लाइव, पीएम मोदी नॉर्वे में इन देशों के प्रधानमंत्रियों से मिले, क्या हुई चर्चा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तीसरे भारत-नॉर्डिक शिखर सम्मेलन से इतर फ़िनलैंड, आइसलैंड और डेनमार्क के प्रधानमंत्रियों से मुलाक़ात की है.

सारांश

लाइव कवरेज

रौनक भैड़ा, सुमंत सिंह

  1. पीएम मोदी नॉर्वे में इन देशों के प्रधानमंत्रियों से मिले, क्या हुई चर्चा

    नरेंद्र मोदी, क्रिस्ट्रुन फ़्रोस्टाडोटिर, मेटे फ़्रेडरिक्सन

    इमेज स्रोत, X/MEAIndia

    इमेज कैप्शन, पीएम मोदी पांच देशों की आधिकारिक यात्रा में हैं

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तीसरे भारत-नॉर्डिक शिखर सम्मेलन से इतर फ़िनलैंड, आइसलैंड और डेनमार्क के प्रधानमंत्रियों से मुलाक़ात की है.

    यह सम्मेलन नॉर्वे की राजधानी ओस्लो में आयोजित हुआ.

    भारतीय विदेश मंत्रालय के मुताबिक़, पीएम मोदी और आइसलैंड की प्रधानमंत्री क्रिस्ट्रुन फ़्रोस्टाडोटिर के बीच द्विपक्षीय संबंधों के कई पहलुओं पर चर्चा हुई.

    इनमें जियोथर्मल और रीन्युएबल एनर्जी, मत्स्य क्षेत्र, व्यापार और निवेश, इनोवेशन, डिजिटल टेक्नोलॉजी, क्रिएटिव इकोनॉमी, आर्कटिक सहयोग और लोगों के बीच संपर्क शामिल रहे. इसके अलावा दोनों नेताओं ने क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी चर्चा की.

    वहीं, पीएम मोदी और फ़िनलैंड के प्रधानमंत्री पेत्तरी ओर्पो के बीच व्यापार और निवेश, डिजिटलाइज़ेशन, एआई, 5जी/6जी, क्वांटम टेक्नोलॉजी, सस्टेनेबल डेवलपमेंट, रीन्युएबल एनर्जी, सर्कुलर इकोनॉमी, इनोवेशन, शिक्षा, मोबिलिटी और लोगों के बीच संबंधों को मज़बूत करने पर चर्चा हुई.

    विदेश मंत्रालय ने बताया कि दोनों नेताओं ने भारत-यूरोपीय संघ के बीच हुए मुक्त व्यापार समझौते को जल्द लागू किए जाने पर ज़ोर दिया. दोनों ने क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी चर्चा की.

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने डेनमार्क की पीएम मेटे फ़्रेडरिक्सन के साथ भी द्विपक्षीय बैठक की.

    इस बैठक में रीन्युएबल एनर्जी, क्लाइमेट एक्शन, जल प्रबंधन, ग्रीन शिपिंग, डिजिटलाइज़ेशन और फ़ूड प्रोसेसिंग जैसे क्षेत्रों में सहयोग पर चर्चा की. साथ ही दोनों नेताओं ने प्रमुख क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी चर्चा की.

  2. ब्रिक्स समिट में शामिल होने भारत आएंगे व्लादिमीर पुतिन

    नरेंद्र मोदी और व्लादिमीर पुतिन

    इमेज स्रोत, Elke Scholiers/Getty Images

    इमेज कैप्शन, पुतिन ने आख़िरी बार दिसंबर 2025 में 23वें भारत-रूस वार्षिक शिखर सम्मेलन के लिए भारत का दौरा किया था (फ़ाइल फ़ोटो)

    रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन 12 और 13 सितंबर को नई दिल्ली में होने वाले ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे. दक्षिण अफ़्रीका में रूसी दूतावास ने यह जानकारी क्रेमलिन के एक सहयोगी के हवाले से दी है.

    रूस की सरकारी समाचार एजेंसी तास ने भी क्रेमलिन में अंतरराष्ट्रीय मामलों के सहयोगी यूरी उशाकोव के हवाले से यह जानकारी दी है.

    इस साल ब्रिक्स की अध्यक्षता कर रहा भारत सितंबर में वार्षिक शिखर सम्मेलन की मेज़बानी करेगा.

    राष्ट्रपति पुतिन ने आख़िरी बार दिसंबर 2025 में 23वें भारत-रूस वार्षिक शिखर सम्मेलन के लिए भारत का दौरा किया था.

