आईपीएल नीलामी में कौन कितने में बिकेगा?

    • Author, दिनेश उप्रेती
    • पदनाम, बीबीसी संवाददाता
  • प्रकाशित

इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के नौवें सत्र के लिए खिलाड़ियों की नीलामी शनिवार को बेंगलुरू में होगी.

इसमें बहुत सी टीमों की नज़र चेन्नई सुपर किंग्स और राजस्थान रॉयल्स के निलंबन की वजह से रिलीज़ होने वाले उन खिलाड़ियों पर रहेगी, जो ड्राफ्ट के तहत पुणे और राजकोट की टीमों में शामिल नहीं हो पाए हैं.

साथ ही जिन धुरंधरों पर नज़रें रहेंगी, वो हैं युवराज सिंह, शेन वाटसन, इशांत शर्मा, आशीष नेहरा, केविन पीटरसन, डेल स्टेन, एरोन फिंच, मार्टिन गप्टिल और ड्वेन स्मिथ.

आईपीएल के जिन फ्रेंचाइज़ी के पास खिलाड़ियों को ख़रीदने के लिए रकम बची है उनमें से सबसे ज़्यादा दिल्ली डेयरडेविल्स के पास 37.15 करोड़ रुपए हैं.

सनराइजर्स हैदरबाद के पास 30.15 करोड़ रुपए, पुणे के पास 27 करोड़, गुजरात के पास 27 करोड़, किंग्स इलेवन पंजाब के पास 23 करोड़, आरसीबी के पास 21.62 करोड़, केकेआर के पास 17.95 करोड़ और मुंबई इंडियंस के पास 14.40 करोड़ रुपए हैं.

ये 5 खिलाड़ी बिक सकते हैं सबसे महंगे

युवराज सिंह
इमेज कैप्शन, युवराज सिंह; पिछली टीम- दिल्ली डेयरडेविल्स, बेस प्राइस- 2 करोड़ रुपए

बाएं हाथ के युवराज सिंह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई बार धमाका कर चुके हैं. युवराज ने आईपीएल में अब तक चार टीमों किंग्स इलेवन पंजाब, पुणे वारियर्स, रायल चैलेंजर्स बैंगलोर और दिल्ली डेयरडेविल्स के लिए खेला है.

उन्होंने 98 मैचों में 2099 रन बनाए हैं और 35 विकेट लिए हैं. लंबे अर्से बाद भारतीय टी-20 टीम में वापसी ने भी नीलामी में उन्हें एक अहम खिलाड़ी बना दिया है.

युवराज आईपीएल के अब तक के सबसे महंगे खिलाड़ी हैं. पिछली बार दिल्ली डेयरडेविल्स ने उन्हें 16 करोड़ रुपए में खरीदा था.

शेन वाटसन
इमेज कैप्शन, शेन वाटसन, पिछली टीम- राजस्थान रायल्स, बेस प्राइस- 2 करोड़ रुपए

ऑस्ट्रेलिया के वॉटसन को आईपीएल में ख़ासी शोहरत हासिल हुई है. बहुत सी टीमें उन्हें खरीदने में दिलचस्पी दिखा सकती हैं.

वॉटसन ने बिग बैश लीग में 10 मैचों में 235 रन और 9 विकेट लेकर खुद को प्रबल दावेदार के रूप में पेश किया है.

केविन पीटरसन: पिछली टीम-सनराइजर्स हैदराबाद, बेस प्राइस- 2 करोड़ रुपए
इमेज कैप्शन, केविन पीटरसन: पिछली टीम-सनराइजर्स हैदराबाद, बेस प्राइस- 2 करोड़ रुपए

केविन पीटरसन को पिछली बार हैदराबाद ने ख़रीदा जरूर था, लेकिन उन्होंने आईपीएल की जगह इंग्लैंड के घरेलू टीम सरे की तरफ से खेलने को तरजीह देते हुए आईपीएल में एक भी मैच नहीं खेला.

यही वजह है कि हैदराबाद ने उन्हें इस बार रिलीज़ कर दिया है.

