गाने से पहले आज भी नर्वस हो जाती हूं: आशा

आरडी बर्मन, आशा भोंसले
    • Author, सरवत जलील
    • पदनाम, बीबीसी न्यूज़
  • प्रकाशित

मशहूर गायिका आशा भोंसले बीते सात दशकों से गा रही हैं. उन्होंने 1,000 से ज़्यादा फ़िल्मों में अपनी आवाज़ दी है.

आशा ने 1940 के दशक से अब तक 20 भाषाओं में क़रीब 11,000 गाने गाए हैं.

उन्होंने हाल ही में ब्रिटेन के मैनचेस्टर में अपना रेस्तरां खोला है.

बीबीसी ने इस मौके पर उनसे ख़ास बातचीत की. इसके मुख्य अंश.

आज भी नर्वस हो जाती हूं

आशा भोंसले

आप संगीत उद्योग में 72 साल से हैं. क्या गाने के पहले आप अभी भी नर्वस महसूस करती हैं?

हां, मैं कभी-कभी नर्वस हो जाती हूं. सभी कलाकार नर्वस होते हैं. मुझे लगता है कि नर्वस होना अच्छा है.

इससे परफ़ॉर्म करने में सुविधा होती है. पर मैं एक बार गाना शुरू कर देती हूं तो नर्वसनेस दूर हो जती है.

फ़ेवरेट यादें ?

किशोर कुमार
इमेज कैप्शन, किशोर कुमार

मुझे हमेशा ही किशोर कुमार के साथ गाने और काम करने में आनंद आया.

वह एक बहुत बड़े प्लेबैंक सिंगर, अभिनेता, निर्माता और निर्देशक थे. उनके साथ काम करना हमेशा ही चुनौतीभरा और सकारात्मक अनुभव वाला होता था.

मैं जानती थी कि यदि मैं किशोर कुमार के साथ गाना गा रही हूं तो रिकॉर्डिंग निश्चित रूप से ख़ास बन जाएगी.

मधुबाला

पसंदीदा अभिनेत्री ?

मधुबाला. वह देखने और व्यक्तित्व दोनों में ही बेहद खूबसूरत इंसान थीं. वह मुझे बेहद पसंद थीं.

पर मुझे सभी बड़ी अभिनेत्रियों के साथ काम कर मज़ा आया.

देव आनंद के साथ आशा भोंसले

आपकी पसंदीदा बॉलीवुड फ़िल्म कौन सी है?

मुझे वह फ़िल्म पसंद नहीं, जो बहुत ज़्यादा हिंसा दिखाती हो.

मुझे वह फ़िल्में पसंद हैं जो परिवार और रिश्तों पर आधारित हों, ऐसी फ़िल्में जो प्रेम और सामंजस्य दिखाती हों.

ये फ़िल्में वह हैं, जिनमें सबसे अच्छे गीत भी हैं. पर मैं कोई एक लाइन नहीं चुन सकती, यह मुश्किल है.

'अभिनय नहीं करने का मलाल नहीं'

आशा भोंसले

आपने अभिनय भी किया है. क्या आपको लगता है कि आपको और अभिनय करना चाहिए था?

नहीं, मैं अभिनय को लेकर बहुत उत्सुक नहीं हूं. आप संगीत में खो जाते हैं. मैं गाते समय एक दूसरी दुनिया में चली जाती हूं.

पर अभिनय में आपको निर्देशक हमेशा टोकता रहता है. इससे तन्मयता ख़त्म हो जाती है.

इसलिए मुझे अधिक अभिनय करने का कोई मलाल नहीं है.

आरडी बर्मन के साथ आसा भोंसले

आप 'बर्मफ़ुल ऑफ़ आशा' गाने के बारे में क्या सोचती हैं?

मैंने इसे कई बार सुना है और यह मुझे पसंद है.

मुझे ताज्जुब हुआ कि जो लोग मुझे जानते तक नहीं, उन्होंने किस तरह मुझे गीत में ले लिया.

जो लोग मुझे पहले नहीं जानते थे, वे अब इस गीत की वजह से ही जानने लगे हैं.

'द बीटल्स सुनती हूं'

आशा भोंसले

पूरी दुनिया में बहुत से लोग आपके गीत का आनंद उठाते हैं. आप क्या सुनती हैं?

मैं तरह-तरह का संगीत सुनती हूं. इसमें सुगम संगीत से लेकर शास्त्रीय गायन और पश्चिमी संगीत भी शामिल हैं, मसलन- शली बैसे, फ़्रांक सिनात्रा, लुई आर्मस्ट्रॉंग और द बीटल्स.

कोई ऐसा भी है, जिसके साथ आप गाना पसंद करतीं?

बारबरा स्ट्रीसंड- मैं उनके साथ गाना पसंद करती.

'लता का स्टाइल अलग'

आशा भोंसले के साथ लता मंगेशकर

आपकी बड़ी बहन लता मंगेशकर भी बड़ी मशहूर प्लेबैक सिंगर हैं. क्या उनके साथ कोई प्रतिस्पर्द्धा थी?

लता के गाने का स्टाइल मुझसे काफ़ी अलग है. हम दूसरे मामलों में भी अलग अलग हैं, मसलन, वे लंबे बाल रखना पसंद करती हैं जबकि मेरे बाल छोटे हैं.

पर हम काफ़ी नज़दीक हैं. हम में कभी प्रतिस्पर्द्धा नहीं रही.

हमारे बीच काफ़ी आपसी प्रेम है और मुझे उनके साथ गाने में काफ़ी अच्छा लगता है.

<bold>(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप <link type="page"><caption> यहां क्लिक</caption><url href="https://play.google.com/store/apps/details?id=uk.co.bbc.hindi" platform="highweb"/></link> कर सकते हैं. आप हमें <link type="page"><caption> फ़ेसबुक</caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi" platform="highweb"/></link> और <link type="page"><caption> ट्विटर</caption><url href="https://twitter.com/BBCHindi" platform="highweb"/></link> पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)</bold>