लाइव, अभिजीत दीपके ने कहा- सीजेपी का इंस्टा पेज हैक हो गया है

कॉकरोच जनता पार्टी' (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने बताया है कि सीजेपी का इंस्टाग्राम पेज हैक हो गया है.

सारांश

लाइव कवरेज

रौनक भैड़ा

  1. अभिजीत दीपके ने कहा- सीजेपी का इंस्टा पेज हैक हो गया है

    अभिजीत दीपके

    इमेज स्रोत, @abhijeet_dipke

    इमेज कैप्शन, कॉकरोच जनता पार्टी के इंस्टाग्राम पेज पर 2.17 करोड़ फ़ॉलोअर्स हो गए हैं

    कॉकरोच जनता पार्टी' (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने बताया है कि सीजेपी का इंस्टाग्राम पेज हैक हो गया है.

    अभिजीत दीपके ने अपने एक्स अकाउंट से किए गए पोस्ट में लिखा, "अपने किसी भी प्लेटफ़ॉर्म तक हमारा एक्सेस नहीं है. इस पोस्ट के बाद जो भी पोस्ट होगी, उसे कॉकरोच जनता पार्टी का आधिकारिक बयान न माना जाए."

    उन्होंने लिखा, "कॉकरोच जनता पार्टी का इंस्टाग्राम पेज हैक हुआ. मेरा पर्सनल इंस्टाग्राम अकाउंट हैक हुआ. एक्स अकाउंट पर रोक लगा दी गई. बैकअप अकाउंट भी हटा दिया गया."

    कॉकरोच जनता पार्टी के इंस्टाग्राम के 2.17 करोड़ फ़ॉलोअर्स हो गए हैं जो कि सत्ताधारी बीजेपी के फॉलोवर्स से दोगुने से ज़्यादा हैं.

  2. पेट्रोल-डीज़ल महंगा होने पर विपक्षी पार्टियों की तीखी प्रतिक्रिया

    पेट्रोल पंप

    इमेज स्रोत, Rupak De Chowdhuri/NurPhoto via Getty Images

    इमेज कैप्शन, पेट्रोल-डीज़ल के दामों में हुई बढ़ोतरी के बाद समाजवादी पार्टी ने कहा कि महंगाई और बढ़ेगी (फ़ाइल फ़ोटो)

    भारत में एक बार फिर पेट्रोल-डीज़ल की क़ीमतों में इज़ाफ़ा हुआ है. इसके बाद कांग्रेस पार्टी और समाजवादी पार्टी ने केंद्र सरकार की आलोचना की है.

    कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "महंगाई मैन मोदी ने पेट्रोल-डीज़ल पर नौ दिन में पांच रुपए बढ़ा दिए. आज फिर पेट्रोल और डीज़ल महंगा कर दिया गया."

    कांग्रेस ने लिखा, "मोदी को बस तेल कंपनियों के फ़ायदे की चिंता है. एक तरफ जहाँ दुनियाभर की सरकारें अपनी जनता को राहत दे रही हैं, मोदी सरकार जनता को ही लूटने में लगी है. कभी तो जनता के भले के बारे में सोच लो, कब तक पूंजीपतियों का फ़ायदा कराते रहोगे?"

    दूसरी ओर, समाजवादी पार्टी ने कहा है कि महंगाई आसमान छू रही है और ये बीजेपी सरकार की 'ग़लत आर्थिक और विदेश नीतियों' का नतीजा है.

    समाजवादी पार्टी के मीडिया सेल ने एक्स पर लिखा, "15 दिन में तीसरी बार पेट्रोल डीज़ल के दाम इस भाजपा सरकार ने बढ़ा दिए. सीएनजी की क़ीमतें भी बढ़ा दी गईं."

    आगे लिखा, "महंगाई आसमान छू रही है, भाजपा सरकार की ग़लत आर्थिक और विदेश नीतियों का ये दुष्परिणाम है, पहले से मंदी की मार झेल रही जनता पर ये दोहरा तिहरा भाजपाई प्रहार है. महंगाई और बढ़ने वाली है, अराजकता अपराध और बर्बादी का दौर आने वाला है और इसकी ज़िम्मेदार ये भाजपा की सरकार होगी."

    भारत में शनिवार यानी 23 मई को ही पेट्रोल और डीज़ल के दामों में बढ़ोतरी हुई है. पेट्रोल 87 पैसे और डीज़ल 91 पैसे प्रति लीटर महंगा हो गया है. यह 10 दिन के भीतर तीसरी बढ़ोतरी है.

  3. पाकिस्तान में पेट्रोल-डीज़ल के दाम में छह रुपए प्रति लीटर की कटौती

    पेट्रोल-डीज़ल

    इमेज स्रोत, Alain JOCARD / AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, पाकिस्तान में अब पेट्रोल की क़ीमत 403.78 पाकिस्तानी रुपये प्रति लीटर है

    पाकिस्तान में पेट्रोल-डीज़ल की क़ीमतें कम की गई हैं. पाकिस्तान की सरकार ने ईद-उल-अज़हा से पहले शुक्रवार को पेट्रोल की क़ीमत छह पाकिस्तानी रुपये कम करने का एलान किया है.

    बीबीसी उर्दू ने पाकिस्तान के ऊर्जा मंत्रालय के पेट्रोलियम डिवीज़न के बयान का हवाला देते हुए बताया, पेट्रोल की क़ीमत छह पाकिस्तानी रुपये प्रति लीटर घटाई गई है, वहीं डीज़ल की क़ीमत भी 6.80 पाकिस्तानी रुपये प्रति लीटर कम की गई है.

    अब पेट्रोल की क़ीमत 403.78 पाकिस्तानी रुपये प्रति लीटर और डीज़ल की क़ीमत 402.78 पाकिस्तानी रुपये प्रति लीटर हो गई है.