    इस महीने की शुरुआत में रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने नई दिल्ली में ब्रिक्स सदस्य देशों की दो दिवसीय बैठक में हिस्सा लिया था.

    ब्रिक्स में शुरुआत में ब्राज़ील, रूस, भारत, चीन और दक्षिण अफ़्रीका शामिल थे. 2024 में इसका विस्तार किया गया था और मिस्र, इथियोपिया, इसराइल और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) को शामिल किया गया, जबकि इंडोनेशिया 2025 में इसमें शामिल हुआ.

    ब्रिक्स एक प्रभावशाली समूह के तौर पर उभरा है. इसमें दुनिया की बड़ी उभरती अर्थव्यवस्थाएं शामिल हैं.

    यह समूह दुनिया की क़रीब आधी आबादी और क़रीब 40 फ़ीसदी जीडीपी का प्रतिनिधित्व करता है.

  3. कार्टून: फ़्रीडम ही फ़्रीडम

    प्रेस फ़्रीडम पर जारी बहस पर आज का कार्टून.
    इमेज कैप्शन, प्रेस फ़्रीडम पर जारी बहस पर आज का कार्टून.
  4. अफ़ग़ानिस्तान के ख़िलाफ़ टेस्ट और वनडे टीम का एलान, ऋषभ पंत वनडे से बाहर

    ऋषभ पंत

    इमेज स्रोत, ISHARA S. KODIKARA/AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, ऋषभ की जगह वनडे में ईशान किशन को विकेटकीपर के तौर पर शामिल किया गया है (फ़ाइल फ़ोटो)

    भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने अफ़ग़ानिस्तान के ख़िलाफ़ जून में होने वाले टेस्ट मैच और वनडे सिरीज़ के लिए टीम का एलान कर दिया है.

    भारतीय टीम अगले महीने अफ़ग़ानिस्तान के ख़िलाफ़ एक टेस्ट मैच और तीन वनडे मैच खेलेगी.

    विकेटकीपर बल्लेबाज़ ऋषभ पंत को वनडे टीम से ड्रॉप किया गया है, जबकि उन्हें टेस्ट टीम की उप-कप्तानी से हटा दिया गया है. हालांकि उन्हें टेस्ट टीम में जगह मिली है.

    ऋषभ की जगह वनडे में ईशान किशन को विकेटकीपर के तौर पर शामिल किया गया है.

    इसके अलावा वनडे में प्रिंस यादव, गुरनूर बराड़ और हर्ष दुबे जैसे नए चेहरों को मौक़ा मिला है. प्रिंस घरेलू क्रिकेट में दिल्ली से, जबकि आईपीएल में लखनऊ सुपर जायंट्स से खेलते हैं.

    वहीं गुरनूर बराड़ घरेलू क्रिकेट में पंजाब और इंडियन प्रीमियर लीग में गुजरात टाइटन्स के लिए खेलते हैं और हर्ष दुबे घरेलू क्रिकेट में विदर्भ और इंडियन प्रीमियर लीग में सनराइजर्स हैदराबाद के लिए खेलते हैं.

    गुरनूर बराड़ और हर्ष दुबे को टेस्ट टीम में भी शामिल किया गया है.

    टेस्ट टीम: शुभमन गिल (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल (उप-कप्तान), साई सुदर्शन, ऋषभ पंत, देवदत्त पड्डिकल, नीतीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, मानव सुथर, गुरनूर बराड़, हर्ष दुबे, ध्रुव जुरेल.

    वनडे टीम: शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर (उप-कप्तान), केएल राहुल, ईशान किशन, हार्दिक पंड्या, नीतीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा, प्रिंस यादव, गुरनूर बराड़, हर्ष दुबे.

  5. इबोला के तेज़ी से फैलने को लेकर डब्ल्यूएचओ की चेतावनी, सोफ़िया फ़ेरीरा सैंटोस

    डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ़ कांगो में इबोला

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, डब्ल्यूएचओ ने इबोला संक्रमण को अंतरराष्ट्रीय आपात स्थिति घोषित किया है

    डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ़ कांगो में इबोला की वजह से कम से कम 131 लोगों की मौत हो चुकी है.

    इस बीच विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) की एक प्रतिनिधि ने चेतावनी दी कि हो सकता है कि इबोला शुरुआती अनुमान से कहीं तेज़ी से इबोला फैल रहा हो.

    डॉ. ऐन ऐंसिया ने बीबीसी से कहा कि एजेंसी जितनी ज़्यादा जांच कर रही है, उतना ही साफ़ हो रहा है कि संक्रमण के मामले दूसरे इलाक़ों तक फैल चुके हैं.

