लाइव, भारत का विदेशी मुद्रा भंडार घटने की पीछे कांग्रेस ने बताई ये वजह

भारत का विदेशी विदेशी मुद्रा भंडार घटने पर कांग्रेस ने केंद्र की मोदी सरकार की तीखी आलोचना की है.

सारांश

  • दिल्ली के जंतर-मंतर पर आज फिर प्रदर्शन का आह्वान, मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफ़े की मांग
  • एशियन गेम्स में भारतीय महिला हॉकी टीम ने जीता गोल्ड, चीन को 1-0 से हराया
  • सऊदी अरब का दावा- हूतियों ने दागीं तीन बैलिस्टिक मिसाइलें, इंटरसेप्ट हुईं
  • इसराइल: सुप्रीम कोर्ट ने अरब पार्टियों पर लगा बैन हटाया, अब लड़ सकेंगी चुनाव
  • मुंबई में प्रदर्शन: अभिजीत दीपके ने कहा, 'गांधी देश की आत्मा और बाबा साहब आंबेडकर रीढ़ हैं'
वीडियो छोड़ें और जारी रखें
  • protest against delhi CEC
  • election comission protest
  • दुबई से तेल अवीव जा रहा विमान सऊदी अरब क्यों पहुंचा?
  • इंडिया ब्लॉक की मीटिंग
  • पैट्रिक ब्रांको रुवो अपने पद से इस्तीफ़ा देंगे
  • नदी के तेज़ बहाव में बह गई इमारत
  • फ़्लाईदुबई की फ़्लाइट में सवार एक पैसेंजर की मां

लाइव कवरेज

रौनक भैड़ा

  1. रूस ने यूक्रेन के किएव शहर में एक अहम पुल पर किया हमला, एला किपलिंग

    यूक्रेन के पुल पर हमला
    इमेज कैप्शन, हमले के बाद ब्रिज पर यातायात को अस्थायी रूप से रोक दिया गया है

    यूक्रेन की राजधानी किएव में रूस के हमले तेज़ हो गए हैं. शनिवार सुबह रूसी हमले में शहर के प्रमुख नॉर्दर्न ब्रिज को नुक़सान पहुंचा. किएव के मेयर विताली क्लिचको ने इसकी जानकारी दी.

    क्लिचको के मुताबिक़, हमले में नॉर्दर्न ब्रिज की सड़क की सतह और ट्रॉलीबस की ओवरहेड बिजली तारें क्षतिग्रस्त हुई हैं. हमले के बाद ब्रिज पर यातायात को अस्थायी रूप से रोक दिया गया है.

    उन्होंने बताया कि बाएं किनारे से दाएं किनारे की ओर जाने वाला ट्रैफ़िक फ़िलहाल बंद है और आपातकालीन सेवाओं को मौके पर भेजा गया है.

    इसके अलावा, सदर्न ब्रिज पर भी लगातार हमले हो रहे हैं. गुरुवार से रूसी ड्रोन ने सदर्न ब्रिज को कई बार निशाना बनाया है. इसके बाद शहर के डिफेंस काउंसिल ने शुक्रवार को आपात बैठक की थी.

    बैठक के बाद क्लिचको ने किएव की स्थिति को बेहद गंभीर बताया. उन्होंने कहा कि रूस शहर के महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे, लॉजिस्टिक्स, आवासीय इलाकों और अन्य अहम सुविधाओं को निशाना बना रहा है.

    नॉर्दर्न और साउदर्न ब्रिज किएव के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों को जोड़ने वाले प्रमुख मार्ग हैं. गुरुवार से पहले इन दोनों पुलों पर इस तरह के हमले नहीं हुए थे. लगातार हमलों के बाद राजधानी में परिवहन व्यवस्था पर दबाव बढ़ गया है.

  2. भारत का विदेशी मुद्रा भंडार घटने की पीछे कांग्रेस ने बताई ये वजह

    मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी
    इमेज कैप्शन, कांग्रेस ने आरोप लगाया कि विदेशी मुद्रा भंडार से डॉलर बेचे जा रहे हैं, ताकि रुपए की गिरावट को धीमा किया जाए (फ़ाइल फ़ोटो)

    भारत का विदेशी विदेशी मुद्रा भंडार घटने पर कांग्रेस ने केंद्र की मोदी सरकार की तीखी आलोचना की है.

    कांग्रेस ने शनिवार को आरोप लगाया कि विदेशी मुद्रा भंडार से डॉलर इसलिए बेचे जा रहे हैं, ताकि एक डॉलर 100 रुपए के पार न जाए.

    कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "देश का विदेशी मुद्रा भंडार 3 हफ़्ते में 38 बिलियन डॉलर घट गया है. ऐसा इसलिए क्योंकि हम विदेशी मुद्रा भंडार से डॉलर बेच रहे हैं, ताकि रुपए की गिरावट को धीमा किया जाए."

    आगे लिखा, "अगर एक डॉलर 100 रुपए हुआ तो मोदी की खोखली छवि को नुक़सान होगा - इसलिए देश का नुक़सान किया जा रहा है."

    भारतीय रिज़र्व बैंक के आंकड़ों के अनुसार भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 18.343 अरब डॉलर घटकर 747.557 अरब डॉलर रह गया है. ये आंकड़े 25 सितंबर को ख़त्म हुए हफ़्ते के हिसाब से हैं.

    इससे पहले वाले हफ़्ते में इसमें 14.881 अरब डॉलर की गिरावट आई थी और यह 765.901 अरब डॉलर पर था.

  3. एशियाड क्रिकेट फ़ाइनल: भारत ने पाकिस्तान को 212 रनों का लक्ष्य दिया

    ईशान किशन
    इमेज कैप्शन, भारतीय टीम ने 20 ओवर में छह विकेट गंवाकर 211 रन बनाए

    एशियाड क्रिकेट के फाइनल में भारत ने पाकिस्तान के सामने 212 रन का लक्ष्य रखा है. भारतीय टीम ने 20 ओवर में छह विकेट गंवाकर 211 रन बनाए.

    जापान में खेले जा रहे मुक़ाबले में भारत की ओर से अभिषेक शर्मा ने सबसे ज्यादा रन बनाए. उन्होंने 27 गेंदों में तीन चौकों और सात छक्कों की मदद से 61 रन की पारी खेली.

    पाकिस्तान की ओर से सैम अयूब ने ओपनर वैभव सूर्यवंशी को 15 रन के स्कोर पर आउट किया. विकेट लेने के बाद अयूब ने बच्चे खिलाने जैसा इशारा किया.

    वहीं, ईशान किशन 18 गेंदों में 20 रन बनाकर आउट हुए. उन्हें अराफात मिन्हास ने बोल्ड किया. कप्तान श्रेयस अय्यर ने 24 गेंदों में 21 रन बनाए. तिलक वर्मा ने 22 गेंदों में 51 रन बनाए.

    इससे पहले टॉस के दौरान भारत और पाकिस्तान के कप्तानों ने एक-दूसरे से हाथ नहीं मिलाया.

    गौरतलब है कि दो दिन पहले भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ मिलाया था.

  4. दिल्ली-मुंबई के प्रदर्शनों पर पुलिस और सरकार के रुख़ को लेकर एमनेस्टी इंटरनेशनल ने क्या कहा?

    दिल्ली में विरोध प्रदर्शन के दौरान की तस्वीर
    इमेज कैप्शन, एमनेस्टी इंटरनेशनल ने शुक्रवार को कहा कि प्रदर्शन करने के लिए सरकार की मंज़ूरी की ज़रूरत नहीं है (तस्वीर: आइसा की नेशनल प्रेसिडेंट नेहा बोरा को जाती पुलिस)

    अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार संस्था एमनेस्टी इंटरनेशनल ने दिल्ली और मुंबई में हुए विरोध प्रदर्शनों के बाद प्रदर्शनकारियों के अधिकारों को लेकर चिंता जताई है.

    एमनेस्टी इंटरनेशनल ने शुक्रवार को कहा कि विरोध प्रदर्शन करने के लिए सरकार की मंज़ूरी की ज़रूरत नहीं है. संगठन के मुताबिक़, शांतिपूर्ण प्रदर्शन का अधिकार भारतीय संविधान के तहत मिला है.

    एमनेस्टी इंटरनेशनल ने एक्स पर लिखा, "विरोध प्रदर्शन करने का अधिकार सरकार की मंज़ूरी पर निर्भर नहीं है. यह भारतीय संविधान और अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार क़ानून के तहत सुरक्षित है."

    "दिल्ली और मुंबई में प्रदर्शनकारी मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफ़े की मांग कर रहे हैं. यह मांग चुनाव आयोग की मतदाता सूचियों में किए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर चल रहे विवाद के बीच की जा रही है. 2025 से अब तक मतदाता सूचियों से 13 करोड़ से अधिक लोगों के नाम हटाए जा चुके हैं."

