दिल्ली विधानसभा परिसर में किस तरह की सुरक्षा चूक का मामला सामने आया है?

दिल्ली विधानसभा परिसर

इमेज स्रोत, ANI

इमेज कैप्शन, दिल्ली विधानसभा परिसर में पुलिस के कई टीमें पहुंची हैं
पढ़ने का समय: 3 मिनट

दिल्ली विधानसभा के परिसर में सोमवार को सुरक्षा उल्लंघन का मामला सामने आया है.

समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, सोमवार दोपहर एक नकाबपोश व्यक्ति एसयूवी कार चलाकर एक गेट के बैरिकेड को तोड़ते हुए अंदर घुस गया, उसने स्पीकर के दफ़्तर के बाहर फूलों का गुलदस्ता रखा और फिर वहां से भाग गया, जिसके बाद हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया.

पीलीभीत एसपी ने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा है कि जांच में पता चला है कि विधानसभा परिसर में घुसने वाला शख़्स और गाड़ी पीलीभीत की है.

पीटीआई ने बताया है कि पुलिस ने इस मामले में ड्राइवर समेत तीन लोगों को हिरासत में लिया है और गाड़ी को उत्तरी दिल्ली से बरामद कर लिया गया है.

इस घटना के बाद कई पुलिस टीमें बम निरोधक दस्ते के साथ मौक़े पर पहुंचीं और किसी भी ख़तरे के मद्देनज़र पूरे इलाक़े की जांच की.

बीबीसी हिंदी के व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक करें

क्या था पूरा मामला?

पीटीआई ने अधिकारियों के हवाले से बताया है कि यूपी नंबर की गाड़ी दोपहर क़रीब 2 बजे गेट नंबर दो से विधानसभा परिसर में दाख़िल हुई थी.

समाचार एजेंसी ने सूत्रों के हवाले से बताया है कि यह मुख्य गेट नहीं है, इसलिए जब सदन की कार्यवाही नहीं चल रही होती है, तो यहां सुरक्षा कम रहती है.

दिल्ली सचिवालय के एक अधिकारी ने पीटीआई से कहा, "ड्राइवर विधानसभा अध्यक्ष विजेंदर गुप्ता के दफ्तर की ओर गया और पोर्च के पास फूलों का गुलदस्ता रखकर तुरंत अपनी गाड़ी में निकल गया."

उन्होंने बताया, "इस घटना ने गंभीर सुरक्षा चिंताएं पैदा कर दी हैं और इसे संभावित सुरक्षा चूक के तौर पर देखा जा रहा है."

घटना के तुरंत बाद स्पेशल पुलिस कमिश्नर (लॉ एंड ऑर्डर) रविंद्र यादव मौके पर पहुंचे और जांच की निगरानी की.

पीलीभीत एसपी

इमेज स्रोत, ANI

इमेज कैप्शन, पीलीभीत के एसपी ने बताया है कि जाँच से पता चला है कि संबंधित गाड़ी और वह शख्स पीलीभीत के हैं

पीलीभीत एसपी भी बोले?

उत्तर प्रदेश की पीलीभीत ज़िले की पुलिस ने दिल्ली विधानसभा की सुरक्षा को तोड़कर अंदर घुसने वाले शख़्स के बारे में जानकारी दी है.

इस कार पर उत्तर प्रदेश का नंबर लगा हुआ था.

इस बीच पीलीभीत के एसपी सुकीर्ति माधव ने समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत में बताया, "हमें सूचना दी गई कि दिल्ली विधानसभा में एक सुरक्षा चक्र को तोड़े जाने का एक मामला सामने आया है. इस मामले की जाँच से पता चला है कि संबंधित गाड़ी और वह शख्स पीलीभीत के हैं."

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि इस संबंध में सभी जानकारी जुटाई जा रही है.

उन्होंने कहा, "इस शख़्स का नाम सरबजीत सिंह है और यह पीलीभीत के पुरनपुर थाने का निवासी है."

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, एक्स, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और व्हॉट्सऐप पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)