    अधिकारियों ने कहा कि मंगलवार तक डीआर कांगो में 513 से ज़्यादा मामलों का संदेह था, जबकि पड़ोसी देश युगांडा में एक व्यक्ति की मौत हुई है.

    लेकिन लंदन स्थित एमआरसी सेंटर फ़ॉर ग्लोबल इन्फेक्शस डिज़ीज़ एनालिसिस की ओर से सोमवार को जारी मॉडलिंग में कहा गया कि यह संभावना ख़ारिज नहीं की जा सकती कि मामलों की संख्या पहले ही एक हज़ार से ज़्यादा हो चुकी हो.

    डब्ल्यूएचओ प्रमुख टेड्रोस गेब्रेयेसुस ने पिछले हफ़्ते इस संक्रमण को अंतरराष्ट्रीय आपात स्थिति घोषित किया था. अब उन्होंने कहा है कि वह "महामारी के फैलाव और इसकी रफ़्तार को लेकर बेहद चिंतित" हैं.

    आशंका है कि 24 अप्रैल को पहली बार इसका पता चलने से पहले यह संक्रमण कई हफ़्तों से फैल रहा था.

  6. रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने चीन यात्रा से पहले जारी किया वीडियो संदेश

    व्लादिमीर पुतिन

    इमेज स्रोत, Mikhail METZEL / POOL / AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, पुतिन की यह 25वीं चीन यात्रा होगी (फ़ाइल फ़ोटो)

    रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की चीन यात्रा से पहले क्रेमलिन ने चीनी जनता के लिए उनका एक वीडियो संदेश जारी किया है.

    बीबीसी फ़ारसी सेवा के मुताबिक़, पुतिन ने चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग की तारीफ़ करते हुए उन्हें अपना "अच्छा और पुराना दोस्त" बताया और कहा कि दोनों देशों के बीच संबंध "वास्तव में अभूतपूर्व स्तर" पर पहुंच गए हैं.

    पुतिन ने इस बात पर ज़ोर दिया कि रूस और चीन के बीच मज़बूत रणनीतिक गठबंधन वैश्विक स्तर पर एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है.

    रूसी राष्ट्रपति की चीन यात्रा अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की यात्रा के कुछ ही दिनों बाद हो रही है.

    वह 19 और 20 मई को चीन दौरे पर रहेंगे. यह उनकी 25वीं चीन यात्रा होगी.

  7. ट्रंप की धमकी के बाद ईरान बोला, 'हमारी फ़ौज पहले से ज़्यादा तैयार और मज़बूत'

    फौज

    इमेज स्रोत, Stringer/Getty Images

    इमेज कैप्शन, ईरान ने कहा है कि उसकी सेना दुश्मन की आक्रामकता का सख़्ती के साथ बड़े पैमाने पर जवाब देगी (फ़ाइल फ़ोटो)

    ईरान ने कहा है कि उसकी फ़ौज अब पहले से 'ज़्यादा तैयार और मज़बूत' है. ये बयान ख़ातम अल अंबिया सेंट्रल हेडक्वार्टर के कमांडर मेजर जनरल अली अब्दुल्लाही ने दिया है.

    ईरान की सरकारी न्यूज़ एजेंसी के मुताबिक़, मेजर जनरल अली अब्दुल्लाही ने कहा, "ईरान की फ़ौज हमेशा तैयार है और किसी भी दुश्मन की आक्रामकता का सख़्ती के साथ बड़े पैमाने पर जवाब देगी."

    यह बयान डोनाल्ड ट्रंप के उस बयान के जवाब में माना जा रहा है जिसमें उन्होंने कहा था कि वह ईरान पर आज (मंगलवार) हमला करने वाले थे, लेकिन खाड़ी देशों ने उन्हें रोक दिया.

    हालांकि, ट्रंप ने आगे कहा कि अगर कोई स्वीकार्य समझौता नहीं होता है तो ईरान पर 'बड़े पैमाने पर हमला' किया जाएगा.

  8. अब तक बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ाआप तक इस लाइव पेज के ज़रिये ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह रात दस बजे तक आप तक ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी हिन्दी की वेबसाइट पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को आप उनके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक कर विस्तार से पढ़ सकते हैं.

  9. नॉर्वे में विदेश मंत्रालय और पत्रकार के बीच हुई नोकझोंक पर प्रियंका चतुर्वेदी और टीएमसी ने क्या कहा

    प्रियंका चतुर्वेदी

    इमेज स्रोत, Santosh Kumar/Hindustan Times via Getty Images

    नॉर्वे में भारतीय विदेश मंत्रालय की प्रेस कॉन्फ़्रेंस में एक पत्रकार और मंत्रालय के अधिकारियों के बीच तीखी नोकझोंक देखी गई. इसके बाद भारत में विपक्षी दलों की प्रतिक्रिया आई है.

