एेश्वर्या पर 'पर्पल' लिपस्टिक जंची या नहीं?

    • Author, श्वेता पांडेय
    • पदनाम, मुंबई से, बीबीसी हिंदी डॉट कॉम के लिए
  • प्रकाशित

69वें कान फ़िल्म फ़ेस्टिवल में बॉलीवुड अदाकारा ऐश्वर्या राय बच्चन और सोनम कपूर के फ़ैशन ट्रेंड को लेकर सोशल मी़डिया में भले ही मज़ाक उड़ाया जा रहा हो, लेकिन फैशन डिज़ाइनर उनके फ़ैशन सेंस को सही ठहरा रहे हैं.

अभिनेत्री ऐश्वर्या राय पिछले 15 सालों से कान फ़िल्म फ़ेस्टिवल का हिस्सा बनी हुई हैं. इस बार वो अपनी फ़िल्म 'सरबजीत' के लिए कान में शरीक हुईं. इससे पहले 'देवदास' के प्रचार लिए भी कान गई थीं.

इस फ़ेस्टिवल में ऐश्वर्या ने जिन परिधानों को पहना और जैसे मेकअप का प्रयोग किया, उसे लेकर सोशल मीडिया पर उनका काफ़ी मज़ाक उड़ाया गया. वहीं सोनम कपूर का भी उनके गाउन को लेकर मज़ाक बनाया जा रहा है.

मशहूर फ़ैशन डिज़ाइनर ऐश्ले रेबेलो इस तरह मज़ाक बनाने को सही नहीं मानते. ऐश्ले कहते हैं कि ऐश्वर्या और सोनम दोनों लॉरियल ब्रांड से जुड़ी हुई हैं. ये सितारे वही पहनते हैं, जो ब्रांड की टीम उनके लिए निर्धारित करती है.

हालांकि, ऐश्ले यह भी मानते हैं कि ऐश पर पर्पल लिपस्टिक जंची नहीं. लेकिन वो जिस ब्रांड से जुड़ी हैं, उसका नया कलर भी उन्हें प्रमोट करना था, इसलिए उस कलर को लगा लिया.

वहीं सोनम कपूर के गाउन को लेकर ऐश्ले कहते हैं, '' सोनम पर उनके गाउन फब रहे थे, लेकिन उन्होंने जो साड़ी पहनी थी, वो बिलकुल भी अच्छी नहीं लगी.''

ऐश्ले कलाकारों की खिल्ली उड़ाए जाने पर कहते हैं कि जब सितारे नया करते हैं, तो लोग उनका मज़ाक उड़ाते हैं और जब एक ही जैसा स्टाइल अपनाते हैं, तो उन्हें फ़ैशन के प्रति उदासीन बताते हैं.

जबकि फ़ैशन डिज़ाइनर एडी सिंह ऐश्वर्या की पर्पल लिपस्टिक लुक को 'बोल्ड' कदम करार देते हैं. एडी सिंह कहते हैं कि भारतीय रंगों को ऐश्वर्या ने अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर बेहतरीन तरीके से रिप्रजेंट किया है.

वो कहते हैं कि पर्पल लिपस्टिक उनके गाउन के फूलों से मैच कर रहे थे, लेकिन यदि उस समय वो इयररिंग भी पहन लेतीं, तो उनका लुक कम्प्लीट हो जाता.

सोनम कपूर के बारे में एडी सिंह कहते हैं कि सोनम जीन्स और वाइट टॉप भी पहन लें, तो स्टाइलिश लगती हैं.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए <link type="page"><caption> यहां क्लिक </caption><url href="https://play.google.com/store/apps/details?id=uk.co.bbc.hindi" platform="highweb"/></link>करें. आप हमें <link type="page"><caption> फ़ेसबुक</caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi" platform="highweb"/></link> और <link type="page"><caption> ट्विटर</caption><url href="https://twitter.com/BBCHindi" platform="highweb"/></link> पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं.)