इराक़ में 'चरमपंथियों के क़ाफ़िले पर हवाई हमला'

इराक़
प्रकाशित

रक्षा मंत्रालय का कहना है कि इराक़ के शहर फ़लूजा के नज़दीक चरमपंथी संगठन इस्लामिक स्टेट के संदिग्ध चरमपंथियों को ले जा रहे एक क़ाफ़िले को हवाई हमले से तबाह कर दिया गया है.

एक इराक़ी सुरक्षा सूत्र ने बीबीसी को बताया कि ये जिहादी सुरक्षाबलों के हमले के बाद भागने का प्रयास कर रहे थे. इराक़ी सुरक्षाबलों ने हाल ही में फ़लूजा पर दोबारा नियंत्रण किया है.

उन्होंने बताया कि ये जिहादी सीरिया की सीमा से लगने वाले इस्लामिक स्टेट के नियंत्रण वाले इलाके की ओर बढ़ रहे थे, तभी उन पर इराक़ी जंगी विमानों ने बम बरसाए.

इराक़

हमले के बाद घटनास्थल की तस्वीरों में दिखाया गया है कि लगभग एक दर्जन वाहन तबाह हुए हैं.

रविवार को इराक़ी सरकार ने घोषणा की थी कि राजधानी बग़दाद से लगभग 50 किलोमीटर दूर फ़लूजा शहर को पांच हफ़्ते चली लड़ाई के बाद चरमपंथियों के चंगुल से छुड़ा लिया गया है.

सुरक्षा सूत्रों के मुताबिक, इलाके से बड़ी संख्या में भागे चरमपंथी अल रुवाइला इलाके में जमा हुए थे जहां से भागकर उनकी अल क़ायम कस्बे जाने की योजना थी.

ये कस्बा सीरिया की सीमा से सटे इराक़ के अनबार प्रांत में स्थित है जहां इस्लामिक स्टेट का दबदबा है.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए <link type="page"><caption> यहां क्लिक करें.</caption><url href="http://www.bbc.co.uk/hindi/multimedia/2013/03/130311_bbc_hindi_android_app_pn.shtml" platform="highweb"/></link> आप हमें <link type="page"><caption> फ़ेसबुक</caption><url href=" https://www.facebook.com/bbchindi" platform="highweb"/></link> और <link type="page"><caption> ट्विटर </caption><url href="https://twitter.com/BBCHindi" platform="highweb"/></link>पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)