    पिछले हफ़्ते भी पाकिस्तान में पेट्रोल और डीज़ल की क़ीमतें पांच पाकिस्तानी रुपये प्रति लीटर कम की गई थीं.

    हालांकि, इससे पहले पेट्रोल और डीज़ल की क़ीमतें क़रीब 15 पाकिस्तानी रुपये बढ़ाई गई थीं.

    पाकिस्तान में मार्च से अब तक पेट्रोलियम उत्पादों की क़ीमतें पांच बार बढ़ाई गई हैं. मार्च में पहली दफ़ा पेट्रोल की क़ीमत में इज़ाफ़े से पहले इसकी क़ीमत 255 पाकिस्तानी रुपये प्रति लीटर थी.

  4. अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो पहली बार भारत दौरे पर आए

    मार्को रुबियो

    इमेज स्रोत, X/@USAmbIndia

    इमेज कैप्शन, अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो 23 से 26 मई तक भारत के दौरे पर हैं

    अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो पहले आधिकारिक भारत दौरे पर शनिवार सुबह कोलकाता पहुंचे. भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर यह जानकारी दी.

    सर्जियो गोर ने एक्स पर लिखा, "मार्को रुबियो भारत दौरे पर हैं. शनिवार को वह कोलकाता पहुंचे और यह उनका पहला भारत दौरा है. बाद में आज वह नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाक़ात करेंगे. इस मुलाक़ात में व्यापार, तकनीक, रक्षा, क्वाड और कई अन्य मुद्दों पर चर्चा होनी है."

    गोर ने एक अन्य एक्स पोस्ट में कहा, "क्वाड बैठक ट्रंप की उस सोच को आगे बढ़ाने पर केंद्रित है, जिससे अमेरिका-भारत साझेदारी और मज़बूत हो सके."

    गौरतलब है कि रुबियो 23 से 26 मई तक भारत के दौरे पर हैं. इस दौरान वह कोलकाता, आगरा, जयपुर और नई दिल्ली का दौरा करेंगे.

    रुबियो क्वॉड गुट के विदेश मंत्रियों की बैठक में शामिल होने नई दिल्ली आ रहे हैं. क्वॉड में अमेरिका, जापान, भारत और ऑस्ट्रेलिया हैं.

  5. भारत में फिर बढ़े पेट्रोल-डीज़ल के दाम, 10 दिनों में तीसरी बार बढ़ोतरी

    पेट्रोल

    इमेज स्रोत, Mykola Tys/SOPA Images/LightRocket via Getty Images

    इमेज कैप्शन, दिल्ली में पेट्रोल के दाम 87 पैसे बढ़कर 99.51 रुपये प्रति लीटर हो गए हैं

    भारत में शनिवार यानी 23 मई को पेट्रोल और डीज़ल के दामों में बढ़ोतरी हुई है. पेट्रोल 87 पैसे और डीज़ल 91 पैसे प्रति लीटर महंगा हो गया है.

    सीएनजी की कीमत में भी एक रुपये प्रति किलोग्राम की वृद्धि हुई है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़,दिल्ली में पेट्रोल के दाम 87 पैसे बढ़कर 99.51 रुपये प्रति लीटर हो गए हैं. डीज़ल के दाम 91 पैसे बढ़कर 92.49 रुपये प्रति लीटर हो गए हैं. दिल्ली में अब सीएनजी की क़ीमत 81.09 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई है.

    15 मई से अब तक यह तीसरी बार दाम बढ़े हैं. लगातार होती इस बढ़ोतरी के पीछे मध्य-पूर्व में चल रहा तनाव भी है, जिसके कारण तेल सप्लाई बाधित हुई है.

    गौरतलब है कि इस महीने सबसे पहले 15 मई को पेट्रोल-डीज़ल के दाम तीन रुपये प्रति लीटर बढ़ाए गए थे. इसके बाद 19 मई को क़रीब 90 पैसे की दूसरी बढ़ोतरी हुई.

  6. भारत का विदेशी मुद्रा भंडार आठ अरब डॉलर कम हुआ

    विदेशी मुद्रा भंडार

    इमेज स्रोत, RAVEENDRAN/AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, इस साल फ़ॉरेक्स रिज़र्व 27 फ़रवरी को सबसे ऊंचे स्तर तक पहुंच गया था

    मध्य पूर्व में चल रहे तनाव के बीच भारत का विदेशी मुद्रा भंडार (फ़ॉरेक्स रिज़र्व) कम हुआ है. देश का फ़ॉरेक्स रिज़र्व 8.094 अरब अमेरिकी डॉलर घटकर 688.894 अरब अमेरिकी डॉलर पर आ गया है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई ने भारतीय रिज़र्व बैंक के हवाले से बताया कि यह गिरावट 15 मई को ख़त्म हुए सप्ताह में हुई है.

    हालांकि, इससे ठीक पहले 8 मई को ख़त्म हुए सप्ताह में फ़ॉरेक्स रिज़र्व 6.295 अरब अमेरिकी डॉलर बढ़कर 696.988 अरब अमेरिकी डॉलर हो गया था.

    दरअसल, इस साल फ़ॉरेक्स रिज़र्व 27 फ़रवरी को सबसे ऊंचे स्तर तक पहुंच गया था, यह 728.494 अरब अमेरिकी डॉलर हो गया था.

    लेकिन इसके बाद मध्य-पूर्व में संघर्ष शुरू होने से कई हफ़्तों तक इसमें गिरावट आई. इस दौरान रुपये पर दबाव बढ़ा और आरबीआई को डॉलर बेचकर विदेशी मुद्रा बाज़ार में दख़ल देना पड़ा.

  7. नमस्कार!

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.