लाइव, मदीना पर हमले के दावे के बाद, पाकिस्तान और क़तर ने क्या कहा?

पाकिस्तान का कहना है कि पैगंबर की मस्जिद को बिजली की सप्लाई करने वाले इस सिविल इलेक्ट्रिसिटी इन्फ़्रास्ट्रक्चर पर हमला एक गंभीर उकसावा है.

सारांश

वीडियो छोड़ें और जारी रखें
  • दुबई से तेल अवीव जा रहा विमान सऊदी अरब क्यों पहुंचा?
  • इंडिया ब्लॉक की मीटिंग
  • पैट्रिक ब्रांको रुवो अपने पद से इस्तीफ़ा देंगे
  • नदी के तेज़ बहाव में बह गई इमारत
  • फ़्लाईदुबई की फ़्लाइट में सवार एक पैसेंजर की मां
  • चीन में दिखा कुदरत का कमाल
  • सेफ़्टी पर क्या बोलीं दिल्ली की महिलाएं?

लाइव कवरेज

दीपक मंडल

  1. मदीना पर हमले के दावे के बाद, पाकिस्तान और क़तर ने क्या कहा?

    मदीना पर हमला

    यमन की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त सरकार का समर्थन करने वाले सैन्य गठबंधन ने हूती विद्रोहियों पर मदीना में एक बिजली वितरण स्टेशन पर ड्रोन हमला करने का आरोप लगाया है.

    बीबीसी की अरबी सेवा के मुताबिक़ सऊदी अरब के नेतृत्व वाले गठबंधन के प्रवक्ता मेजर जनरल तुर्की अल-मलिकी की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि 29 सितंबर, 2026 को सुबह 5 बजकर 11 मिनट पर मदीना में एक बिजली वितरण स्टेशन पर हमला किया गया.

    गठबंधन का कहना है कि घटना की जांच और इस्तेमाल किए गए ड्रोन के मलबे के आकलन के बाद वो इस निष्कर्ष पर पहुंचा.

    बयान में कहा गया है कि हमले से एक पावर ट्रांसफॉर्मर निष्क्रिय हो गया,लेकिन बिजली ट्रांसमिशन पर इसका असर नहीं पड़ा.

    सऊदी गठबंधन ने दावा किया कि जिस यूनिट को निशाना बनाया गया था वह मदीना में पैगंबर की मस्जिद को बिजली की सप्लाई करने वाले सिस्टम का हिस्सा थी.

    पाकिस्तान के विदेश कार्यालय का कहना है कि पाकिस्तान 29 सितंबर, 2026 को मदीना में हूती मिलिशिया की ओर से बिजली वितरण स्टेशन पर किए गए हमले की कड़ी निंदा करता है.

    विदेश कार्यालय ने एक बयान में कहा, "पैगंबर की मस्जिद को बिजली की सप्लाई करने वाले इस सिविल इलेक्ट्रिसिटी इन्फ़्रास्ट्रक्चर पर हमला एक गंभीर उकसावा है और दुनिया भर के लाखों मुसलमानों के लिए गहरी चिंता और दुख का कारण है."

    बयान में स्पष्ट किया गया कि "दो पवित्र मस्जिदों की पवित्रता और उपासकों और तीर्थयात्रियों की सुरक्षा का हर समय सम्मान किया जाना चाहिए."

    क़तर ने भी इस हमले की निंदा की है.

    क़तर के विदेश मंत्रालय ने इसे इस्लाम के पवित्र स्थलों की पवित्रता पर गंभीर हमला, मुसलमानों की भावनाओं को भड़काने की स्पष्ट कोशिश कहा है.

    उसने कहा है कि नागरिकों की जान की पूरी तरह अनदेखी, सऊदी अरब की संप्रभुता का खुला उल्लंघन है.

    उसने कहा है कि अंतरराष्ट्रीय क़ानून के नियमों का गंभीर उल्लंघन भी है.

    मंत्रालय ने कहा कि ऐसी गैर-जिम्मेदाराना कार्रवाइयों को तुरंत रोका जाना चाहिए.

  2. एशियन गेम्स : लवलीना लवलीना बरगोहाँई ने चीन के बॉक्सर को हराकर जीता गोल्ड मेडल

    लवलीना बोरगोहेन
    इमेज कैप्शन, चीन की बॉक्सर बाओ ज़ियी के ख़िलाफ़ पंच लगाती लवलीना लवलीना बरगोहाँई (दाएं)

    एशियन गेम्स में भारत की महिला मुक्केबाज़ लवलीना लवलीना बरगोहाँई ने चीन की बाओ ज़ियी को हराकर 75 किलोग्राम कैटेगरी में गोल्ड मेडल जीत लिया है.