    "अधिकारियों ने प्रदर्शनों पर रोक लगाने के आदेश जारी किया, सैकड़ों शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों को गिरफ़्तार किया और इंटरनेट व सार्वजनिक परिवहन सेवाओं को बंद किया."

    एमनेस्टी इंटरनेशनल ने लिखा, "ये क़दम अभिव्यक्ति की आज़ादी और शांतिपूर्ण तरीक़े से एक जगह इकट्ठा होने के अधिकार पर खुला हमला हैं. जिन लोगों को बिना उचित कारण हिरासत में लिया गया है, उन्हें तुरंत रिहा किया जाना चाहिए और अधिकारियों को उनके विरोध प्रदर्शन करने के अधिकार की गारंटी देनी चाहिए."

    दरअसल, दिल्ली पुलिस ने मुख्य जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की अनुमति देने से इनकार कर दिया था और नई दिल्ली के कई इलाक़ों में धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू की गई थी.

    बीबीसी संवाददाता दिलनवाज़ पाशा के अनुसार, इस दौरान जंतर मंतर पर पहुंचने से पहले ही सैकड़ों प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने हिरासत में लिया था.

  5. अमित शाह ने कहा- ड्रग सरगना नवप्रीत सिंह को तुर्की से भारत लाया गया

    अमित शाह
    इमेज कैप्शन, गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी (फ़ाइल फ़ोटो)

    केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि भारत सरकार ने तुर्की से ड्रग तस्करी के सरगना नवप्रीत सिंह को भारत वापस लाने में सफलता हासिल की है.

    गृह मंत्री शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी.

    अमित शाह ने लिखा, "मोदी सरकार ने तुर्की से बड़े ड्रग तस्कर सरगना नवप्रीत सिंह को भारत वापस लाने में सफलता पाकर ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है."

    "नवाब विर्क की फ़र्ज़ी पहचान के नाम पर तुर्की की नागरिकता हासिल करने के बाद भी वह अफ़ग़ानिस्तान से भारत में हेरोइन और मेथामफ़ेटामाइन की तस्करी करता रहा. हमारी एजेंसियों ने उसका पता लगाया और उसकी असली पहचान सामने लाने के लिए हर परत को हटाया और उसे भारत वापस लाने में सफलता हासिल की."

    उन्होंने लिखा, "आज उसे भारत लाया गया है और ड्रग तस्करी और उन पर लगे अन्य अपराधों के मामलों में जेल भेज दिया गया है. इस सफलता के लिए सभी एजेंसियों को बधाई. मोदी सरकार दिसंबर 2029 से पहले हर ड्रग तस्करी गिरोह को ख़त्म करने के लिए प्रतिबद्ध है."

  6. मल्लिकार्जुन खड़गे ने पीएम मोदी और गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर क्या मांग की

    मल्लिकार्जुन खड़गे
    इमेज कैप्शन, मल्लिकार्जुन खड़गे का कहना है कि कर्नाटक में सूखे के कारण बड़े पैमाने पर फ़सलों को नुकसान पहुंचा है (फ़ाइल फ़ोटो)

    कर्नाटक में सूखे की स्थिति को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है.

    मल्लिकार्जुन खड़गे ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर अपने पोस्ट के ज़रिए बताया कि उन्होंने प्रधानमंत्री को विस्तृत पत्र भेजकर रराहत उपलब्ध कराने का आग्रह किया है.

    खड़गे के मुताबिक़, सूखे के कारण बड़े पैमाने पर फ़सलों को नुकसान पहुंचा है और लाखों किसान परिवार प्रभावित हुए हैं.

    उन्होंने बताया कि कर्नाटक सरकार ने राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया कोष (एनडीआरएफ़) और राज्य आपदा प्रतिक्रिया कोष (एसडीआरएफ़) के तहत केंद्र से 3,705.30 रुपये करोड़ की सहायता मांगी है.

    खड़गे ने एक्स पर लिखा, "कर्नाटक को राजनीतिक विचारों से प्रभावित हुए बिना, उसकी स्थिति और ज़रूरत के आधार पर पूरी गंभीरता से और जल्द से जल्द मदद दी जाए. राज्य के 31 लाख से ज़्यादा किसान परिवारों के सामने मौजूद परेशानी के बड़े स्तर को ध्यान में रखा जाए."

