'स्टंटमैन असली हीरो, पर कोई नहीं पूछता'

    • Author, आयुष देशपांडे
    • पदनाम, मुंबई से, बीबीसी हिंदी डॉटकॉम के लिए
  • प्रकाशित

बॉलीवुड इंडस्ट्री में 'खिलाड़ी कुमार' के नाम से मशहूर अक्षय कुमार ने हाल ही में स्टंट कलाकारों के नाम एक खुला पत्र लिखा.

अक्षय कुमार ने, जो मशहूर स्टंटमैन स्कॉट कॉस्ग्रोव के निधन से बहुत दुखी थे, सोशल मीडिया पर अपनी भावनाएं व्यक्त कीं.

अक्षय ने लिखा, "जो भी स्टंटमैन या वुमन क्षेत्र में काम कर रही हैं, मैं उनको सलाम करता हूं. हाल ही में मुझे स्कॉट की मौत की जानकारी हुई है."

उन्होंने कहा, "मेरा मानना है कि आपको इस काम के लिए न सिर्फ ऑस्कर और फ़िल्मफेयर अवॉर्ड मिलने चाहिए, बल्क‍ि आपको ख़ास स्टेटस भी मिलना चाहिए."

अक्षय की बात पर स्टंटमैन विक्रम कहते हैं, "अवॉर्ड तो दूर की बात है हमें बेहतर सहूलियत मिेले तो वही बड़ी बात होगी."

विक्रम ने कहा, "पहले के मुक़ाबले स्टंट आर्टिस्ट के हालात ठीक हुए हैं, लेकिन एेसा कुछ भी नहीं हुआ जिससे हमारी आर्थिक स्थिति में सुधार आ सके."

विक्रम कहते हैं, "कुछ अभिनेता जैसे अक्षय कुमार, संजय दत्त, अजय देवगन, शाहरुख़ खान हमें बहुत प्रोत्साहित करते हैं और हमारे काम की तारीफ़ भी करते हैं, लेकिन इसके अलावा हमारे लिए और कुछ नहीं होता."

अक्षय कुमार ने अपने पोस्ट में आगे लिखा, ''मैं जानता हूं कि करोड़ों रुपये की बजट वाली फ़िल्मों की शूटिंग के दौरान आप जो भी तकलीफ़ सहते हैं, उसकी भरपाई महज़ अवॉर्ड नहीं कर सकते. लेकिन यह आपके काम को सलाम करने की एक छोटी पहल तो हो ही सकती है.''

स्टंट आर्टिस्ट की चुनौतियों पर स्टंट डबल का काम कर रहीं गीता टंडन कहती हैं, "अगर कोई स्टंट कलाकार घायल हो जाता है तो उसे सिर्फ़ शिफ़्ट के ही पैसे मिलते हैं, बाक़ी सारा ख़र्च उसे ख़ुद ही उठाना पड़ता है."

वो कहती हैं, "हमें अगर इंडस्ट्री की ओर से बीमा सुविधा मिल सके तो हमारी बहुत मदद हो जाएगी."

अक्षय कुमार के ख़त पर गीता खुश तो हैं लेकिन कहती हैं, "इस इंडस्ट्री में कोई किसी की मदद नहीं करता. यहां लोग आते हैं और काम कर के निकल जाते हैं."

गीता कहती हैं कि हॉलीवुड से मुक़ाबला करना तो दूर अगर हम किसी वजह से बीच में फ़िल्म छोड़ दें, तो हमारी पूरी फ़ीस मिलना भी मुश्किल हो जाता है.

निर्देशक रोहित शेट्टी कहते हैं, "दर्शकों या मीडिया के लिए यह कहना बड़ा आसान होता है कि देखो मैंने गाड़ी उड़ा दी लेकिन वह सिर्फ स्टंट आर्टिस्ट की बदौलत ही मुमकिन होता है."

उन्होंने कहा, "जब तक हर स्टंट मैन सुरक्षित वापस नहीं आ जाता हमारी टीम को चैन नहीं पड़ता, वही असली हीरो होते हैं, लेकिन दुख की बात है की उन्हें कोई पूछता नहीं हैं."

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए <link type="page"><caption> यहां क्लिक करें</caption><url href="https://play.google.com/store/apps/details?id=uk.co.bbc.hindi" platform="highweb"/></link>. आप हमें <link type="page"><caption> फ़ेसबुक</caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi" platform="highweb"/></link> और <link type="page"><caption> ट्विटर</caption><url href="https://twitter.com/BBCHindi" platform="highweb"/></link> पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं.)