सलमान मेरा सीनियर है: शाहरुख़

प्रकाशित

बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख़ ख़ान ने कहा है कि करियर के मामले में सलमान उनसे बड़े हैं, जबकि उम्र के मामले में शाहरुख़ बड़े हैं.

कलर्स चैनल पर प्रसारित हो रहे रियलिटी शो 'बिग बॉस 9' में अभिनेता सलमान ख़ान के साथ शाहरुख़ ने मंच साझा किया और फिर इसी शो के सिलसिले में दोनों अभिनेता मीडिया से रू-ब-रू हुए.

जब दोनों से एक एक करके बीस साल पहले आई फ़िल्म 'करण अर्जुन' के बारे में पूछा गया, तो सलमान ने कहा, ''मैंने शाहरुख़ से कहा कि इस फ़िल्म में भाइयों की बॉन्डिंग ऑनस्क्रीन दिखाने के लिए, ऑफ़स्क्रीन बॉन्डिंग होना ज़रूरी है.''

इसी फ़िल्म के चलते शाहरुख़ और सलमान के बीच असल ज़िंदगी में भी भाईयों जैसी भावनाएं आ गई थीं.

शाहरुख़ ने बताया, ''लोग हमारे बीच में कौन बड़ा कौन छोटा कि तुलना करते हैं लेकिन सलमान करियर के लिहाज़ से मेरा सीनियर है, जबकि मैं सलमान से एक महीना बड़ा हूं.''

साल 2007 में आई शाहरुख़ ख़ान की फ़िल्म 'ओम शांति ओम' में शाहरुख़ सिक्स पैक एब्स में दिखे थे और अपनी एब्स के लिए वो सलमान को ज़िम्मेदार मानते हैं.

अपने सिक्स पैक एब्स के राज़ खोलते हुए शाहरुख़ ने बताया, ''सलमान को देख कर ही मैंने कसरत शुरू की थी. 'करण अर्जुन' के सेट पर सलमान पहले वर्क आउट किया करता था, फिर हम सबको भी वर्कआउट करवाया करता था. यानी मेरे सिक्स पैक एब्स के पीछे इसी का हाथ है.''

इसी फ़िल्म में मां का किरदार निभाने वाली राखी गुलज़ार से संपर्क के बारे में दोनों ख़ानों से पूछा गया तो सलमान ने राखी से संपर्क में होने की बात कही लेकिन शाहरुख़ ने इस बात से इंकार किया.

शाहरुख़ ने उन्हें याद करते हुए कहा, ''मैं उनसे संपर्क में तो नहीं हूं लेकिन वो हमारे लिए हमारी मां की तरह हैं. वो काफ़ी सीनियर हैं और इस तरह के मंच पर उनको लाना ठीक नहीं है.''

वो आगे कहते हैं, "करण अर्जुन के दिनों में वो हम दोनों को बहुत अनुशासित रखती थीं या यूं कहें कि हम दोनों को सिर्फ़ वो ही क़ाबू में रख सकती थीं."

हालांकि जब दोनों अभिनेताओं से पूछा गया कि वो कब अगली फ़िल्म साथ में कर रहे हैं, तो दोनों ने कहा की 'अच्छी स्क्रिप्ट' का इंतज़ार है.

क्या 'शोले' की रीमेक में दोनों काम करेंगे ? इसका जवाब देते हुए सलमान ने कहा, ''शोले एक बार ही बनी है, दूसरी बार जब भी बनाई गई, फ्लॉप ही रही.''

वहीं सलमान के परिवार से अपने रिश्ते के बारे में बताते हुए शाहरुख़ ने कहा, ''मुंबई आने के बाद सलमान का परिवार मेरे घर की तरह ही रहा है और हमारे बीच कभी कुछ बुरा नहीं हुआ, हां कुछ बातों को लेकर मतभेद ज़रुर थे लेकिन इसके चलते हमारे दिलों में एक दूसरे को लेकर कोई बुरी बात हमने नहीं सोची."

शाहरुख़ ख़ान के साथ बिग बॉस की शूटिंग हालांकि सिर्फ़ एक दिन ही हुई लेकिन शाहरुख़ ख़ान वाले एपिसोड को तीन अलग-अलग हिस्सों में काट कर तीन दिनों तक दिखाया गया और टीवी रेटिंग के आंकड़ो के हिसाब से कलर्स चैनल ने इन तीन दिनों में ज़बर्दस्त रेटिंग हासिल की हैं.

<bold>(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां <link type="page"><caption> क्लिक</caption><url href="https://play.google.com/store/apps/details?id=uk.co.bbc.hindi" platform="highweb"/></link> कर सकते हैं. आप हमें <link type="page"><caption> फ़ेसबुक</caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi" platform="highweb"/></link> और <link type="page"><caption> ट्विटर</caption><url href="https://twitter.com/BBCHindi" platform="highweb"/></link> पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)</bold>