पाकिस्तान में पेट्रोल-डीज़ल के दाम में छह रुपए प्रति लीटर की कटौती

इमेज स्रोत, Alain JOCARD / AFP via Getty Images
पाकिस्तान में पेट्रोल-डीज़ल की क़ीमतें कम की गई हैं. पाकिस्तान की सरकार ने ईद-उल-अज़हा से पहले शुक्रवार को पेट्रोल की क़ीमत छह पाकिस्तानी रुपये कम करने का एलान किया है.
बीबीसी उर्दू ने पाकिस्तान के ऊर्जा मंत्रालय के पेट्रोलियम डिवीज़न के बयान का हवाला देते हुए बताया, पेट्रोल की क़ीमत छह पाकिस्तानी रुपये प्रति लीटर घटाई गई है, वहीं डीज़ल की क़ीमत भी 6.80 पाकिस्तानी रुपये प्रति लीटर कम की गई है.
अब पेट्रोल की क़ीमत 403.78 पाकिस्तानी रुपये प्रति लीटर और डीज़ल की क़ीमत 402.78 पाकिस्तानी रुपये प्रति लीटर हो गई है.
पिछले हफ़्ते भी पाकिस्तान में पेट्रोल और डीज़ल की क़ीमतें पांच पाकिस्तानी रुपये प्रति लीटर कम की गई थीं.
हालांकि, इससे पहले पेट्रोल और डीज़ल की क़ीमतें क़रीब 15 पाकिस्तानी रुपये बढ़ाई गई थीं.
पाकिस्तान में मार्च से अब तक पेट्रोलियम उत्पादों की क़ीमतें पांच बार बढ़ाई गई हैं. मार्च में पहली दफ़ा पेट्रोल की क़ीमत में इज़ाफ़े से पहले इसकी क़ीमत 255 पाकिस्तानी रुपये प्रति लीटर थी.



