दुबई से इसराइल जा रही फ्लाइट में एक पायलट ने दूसरे को चाकू मारा, जानें और क्या-क्या हुआ?

दुबई फ्लाई
इमेज कैप्शन, शुरू में ऐसा माना गया कि फ्लाइट को हाईजैक कर लिया गया है (प्रतीकात्मक फोटो)
    • Author, हफ़्सा ख़लील
  • प्रकाशित
  • पढ़ने का समय: 5 मिनट

दुबई से इसराइल जा रही एक फ्लाइट पायलटों के बीच कथित तौर पर झगड़ा होने के बाद सऊदी अरब में उतरी.

फ्लाइट में सवार एक इसराइली यात्री ने पत्रकारों को बताया कि क्रू ने उनसे मदद मांगी थी जिसके बाद यात्रियों ने एक पायलट को काबू करने और उसे बांधने में मदद की.

फ्लाई दुबई की यह फ्लाइट बुधवार सुबह रवाना हुई थी. फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट फ्लाइटरडार24 के मुताबिक़, उड़ान भरने के करीब दो घंटे बाद विमान ने इमरजेंसी कोड जारी किया.

कुछ मिनट बाद विमान ने इसे बदलकर हाइजैकिंग का कोड कर दिया. हालांकि, बाद में इसे फिर सामान्य इमरजेंसी सिग्नल में बदल दिया गया.

अनाम इसराइली अधिकारियों ने मीडिया को बताया कि एक पायलट ने दूसरे पायलट को चाकू मारा. अधिकारियों के मुताबिक़ या तो वो पायलट विमान को हाईजैक करना चाहता था या क्रैश करना चाहता था. हालांकि हम बता दें कि अब तक हमलावर पायलट का मक़सद साफ़ नहीं है और हमें इस बारे में अब तक कोई आधिकारिक बयान नहीं मिला है.

शॉर्ट वीडियो देखिए
वीडियो कैप्शन, दुबई से तेल अवीव जा रहे विमान की सऊदी अरब में क्यों हुई इमरजेंसी लैंडिंग?

इसराइली मीडिया के मुताबिक़, उड़ान के दौरान पायलट और को-पायलट के बीच झगड़ा हुआ था. इसके बाद विमान ने इमरजेंसी सिग्नल भेजा और कुछ समय के लिए हाइजैकिंग की आशंका पैदा हो गई.

फ्लाइट FZ1073 ने संयुक्त अरब अमीरात के दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ान भरी थी. इसमें क़रीब 150 से 180 लोग सवार थे, जिनमें ज़्यादातर इसराइली नागरिक थे.

फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट फ्लाइटरडार24 के मुताबिक़, उड़ान भरने के करीब दो घंटे बाद विमान ने पहले स्क्वॉक कोड 7700 भेजा. यह सामान्य आपात स्थिति का संकेत होता है.

कुछ मिनट बाद विमान ने कोड 7500 भेजा, जो विमान के साथ अवैध हस्तक्षेप या हाइजैकिंग का संकेत देता है. बाद में विमान ने फिर से 7700 कोड भेजा.

विमान का कैप्टन और फ़र्स्ट ऑफ़िसर घायल

फ़्लाईदुबई कंपनी ने कहा है कि इस घटना में कैप्टन और फ़र्स्ट ऑफ़िसर दोनों घायल हुए हैं और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

कंपनी की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि स्थानीय समयानुसार 8.44 बजे एयर ट्रैफ़िक कंट्रोल सेंटर को आपात लैंडिंग के लिए सिग्नल मिला था.

इसके एक घंटे बाद ही विमान सुरक्षित रूप से रनवे पर उतर गया.

यात्रियों ने इसराइली मीडिया को बताया कि सऊदी अरब को डायवर्ट होने से पहले एक पायलट चाकू से घायल हो गया था.

चश्मदीदों ने क्या बताया?

यास्मिन नाम की महिला की बेटी फ़्लाइट में सवार थीं, उन्होंने घटना के बारे में यास्मिन को बताया
इमेज कैप्शन, यास्मिन नाम की महिला की बेटी फ़्लाइट में सवार थीं, उन्होंने घटना के बारे में यास्मिन को बताया
छोड़कर पॉडकास्ट आगे बढ़ें
दिनभर
Dinbhar: आवाज़ वही, अंदाज़ नया

देश - दुनिया की बड़ी ख़बरें जिन्होंने बटोरी सुर्खियां.

एपिसोड

समाप्त

यास्मिन नाम की एक महिला ने बताया कि दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाइट में उनकी बेटी भी सवार थी.

बेटी ने उन्हें फ़ोन करके बताया कि उसने विमान में चीखने की आवाज़ें सुनीं. एक पायलट मदद के लिए पुकार रहा था.

यास्मिन ने समाचार एजेंसी एपी को बताया, "विमान ने नियंत्रण खोना शुरू कर दिया. सभी लोग चीखने लगे. उन्हें लगा कि अब उनकी जान नहीं बचेगी."

रॉयटर्स से बात करते हुए यास्मिन ने बताया कि दो अन्य पायलटों ने विमान का नियंत्रण संभाल लिया. इसी दौरान दूसरे यात्री एक ऐसे व्यक्ति की ओर दौड़े, जिसके हाथ में चाकू था.

इसराइली अधिकारियों में से एक ने चैनल 12 से कहा, "एक बेहद गंभीर हादसा टल गया."

