डीज़ल की कमी के बीच ट्रंप ने दिए निर्यात रोकने के संकेत, ओलिवर स्मिथ, सीनियर बिज़नेस प्रोड्यूसर, सिमोन जैक, बिजनेस एडिटर, आर्ची मिशेल, बिजनेस रिपोर्टर

इमेज स्रोत, Shutterstock
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि वह यूरोपीय देशों से उनके डीजल भंडार का कुछ हिस्सा जारी करने के लिए कह सकते हैं.
ट्रंप डीजल की कमी के बीच अमेरिका से इसके निर्यात पर प्रतिबंध लगाने पर विचार कर रहे हैं.
ट्रंप की यह टिप्पणी अमेरिका के वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट के यूरोप से ऐसे भंडार तैयार रखने और जरूरत पड़ने पर उन्हें जारी करने के आग्रह के बाद आई है.
बेसेंट ने कहा कि बढ़ती कीमतों का बोझ अमेरिकी किसानों, ट्रक चालकों और कारोबारियों पर नहीं डाला जाना चाहिए.
ईरान में युद्ध के कारण बढ़ती कीमतों के बीच अमेरिका ने डीजल के निर्यात पर प्रतिबंध लगाने की चेतावनी दी है.
अमेरिका में मध्यावधि चुनावों से पहले यह मुद्दा अमेरिकी मतदाताओं के लिए अहम बना हुआ है.
गुरुवार को ब्रिटेन ने यूरोपीय साझेदारों के साथ संभावित प्रतिबंध की स्थिति में डीजल भंडार जारी करने को लेकर बातचीत की.
अमेरिका दुनिया को डीजल की सप्लाई करने वाला एक अहम देश है. वह रोजाना 12 लाख से 15 लाख बैरल डीजल का निर्यात करता है.
विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि विदेशों में डीजल की सप्लाई पर प्रतिबंध लगाने से दूसरे देशों में कीमतों पर और दबाव पड़ सकता है.