    शिवसेना (यूबीटी) की नेता और पूर्व राज्यसभा सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "महिला पत्रकार झगड़ा करने आई थी, उसे वही पुराने लंबे भारतीय जवाब मिले. साथ ही धैर्य रखने और योग के ज़रिए गहरी सांस लेने की सीख मिली. हम भारतीय दुनिया को धैर्य सिखाने में अच्छे हैं."

    तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता और पूर्व सांसद साकेत गोखले ने कहा कि विदेश मंत्रालय को बस एक सवाल का जवाब ही तो देना था.

    उन्होंने एक्स पर लिखा, "इस लंबे ग़ुस्से भरे भाषण की जगह, विदेश मंत्रालय को बस एक सवाल का जवाब देना चाहिए: पीएम मोदी भारत या बाहर प्रेस से सवाल लेने से क्यों डरते हैं? ये तो सिर्फ़ सवाल हैं. किसी भी लोकतंत्र में ये सामान्य बात है. मोदी ही ऐसे नेता क्यों हैं जो सवालों से इतना डरते हैं?"

  10. राहुल गांधी बोले, 'बड़ा आर्थिक तूफ़ान आने वाला है'

    राहुल गांधी

    इमेज स्रोत, Prakash Singh/Bloomberg via Getty Images

    इमेज कैप्शन, कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि आने वाला समय बहुत कठिन होगा (फ़ाइल फ़ोटो)

    कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा है कि एक बड़ा 'आर्थिक तूफ़ान' आने वाला है, जिसका असर आम आदमी पर पड़ेगा.

    राहुल गांधी ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा, "नरेंद्र मोदी ने जिस तरह से देश की इकॉनमी का ढांचा बदला है, अब एक बड़ा आर्थिक तूफ़ान आने वाला है. उन्होंने जो ढांचा अदानी और अंबानी के पक्ष में बनाया है, वह टिक नहीं पाएगा. दुःख की बात यह है कि इसका असर आम जनता पर पड़ेगा."

    उन्होंने कहा, "इसका असर अदानी-अंबानी और नरेंद्र मोदी पर नहीं पड़ेगा, क्योंकि वे अपने महलों में बैठे रहेंगे. यह झटका बहुत बुरा होगा, आने वाला समय बहुत कठिन होगा."

    राहुल गांधी ने कहा, "कोई ठोस क़दम उठाने के बजाय नरेंद्र मोदी देश के लोगों से कह रहे हैं कि कोई भी विदेश यात्रा न करे, जबकि वे ख़ुद दुनिया भर का दौरा कर रहे हैं."

    गौरतलब है कि हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से वर्क फ्रॉम होम अपनाने, एक साल तक सोना न ख़रीदने और विदेश यात्राओं को सीमित करने की अपील की थी.

  11. उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री भुवन चंद्र खंडूरी का निधन, आसिफ़ अली, देहरादून से बीबीसी हिन्दी के लिए

    भुवन चंद्र खंडूरी

    इमेज स्रोत, Bisht Narendra/The The India Today Group via Getty Images

    इमेज कैप्शन, भुवन चंद्र खंडूरी 2007 से 2009 और 2011 से 2012 तक दो बार उत्तराखंड के मुख्यमंत्री रहे

    उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ बीजेपी नेता भुवन चंद्र खंडूरी का मंगलवार को निधन हो गया है.

    91 वर्षीय खंडूरी लंबे समय से बीमार चल रहे थे और वेंटिलेटर पर थे. खंडूरी ने देहरादून के मैक्स अस्पताल में अंतिम सांस ली.

    सीएम पुष्कर सिंह धामी ने उनके निधन पर गहरा दुख जताते हुए कहा कि खंडूरी ने सेना और सार्वजनिक जीवन में अनुशासन, ईमानदारी और समर्पण का उदाहरण पेश किया. उन्होंने कहा कि खंडूरी की सादगी, स्पष्टवादिता और कार्यशैली हमेशा प्रेरणास्रोत रहेगी.

    भुवन चंद्र खंडूरी 2007 से 2009 और 2011 से 2012 तक दो बार उत्तराखंड के मुख्यमंत्री रहे.

    वह गढ़वाल लोकसभा सीट से सांसद भी रहे हैं. उन्होंने सेना से रिटायर होने के बाद राजनीति के क्षेत्र में कदम रखा.

    वर्तमान में भुवन चंद्र खंडूरी की बेटी ऋतु भूषण खंडूरी उत्तराखंड विधानसभा की अध्यक्ष हैं.

