बग़दाद में सिलसिलेवार चार धमाके, 60 की मौत

इराक़ में धमाके
प्रकाशित

इराक़ की राजधानी बग़दाद में चार बम धमाकों में कम से कम 60 लोगों की मौत हो गई है और कई लोग घायल हुए हैं.

इनमें से तीन धमाके शिया बहुल इलाक़े अल शाब, सद्र सिटी और दक्षिण में अल रशीद के एक बाज़ार में हुए.

सुन्नी चरमपंथी संगठन इस्लामिक स्टेट ने इन धमाकों की ज़िम्मेदारी ली है.

पहला हमला बाज़ार में हुआ जिसमें 28 लोग मारे गए. इस हमले में घायलों की जब मदद की जा रही थी, तभी एक आत्मघाती हमलावर ने धमाका किया.

इस आत्मघाती हमलावर को पहले एक महिला बताया जा रहा था लेकिन बाद में आईएस ने इस हमलावर की पहचान करते हुए कहा कि यह एक पुरुष हमलावर था जिसने शिया लड़ाकों को निशाना बनाया था.

इसके कुछ ही देर बाद राशीद इलाक़े में एक सब्ज़ी मंडी को निशाना बनाते हुए धमाका हुआ जिसमेें पांच लोग मारे गए.

फिर सद्र सिटी में कार बम धमाका हुआ जिसमें 21 लोगों के मारे जाने की ख़बर है.

स्वास्थ्य कर्मियों का कहना है कि सौ से ज़्यादा लोग इन धमाकों में घायल हुए हैं.

पिछले हफ़्ते आईएस ने ऐसे ही धमाके किए थे जिनमें करीब सौ लोगों की मौत हो गई थी.

इसके अलावा आईएस ने रविवार को एक गैस प्लांट पर भी हमला किया था जिसमें करीब 14 लोगों की मौत हो गई थी.

इराक़ में राजनीतिक संकट के बीच चरमपंथी हमलों में तेज़ी आई है.

प्रधानमंत्री हैदर अल आब्दी ने चेतावनी दी है कि राजनीतिक गतिरोध के कारण आईएस के खिलाफ़ लड़ाई कमज़ोर पड़ रही है.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए <link type="page"><caption> यहां क्लिक करें</caption><url href="https://play.google.com/store/apps/details?id=uk.co.bbc.hindi" platform="highweb"/></link>. आप हमें <link type="page"><caption> फ़ेसबुक</caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi" platform="highweb"/></link> और <link type="page"><caption> ट्विटर </caption><url href="https://twitter.com/BBCHindi" platform="highweb"/></link>पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)