अमेरिका-ईरान का समझौता होने के बाद से 11 जहाज़ होर्मुज़ पार कर भारत की ओर बढ़े

इमेज स्रोत, ANI
अमेरिका और ईरान के बीच 17 जून को समझौता होने के बाद से अब तक कुल 11 जहाज़ होर्मुज़ स्ट्रेट को पार करके भारत की ओर बढ़ चुके हैं.
यह जानकारी विदेश मंत्रालय ने प्रेस कॉन्फ्रेस के दौरान दी है.
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि फ़ारस की खाड़ी क्षेत्र में अब भी भारतीय झंडे वाले 10 जहाज़ मौजूद हैं.
उन्होंने उम्मीद जताई कि ये भारतीय जहाज़ भी जल्द ही होर्मुज़ स्ट्रेट को पार कर लेंगे.
रणधीर जायसवाल ने बताया कि जो 11 जहाज़ होर्मुज़ स्ट्रेट पार करके भारत की ओर बढ़े हैं, उनमें से चार ऐसे जहाज़ हैं, जिस पर कच्चे तेल के टैंकर लदे हुए हैं.
इनमें तीन भारतीय और एक विदेशी झंडे वाला जहाज़ है. इसके अलावा एक विदेशी झंडे वाला एलपीजी कैरियर है और एक जहाज़ उर्वरक का माल लेकर जा रहे हैं.
प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने क़तर की रास लाफ़ान इंडस्ट्रियल सिटी की एक फैक्ट्री में हुए धमाके के बारे में भी अपडेट दिया. उन्होंने बताया कि इसमें कई भारतीय भी घायल हुए हैं, हालांकि स्पष्ट संख्या पता नहीं लगी है.
उन्होंने बताया कि क़रीब 66 लोग घायल हुए हैं जो भारत समेत अलग-अलग देशों के नागरिक हैं. बता दें कि इस हादसे में 12 भारतीयों की मौत की पुष्टि सरकार कर चुकी है.



























