लाइव, यूएस ओपन के पहले ही राउंड में हारने के बाद रो पड़े नोवाक जोकोविच

24 ग्रैंड स्लैम खिताब जीत चुके 39 साल के जोकोविच एक रोमांचक मैच के निर्णायक सेट में भावुक होकर रो पड़े.

सारांश

वीडियो छोड़ें और जारी रखें
  • मछली
  • nepal flood
  • basekminute
  • नेपाल बाढ़
  • नेपाल बाढ़
  • नेपाल में बाढ़ के बाद बुज़ुर्ग महिला को किया गया रेस्क्यू
  • अपनों की तलाश करते इन लोगों ने क्या कहा?

लाइव कवरेज

दीपक मंडल

  1. अभी तक बीबीसी संवाददाता दीपक मंडल आप तक इस लाइव ब्लॉग के ज़रिये ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब से रात दस बजे तक बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा आप तक ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए उनके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक करें.

    शुद्धीकरण विवाद: राहुल गांधी के ख़िलाफ़ दर्ज हुई एफ़आईआर, जानिए क्या है मामला?

    'एक साड़ी ने बचा ली कई ज़िंदगियां', नेपाल की बाढ़ में बचे एक जोड़े ने बताई पूरी कहानी

    ट्रंप को अपनी पाबंदियों पर भरोसा, क्या ईरान के पास है इस दांव की काट?

    आमिर ख़ान, सलमान ख़ान, राहुल गांधी और सीजेपी पर बोले सोनम वांगचुक

  2. यूएस ओपन के पहले ही राउंड में हारने के बाद रो पड़े नोवाक जोकोविच

    नोवाक जोकोविच ने इस हार से पहले यूएस ओपन के अपने सभी 19 फर्स्ट राउंड मैच जीते थे

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, नोवाक जोकोविच ने इस हार से पहले यूएस ओपन के अपने सभी 19 फर्स्ट राउंड मैच जीते थे

    नोवाक जोकोविच अमेरिकी ओपन के पहले दौर में अर्जेंटीना के मारियानो नवोने से हार के बाद रो पड़े.

    24 ग्रैंड स्लैम खिताब जीत चुके 39 साल के जोकोविच एक रोमांचक मैच के निर्णायक सेट में भावुक होकर रो पड़े.

    पूरे मैच के दौरान उन्हें शारीरिक परेशानी से जूझना पड़ा और मैच के दौरान उन्होंने एक समय उल्टी भी की.

    चौथी वरीयता प्राप्त जोकोविच ने अपना संघर्षपूर्ण जज़्बा दिखाया, लेकिन न्यूयॉर्क की उमस भरी गर्मी में उन्हें 7-6 (7-5), 5-7, 4-6, 6-2, 6-1 से हार का सामना करना पड़ा.

    फ्लशिंग मीडोज़ में यह पहली बार था जब जोकोविच पहले ही दौर में हारकर बाहर हुए. किसी ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट के पहले दौर में उनकी यह हार 2006 के बाद पहली बार हुई है.

    जोकोविच ने कहा, "मुझे लगता है कि यह साफ़ था कि कोर्ट पर मेरे लिए यह कितना खराब अनुभव था."

    उन्होंने कहा, "मैं मारियानो की जीत का श्रेय कम नहीं करना चाहता. उसे बधाई, वह अच्छा इंसान है और एक लड़ाकू खिलाड़ी है. लेकिन मैंने इस मैच का बिल्कुल आनंद नहीं लिया."

  3. ट्रंप ने खार्ग हमले का एआई-जनरेटेड वीडियो जारी किया

    ईरान

    इमेज स्रोत, @realDonaldTrump

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रुथ सोशल नेटवर्क पर एआई जेनरेटेड वीडियो पोस्ट किया है जिसमें एक विशाल तेल संयंत्र में विस्फोट और आग लगने का दृश्य दिखाया गया है.

    ट्रंप ने वीडियो के कैप्शन में लिखा, "खार्ग द्वीप को पूरी तरह से ध्वस्त किया जा रहा है!!!"

    यह वीडियो ऐसे समय में सामने आया है जब ईरान और अमेरिका के बीच सैन्य तनाव फिर से बढ़ गया है.

    अमेरिकी सेना ने इससे पहले लाराक द्वीप पर स्थित दो ईरानी मिसाइल लॉन्चरों को निशाना बनाया था.

    इसके जवाब में ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने जॉर्डन में दो अमेरिकी ठिकानों को मिसाइलों और ड्रोन से निशाना बनाया था.

