लाइव, पाकिस्तान की टिकटॉक स्टार के हत्यारे को मौत की सज़ा

उमर हयात कथित तौर पर सना यूसुफ़ के घर में घुस गया था और उसने उसे दो बार गोली मारी थी.

लाइव कवरेज

दीपक मंडल

  1. पाकिस्तान की टिकटॉक स्टार के हत्यारे को मौत की सज़ा

    सना यूसुफ़

    इमेज स्रोत, INSTAGRAM/SANA YUSUF

    इस्लामाबाद की एक अदालत ने सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर सना यूसुफ़ की हत्या के मामले में अभियुक्त उमर हयात को मौत की सज़ा सुनाई है.

    मंगलवार को इस्लामाबाद के एक ज़िला और सत्र न्यायालय ने हत्या के मामले में अपना फ़ैसला सुनाते हुए उमर हयात को सना के परिवार को मुआवजे के तौर पर 20 लाख रुपये देने का भी आदेश दिया.

    इसके अलावा उमर हयात को सना यूसुफ़ के घर में डकैती के अपराध सहित कई धाराओं के तहत कुल 21 साल की जेल की सजा सुनाई गई है.

    पाकिस्तान

    इमेज स्रोत, Getty Images

    पिछले साल इस घटना के बाद एक प्रेस कॉन्फ़्रेंस के दौरान इस्लामाबाद के आईजी सैयद अली नासिर रिजवी ने कहा था उमर हयात कथित तौर पर सना यूसुफ़ के घर में घुस गया था और उसने उसे दो बार गोली मारी थी.

    उन्होंने बताया था, "अभियुक्त ने सना यूसुफ़ की हत्या इसलिए की क्योंकि वह बार-बार उससे संपर्क करने की कोशिश कर रहा था और सना उसे मना कर रही थी. वह कई दिनों से सोशल मीडिया के जरिए सना यूसुफ़ से संपर्क करने का प्रयास कर रहा था. इसके बाद वो सना यूसुफ़ के घर गया और सात से आठ घंटे तक इंतजार किया. जब सना ने उस दिन भी उससे मिलने से इनकार कर दिया, तो उसने इस घटना की योजना बनाई और उसे अंजाम दिया.''

  2. इस साल की पहली विदेश यात्रा पर पुतिन चीन पहुंचे, क्या है मक़सद

    व्लादिमीर पुतिन

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन दो दिवसीय यात्रा पर चीन पहुंचे हैं

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की हालिया यात्रा के बाद अब रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन चीन पहुंचे हैं. चीन की राजधानी बीजिंग में वो राष्ट्रपति शी जिनपिंग से शिखर वार्ता करेंगे.

    इस साल पुतिन की ये पहली विदेश यात्रा है. इससे यह भी पता चलता है कि मौजूदा माहौल में चीन कितना अहम बन गया है.

    पश्चिमी प्रतिबंधों के बावजूद चीन, रूस के तेल का सबसे बड़ा ख़रीदार और उसका प्रमुख सहयोगी बना हुआ है.

    व्लादिमीर पुतिन इस संबंध को और मजबूत करने की कोशिश करेंगे.

    बैठक में उस नई गैस पाइपलाइन पर खास फोकस होगा, जो हर साल 50 अरब क्यूबिक मीटर तक नेचुरल गैस चीन तक पहुंचा सकती है.

    हाल के महीनों में कई वैश्विक नेता व्यापार और आर्थिक सहयोग बढ़ाने के मक़सद से चीन का दौरा कर चुके हैं. व्लादिमीर पुतिन भी इस कड़ी में शामिल हो गए हैं.

  3. लेबनान पर इसराइली हमलों में 19 लोगों की मौत, पिछले हफ्ते हुआ था सीज़फ़ायर बढ़ाने का एलान

    लेबनान

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, दक्षिणी लेबनान में इसराइली हवाई हमलों के बाद उठता धुआं (फ़ाइल फोटो)

    इसराइल के हवाई हमलों में दक्षिणी लेबनान में कम से कम 19 लोगों की मौत हो गई है.

    लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक़ मरने वालों में 10 लोग एक ही हमले में मारे गए.

    इस हमले में देइर कनौन कस्बे में एक घर को निशाना बनाया गया. मृतकों में तीन बच्चे और तीन महिलाएं शामिल हैं.