    उन्होंने लिखा, "सूखे से राहत देना इंसानियत की ज़रूरत है और इसे केंद्र और राज्य के बीच राजनीतिक मतभेदों से ऊपर रखा जाना चाहिए. मुझे उम्मीद है कि भारत सरकार जल्द और संवेदनशीलता के साथ कदम उठाएगी और कर्नाटक को समय पर मदद देगी."

    खड़गे ने बताया कि इसी मांग को लेकर उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को भी पत्र लिखा है.

    उन्होंने एक्स पर पत्र साझा किया है, जिसमें सूखे की स्थिति के बाद केंद्र सरकार से राहत के लिए कुछ और मांगें भी रखी हैं.

  7. एशियाड क्रिकेट फ़ाइनल: पाकिस्तान के ख़िलाफ़ भारत ने टॉस जीतकर बल्लेबाज़ी का फ़ैसला किया

    श्रेयस अय्यर
    इमेज कैप्शन, भारतीय टीम की कप्तानी श्रेयस अय्यर कर रहे हैं (फ़ाइल फ़ोटो)

    एशियन गेम्स के इतिहास में पहली बार भारत और पाकिस्तान की क्रिकेट टीमें गोल्ड मेडल के लिए आमने-सामने हैं.

    फ़ाइनल मुकाबले में टीम इंडिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करने का फ़ैसला किया है.

    भारत ने सेमीफ़ाइनल मुकाबले में श्रीलंका को 124 रन से हराकर फ़ाइनल में जगह बनाई थी. वहीं, पाकिस्तान ने बांग्लादेश को मात देकर ख़िताबी मुकाबले में प्रवेश किया.

    भारत की टीम: वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (कप्तान), ईशान किशन, तिलक वर्मा, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, रवि बिश्नोई और जसप्रीत बुमराह.

    पाकिस्तान की टीम: साहिबज़ादा फ़रहान (कप्तान), माज सदाकत, उस्मान ख़ान (विकेटकीपर), सैम अयूब, हसन नवाज़, अब्दुल समद, अराफ़ात मिन्हास, अहमद दानियाल, मोहम्मद वसीम, सुफ़यान मुकिम और अबरार अहमद.

    गोल्फ में गोल्ड मेडल

    वहीं, भारत की प्रणवी उर्स ने विमेंस इंडिविजुअल गोल्फ में गोल्ड मेडल जीतकर इतिहास रच दिया.

    वह एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल जीतने वाली पहली भारतीय महिला गोल्फर बन गईं.

    प्रणवी ने चार राउंड में 15 अंडर 265 का स्कोर दर्ज करते हुए यह उपलब्धि हासिल की.

  8. स्मित मच्छर के भाई ने बताया- सीधे बातचीत करने की अनुमति नहीं

    पुलकित मच्छर
    इमेज कैप्शन, पुलकित मच्छर ने बताया कि स्मित को फ़िलहाल सीधे बातचीत करने की अनुमति नहीं है, उनके रिकवरी की जानकारी लेने के लिए एक दफ़ा बातचीत हुई है

    फ़्लाईदुबई के कैप्टन और भारतीय पायलट स्मित मच्छर के कज़िन पुलकित मच्छर ने कहा है कि उन्हें स्मित पर गर्व है.

    पुलकित मच्छर ने बताया कि स्मित को फ़िलहाल सीधे बातचीत करने की अनुमति नहीं है, उनके रिकवरी की जानकारी लेने के लिए एक-दो दफ़ा बातचीत हुई है.

    पुलकित मच्छर ने न्यूज़ एजेंसी एएनआई से कहा, "स्मित ने जो बहादुरी दिखाई और कई लोगों की जान बचाई, उसको लेकर हमें, हमारे समुदाय और पूरे देश को गर्व है. देश के नेशनल लीडर पर्सनल स्टेटमेंट दे रहे हैं, यह हमारे लिए गौरव का पल है."

    उन्होंने बताया, "स्मित को सीधे बातचीत करने की अनुमति नहीं है, फ़ैमिली के साथ एक-दो बार बातचीत हुई. यही जानकारी मिली है कि वो रिकवरी स्टेज पर हैं. हम प्रार्थना कर रहे हैं कि वो जल्दी रिकवर हो जाएं और वापस आ जाएं."

    इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने शुक्रवार को स्मित मच्छर से वीडियो कॉल पर बात की थी और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की थी.

    इस दौरान स्मित ने वो वाक़या भी साझा किया, जब उन्होंने फ़्लाइट में कॉकपिट का दरवाज़ा खोलकर कई लोगों की जान बचाई.