    खार्ग द्वीप फारस की खाड़ी में ईरान के सबसे महत्वपूर्ण तेल निर्यात केंद्रों में से एक है. देश के कच्चे तेल के निर्यात का एक बड़ा हिस्सा द्वीप पर स्थित टर्मिनिलों से किया जाता है.

  4. नेपाल में लोगों के लिए खोज अभियानों के बीच कैसा है माहौल - तस्वीरों में देखें

    नेपाल

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, बाढ़ के दौरान घायल एक महिला को अस्पताल ले जाते राहतकर्मी
    नेपाल

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, नेपाल में लगातार सहायता सामग्री में पहुंच रही है
    नेपाल में बाढ़ में फंसे लोगों को निकालने के लिए हेलिकॉप्टरों का इस्तेमाल किया जा रहा है

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, नेपाल में बाढ़ में फंसे लोगों को निकालने के लिए हेलीकॉप्टरों का भी इस्तेमाल किया जा रहा है
    बाढ़ग्रस्त इलाकों से लोगों को निकालकर ले जाते सैनिक

    इमेज स्रोत, Reute

    इमेज कैप्शन, बाढ़ग्रस्त इलाकों से लोगों को निकालकर ले जाते सैनिक
    नेपाल में बाढ़ में ध्वस्त एक मकान के नीचे पड़ा टैडी बियर

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, नेपाल में बाढ़ में ध्वस्त एक मकान के नीचे पड़ा टैडी बियर
    बाढ़ में परिवार के सदस्य खो चुकी महिला को दिलासा देती पड़ोस की महिलाएं

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, बाढ़ में परिवार के सदस्य खो चुकी महिला को दिलासा देती पड़ोस की महिलाएं
  5. ईरानी सेना का दावा, यूएई में अमेरिकी सैन्य ठिकाने पर किया हमला

    ईरान

    इमेज स्रोत, CENTCOM

    ईरानी सेना का दावा है कि कि उसने संयुक्त अरब अमीरात में अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया है.

    हमलों में अल-मनहद अड्डे पर स्थित अमेरिकी हेलीकॉप्टरों और बलों के ठिकानों को निशाना बनाया है.

    बीबीसी की फ़ारसी सेवा के मुताबिक़ ईरानी सेना के जनसंपर्क विभाग ने कहा कि ये हमले कल रात लाराक द्वीप पर हुए अमेरिकी हमले के जवाब में किए गए थे.

    कल रात, अमेरिकी सेना ने लाराक द्वीप पर स्थित दो ईरानी लॉन्चरों को निशाना बनाया. इसके जवाब में आईआरजीसी ने घोषणा की कि उसने जॉर्डन में स्थित दो अमेरिकी ठिकानों को मिसाइलों और ड्रोन से निशाना बनाया है.

  6. नेपाल की बाढ़ में मरने वालों की संख्या 900 के पार पहुंची

    नेपाल में बाढ़ में मारे गए लोगों के शोक में डूबे परिजन

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, नेपाल में बाढ़ में मारे गए लोगों के शोक में डूबे परिजन

    नेपाल में अचानक आई बाढ़ से मरने वालों की संख्या 903 तक पहुंच गई है.

    बीबीसी नेपाली सेवा के मुताबिक़ नेपाल के नेशनल डिजास्टर रिस्क रिडक्शन एंड मैनेजमेंट अथॉरिटी ने कहा है कि अब तक 903 लोगों के शव मिल चुके हैं.

    एनईए के मुताबिक़ बाढ़ में अब भी 4,247 लोग लापता हैं.

    लापता लोगों में विदेशी पर्यटक, सुरक्षाकर्मी और विभिन्न हाइड्रो इलेक्ट्रिसिटी प्रोजेक्ट्स में काम करने वाले सैकड़ों कर्मचारी शामिल हैं.

    अथॉरिटी की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, मृतकों की संख्या 781 और लापता लोगों की संख्या 2,502 थी.

    अथॉरिटी ने यह भी बताया कि अब तक 10,400 से अधिक लोगों को बचाया जा चुका है.

    सरकारी एजेंसी के मुताबिक़, तलाशी और बचाव अभियान में 20,800 से अधिक सुरक्षाकर्मियों को लगाया गया है.

