दूसरे दौर की बातचीत से पहले, इसराइल और लेबनान ने एक-दूसरे पर हमले के आरोप लगाए

इमेज स्रोत, Lebanon Civil Defence
लेबनान और इसराइल के बीच अस्थायी युद्धविराम अभी भी लागू है और आज यानी गुरुवार को आगे की बातचीत होने की उम्मीद है.
लेकिन दक्षिणी लेबनान में इसराइली सेना तैनात है. क़रीब 5 फ़ीसदी लेबनानी इलाक़ा अब उसके कब्ज़े में बताया जा रहा है.
हिज़्बुल्लाह ने चेतावनी दी है कि लेबनान के हमलों पर यह सीज़फ़ायर निर्भर करता है.
दोनों पक्षों की ओर से हमलों की ख़बरें अब भी सामने आ रही हैं.
इसराइली सेना का कहना है कि दक्षिणी लेबनान में, ''जहां इसराइली सेना तैनात है'', एक “संदिग्ध हवाई हमले” का पता चला, हालांकि वह इसराइली क्षेत्र में दाखिल नहीं हो सका और उसे इंटरसेप्ट कर लिया गया.
इस पर हिज़्बुल्लाह ने अभी कोई टिप्पणी नहीं की है.
इसराइल ने एक बार फिर लेबनान में रहने वाले लोगों को चेतावनी दी है कि वे दक्षिण के दर्जनों गांवों में ''वापस न जाएं.''
अधिकारियों ने बताया कि देश के दक्षिण में इसराइली हवाई हमलों में पत्रकार अमल खलील की मौत हो गई. इसके बाद लेबनान के प्रधानमंत्री ने इसराइल पर युद्ध अपराधों का आरोप लगाया है.
हालांकि इसराइली सेना ने पत्रकारों को निशाना बनाने से इनकार किया है.