  12. दिल्ली में टैक्सी ड्राइवर यूनियन ने किया तीन दिन की हड़ताल का एलान, ये है मांग

    टैक्सी

    इमेज स्रोत, Sanjeev Verma/Hindustan Times via Getty Images

    इमेज कैप्शन, पेट्रोल-डीज़ल की क़ीमतों में इज़ाफ़ा होने के बाद हड़ताल का एलान किया गया

    दिल्ली में कमर्शियल गाड़ियों की ड्राइवर यूनियन ने 21 मई से 23 मई तक तीन दिन की हड़ताल करने का एलान किया है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, ड्राइवर यूनियन की मांग है कि पेट्रोल-डीज़ल के बढ़ते दामों को देखते हुए टैक्सी और ऑटो का किराया बढ़ाया जाए.

    ऑल इंडिया मोटर ट्रांसपोर्ट कांग्रेस ने सोमवार को दिल्ली के लेफ़्टिनेंट गवर्नर तरनजीत सिंह संधू और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को पत्र लिखकर अपनी मांगें रखीं.

    चालक शक्ति यूनियन के उपाध्यक्ष अनुज कुमार राठौड़ ने कहा, "सीएनजी, पेट्रोल और डीज़ल के लगातार बढ़ते दामों की वजह से मिडिल क्लास ड्राइवर अपने परिवार का ख़र्च चलाने में मुश्किल झेल रहे हैं."

    उन्होंने कहा, "दिल्ली की अन्य संस्थाओं के साथ मिलकर चालक शक्ति यूनियन ने चक्का जाम (हड़ताल) का एलान किया है और अपील की है कि 21, 22 और 23 मई को गाड़ियां न चलाएं."

    मंगलवार को क़ीमतों में इज़ाफ़ा होने के बाद दिल्ली में पेट्रोल के दाम 87 पैसे बढ़कर 98.64 रुपये प्रति लीटर हो गए हैं. डीज़ल के दाम 91 पैसे बढ़कर 91.58 रुपये प्रति लीटर हो गए हैं.

    इससे पहले शुक्रवार को पेट्रोल और डीज़ल की क़ीमतों में तीन-तीन रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई थी.

  13. भारत सरकार ने नागरिकता नियम 2009 में किया ये संशोधन

    गृह मंत्रालय

    इमेज स्रोत, Pradeep Gaur/SOPA Images/LightRocket via Getty Images

    भारत के गृह मंत्रालय ने नागरिकता नियम, 2009 में संशोधन करते हुए सोमवार को एक नई अधिसूचना जारी की है.

    इस संशोधन के तहत पाकिस्तान, अफ़ग़ानिस्तान और बांग्लादेश से आने वाले नागरिकता आवेदकों के लिए पासपोर्ट से जुड़ी जानकारी देना अनिवार्य होगा.

    सरकार की ओर से जारी किए गए नोटिफ़िकेशन के मुताबिक़, "नागरिकता पाने के लिए बताना होगा इन तीन पड़ोसी देशों का वैध या एक्सपायर्ड पासपोर्ट है या नहीं."

    नोटिफ़िकेशन

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, गृह मंत्रालय की ओर से जारी किया गया नोटिफ़िकेशन

    "जिनके पास ऐसा पासपोर्ट है, उन्हें पासपोर्ट का विवरण (पासपोर्ट नंबर, इसे जारी करने की तारीख़ और जगह, एक्सपायरी डेट) देना होगा."

    आगे कहा गया है, "नागरिकता की मंज़ूरी मिलने के 15 दिन के भीतर दस्तावेज़ जमा करना होगा."

    गृह मंत्रालय का कहना है कि इस बदलाव का उद्देश्य नागरिकता पाने की प्रक्रिया में गड़बड़ी या फ़र्ज़ीवाड़े को रोकना है.

  14. आईपीएल 2026: ईशान किशन के इस इशारे से नाराज़ हुए चेन्नई सुपर किंग्स के फ़ैन्स

    ईशान किशन

    इमेज स्रोत, Pankaj Nangia/Getty Images

    इमेज कैप्शन, सोशल मीडिया पर सीएसके फ़ैन्स ने ईशान किशन की ट्रोलिंग की (फ़ाइल फ़ोटो)

    आईपीएल 2026 का 63वां मैच सनराइजर्स हैदराबाद और चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के बीच हुआ. हैदराबाद ने ये मैच जीतकर प्लेऑफ़ में जगह बना ली लेकिन इस मैच के बाद सोशल मीडिया पर सीएसके फ़ैन्स ने ईशान किशन की आलोचना की.