  7. मोहन भागवत ने कहा, ''दुनिया भर में कहीं भी अत्याचार से पीड़ितों को भारत में ही मिली शरण''

    मोहन भागवत

    इमेज स्रोत, ge

    आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत ने कनाडा के एक कार्यक्रम में कहा है कि हिंदू सभी का सम्मान करते हैं और सभी को स्वीकार करते हैं.

    उन्होंने कहा, "जब मैं हिंदू कहता हूं, तो हिंदू शब्द को किसी एक भाषा, किसी एक पूजा-पद्धति या किसी एक जीवनशैली के आधार पर परिभाषित नहीं किया जा सकता. ये सभी चीजें हिंदू समाज में मौजूद हैं. ये इंसानों के बीच विविधताएं हैं. हिंदू सभी का सम्मान और सभी को स्वीकार करते हैं.''

    उन्होंने कहा, ''दुनिया में कहीं भी किसी पर अत्याचार हुआ, तो उसे भारत में ही शरण मिली. कई लोग बाहर से हमलावर के रूप में भारत आए, लेकिन वे भी अपनी तमाम विशेषताओं के साथ यहां फलते-फूलते रहे. अब वे भारत के नागरिक हैं. यहां मुस्लिम, ईसाई और यहूदी भी कम संख्या में मौजूद हैं.बहुत से लोग शरण लेने के लिए भारत आते हैं."

    मोहन भागवत अमेरिका के न्यूयॉर्क में एक कार्यक्रम में भाषण देने के बाद कनाडा पहुंचे थे. न्यूयॉर्क में उनके कार्यक्रम का कई संगठनों ने विरोध किया था.

  8. किरेन रिजिजू ने किस वीडियो को देखने के बाद कहा - ‘बहुत ज़्यादा महंगा पड़ेगा’

    किरेन रिजिजू

    इमेज स्रोत, Getty Images

    केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने न्यूयॉर्क में आरएसएस चीफ़ मोहन भागवत के कार्यक्रम के ख़िलाफ़ विरोध प्रदर्शन के दौरान कुछ लोगों की गतिविधियों पर प्रतिक्रिया दी है.

    उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, ''हमने हमेशा कहा है कि आपको आरएसएस, बीजेपी या सरकार की आलोचना की आज़ादी है. लेकिन हमारे देश का अपमान मत करो. ध्यान से सुनें, हमारे झंडे और मेरे देश का अपमान मत करो. यह तुम्हें बहुत ज़्यादा महंगा पड़ेगा.''

    न्यूयॉर्क में मोहन भागवत के कार्यक्रम के ख़िलाफ़ प्रदर्शन से जुड़े एक वीडियो में कुछ लोग भारत के झंडे का अपमान करते दिख रहे हैं. इस वीडियो पर ही रिजिजू ने ये प्रतिक्रिया दी है.

    आरएसएस प्रमुख के इस कार्यक्रम से पहले कई संगठनों से जुड़े लोग आयोजन स्थल के बाहर कार्यक्रम का विरोध करते दिखे.

    सोशल मीडिया पर कई ऐसे वीडियो दिख रहे हैं, जिसमें लोग नारे लिखी तख़्तियां लेकर कार्यक्रम का विरोध कर रहे हैं.

    इनमें कुछ सिख अलगाववादी समर्थक भी दिख रहे हैं.

    आरएसएस प्रमुख के इस कार्यक्रम का पहले से विरोध हो रहा था.

    इससे पहले इस सप्ताह न्यूयॉर्क सिटी के मेयर ज़ोहरान ममदानी ने कहा था आरएसएस का "बहिष्कार करने वाला" नज़रिया उस बहुलतावादी और धर्मनिरपेक्ष भारत की सोच के विपरीत है, जिसमें वह पले-बढ़े हैं.''

    जब उनसे पूछा गया कि क्या आरएसएस का कार्यक्रम रद्द किया जाना चाहिए, तो ममदानी ने कहा था, "मैं भागवत के इस कार्यक्रम का समर्थन नहीं करता, लेकिन मुझे नहीं पता कि शहर के पास किसी निजी कार्यक्रम को रद्द करने का अधिकार है या नहीं."

  9. अंकित बालियान मर्डर केस: पुलिस ने दो लोगों को मुठभेड़ में मारने का दावा किया

    अंकित बालियान

    इमेज स्रोत, Ankit Baliyan Instagram

    हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की हत्या के मामले में पुलिस ने दो लोगों को मुठभेड़ में मारने का दावा किया है.

    पश्चिमी उत्तर प्रदेश के हरियाणा से सटे ज़िले शामली में बुधवार देर शाम अंकित बालियान की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी.