  9. सलमान ख़ान ने पायलट स्मित मच्छर की तारीफ़ करते हुए जताई ये इच्छा

    सलमान ख़ान
    इमेज कैप्शन, सलमान ख़ान ने कहा कि उन्हें स्मित मच्छर के साथ उड़ान भरने का मौक़ा मिला तो यह उनके लिए ख़ुशी की बात होगी (फ़ाइल फ़ोटो)

    फ़्लाईदुबई की फ़्लाइट घटना के बाद चर्चा में आए भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छर की अभिनेता सलमान ख़ान ने तारीफ़ की है.

    सलमान ख़ान ने कहा कि उन्हें स्मित मच्छर के साथ उड़ान भरने का मौक़ा मिला तो यह उनके लिए ख़ुशी की बात होगी.

    सलमान ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "कमाल कर दिया पायलट जी. हम सभी आपको सलाम करते हैं. आपके साथ उड़ान भरना हमारे लिए ख़ुशी की बात होगी. वेल डन ब्रो... कैप्टन स्मित मच्छर."

    इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, इसराइली प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू और भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी प्रशंसा कर चुके हैं.

    पीएम मोदी ने शुक्रवार को स्मित मच्छर से वीडियो कॉल पर बात भी की. पीएम ने कहा कि देशभर में उनकी लंबी उम्र और जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना हो रही है.

    उन्होंने कहा कि कैप्टन स्मित ने गंभीर चोटों के बावजूद यात्रियों की जान बचाने के लिए जो फ़ैसला लिया, उस पर पूरे देश को गर्व है.

    वहीं, कैप्टन स्मित ने कहा कि वह अपनी चोट को केवल घाव के रूप में नहीं देख रहे हैं, बल्कि इसे एक ऐसी यात्रा मान रहे हैं जिसमें धीरे-धीरे रिकवरी होगी. उन्होंने कहा कि उन्हें पूरा भरोसा है कि वह फिर से पूरी तरह स्वस्थ हो जाएंगे.

  10. सऊदी अरब पर हूतियों ने दागीं तीन बैलिस्टिक मिसाइलें

    हूती विद्रोही
    इमेज कैप्शन, हूतियों ने दावा किया है कि सऊदी अरब ने पिछले 24 घंटों के दौरान यमन में 94 हमले किए हैं (फ़ाइल फ़ोटो)

    यमन के हूती विद्रोहियोंऔर सऊदी अरब के नेतृत्व वाले सैन्य गठबंधन के बीच संघर्ष एक बार फिर तेज़ हो गया है.

    सऊदी नेतृत्व वाले सैन्य गठबंधन ने शुक्रवार को बताया कि यमन के हूतियों ने दक्षिणी सऊदी के ख़मिस मुशैत शहर की तरफ़ तीन बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं, जिन्हें हवा में ही रोक दिया.

    दक्षिणी असीर क्षेत्र के अहद रफ़ीदा गवर्नरेट में इंटरसेप्ट की गई बैलिस्टिक मिसाइल का मलबा गिरने से एक स्थानीय व्यक्ति घायल हो गया.

    सऊदी अरब की सुरक्षा एजेंसी सिविल डिफेंस ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में बताया कि मिसाइल के मलबे के गिरने से एक इमारत के अंदर भी नुकसान हुआ. इसके अलावा कई वाहन भी क्षतिग्रस्त हुए हैं.

    दूसरी ओर, हूतियों ने दावा किया है कि सऊदी अरब ने पिछले 24 घंटों के दौरान यमन में 94 हमले किए हैं. हालांकि, इन हमलों को लेकर स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है.

    इस बीच, यमन के प्रमुख शहरों में शामिल ताइज़ के आसपास भी संघर्ष तेज़ हो गया है.

    यहां जारी लड़ाई अब उन पहाड़ी इलाकों तक फैल गई है, जहां से लाल सागर के तटीय क्षेत्र पर नज़र रखी जा सकती है. हूतियों ने हाल के दिनों में इन इलाकों में से कुछ पर नियंत्रण हासिल किया है.

    ताइज़ को यमन का तीसरा सबसे बड़ा शहर और देश की सांस्कृतिक राजधानी माना जाता है. इस शहर की आबादी क़रीब 10 लाख है.

    सऊदी अरब हूती विद्रोहियों के ख़िलाफ़ सैन्य अभियान शुरू करने की तैयारी कर रहा है.