    दरअसल, मैच ख़त्म होने के बाद ईशान को सीएसके फ़ैन्स की ओर इशारा करते हुए देखा गया, जिसे लोगों ने 'गो होम' के इशारे के रूप में लिया.

    वीडियो में देखा जा सकता है कि मैच ख़त्म होते ही ईशान किशन दर्शकों की ओर देखते हुए सीटी बजाते हैं और बाद में हाथ से घर जैसी आकृति बनाते हैं.

    इसके बाद सोशल मीडिया पर सीएसके फ़ैन्स ने ईशान की ट्रोलिंग शुरू कर दी.

    ईशान किशन ने इस वाक़ये के बाद सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म इंस्टाग्राम पर अपनी फ़ोटो पोस्ट करते हुए कैप्शन में लिखा- "सीटी से भी ज़्यादा तेज़ आवाज़ थी बल्ले की. प्लेऑफ़ में पहुंच गए."

    गौरतलब है कि इस मैच में सीएसके ने 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 180 रन बनाए. जिसके जवाब में हैदराबाद ने 19 ओवर में 5 विकेट पर 181 रन बनाकर मैच को जीत लिया.

    ईशान किशन ने 47 गेंदों में 70 रन की पारी खेली, जिसके लिए उन्हें प्लेयर ऑफ़ द मैच चुना गया.

    इस जीत के साथ सनराइजर्स की टीम ने प्लेऑफ़ में भी जगह पक्की कर ली.

  15. 'आज ईरान पर हमला होने वाला था लेकिन...', ट्रंप के इस बयान पर ईरान ने ये कहा

    मोहसिन रेज़ाई

    इमेज स्रोत, ATTA KENARE/AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड के पूर्व कमांडर मोहसिन रेज़ाई ने ट्रंप के बयान पर प्रतिक्रिया दी (फ़ाइल फ़ोटो)

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि उन्होंने ईरान पर मंगलवार को होने वाले सैन्य हमले को रोक दिया है. इस पर ईरान की प्रतिक्रिया आई है.

    ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड के पूर्व कमांडर मोहसिन रेज़ाई ने ट्रंप पर तंज़ करते हुए कहा कि वो ख़ुद हमले की तारीख़ तय करते हैं, फिर उसे ख़ुद ही रद्द कर देते हैं.

    मोहसिन रेज़ाई ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "ये ख़ुद ही सैन्य हमले की तारीख़ तय करते हैं और फिर ख़ुद ही उसे रद्द कर देते हैं. इस बेकार उम्मीद में कि ईरानी जनता और अधिकारी हार मान लेंगे. ताक़तवर सेना और महान ईरानी जनता के हौसले इन्हें पीछे हटने और हार मानने पर मजबूर कर देंगे."

    गौरतलब है कि डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर लिखा था कि उनसे क़तर, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात के नेताओं ने हमला रोकने की मांग की थी.

    हालांकि, उन्होंने आगे कहा कि अगर कोई स्वीकार्य समझौता नहीं होता है तो ईरान पर 'बड़े पैमाने पर हमला' किया जाएगा.

  16. कांग्रेस ने कहा, 'महंगाई मैन अभी और वसूली करेगा'

    पेट्रोल-डीज़ल

    इमेज स्रोत, Sonu Mehta/Hindustan Times via Getty Images

    इमेज कैप्शन, देश में पेट्रोल-डीज़ल की क़ीमतों में क़रीब 90 पैसे प्रति लीटर तक का इज़ाफ़ा हुआ (फ़ाइल फ़ोटो)

    भारत में मंगलवार को एक बार फिर पेट्रोल और डीज़ल की क़ीमतों में इज़ाफ़ा हुआ है. इसको लेकर कांग्रेस पार्टी ने सरकार की आलोचना की है.

    कांग्रेस ने आधिकारिक एक्स हैंडल से किए गए पोस्ट में लिखा, "जनता पर महंगाई मैन मोदी का हंटर फिर चला. पेट्रोल-डीज़ल 90 पैसे महंगा कर दिया गया. मोदी ने पिछले 4 दिन में 4 रुपए बढ़ा दिए हैं. इस बढ़ोतरी के साथ देश में पेट्रोल 109 रुपए और डीज़ल 96 रुपए पहुंच गया है."

    कांग्रेस ने लिखा, "ये तो बस शुरुआत है. महंगाई मैन अभी और वसूली करेगा, क्योंकि चुनाव खत्म हो गए."

    दरअसल, मंगलवार को देश में पेट्रोल-डीज़ल की क़ीमतों में क़रीब 90 पैसे प्रति लीटर तक का इज़ाफ़ा हुआ.

