चक्कर टीआरपी का, शाहरुख़-सलमान हुए साथ

    • Author, सुशांत एस मोहन
    • पदनाम, बीबीसी संवाददाता, मुंबई
  • प्रकाशित

टीवी रिएलिटी शो 'बिग बॉस' में बॉलीवुड के दो सुपरस्टार सलमान ख़ान और शाहरूख़ ख़ान साथ दिखेंगे.

पिछले लगभग आठ सालों में दोनों के बीच अनबन की बातें होती रही हैं.

एक तरफ़ मीडिया में बिग बॉस के इस एपिसोड को 'करण अर्जुन मिलाप', 'खानटास्टिक एपिसोड' और 'लेजेंडरी' जैसे जुमले से पुकारा जा रहा है वहीं बिग बॉस की वेबसाईट पर हिट्स की संख्या तेज़ी से उपर चली गई है.

बड़ी स्क्रीन पर छह बार साथ दिख चुके दोनों सितारे टीवी पर सिर्फ़ एक बार साल 2007 में 'कौन बनेगा करोड़पति' के तीसरे सीज़न में दिखाई दिए थे.

19 अप्रैल को दिखाए गए उस एपिसोड में सलमान ख़ान, अभिनेत्री कटरीना कैफ़ के साथ बतौर मेहमान मौजूद थे और शाहरुख़ उस एपिसोड को होस्ट कर रहे थे.

सलमान उस दिन अपनी चैरिटी संस्था 'सलमान ख़ान फ़ांउडेशन' के प्रचार के लिए आए थे और उन दिनों सलमान और शाहरुख़ के बीच अच्छी दोस्ती थी.

लेकिन साल 2008 में कटरीना कैफ़ की जन्मदिन पार्टी में हुई एक झड़प के बाद से दोनों ने दूरी बना ली थी.

हालांकि साल 2014 में एक इफ़्तार पार्टी में कांग्रेस नेता बाबा सिद्दीकी के आग्रह पर दोनों ने अपनी दूरियां कम कीं और एक दूसरे की फ़िल्मों के प्रमोशन में भी हिस्सा लिया.

अब दोनों साथ 'बिग बॉस' के एक विशेष एपिसोड में नज़र आएंगे और शाहरुख़ की 'दिलवाले' का प्रमोशन करेंगे.

अभिनेता वरुण धवन ने कहा, "शाहरुख़ के वहां होने से हमारी फ़िल्म को काफ़ी दर्शक मिलेंगे क्योंकि जब दो इतने बड़े सितारे हमारी फ़िल्म को प्रमोट करेंगे तो इससे अच्छा क्या हो सकता है?"

वहीं शाहरुख़ को सलमान पहले ही बिग बॉस में आने का न्यौता दे चुके थे, शो की शुरुआत के दिन ही सलमान ने कहा था, "मैं तो चाहुंगा कि अगर उनके पास वक़्त है और वो आना चाहते हैं तो 'मोस्ट वेलकम', उनके आने से इस शो और शो के कंटेस्टेंट को काफ़ी कुछ हासिल होगा."

शाहरुख और सलमान के एपिसोड के लिए कलर्स और बिग बॉस की टीम को भी काफ़ी तैयारियां करनी पड़ी. दोनों सितारों की स्क्रीन स्पेस के साथ-साथ उनके विज्ञापनों का बंटवारा भी सोच समझकर करना होता है.

टीम के एक सदस्य ने नाम न बताने की शर्त पर बताया,"हम काफ़ी दिनों पहले से ही तैयार थे और बता दिया गया था कि पहले से हमें शो के लिए तैयार रहना होगा. यहां तक कि कुछ चीज़ें पहले से ही रिकॉर्ड की गई थी ताकि सलमान-शाहरुख़ वाले एपिसोड पर टीम थोड़ा ज्यादा समय काम कर सके."

कलर्स चैनल और बिग बॉस की टीआरपी भी इस शो पर बहुत हद तक उम्मीद बांधे है.

शो स्पांसर स्नैपडील ग्राहकों को एप के ज़रिए बिग बॉस से जुड़ने का संदेश दे रहा है.

<bold>(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए <link type="page"><caption> यहां क्लिक</caption><url href="https://play.google.com/store/apps/details?id=uk.co.bbc.hindi" platform="highweb"/></link> करें. आप हमें <link type="page"><caption> फ़ेसबुक</caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi" platform="highweb"/></link> और <link type="page"><caption> ट्विटर</caption><url href="https://twitter.com/BBCHindi" platform="highweb"/></link> पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)</bold>