सरकार मामले की तह तक जाएगीः सुखबीर बादल

पंजाब
इमेज कैप्शन, पंजाब के उप मुख्य मंत्री सुखबीर सिंह बादल
    • Author, रविंदर सिंह रॉबिन
    • पदनाम, बीबीसी हिंदी डॉट कॉम के लिए
  • प्रकाशित

पंजाब के उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल ने दावा किया है कि सरकार फ़रीदकोट के एक गांव में श्री गुरु ग्रंथ साहिब के अपमान की घटना के पीछे सभी षड्यंत्रों का पर्दाफ़ाश करेगी.

पवित्र ग्रंथ के अपमान की इस घटना ने पूरे राज्य में तनाव की स्थिति पैदा कर दी थी.

पंजाब
इमेज कैप्शन, गुरु ग्रंथ साहिब के अपमान की घटना ने पंजाब में तनाव का माहौल बना दिया

चंडीगढ़ के पुलिस मुख्यालय में पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार ने इसे अपना मिशन बना लिया है कि ग्रंथ के अपमान के सारे दोषियों की गिरफ़्तारी हो.

सरकार ने बरगरी गांव में हुई घटना समेत लगभग सभी मामलों को सुलझा लेने का दावा किया है.

उन्होंने भरोसा दिलाया कि पंजाब सरकार शांति भंग करने के इस षड्यंत्र की तह तक जाएगी. उन्होंने लोगों से अखंड पाठ और प्रार्थना आयोजित करने की अपील भी की.

पंजाब
इमेज कैप्शन, पंजाब के एडीजीपी(अपराध शाखा) सहोटा

अपराध शाखा के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक(एडीजीपी) सहोटा ने कहा कि ग्रंथ के अपमान के कुल सात मामलों में से पांच को सुलझा लिया गया है और बाक़ी दो की अभी तफ़्तीश चल रही है.

एडीजीपी सहोटा अपमान की घटनाओं की जांच करने के लिए बनाए गए विशेष जांच दल के प्रमुख हैं.

उन्होंने बताया कि बरगरी घटना के लिए पंजाब पुलिस ने दो भाइयों, रुपिंदर सिंह और जसविंदर सिंह को गिरफ़्तार किया है.

ऑस्ट्रेलिया और दुबई में उनकी टेलिफ़ोन पर हुई बातचीत और उनकी आपसी बातचीत को सुनने के बाद ये गिरफ़्तारी की गई.

पंजाब
इमेज कैप्शन, इस अपमान के विरोध में पंजाब बंद का आह्वान किया गया

उनके मुताबिक़, इस घटना के विदेशी तार और फंडिंग का भी पता चला है.

पुलिस के मुताबिक़, संगरूर, अमृतसर, लुधियाना और तरनतारन के क़स्बों में हुई घटनाओं में स्थानीय लोगों का हाथ है.

एक सवाल के जबाब में सहोटा ने कहा कि बरगरी की घटना का डेरा सच्चा सौदा प्रमुख को माफ़ी देने वाले मामले से कोई संबंध नहीं है.

प्रेस कांफ्रेंस के दौरान सहोटा ने बरगरी मामले में गिरफ़्तार किए गए दोनों भाइयों की टेलिफ़ोन पर हुई बातचीत के अंश भी सुनवाए.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए यहां <link type="page"><caption> क्लिक </caption><url href="https://play.google.com/store/apps/details?id=uk.co.bbc.hindi" platform="highweb"/></link>करें. आप हमें <link type="page"><caption> फ़ेसबुक </caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi" platform="highweb"/></link>और <link type="page"><caption> ट्विटर </caption><url href="https://twitter.com/BBCHindi" platform="highweb"/></link>पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं.)