    इससे पहले शुक्रवार को ही पेट्रोल और डीज़ल की क़ीमतों में तीन-तीन रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई थी.

  17. अमेरिका ने रूसी तेल पर बैन से 30 दिन की छूट और दी, भारत ने कहा, 'हम पहले से ही ख़रीद रहे थे'

    तेल

    इमेज स्रोत, Alain JOCARD / AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, भारत ने कहा कि अमेरिकी प्रतिबंधों के दौरान भी उसने रूस से तेल खरीदना जारी रखा (फ़ाइल फ़ोटो)

    ईरान युद्ध की वजह से तेल की ग्लोबल सप्लाई पर संकट छाया हुआ है. इस बीच अमेरिकी ट्रेज़री विभाग ने सोमवार को रूसी तेल के उन कार्गो पर लगे प्रतिबंधों में 30 दिन की छूट एलान किया, जो पहले से समुद्र में हैं.

    अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने एक्स पोस्ट में लिखा, "अमेरिकी ट्रेज़री विभाग कमज़ोर देशों को मदद देने के लिए 30 दिन का अस्थायी लाइसेंस जारी कर रहा है. इससे इन देशों को फिलहाल समुद्र में फंसे रूसी तेल तक पहुंचने सुविधा मिलेगी."

    उन्होंने लिखा, "यह सामान्य लाइसेंस कच्चे तेल के बाज़ार को स्थिर करने में मदद करेगा और यह सुनिश्चित करेगा कि तेल उन देशों तक पहुंचे जिन्हें ऊर्जा की सबसे ज़्यादा ज़रूरत है.

    हालांकि, भारत सरकार ने सोमवार को ही स्पष्ट कर दिया था कि भारत ने अमेरिकी प्रतिबंधों के दौरान भी रूस से तेल खरीदना जारी रखा है.

    पेट्रोलियम मंत्रालय की जॉइंट सेक्रेटरी सुजाता शर्मा ने सोमवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, "भारत का रुख इस मामले में हमेशा से साफ रहा है. भारत अमेरिकी छूट मिलने से पहले भी रूस से तेल खरीद रहा था, छूट के दौरान भी खरीदा और आगे भी इसे जारी रखेगा."

    सुजाता शर्मा ने कहा कि अमेरिकी प्रतिबंधों से हमारे इम्पोर्ट प्लान पर कोई असर नहीं पड़ेगा.

  18. ट्रंप ने कहा- आज ईरान पर होना था हमला, पर खाड़ी के इन देशों ने रोका, जारोस्लाव लुकीव, डैनियल बुश और फ्रैंक गार्डनर

    डोनाल्ड ट्रंप

    इमेज स्रोत, Alex Wong/Getty Images

    इमेज कैप्शन, डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि ईरान का समझौता स्वीकार्य नहीं होगा तो फिर बड़े पैमाने पर हमले होंगे (फ़ाइल फ़ोटो)

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि उन्होंने ईरान पर मंगलवार को होने वाले सैन्य हमले को रोक दिया है.

    ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर लिखा कि उनसे क़तर, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात के नेताओं ने हमला रोकने की मांग की थी.

    उन्होंने ट्रुथ सोशल पर लिखा, "मुझसे क़तर के अमीर तमीम बिन हमद अल थानी, सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान अल सऊद और संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति मोहम्मद बिन ज़ायद अल नहयान ने कहा है कि ईरान पर कल होने वाले हमारे तय सैन्य हमले को रोक दिया जाए, क्योंकि इस समय गंभीर बातचीत चल रही है."

    "उनका मानना है कि एक समझौता होगा जो अमेरिका, मध्य पूर्व और अन्य देशों के लिए स्वीकार्य होगा. इस समझौते में सबसे अहम बात होगी कि ईरान के पास परमाणु हथियार नहीं होंगे."

    ट्रंप ने लिखा, "इन नेताओं के सम्मान के कारण मैंने रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ, ज्वाइंट चीफ़्स ऑफ़ स्टाफ़ के चेयरमैन जनरल डैनियल केन और अमेरिकी सेना को निर्देश दिया है कि हम कल ईरान पर हमला नहीं करेंगे. लेकिन मैंने उन्हें यह भी कहा है कि अगर कोई स्वीकार्य समझौता नहीं होता है तो वे तुरंत ईरान पर बड़े पैमाने पर हमला करने के लिए तैयार रहें."

    ईरान पर ट्रंप का ताज़ा बयान उस समय आया है जब उनकी लोकप्रियता गिर रही है. सर्वे बताते हैं कि इस युद्ध से अमेरिका के लोग कुछ ख़ास खुश नहीं हैं.

