टाइगर श्रॉफ़ पर हमला: चश्मदीद ने कहा- दो लड़के एक व्हीकल से उतरे और...
इमेज स्रोत, AFP via Getty Images
इमेज कैप्शन, चश्मदीद ने बताया कि ड्राइवर को गोली लगने के बाद ख़ुद टाइगर की गाड़ी ड्राइव करके ले गए थे (फ़ाइल फ़ोटो)
अभिनेता टाइगर श्रॉफ़ पर हुए हमले को लेकर एक चश्मदीद ने घटना के बारे में आंखों देखी बताई है.
चश्मदीद शाहरुख शेख़ ने बताया कि ड्राइवर को गोली लगने के बाद ख़ुद टाइगर की गाड़ी ड्राइव करके ले गए थे.
न्यूज़ एजेंसी पीटीआई से शाहरुख शेख ने कहा, "दो लड़के एक व्हीकल से उतरे और फ़ायरिंग करके उसी व्हीकल पर बैठकर नेहरू नगर की तरफ़ भाग गए. एक गोली टाइगर के ड्राइवर को लगी. जबकि एक गोली फ़ैन को लगी, जो गाड़ी के साथ चल रहा था."
चश्मदीद ने बताया, "ड्राइवर के घायल होने के बाद टाइगर ही गाड़ी लेकर गए, वो गाड़ी के अंदर से ही ड्राइवर सीट पर शिफ़्ट हो गए थे."
गौरतलब है कि इस मामले में महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने कहा था कि 'जैसे को तैसा जवाब' मिलेगा.
टाइगर श्रॉफ़ पर हुए हमले को लेकर चश्मदीद ने क्या बताया
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, चश्मदीद सलमा शेख ने कहा कि पहले उन्हें लगा पटाखे फूट रहे हैं, लेकिन इसके बाद ड्राइवर घायल अवस्था में नज़र आया
अभिनेता टाइगर श्रॉफ़ पर हुए हमले को लेकर एक चश्मदीद ने बताया है कि गोली चलने के वक़्त टाइगर नीचे लेट गए थे.
न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, चश्मदीद सलमा शेख़ ने कहा कि पहले उन्हें लगा पटाखे फूट रहे हैं, लेकिन इसके बाद ड्राइवर घायल अवस्था में नज़र आया.
सलमा शेख ने कहा, "हर रविवार हम टाइगर श्रॉफ़ और अभिषेक का वीडियो बनाने के लिए अपनी तय जगह पर खड़े होते हैं, ताकि उसे अपने ब्लॉग पर डाल सकें. आज हम उनका वीडियो नहीं बना सके. जब हमने चार या पांच गोलियां चलने की आवाज़ सुनी, तो पहले हमें लगा कि दिवाली के लिए पटाखे चलाए जा रहे हैं. ड्राइवर घायल हालत में बाहर आया, तो हमें समझ आया कि क्या हुआ था."
उन्होंने कहा, "मैं चिल्लाने और रोने लगी, क्योंकि हमारे साथ भी ऐसा हो सकता था, लेकिन ऊपर वाले ने हमें बचा लिया. ड्राइवर को चोटें आईं. एक गोली उसकी हथेली में जा लगी. गोली चलाने वाला लड़का बहुत कम उम्र का था. ड्राइवर को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया."
सलमा शेख़ ने यह भी दावा किया कि गोली चलने के वक़्त टाइगर नीचे लेट गए थे.
महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने टाइगर श्रॉफ़ से मुलाक़ात के बाद कहा कि दोषियों को बख़्शा नहीं जाएगा.
रूस का ज़िक्र करते हुए बोले डोनाल्ड ट्रंप- मैं ऐसा कोई कदम नहीं उठाना चाहता जिससे...
इमेज स्रोत, Aaron Schwartz/Getty Images
इमेज कैप्शन, डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि वह ऐसा कोई कदम नहीं उठाना चाहते, जिससे रूस बातचीत से पीछे हट जाए (फ़ाइल फ़ोटो)
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध को लेकर बड़ा बयान दिया है.
ट्रंप ने कहा कि वह दोनों देशों के बीच शांति वार्ता कराने की कोशिश कर रहे हैं और ऐसा कोई कदम नहीं उठाना चाहते, जिससे रूस बातचीत से पीछे हट जाए.
डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर पोस्ट किया, "रूस को लेकर मेरा फ़ैसला बहुत स्पष्ट है. मैं रूस और यूक्रेन के बीच चल रहे युद्ध को ख़त्म करने और शांति लाने के लिए बातचीत कर रहा हूं. मैं ऐसा कुछ नहीं करना चाहता, जिससे रूस बेवजह बातचीत की मेज़ से दूर चला जाए."
"रूस, ईरान की मदद करने के लिए बहुत कम काम कर रहा है, जबकि वह इससे कहीं ज़्यादा मदद कर सकता है. मैं चाहता हूं कि ऐसा ही बना रहे और मैं इसे ऐसा ही रखूंगा, जब तक कि कुछ मूर्ख लोग इसमें रुकावट न डालें."
ट्रंप ने लिखा, "ज़ेलेंस्की रूस की डीज़ल रिफ़ाइनरियों को निशाना बना रहे हैं. उन्हें पता है कि इन हमलों से दुनिया के डीज़ल बाज़ार पर बुरा असर पड़ रहा है, जिसमें अमेरिका का बाज़ार भी शामिल है. किसान, पशुपालक और हर तरह के कारोबार करने वाले लोग इससे बहुत ज़्यादा परेशान हो रहे हैं. इसके बावजूद रूस दुनिया को कम क़ीमत पर लाखों बैरल डीज़ल भेज रहा है."
"ज़ेलेंस्की को इसकी परवाह नहीं है. सच कहूं तो यूरोप उन्हें जो भारी रकम दे रहा है और पहले जो पैसा बाइडेन ने उन्हें दिया था, उसके बावजूद वह इस युद्ध को ख़त्म नहीं करना चाहते. शायद वह कभी इसे ख़त्म करना चाहते ही नहीं थे. दो साल पहले वह आज के मुक़ाबले कहीं बेहतर समझौता कर सकते थे."
ट्रंप ने कहा, "उनका देश बर्बाद हो चुका है, उनके देश का एक बड़ा हिस्सा हाथ से निकल चुका है, उनके समुद्र और महासागर उनके हाथ से जा चुके हैं और उनके देश में पुरुषों की संख्या कम हो गई है. कई पुरुष घायल हैं या मारे जा चुके हैं. मैं चाहता हूं कि यह युद्ध ख़त्म हो!"
गौरतलब है कि डोनाल्ड ट्रंप ने हाल ही में रूस पर लगे प्रतिबंध में छूट देने का एलान किया था, जिसके बाद यूक्रेन ने नाराज़गी ज़ाहिर की थी.
टाइगर श्रॉफ़ पर हमला: प्रियंका चतुर्वेदी ने सलमान और रोहित शेट्टी का ज़िक्र करते हुए क्या कहा
इमेज स्रोत, Sansad TV
इमेज कैप्शन, शिवसेना-यूबीटी की पूर्व राज्यसभा सांसद प्रियंका चतुर्वेदी (फ़ाइल फ़ोटो)
शिवसेना-यूबीटी की पूर्व राज्यसभा सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने अभिनेता टाइगर श्रॉफ़ पर हुई गोलीबारी को लेकर क़ानून व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं.
प्रियंका चतुर्वेदी ने अभिनेता सलमान खान, डायरेक्टर रोहित शेट्टी और एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी पर हुए हमले का भी ज़िक्र किया है.
प्रियंका चतुर्वेदी ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "बिश्नोई गैंग ने सलमान खान को निशाना बनाने की कोशिश की, फिर रोहित शेट्टी का नंबर आया, इसी तरह पहले हमने बाबा सिद्दीकी को खो दिया और अब टाइगर श्रॉफ़ का मामला सामने आया है. ये सब मुंबई में हो रहा है, जिसे सबसे सुरक्षित शहर माना जाता है. हे सरकार, आप कहां हैं?"
वहीं, कांग्रेस और शरद पवार की एनसीपी ने कहा है कि राज्य के मुख्यमंत्री आम लोगों को सुरक्षा देने में नाकाम रहे हैं.
दूसरी ओर, राज्य के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने कहा है कि टाइगर श्रॉफ़ पर हमला करने वाले दोषियों को बख़्शा नहीं जाएगा.