    फ़ाइनल में पहुंचने से पहले लवलीना ने कज़ाकिस्तान की नताल्या बोगदानोवा को हराया था.

    हांगझोऊ में 2022 एशियाई खेलों में सिल्वर मेडल जीतने के बाद उन्होंने इस बार अपने पदक का रंग बदलते हुए गोल्ड मेडल हासिल किया.

    28 साल की लवलीना ओलंपिक खेलों, वर्ल्ड चैंपियनशिप, एशियाई खेलों और एशियाई चैंपियनशिप में पहले ही पदक जीत चुकी हैं.

    नागोया में जीता गया यह गोल्ड मेडल उनके शानदार करियर में एक और अहम उपलब्धि है.

    लवलीना की इस जीत के साथ 2026 एशियाई खेलों में भारत के 12 गोल्ड मेडल हो गए हैं.

  3. जंतर-मंतर पर प्रदर्शन रोकने के लिए दिल्ली पुलिस का कड़ा इंतज़ाम, तस्वीरों में देखें

    जंतर मंतर
    इमेज कैप्शन, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के ख़िलाफ़ शुक्रवार को जंतर-मंतर पर सामाजिक और राजनीतिक कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन से पहले दिल्ली पुलिस ने कड़े सुरक्षा इंतजाम किए हैं
    जंतर मंतर
    इमेज कैप्शन, जंतर-मंतर के बाहरी इलाके में गश्त करता रैपिड एक्शन फ़ोर्स का वाहन
    जंतर मंतर
    इमेज कैप्शन, पुलिस ने जंतर मंतर जाने के रास्ते में बैरिकेडिंग कर दी है
    जंतर मंतर
    इमेज कैप्शन, मेट्रो स्टेशनों के बाहर भी पुलिस ने कड़ा सुरक्षा बंदोबस्त किया है
    जंतर मंतर
    इमेज कैप्शन, दिल्ली मेट्रो ने बताया है कि 11 मेट्रो स्टेशनों पर एंट्री और एग्ज़िट बंद है
  4. एशियन गेम्स: तीरंदाज़ी में भारत को एक और मेडल, रिकर्व इवेंट में जीता सिल्वर

    एशियन गेम्स
    इमेज कैप्शन, रिकर्व मिक्स्ड तीरंदाजी में सिल्वर मेडल जीतने के बाद भारत की तीरंदाजी जोड़ी कुमकुम मोहोड और धीरज बोम्मदेवरा

    भारत की मिक्स्ड रिकर्व तीरंदाजी जोड़ी कुमकुम मोहोड और धीरज बोम्मदेवरा ने एशियाई खेलों की मिक्स्ड टीम रिकर्व तीरंदाजी इवेंट में सिल्वर मेडल जीता है. फ़ाइनल में भारत का मुक़ाबला चीन से था.

    इससे पहले जापान की असाकुनो नानामी और नाकानिशी जुन्या ने सेमीफाइनल में 3-1 की बढ़त गंवा दी और अंततः 5-3 से हार गए.

    इसी इवेंट में जीत के बाद भारत ने गोल्ड मेडल के मुक़ाबले में जगह बनाई थी.

    इससे पहले भारत की महिला टीम ने तीरंदाजी के रिकर्व इवेंट में दक्षिण कोरिया को हराकर गोल्ड मेडल जीता था.

    एशियाई खेलों में भारत की महिला टीम इससे पहले कभी इस इवेंट के फ़ाइनल में नहीं पहुंची थी.

  5. डीज़ल की कमी के बीच ट्रंप ने दिए निर्यात रोकने के संकेत, ओलिवर स्मिथ, सीनियर बिज़नेस प्रोड्यूसर, सिमोन जैक, बिजनेस एडिटर, आर्ची मिशेल, बिजनेस रिपोर्टर

    ट्रंप डीजल
    इमेज कैप्शन, ट्रंप ने यूरोपीय देशों से अपने डीजल भंडार का कुछ हिस्सा जारी करने की अपील की है

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि वह यूरोपीय देशों से उनके डीजल भंडार का कुछ हिस्सा जारी करने के लिए कह सकते हैं.

    ट्रंप डीजल की कमी के बीच अमेरिका से इसके निर्यात पर प्रतिबंध लगाने पर विचार कर रहे हैं.

    ट्रंप की यह टिप्पणी अमेरिका के वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट के यूरोप से ऐसे भंडार तैयार रखने और जरूरत पड़ने पर उन्हें जारी करने के आग्रह के बाद आई है.

