बेंगलुरू में ड्रम पर धोनी-विराट की सरगम

विराट कोहली
प्रकाशित

भारत के टेस्ट कप्तान विराट कोहली रविवार को जारी हुई बल्लेबाजों की वनडे रैंकिंग में दूसरे पायदान पर मज़बूती से जमे हैं लेकिन उन्होंने ये ड्रम इस खुशी का इज़हार करने के लिए नहीं थामा है.

विराट बल्ला छोड़कर ड्रम पर दम दिखाने की रणनीति टीम इंडिया के नए कोच अनिल कुंबले के कहने पर आज़मा रहे हैं.

कुंबले के नए रोल में आते ही टीम के रंग ढंग में बदलाव साफ़ दिखने लगा है.

अनिल कुंबले

वेस्ट इंडीज दौरे पर रवाना होने के पहले भारतीय टीम के खिलाड़ी बेंगलुरु में अभ्यास शिविर में हिस्सा ले रहे हैं.

इस शिविर में खिलाड़ियों के बीच तालमेल बेहतर करने के लिए कुंबले की पहल पर अनूठा प्रयोग हुआ. खिलाड़ियों के लिए एक खास सेशन 'ड्रम सर्किल' आयोजित किया गया.

समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक इसके लिए संगीतकार वसुंधरा दास के ग्रुप को आमंत्रित किया गया.

महेंद्र सिंह धोनी

वसुंधरा के निर्देशन में ड्रम थामे खिलाड़ी गोल घेरा बनाकर बनाकर बैठ गए.

बीसीसीआई ने ट्विटर पर इस ख़ास सेशन की तस्वीरें जारी कीं जिनमें वनडे कप्तान महेंद्र सिंह धोनी, कोच कुंबले और दूसरे खिलाड़ी ड्रम बजाते नज़र आ रहे हैं.

'ड्रम सर्किल' को टीम की एकजुटता को बेहतर बनाने और तनाव घटाने का उम्दा तरीक़ा माना जाता है.

भारतीय टीम

इसके पहले भी भारतीय टीम के खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के दबाव को घटाने के लिए संगीत का सहारा लेते रहे हैं.

सचिन तेंदुलकर टीम बस में सफ़र करते वक्त अपने ईयरफोन पर संगीत सुनना पसंद करते थे. वहीं वीरेंद्र सहवाग खुद को एकाग्र रखने के लिए पिच पर भी गाने गाते थे.

अब नज़रें इस पर होंगी कि कुंबले की पहल पर ड्रम बजाने के लिए बना घेरा भारतीय टीम के वेस्ट इंडीज दौरे को कितना सुरीला बनाता है.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए <link type="page"><caption> यहां क्लिक </caption><url href="https://play.google.com/store/apps/details?id=uk.co.bbc.hindi" platform="highweb"/></link>करें. आप हमें <link type="page"><caption> फ़ेसबुक</caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi" platform="highweb"/></link> और <link type="page"><caption> ट्विटर</caption><url href="https://twitter.com/BBCHindi" platform="highweb"/></link> पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं.)