टाइगर श्रॉफ़ पर हुई गोलीबारी को लेकर क्या बोले बाबा सिद्दीकी के बेटे ज़ीशान
इमेज स्रोत, Shivsena PR
इमेज कैप्शन, बाबा सिद्दीकी के बेटे ज़ीशान सिद्दीकी ने बताया कि उन्हें भी आए दिन धमकियां मिलती हैं (फ़ोटो: टाइगर श्रॉफ़)
अभिनेता टाइगर श्रॉफ़ पर गोलीबारी की घटना के बाद एनसीपी नेता और बाबा सिद्दीकी के बेटे ज़ीशान सिद्दीकी ने इसे 'दुर्भाग्यपूर्ण' बताया है.
जीशान सिद्दीकी के पिता और एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी की साल 2024 में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी.
ज़ीशान सिद्दीकी ने बताया कि उन्हें भी आए दिन धमकियां मिलती हैं और टाइगर पर हुई गोलीबारी के मामले में सरकार को जवाब देना चाहिए.
ज़ीशान ने न्यूज़ एजेंसी एएनआई से बातचीत में कहा, "ये बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है कि मुंबई जैसे शहर में, जो सपनों का शहर कहलाता है, वहां ऐसी घटना होती है. 2026 के माहौल में ऐसा हो रहा है. 2024 में मेरे पिता के साथ भी ऐसा हुआ था, उनकी हत्या हुई थी. हम अभी भी न्याय की मांग कर रहे हैं और हम न्याय की अपेक्षा करते भी हैं. मगर ऐसा नहीं होना चाहिए था. सरकार को जवाब देना ज़रूरी है."
उन्होंने कहा, "मैं विधायक हूं और मुझे आए दिन धमकियां मिलती हैं, तो मुझे लगता है कि आम जनता कैसे ही अपने आप को सुरक्षित रख पाएगी. अभिनेताओं और नेताओं के साथ यदि ऐसा हो रहा है तो यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है."
गौरतलब है कि इससे पहले महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने टाइगर श्रॉफ़ से मुलाक़ात की और कहा कि दोषियों को बख़्शा नहीं जाएगा.
टाइगर श्रॉफ़ से मुलाक़ात के बाद क्या बोले महाराष्ट्र डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे
इमेज स्रोत, Shivsena PR
इमेज कैप्शन, डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने इसे गंभीर घटना बताते हुए कहा कि राज्य सरकार टाइगर श्रॉफ़ के साथ खड़ी है
अभिनेता टाइगर श्रॉफ़ पर हुए हमले के बाद महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने रविवार देर रात उनसे मुलाक़ात की है.
एकनाथ शिंदे ने इसे गंभीर घटना बताते हुए कहा कि राज्य सरकार टाइगर श्रॉफ़ के साथ खड़ी है.
एकनाथ शिंदे ने मीडिया से बातचीत में कहा, "टाइगर श्रॉफ़ पर गोलीबारी होना एक गंभीर घटना है. वो इस हमले में बाल-बाल बचे हैं. पांच राउंड फ़ायरिंग हुई, लेकिन ग़नीमत रही कि वे सुरक्षित बच गए. उनके ड्राइवर को चोटें आई हैं, और यह घटना निंदनीय है. मैंने अभिनेता से मुलाक़ात की, उनसे बातचीत हुई. उनके बाएं हाथ पर गन पाउडर और कांच के टुकड़ों से चोटें आई हैं."
उन्होंने बताया, "टाइगर और उनकी मां दोनों ही काफ़ी सदमे में हैं. मैंने उन्हें भरोसा दिलाया है कि राज्य सरकार और मुंबई पुलिस उनके साथ है. किसी भी तरह की धमकी या दादागिरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी. 90 के दशक में इस तरह की गैंगवार काफ़ी आम थीं, लेकिन मुंबई पुलिस ने 1995 में इनका ख़ात्मा कर दिया था. गोली का जवाब गोली से दिया, तब यह गैंगवार ख़त्म हुआ."
शिंदे ने कहा, "लोगों को डराने-धमकाने की ऐसी कोशिशें बर्दाश्त नहीं की जाएंगी. जैसे को तैसा जवाब मिलेगा. हम इस गुंडागर्दी को पूरी तरह ख़त्म कर देंगे."
इस घटना को लेकर विपक्षी पार्टियों ने राज्य की क़ानून व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं.
कांग्रेस और शरद पवार की एनसीपी ने कहा है कि राज्य के मुख्यमंत्री आम लोगों को सुरक्षा देने में नाकाम रहे हैं.
बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.
कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहांक्लिक करें.