    बेसेंट ने कहा कि बढ़ती कीमतों का बोझ अमेरिकी किसानों, ट्रक चालकों और कारोबारियों पर नहीं डाला जाना चाहिए.

    ईरान में युद्ध के कारण बढ़ती कीमतों के बीच अमेरिका ने डीजल के निर्यात पर प्रतिबंध लगाने की चेतावनी दी है.

    अमेरिका में मध्यावधि चुनावों से पहले यह मुद्दा अमेरिकी मतदाताओं के लिए अहम बना हुआ है.

    गुरुवार को ब्रिटेन ने यूरोपीय साझेदारों के साथ संभावित प्रतिबंध की स्थिति में डीजल भंडार जारी करने को लेकर बातचीत की.

    अमेरिका दुनिया को डीजल की सप्लाई करने वाला एक अहम देश है. वह रोजाना 12 लाख से 15 लाख बैरल डीजल का निर्यात करता है.

    विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि विदेशों में डीजल की सप्लाई पर प्रतिबंध लगाने से दूसरे देशों में कीमतों पर और दबाव पड़ सकता है.

  6. जंतर मंतर पर प्रदर्शन: दिल्ली के 11 मेट्रो स्टेशनों पर एंट्री और एग्ज़िट बंद

    मेट्रो
    इमेज कैप्शन, जंतर-मंतर पर प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली के कई मेट्रो स्टेशनों पर एंट्री और एग्जिट बंद

    दिल्ली स्थित जंतर मंतर पर प्रदर्शन के मद्देनज़र दिल्ली में मेट्रो कई स्टेशनों पर एंट्री और एग्ज़िट पर रोक लगा दी है.

    दिल्ली मेट्रो ने कहा है कि नीचे दिए गए मेट्रो स्टेशनों पर एंट्री और एग्ज़िट अगले आदेश तक बंद रहेगी.

    • जनपथ
    • पटेल चौक
    • केंद्रीय सचिवालय
    • राजीव चौक
    • सेवा तीर्थ
    • मंडी हाउस
    • लोक कल्याण मार्ग
    • आईएनए
    • चावड़ी बाजार
    • रामकृष्ण आश्रम मार्ग
    • नई दिल्ली

    दिल्ली मेट्रो ने एक्स पर ये जानकारी साझा करते हुए कहा, "राजीव चौक, मंडी हाउस, नई दिल्ली और केंद्रीय सचिवालय स्टेशनों पर इंटरचेंज की सुविधा उपलब्ध रहेगी."

  7. एशियन गेम्स: महिला रिकर्व तीरंदाजी में भारत को गोल्ड, दक्षिण कोरिया को 5-3 से हराया

    एशियन गेम्स
    इमेज कैप्शन, अंकिता भकत, कीर्ति और कुमकुम अनिल मोहोड़ की तिकड़ी दक्षिण कोरिया को हराने के बाद खुशी मनाती हुईं

    अंकिता, कीर्ति और कुमकुम की तिकड़ी ने एशियन गेम्स में महिला रिकर्व टीम में भारत को पहला गोल्ड दिलाया है.

    उन्होंने दक्षिण कोरिया की टीम को 5-3 से हराया.

    फ़ाइनल में भारतीय तिकड़ी ने कांग चाययंग, ली युंजी और ओ येजिन की तिकड़ी को हराया.

    एशियाई खेलों में भारत की महिला टीम इससे पहले कभी इस इवेंट के फ़ाइनल में नहीं पहुंची थी.

    रिकर्व तीरंदाजी प्रतियोगिता होती है. रिकर्व बो पारंपरिक धनुष का आधुनिक रूप है, जिसका इस्तेमाल हजारों वर्षों से होता आया है. धनुष के ऊपर और नीचे के सिरे पर लगे दोनों हिस्से हर छोर पर तीरंदाज से दूर की ओर मुड़े होते हैं. इसी वजह से इसे ‘रिकर्व’ नाम दिया गया है.

  8. ज्ञानेश कुमार के ख़िलाफ़ जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की तैयारी, दिल्ली पुलिस ने लगाई धारा 163

    ज्ञानेश कुमार

    दिल्ली पुलिस ने मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के ख़िलाफ़ दो अक्तूबर को जंतर-मंतर पर प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन की अनुमति देने से इनकार कर दिया है.

    इस प्रदर्शन का आयोजन सामाजिक कार्यकर्ताओं,छात्र नेताओं ने किया है.

    प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने नई दिल्ली और उसके आसपास सुरक्षा बढ़ा दी है. जंतर-मंतर पर भीड़ जुटने की संभावना को देखते हुए केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के कर्मियों को तैनात किया गया है.

