धोनी के 'बल्ले' के आगे 'नागिन' बेबस

    • Author, सुशांत एस मोहन
    • पदनाम, बीबीसी संवाददाता, मुंबई
  • प्रकाशित

पहले भारत श्रीलंका और फिर एशिया कप के बाद क्रिकेट का रंग अब छोटे पर्दे पर चढ़ने लगा है.

यह बात तो हम आपको पहले भी बता चुके थे कि धारावाहिकों की टीआरपी पर इसका असर आएगा लेकिन इस बार भारत की जीत के चलते यह असर कुछ ज्यादा ही आया है.

हालांकि अगर पहले स्थान को छोड़ दें तो नागिन (कलर्स), कुमकुम भाग्य (ज़ी) और साथ निभाना साथिया (स्टार) क्रमश: उसी क्रम में हैं, लेकिन बस एक एक पायदान नीचे आ गए हैं.

क्रिकेट सिरीज़ का सबसे बड़ा फ़ायदा हुआ है दूरदर्शन और स्टार स्पोर्ट्स को.

स्टार स्पोर्ट्स 3 को भी अच्छी ख़ासी लोकप्रियता मिली है क्योंकि इस चैनल पर मैच की कमेंट्री, मैच से जुड़े शो भी हिंदी में आते हैं.

अन्य धारावाहिकों में एमटीवी के रोडीज़ का 14वां सीज़न अच्छी टीआरपी बटोर रहा है और इस धारावाहिक के रिपीट टेलिकास्ट को भी अच्छी रेटिंग मिल रही है.

आमतौर पर मोटरसाईकिलों पर आधारित इस शो में इस बार एसयूवी गाड़ियां लाई गई हैं और ओलिंपिक पदक विजेता पहलवान सुशील कुमार भी इस धारावाहिक का हिस्सा है.

सुशील को इस धारावाहिक में जोड़ने का एक बड़ा कारण यह भी था कि इस धारावाहिक को हिंदी बेल्ट और गांव देहात के लोगों के साथ जोड़ने में एमटीवी को ख़ासी दिक्क़त आ रही थी.

सुशील के आ जाने के बाद मॉर्डन समझे जाने वाले रोडीज़ में दूध दही और हरियाणा के साथ साथ अखाड़े की मिट्टी भी आ गई है.

बच्चों के चैनलों में डोरेमोन और मोटू पतलू का ही टीआरपी पर एकछत्र राज है लेकिन टीवी विशेषज्ञों की मानें तो यह इसलिए भी है क्योंकि इन धारावाहिकों को रिपीट मोड पर दिखाया जाता है ऐसे में यह बार बार टीआरपी के आंकड़ो में आ जाते हैं.

बात जो भी हो इस हफ़्ते की टीआरपी तो बल्ले के नाम रही और यकीन मानिए अगले हफ़्ते सारी टीआरपी टी 20 वर्ल्ड कप लूट के ले जाने वाला है, आप शर्त लगा सकते हैं!

(सभी तथ्य 'बार्क' द्वारा उपलब्ध आंकड़ो पर आधारित, 'बार्क' टीआरपी एकत्रित करने वाली आधिकारिक एजेंसी है)

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉयड ऐप के लिए <link type="page"><caption> यहां क्लिक</caption><url href="https://play.google.com/store/apps/details?id=uk.co.bbc.hindi" platform="highweb"/></link> करें. आप हमें <link type="page"><caption> फ़ेसबुक</caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi" platform="highweb"/></link> और <link type="page"><caption> ट्विटर</caption><url href="https://twitter.com/BBCHindi" platform="highweb"/></link> पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)