एरोन फ़िंच
इमेज कैप्शन, एरोन फ़िंच; पिछली टीम- मुंबई इंडियंस, बेस प्राइस- एक करोड़ रुपए

आईपीएल 2015 की नीलामी में ऑस्ट्रेलिया के एरोन फिंच को मुंबई इंडियंस ने ख़रीदा था, लेकिन चोट की वजह से वह टूर्नामेंट में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सके थे.

जिसकी वजह से फ्रेंचाइज़ी ने उन्हें इस बार रिलीज़ कर दिया है.

मार्टिन गप्टिल, बेस प्राइस- 50 लाख रुपए
इमेज कैप्शन, मार्टिन गप्टिल, बेस प्राइस- 50 लाख रुपए

न्यूज़ीलैंड के सलामी बल्लेबाज़ मार्टिन गप्टिल बेहतरीन फॉर्म में चल रहे हैं.

पिछले साल विश्व कप में और वनडे में दोहरा शतक जड़ने वाले गप्टिल को पिछली बार कोई ख़रीदार नहीं मिला था. गप्टिल ने अपना बेस प्राइस 50 लाख रुपए रखा है.

अब बात उन खिलाड़ियों की जो शायद नीलामी में न बिक पाएं

ब्रैड हैडिन: बेस प्राइस- डेढ़ करोड़ रुपए
इमेज कैप्शन, ब्रैड हैडिन: बेस प्राइस- डेढ़ करोड़ रुपए

ऑस्ट्रेलिया के विकेटकीपर हैडिन इन दिनों पाकिस्तान की सुपर लीग में खेल रहे हैं.

ब्रैड हैडिन
इमेज कैप्शन, ब्रैड हैडिन

हैडिन की राह में सबसे बड़ी बाधा उनकी उम्र हो सकती है. वह 38 बरस के हो चुके हैं.

हालांकि टी-20 में लगभग 124 का स्ट्राइक रेट रखने वाले हैडिन ने बिग बैश लीग में सिडनी सिक्सर्स की तरफ़ से बेहतरीन खेल दिखाया था.

हाशिम अमला
इमेज कैप्शन, हाशिम अमला: बेस प्राइस- एक करोड़ रुपए

दक्षिण अफ़्रीका के हाशिम अमला का अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में बेहतरीन रिकॉर्ड रहा है, लेकिन टी-20 के फॉर्मेट में उनकी छवि मैच जिताऊ खिलाड़ी के रूप में नहीं रही.

32 वर्षीय अमला का अंतरराष्ट्रीय टी-20 में औसत लगभग 29 का है और स्ट्राइक रेट तकरीबन 124 का.

महेला जयवर्धने
इमेज कैप्शन, महेला जयवर्धने: बेस प्राइस- डेढ़ करोड़ रुपए

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह चुके श्रीलंका के महेला जयवर्धने के लिए भी इस बार ख़रीदार मिलना काफ़ी मुश्किल है. 38 साल के महेला भी पाकिस्तान सुपर लीग में खेल रहे हैं.

माइकल हसी: बेस प्राइस- दो करोड़ रुपए
इमेज कैप्शन, माइकल हसी: बेस प्राइस- दो करोड़ रुपए

ऑस्ट्रेलिया के माइकल हसी को युवाओं की फ़ौज के बीच दो करोड़ रुपए बेस प्राइज़ पर शायद ही कोई ख़रीदार मिले. 40 साल के हसी चेन्नई सुपर किंग्स की तरफ से खेल चुके हैं.

ओवैस शाह: बेस प्राइस- एक करोड़ रुपए

इंग्लैंड के ओवैश शाह ने आईपीएल नीलामी की होड़ में शामिल हैं. लेकिन 37 साल के ओवैश शाह के लिए भी चुनौती उनकी उम्र है.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए <link type="page"><caption> यहां क्लिक</caption><url href="https://play.google.com/store/apps/details?id=uk.co.bbc.hindi" platform="highweb"/></link> करें. आप हमें <link type="page"><caption> फ़ेसबुक</caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi" platform="highweb"/></link> और <link type="page"><caption> ट्विटर</caption><url href="https://twitter.com/BBCHindi" platform="highweb"/></link> पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं.)