आज सोमवार से देश के सभी सरकारी और निजी बैंकों में कामकाज सामान्य रूप से जारी रहेगा और चेक क्लियरेंस, कैश ट्रांज़ैक्शन समेत सभी ब्रांच सेवाएँ सुचारू रूप से उपलब्ध रहेंगी.

    गौरतलब है कि बैंक कर्मचारियों की मुख्य मांग फ़ाइव-डे वर्किंग (हर शनिवार-रविवार छुट्टी) और परफ़ॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव (पीएलआई) के नियमों में सुधार को लेकर है, जिस पर अब नवगठित कमेटी विचार करेगी.