    शामली के एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह के मुताबिक़ "एक जाने-माने स्थानीय हरियाणवी गायक की जिम के बाहर हत्या कर दी गई थी. इसके बाद मैंने जिले में रात के समय नाकाबंदी करने और हर चौराहे पर वाहनों की अनिवार्य जांच के आदेश दिए थे.''

    उन्होंने बताया, "'रविवार तड़के चार बजे मोटरसाइकिल सवार दो बदमाश एक पुलिस चेकपोस्ट से गुजरे. पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की तो रुकने के बजाय बदमाशों ने जान से मारने की नीयत से पुलिस पर गोली चला दी. एक गोली पुलिस की गाड़ी में लगी और बदमाशों ने भागने की कोशिश की. बदमाशों ने दाएं मुड़कर भागने की कोशिश की, लेकिन एक बंद गली में फंस गए. पुलिस से घिरने के बाद उन्होंने मोर्चा संभाल लिया और जान से मारने की नीयत से पुलिस पर गोलीबारी शुरू कर दी.''

    उन्होंने कहा, ''इस मुठभेड़ में हमारे दो कांस्टेबल गंभीर रूप से घायल हो गए. उन्हें शामली के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए बड़े अस्पताल रेफर कर दिया गया.''

    ''पुलिस की जवाबी गोलीबारी में दोनों बदमाश भी गंभीर रूप से घायल हो गए. उन्हें सीएचसी ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई.''

  10. नेपाल में सुरंगों में फंसे लोगों का बचाव दलों से अब तक कोई संपर्क नहीं

    नेपाल

    इमेज स्रोत, Getty Images

    नेपाल सरकार ने कहा है कि उसने हाइड्रो इलेक्ट्रिसिटी परियोजनाओं की सुरंगों में फंसे कर्मचारियों को निकालने का अभियान तेज कर दिया है. इनमें त्रिशूली-3ए साइट में फंसे लोग भी शामिल हैं.

    हालांकि सुरंगों में फंसे लोगों से अभी तक उन्हें निकालने के काम में लगे दलों का कोई संपर्क नहीं हो पाया है.

    इस दल में भारत और चीन के ऐसे एक्सपर्ट्स शामिल हैं जिन्हें ऐसे रेस्क्यू ऑपरेशन का अनुभव है. लगभग 2500 लापता लोगों में सैकड़ों लोग नेपाल की हाइड्रोइलेक्ट्रिक साइटों मे काम करने वाले कर्मचारी हो सकते हैं.

    नेपाल पुलिस के मुताबिक़, भीषण बाढ़ में मरने वालों की संख्या 800 तक पहुंच गई है.

    इस बीच, जल विज्ञान और मौसम विज्ञान विभाग के अधिकारियों ने बीबीसी को बताया कि नेपाल-चीन सीमा क्षेत्र में हिमस्खलन से बनी एक झील फट गई है और उसका पानी बह गया है.

  11. उत्तराखंड के हल्द्वानी में 'शुद्धीकरण' टिप्पणी मामले में राहुल गांधी के ख़िलाफ़ एफ़आईआर

    राहुल गांधी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, राहुल गांधी एक प्रेस कॉन्फ़्रेंस में कथित शुद्धीकरण वाले मामले में तुरंत एफ़आईआर दर्ज कराने की मांग की थी

    उत्तराखंड के हल्द्वानी में वाल्मीकि समुदाय के एक सदस्य की शिकायत के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी के ख़िलाफ़ एफ़आईआर दर्ज की गई है.

    शिकायतकर्ता का आरोप है कि कांग्रेस नेता ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के कार्यक्रम स्थल पर हुए एक धार्मिक अनुष्ठान को जातिगत रंग दिया.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ पुलिस ने बताया कि एफ़आईआर भारतीय न्याय संहिता की उन विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज की गई है, जो समूहों के बीच दुश्मनी को बढ़ावा देने और जानबूझकर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने से संबंधित हैं.

    पुलिस के मुताबिक़, अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम, 1989 की धाराएं भी लगाई गई हैं.

    पीटीआई के मुताबिक़ जवाहर नगर निवासी और श्री राम सेना धर्मार्थ सेवा न्यास के सदस्य अमित कुमार ने हल्द्वानी थाने में शिकायत दर्ज कराई है.

    उन्होंने दावा किया कि वह उस "धार्मिक अनुष्ठान और साफ़-सफाई अभियान" के दौरान मौके पर मौजूद थे.