    न्यूज़ एजेंसी रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक़, अभियान के लिए कई विकल्पों पर विचार किया जा रहा है. इनमें लाल सागर के समुद्री मार्ग को सुरक्षित करने के लिए तटीय क्षेत्र में सैन्य कार्रवाई और यमन के कई मोर्चों पर एक साथ हमला करना शामिल है.

    अधिकारियों के अनुसार, यह अभियान आने वाले हफ़्तों में शुरू किया जा सकता है. अभियान का नेतृत्व ज़मीन पर सऊदी अरब के समर्थन वाले यमनी बल करेंगे, जबकि सऊदी सेना हवाई हमलों के ज़रिए उन्हें सहायता देगी. रॉयटर्स से बात करने वाले छह लोगों ने तैयारियों की जानकारी दी है.

  11. एशियन गेम्स 2026 का 14वां दिन: मेडल टैली में चीन टॉप पर, भारत का कौन सा नंबर

    एशियन गेम्स
    इमेज कैप्शन, भारतीय विमेंस हॉकी टीम ने 44 साल बाद एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल जी

    जापान के आइची-नागोया में चल रहे एशियन गेम्स 2026 का शनिवार को 14वां दिन है.

    भारत अब तक 17 गोल्ड समेत कुल 77 मेडल जीत चुका है और मेडल टैली में 5वें नंबर पर है.

    एशियन गेम्स में शनिवार को भारतीय तीरंदाज कुमकुम मोहोद रिकर्व ने महिला कैटेगरी में गोल्ड मेडल जीता.

    इससे पहले शुक्रवार को भारतीय विमेंस हॉकी टीम ने 44 साल बाद एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल जीता. फ़ाइनल मुकाबले में भारत ने चीन को 1-0 से हराया. टीम के लिए लालरेमसियामी ने एकमात्र गोल किया.

    भारत ने अब तक 25 सिल्वर और 35 ब्रॉन्ज़ मेडल भी जीते हैं.

    मेडल टैली में चीन 162 गोल्ड समेत कुल 316 मेडल के साथ पहले नंबर पर है. जापान 239 मेडल के साथ दूसरे, जबकि साउथ कोरिया 134 मेडल के साथ तीसरे नंबर पर है. उज़्बेकिस्तान 20 गोल्ड समेत कुल 65 मेडल के साथ चौथे स्थान पर है.

    अब भारतीय मेंस हॉकी टीम पर नज़रें होंगी. टीम गोल्ड मेडल के लिए फ़ाइनल में मलेशिया से भिड़ेगी. मुकाबला दोपहर 3:30 बजे से खेला जाएगा.

    भारतीय टीम के पास इस मुकाबले को जीतकर एशियन गेम्स में लगातार दूसरी बार हॉकी गोल्ड मेडल पाने का मौका है.

  12. जंतर-मंतर पर आज फिर प्रदर्शन का आह्वान, अभिजीत दीपके 10 अक्तूबर से करेंगे आंदोलन

    अभिजीत दीपके
    इमेज कैप्शन, सीजेपी ने ज्ञानेश कुमार के इस्तीफ़े की मांग को लेकर मुंबई के शिवाजी पार्क में प्रदर्शन किया

    ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन की नेशनल प्रेसिडेंट नेहा बोरा ने शनिवार (आज) को भी जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन का आह्वान किया है.

    मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफ़े की मांग को लेकर उन्होंने दोपहर 1 बजे लोगों से जुटने की अपील की है.

    दूसरी ओर, कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के फ़ाउंडर अभिजीत दीपके ने एलान किया है कि इस मुद्दे पर उनका संगठन 10 अक्तूबर को दिल्ली में प्रदर्शन करेगा.

    इससे पहले शुक्रवार को सुबह दिल्ली के जंतर मंतर पर भी विपक्षी दल और वामपंथी छात्र संगठनों से जुड़े लोग जुटे थे.

    हालांकि, दिल्ली पुलिस ने मुख्य जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की अनुमति देने से इनकार कर दिया था और नई दिल्ली के कई इलाक़ों में धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू की गई थी.

    बीबीसी संवाददाता दिलनवाज़ पाशा के अनुसार, इस दौरान जंतर मंतर पर पहुंचने से पहले ही सैकड़ों प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने हिरासत में लिया था.

    वहीं, सीजेपी ने ज्ञानेश कुमार के इस्तीफ़े की मांग को लेकर मुंबई के शिवाजी पार्क में प्रदर्शन किया था.