    न्यूयॉर्क टाइम्स/सिएना के सोमवार को जारी किए गए सर्वे के अनुसार, क़रीब 64% वोटरों का मानना है कि ईरान के साथ युद्ध में जाना ग़लत फ़ैसला था.

    यह आंकड़े दिखाते हैं कि रिपब्लिकन पार्टी को मध्यावधि चुनावों में बड़ी चुनौती का सामना करना पड़ सकता है.

  19. पेट्रोल-डीज़ल के दाम फिर बढ़े, अब एक लीटर की क़ीमत हुई इतनी

    पेट्रोल

    इमेज स्रोत, Sonu Mehta/Hindustan Times via Getty Images

    इमेज कैप्शन, एक हफ़्ते के भीतर दूसरी बार बढ़े पेट्रोल-डीज़ल के दाम (फ़ाइल फ़ोटो)

    देश में मंगलवार को पेट्रोल और डीज़ल की क़ीमतों में एक बार फिर इज़ाफ़ा हुआ है. दिल्ली में पेट्रोल के दाम 87 पैसे और डीज़ल के दाम 91 पैसे प्रति लीटर तक बढ़ा दिए गए हैं. एक हफ़्ते के भीतर दूसरी बार पेट्रोल-डीज़ल की क़ीमत बढ़ाई गई है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, दिल्ली में पेट्रोल के दाम 97.77 रुपये प्रति लीटर से बढ़कर 98.64 रुपये प्रति लीटर हो गए हैं. डीज़ल अब 90.67 रुपये से बढ़कर 91.58 रुपये प्रति लीटर हो गया है.

    इससे पहले शुक्रवार को ही पेट्रोल और डीज़ल की क़ीमतों में तीन-तीन रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई थी.

    मुंबई में पेट्रोल 91 पैसे बढ़कर 107.59 रुपये प्रति लीटर हो गया और डीज़ल 94 पैसे बढ़कर 94.08 रुपये प्रति लीटर हो गया.

    कोलकाता में पेट्रोल की सबसे ज़्यादा बढ़ोतरी हुई. यहां पेट्रोल 96 पैसे बढ़कर 109.70 रुपये प्रति लीटर हो गया, जबकि डीज़ल 94 पैसे बढ़कर 96.07 रुपये प्रति लीटर हो गया.

    चेन्नई में पेट्रोल 82 पैसे बढ़कर 104.49 रुपये प्रति लीटर हो गया और डीज़ल 86 पैसे बढ़कर 96.11 रुपये प्रति लीटर हो गया.

  20. अमेरिका: सैन डिएगो की सबसे बड़ी मस्जिद में गोलीबारी, तीन लोगों की मौत

    सैन डिएगो

    इमेज स्रोत, Michael Ho Wai Lee/Anadolu via Getty Images

    इमेज कैप्शन, इस मामले की जांच हेट क्राइम के एंगल से की जा रही है

    अमेरिका के सैन डिएगो की एक मस्जिद में सोमवार को गोलीबारी हुई, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई है. पुलिस ने बताया कि मस्जिद के बाहर ही दो किशोर भी एक कार में मृत मिले.

    कैलिफ़ोर्निया राज्य के क्लेरमॉन्ट इलाक़े में बना यह इस्लामिक सेंटर सैन डिएगो की सबसे बड़ी मस्जिद है.

    इस मामले की जांच हेट क्राइम के एंगल से की जा रही है. पुलिस प्रमुख स्कॉट वॉल ने कहा कि सैन डिएगो इस्लामिक सेंटर में हुई गोलीबारी को 'नफ़रत से जुड़ा अपराध' माना जा रहा है और इसमें 'नफ़रत भरी बातें साफ़ तौर पर शामिल' थीं.

    उन्होंने बताया कि दो संदिग्ध जिनकी उम्र 17 और 19 साल बताई जा रही है, वो पास की एक गाड़ी में मृत मिले.

    पुलिस की शुरुआती जांच में माना जा रहा है कि उन्होंने खुद को गोली मारी.

    एक प्रत्यक्षदर्शी ने बीबीसी के अमेरिकी साझेदार सीबीएस न्यूज़ को बताया, "मैंने क़रीब 30 गोलियों की आवाज़ सुनी. गोलियों की आवाज़ से लगा जैसे 'सेमी-ऑटोमैटिक हथियार' से चलाई गई हैं."

    अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सैन डिएगो इस्लामिक सेंटर में हुई गोलीबारी को "बहुत ही भयानक" बताया. उन्होंने कहा, "मुझे शुरुआती जानकारी दी गई है लेकिन हम इसे गंभीरता से दोबारा देखेंगे."