'द यरूशलम पोस्ट' ने भी एक अनाम इसराइली अधिकारी के हवाले से कहा है कि "एक बड़े हादसे को बाल-बाल टाल दिया गया."

इसराइली मीडिया से बात करते हुए अज्ञात अधिकारियों ने बताया कि एक पायलट ने दूसरे पायलट पर चाकू से हमला किया.

ऐसा लगता है कि उसका मकसद "या तो विमान को हाईजैक करना... या उसे क्रैश करना" था. हालांकि, यह स्पष्ट करना जरूरी है कि हमले के मकसद की पुष्टि नहीं हुई है और हमें अभी आधिकारिक बयान मिलने बाकी हैं.

विमान में सवार एक इसराइली यात्री ने पत्रकारों को बताया कि चालक दल ने हमलावर को काबू करने और उसे बांधने में मदद के लिए यात्रियों से सहायता मांगी.

प्रत्यक्षदर्शियों में से एक ने कहा, "यहां कुछ लोगों की शर्ट खून से सनी हुई है."

विमान के पिछले हिस्से में मौजूद दो पायलट आगे आए और विमान को लैंड कराने में मदद की. एक यात्री ने कहा, "मैंने चिल्लाकर उनसे दौड़कर आने और विमान का नियंत्रण संभालने को कहा."

फ़्लाइट के दौरान क्या हुआ था

फ़्लाईदुबई के प्लेन ने बुधवार सुबह उड़ान भरी थी (स्टॉक फ़ोटो)
इमेज कैप्शन, फ़्लाईदुबई के प्लेन ने बुधवार सुबह उड़ान भरी थी (स्टॉक फ़ोटो)

फ्लाइटरडार24 के डेटा के मुताबिक़, सऊदी अरब के ऊपर विमान ने अचानक दिशा बदली और तेज़ी से नीचे उतरना शुरू किया. विमान दो मिनट से भी कम समय में 17,000 फ़ुट यानी 5,000 मीटर से ज़्यादा नीचे आ गया.

स्थानीय समय के अनुसार, 8.21 बजे विमान 34000 फ़ुट की उंचाई पर उड़ रहा था.

अचानक नीचे आने के 10 मिनट बाद विमान ने करीब सात मिनट तक इमरजेंसी सिग्नल जारी भेजा.

05:40 पर फ़्लाइट कुछ समय के लिए जॉर्डन के हवाई क्षेत्र में दाखिल हुई. कुछ मिनट बाद यह फिर सऊदी अरब की ओर मुड़ गई और इसके बाद उतरना शुरू कर दिया.

विमान को तेल अवीव के बेन गुरियन एयरपोर्ट पर उतरना था, लेकिन यह उत्तर-पूर्वी सऊदी अरब के तबुक एयरपोर्ट पर उतरा.

यात्रियों ने स्थानीय मीडिया को बताया कि घटना के दौरान जब विमान नीचे आने लगा तो उन्हें अपनी जान का डर सताने लगा.

समाचार एजेंसी रॉयटर्स से एक इसराइली अधिकारी ने नाम ज़ाहिर नहीं करने की शर्त पर बताया कि पायलटों के बीच हाथापाई होने के बाद दोनों ने इमरजेंसी सिग्नल भेजे थे.

हालांकि, यह तुरंत स्पष्ट नहीं हो सका कि दोनों में से किसी पायलट ने जानबूझकर इमरजेंसी सिग्नल भेजा था या नहीं.

इसराइली प्रसारक एन12न्यूज़ के चीफ़ पॉलिटिकल एनॉलिस्ट अमित सेगल ने एक्स पर लिखा कि ऐसा लगता है कि दोनों पायलटों के बीच उड़ान के दौरान हाथापाई हुई, जिसके बाद पूरे मध्य पूर्व में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया.

उनकी इस टिप्पणी को रीपोस्ट करते हुए इसराइल में अमेरिका के राजदूत माइक हकबी ने कहा कि घटना ने पूरे मध्य पूर्व, ख़ासकर इसराइल में, लोगों और सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट पर कर दिया था. उन्होंने कहा कि अच्छा है कि मामला इससे ज़्यादा गंभीर नहीं हुआ.

यरूशलम पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक़, संभावित आपात स्थिति से निपटने की तैयारी में इसराइली वायुसेना ने अपने अलर्ट का स्तर बढ़ा दिया था.

इसराइली प्रधानमंत्री कार्यालय ने कहा कि इस घटना को हाइजैकिंग नहीं माना जा रहा है.

इससे पहले इसराइल के तीन सुरक्षा अधिकारियों ने रॉयटर्स को बताया था कि प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने इस उड़ान को लेकर अधिकारियों के साथ विचार-विमर्श किया.

इसराइली सेना ने एक बयान में कहा कि सेना प्रमुख अयाल ज़मीर ने वायुसेना के कमांडर और अन्य सैन्य अधिकारियों के साथ स्थिति का आकलन किया.

फ्लाईदुबई के प्रवक्ता ने पुष्टि की कि फ्लाइट को "रास्ते में एक घटना का सामना करना पड़ा...हमारी टीमें संबंधित अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रही हैं."

फ्लाईदुबई, दुबई और तेल अवीव के बीच रोज़ाना उड़ानें संचालित करती है. यह मार्ग इसराइली नागरिकों के बीच काफ़ी लोकप्रिय है.

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.

BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें

BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट... सब एक जगह

कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.