    दिल्ली पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 लगाते हुए नई दिल्ली और उसके आसपास सुरक्षा बढ़ा दी है.

    जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की तैयारी
    इमेज कैप्शन, नई दिल्ली के प्रेस क्लब में 1 अक्तूबर को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के ख़िलाफ़ प्रेस कॉन्फ़्रेंस करते बाएं से मनोज झा, प्रशांत भूषण और नेहा बोरा

    नई दिल्ली के डीसीपी ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "नई दिल्ली ज़िले में सार्वजनिक सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और यातायात की सुचारू आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए बीएनएसएस, 2023 की धारा 163 लागू है.इसके तहत बिना अनुमति के लोगों का जुटना, सार्वजनिक भाषण, नारे लगाना, जुलूस, प्रदर्शन, धरना और आदेश में बताई गई अन्य गतिविधियां प्रतिबंधित हैं.''

    ‘इंडियन एक्सप्रेस’ में एसआईआर की प्रक्रिया को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त और दो चुनाव आयुक्तों के बीच मतभेद की ख़बरें आने के बाद कांग्रेस समेत कई विपक्षी दलों ने आरोप लगाया है कि चुनाव आयोग मतदाता सूची में गड़बड़ी कर बीजेपी को चुनाव जीतने में मदद कर रहा है.

  9. पुतिन ने दी चेतावनी, कैलिनिनग्राद को रूस से काटने की कोशिश हुई तो परमाणु हथियार भी कर सकते हैं इस्तेमाल, पॉल किर्बी, यूरोप के डिजिटल एडिटर और एलिस डेविस

    पुतिन
    इमेज कैप्शन, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की चेतावनी के जवाब में नेटो ने उन्हें परमाणु धमकी देना बंद करने को कहा है

    रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा है कि अगर रूस को लगता है कि उसके बाल्टिक क्षेत्र में स्थित कैलिनिनग्राद पर सीधे हमला हुआ है, तो वह अपने पास मौजूद सभी हथियारों का इस्तेमाल करेगा.

    पुतिन ने जोर देकर कहा कि रूस '' किसी को धमकी नहीं दे रहा" है. वह सिर्फ पश्चिमी नेताओं के उन बयानों का जवाब दे रहा है, जिनमें कहा गया है कि रूस 2029 या 2030 तक युद्ध की तैयारी कर रहा है.

    इस पूरे सप्ताह रूस ने नेटो पर अपने क्षेत्र की नाकाबंदी की तैयारी करने का आरोप लगाया है.

    कैलिनिनग्राद लिथुआनिया और पोलैंड के बीच स्थित है. रूस ने चेतावनी दी है कि अगर पश्चिम ने कैलिनिनग्राद को रूस के बाकी हिस्सों से काटने की कोशिश की, तो वह परमाणु हथियारों के इस्तेमाल के लिए भी तैयार रहेगा.

    नेटो ने स्थिति को शांत करने की कोशिश की है. उसने जोर देकर कहा है कि वह एक रक्षात्मक गठबंधन है और रूस से अपनी "परमाणु धमकियां" बंद करने को कहा है.

    हाल के महीनों में पश्चिमी सहयोगियों को तथाकथित हाइब्रिड युद्ध की घटनाओं में तेजी का सामना करना पड़ा है, जिनके पीछे रूस का हाथ होने का आरोप लगाया गया है. खास तौर पर पोलैंड और बाल्टिक देशों में ऐसी घटनाएं बढ़ी हैं.

    पिछले हफ्ते ही पोलैंड ने कहा था कि रूस का एक हेलिकॉप्टर कैलिनिनग्राद से लगे उसके इलाके में घुस आया था. वहीं, लिथुआनिया ने कहा था कि उसके लोग रूस की वजह से "लगातार खतरा महसूस कर रहे हैं". इसकी एक वजह ड्रोन का उसके हवाई क्षेत्र में दाखिल होना भी है.

  10. बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता दीपक मंडल अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए आप यहां क्लिक करें.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए उनके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक करें.

    कर्नाटक में मुख्य चुनाव अधिकारी ने मुख्यमंत्री को सौंपा लिखित आश्वासन, डीके शिवकुमार ने ख़त्म किया धरना

    फ़्लाईदुबई विमान हमला: कैप्टन स्मित मच्छर अबू धाबी लाए गए, कैसी है उनकी सेहत?

    'दृश्यम' का तिलिस्म: क्यों बार-बार खिंचे चले आते हैं दर्शक?

    अमेरिका: सज़ा-ए-मौत पाने वाली क़ैदी दो ज़हरीले इंजेक्शन के बाद भी ज़िंदा, अब आगे क्या होगा?