    अमित कुमार के मुताबिक़, 29 अगस्त को दिल्ली में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान राहुल गांधी की टिप्पणियों से समुदाय की भावनाएं आहत हुईं.

    लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने आरोप लगाया था कि मल्लिकार्जुन खड़गे की सभा के बाद रामलीला मैदान का शुद्धीकरण किया गया, 'क्योंकि खड़गे दलित हैं.'

    राहुल गांधी ने इस मामले में फ़ौरन एफ़आईआर दर्ज करने की मांग की थी.

    राहुल गांधी ने एक प्रेस कॉन्फ़्रेंस में कहा था, "आठ अगस्त को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की हल्द्वानी में रैली होती है और 10 अगस्त को बीजेपी-आरएसएस के लोग उनके मंच का शुद्धीकरण करते हैं."

    इस प्रेस कॉन्फ़्रेंस करने के बाद यह मामला फिर से गर्म हो गया है और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस पर सफ़ाई दी है.

    इस प्रेस कॉन्फ़्रेंस में राहुल गांधी की ओर से लगाए गए आरोपों का जवाब देते हुए उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा था, "जिन्होंने भी वहां पर शुद्धीकरण किया था, उनमें बीजेपी का कोई कार्यकर्ता शामिल नहीं था."

  12. अमेरिका का कई हफ़्तों बाद ईरान पर फिर हमला, लाराक द्वीप को बनाया निशाना, रूथ कोमरफ़ोर्ड और ग़ोंचे हबीबीज़ाद

    लाराक द्वीप

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, लाराक द्वीप के पास बंदर अब्बास के तट के नजदीक होर्मुज़ स्ट्रेज में जहाज़ों की आवाजाही

    अमेरिकी सेना ने ईरान के लाराक द्वीप पर दो ईरानी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया है.

    अमेरिका के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी.

    जुलाई के बाद ईरान पर अमेरिका का यह पहला ज्ञात हमला है.

    बीबीसी के अमेरिकी पार्टनर सीबीएस न्यूज़ ने अमेरिकी सेंट्रल कमांड के प्रवक्ता कमांडर टिम हॉकिन्स के हवाले से बताया, "ईरानी रिवोल्यूशनरी गार्ड्स को होर्मुज़ स्ट्रेट में समुद्री बारूदी सुरंगों के साथ रॉकेट लॉन्च करने की तैयारी करते देखा गया था."

    आईआरजीसी ने कहा कि रविवार के हमले में कई लोग मारे गए और घायल हुए हैं.

    उसने इस हमले के जवाब में "जवाबी कार्रवाई और सजा" देने की धमकी दी.

    इसके बाद ईरानी सरकारी मीडिया ने ख़बर दी कि आईआरजीसी ने जॉर्डन में अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर हमला किया है.

    बीबीसी ने इस बारे में अमेरिकी सेंट्रल कमांड से प्रतिक्रिया मांगी है.

    आईआरजीसी के इस बयान के कुछ ही देर बाद जॉर्डन की सेना ने कहा कि उसने आठ मिसाइलों को गिराया है.

    जॉर्डन की सशस्त्र सेनाओं ने एक बयान में कहा, "आज सोमवार तड़के वायु रक्षा प्रणालियों ने आठ मिसाइलों को रोक दिया, जिन्होंने जॉर्डन के हवाई क्षेत्र में प्रवेश किया था."

    सरकारी समाचार एजेंसी पेट्रा ने सेना के प्रवक्ता के हवाले से यह जानकारी दी.

    जुलाई के अंत में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के ख़िलाफ़ सैन्य अभियान रोकने का एलान किया था, उसके बाद ईरान पर अमेरिका का यह पहला ज्ञात हमला है.

  13. बीबीसी हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता दीपक मंडल अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी पर मौजूद इन अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए इनके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक करें.

    'मैं 10 सेकंड के अंतर से बची': नेपाल में बाढ़ की चपेट में आने से ऐसे बचे थे 900 स्कूली बच्चे

    यूपी की आईएएस अफ़सर का इस्तीफ़ा, कहा- 'सोचा था कुछ देने आयी हूँ पर सबसे ज़्यादा पाया'

    रिज़र्वेशन हटाओ आंदोलन: क्या यह मुद्दा बीजेपी के गले की फाँस बन रहा है?

    प्रेमी जोड़ा जानना चाहता था कहीं वो भाई-बहन तो नहीं, फिर सामने आए जवाबों ने चौंका दिया