    लेबनान 2 मार्च को इस युद्ध में शामिल हुआ था, जब ईरान समर्थित शिया इस्लामी संगठन हिज़्बुल्लाह ने इसराइल पर रॉकेट दागे थे.

    यह हमला अमेरिका और इसराइल की उस संयुक्त कार्रवाई के जवाब में किया गया था, जिसमें ईरान के सर्वोच्च नेता की मौत हो गई थी.

    ये ताज़ा मौतें उस घोषणा के एक सप्ताह से भी कम समय बाद हुई हैं, जिसमें अमेरिका ने कहा था कि लेबनान और इसराइल 45 दिनों के लिए युद्धविराम बढ़ाने पर सहमत हो गए हैं.

    दोनों पक्षों के बीच जून की शुरुआत में फिर से बातचीत शुरू होने वाली है.

    युद्धविराम बढ़ाए जाने के बावजूद, इसराइल और हिज़्बुल्लाह के बीच लगातार गोलीबारी जारी है, ख़ासकर दक्षिणी लेबनान में.

    इसराइल का कहना है कि वह हिज़्बुल्लाह को निशाना बना रहा है. लेकिन हमलों में आम नागरिक भी मारे जा रहे हैं, जिनमें महिलाएं और बच्चे शामिल हैं.

  4. पांच देशों की यात्रा के अंतिम चरण में पीएम नरेंद्र मोदी इटली पहुंचे, क्या है एजेंडा

    नरेंद्र मोदी जॉर्जिया मेलोनी

    इमेज स्रोत, @GiorgiaMeloni

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पांच देशों की अपनी यात्रा के अंतिम चरण में मंगलवार (स्थानीय समयानुसार) को इटली की राजधानी रोम पहुंचे.

    प्रधानमंत्री इटली के राष्ट्रपति सर्जो मत्तेरेला से मुलाक़ात करेंगे. प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी के साथ द्विपक्षीय बातचीत करेंगे और कई अन्य राजनयिक कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे.

    इसके बाद वह बुधवार को भारत के लिए रवाना होंगे.

    प्रधानमंत्री मोदी ने अपनी इस यात्रा का ब्योरा सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर साझा करते हुए लिखा, ‘’मैं इटली की राजधानी रोम पहुंच चुका हूं. यहां मैं राष्ट्रपति सर्गियो मातेरेला और प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी से मुलाकात करूंगा और उनके साथ कई मुद्दों पर चर्चा करूंगा."

    ‘’इस यात्रा का मुख्य फोकस भारत और इटली के बीच सहयोग को और मजबूत करने पर रहेगा. ख़ास तौर पर भारत-मध्य पूर्व-यूरोप आर्थिक गलियारे यानी आईएमईसी पर. साथ ही संयुक्त रणनीतिक कार्ययोजना 2025-2029 की भी समीक्षा की जाएगी."

    मोदी ने लिखा, "मैं संयुक्त राष्ट्र के फूड एंड एग्रीकल्चर ऑर्गेनाइजेशन (एफएओ) मुख्यालय का भी दौरा करूंगा. यह बहुपक्षवाद और वैश्विक खाद्य सुरक्षा के प्रति भारत की प्रतिबद्धता को और मजबूत करेगा."

    नरेंद्र मोदी

    इमेज स्रोत, @narendramodi

    दूसरी ओर, इटली की पीएम प्रधानमंत्री जॉर्ज़िया मेलोनी ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ अपनी तस्वीर साझा करते हुए लिखा है, ‘’वेलकम टु रोम, माई फ़्रेंड!’’

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इससे पहले जून 2024 में जी7 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए इटली गए

  5. नमस्कार!

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता दीपक मंडल अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    बीबीसी हिन्दी के पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को आप उनके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक कर विस्तार से पढ़ सकते हैं.

    नॉर्वे की पत्रकार ने बताया उन्होंने पीएम मोदी से सवाल पूछने की क्यों की थी कोशिश

    फ़ातिमा बायो: बाल विवाह से बचकर निकलने से लेकर सिएरा लियोन की 'फ़र्स्ट लेडी' बनने तक

    फाल्टा सीट पर होने वाले चुनाव से पीछे हटे तृणमूल कांग्रेस के जहांगीर ख़ान, शुभेंदु अधिकारी ने क्या कहा?