सीरिया ने इसराइली लड़ाकू जेट मार गिराया!

फाइल फोटो
प्रकाशित

इसराइल की सेना का कहना है कि उसका एक लड़ाकू जेट विमान, सीरियाई एंटी एयरक्राफ्ट फायर की वजह से दुर्घटनाग्रस्त हो गया है.

दोनों पायलट जेट से कूद गए थे और पैराशूट की मदद से इसराइल में उतरने में कामयाब हुए. उन्हें बाद में अस्पताल ले जाया गया.

इसराइल का कहना है कि उसका एफ-16 लड़ाकू विमान अपने क्षेत्र में नज़र आए एक ड्रोन के ख़िलाफ़ उड़ान पर था.

जॉर्डन और सीरिया से लगने वाली इसराइली सीमा के आसपास रहने वाले लोगों का कहना है कि उन्होंने धमाकों की आवाज़ सुनी है.

इसराइली जेट विमान का मलबा

सेना ने एक बयान में कहा, ''एक जंगी हेलीकॉप्टर ने ईरान के एक यूएवी (मानव रहित विमान) का पता लगाया जिसे सीरिया से छोड़ा गया था.''

बयान में कहा गया है कि इसराइल डिफेंस फोर्सेस ने सीरिया में उस यूएवी को निशाना बनाया.

सीरिया-इसराइल सीमा पर गोलान पहाडियों के ऊपर एंटी एयरक्राफ्ट मिसाइल के निशान
इमेज कैप्शन, सीरिया-इसराइल सीमा पर गोलान पहाडियों के ऊपर एंटी एयरक्राफ्ट मिसाइल के निशान

सीरिया के सरकारी मीडिया के मुताबिक, सीरिया की हवाई सुरक्षा प्रणाली ने इसराइली कार्रवाई को उसकाने वाला पाया और एक से अधिक विमान को निशाना बनाया.

बीबीसी के मध्यपूर्व संवाददाता टॉम बेटमैन का कहना है कि सीरिया में इसराइली हमले असामान्य नहीं हैं. लेकिन इसराइली लड़ाकू जेट को मार गिराने जैसी गंभीर बात पहली बार हुई है.